CG सरायपाली : उमरिया और आसपास के गांवों में जियो नेटवर्क कछुए की चाल, 5G रिचार्ज पर भी उपभोक्ता परेशान

 

महासमुंद/बसना। बसना ब्लॉक के ग्राम उमरिया सहित आसपास के 3 से 4 गांवों में jio नेटवर्क की गंभीर समस्या ने उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया है। उमरिया, कनकेबा, ठुठापाली और कोयलारी गांव के लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक माह से नेटवर्क बेहद धीमा चल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बंद नहीं है, लेकिन इंटरनेट की स्पीड इतनी कम हो गई है कि लोग मज़ाक में कह रहे हैं — “अब तो कछुए की चाल से भी धीमा इंटरनेट चल रहा है, मानो पुराने दिनों का 2G नेटवर्क वापिस आ गया हो।”

लोगों ने 5G इंटरनेट का रिचार्ज तो कर रखा है, लेकिन डेटा एमबी (MB) की बजाय केबी (KB) में चल रहा है। इस कारण कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं दोनों प्रभावित हैं।

चॉइस सेंटर संचालकों से लेकर आम उपभोक्ता तक परेशान हैं। चॉइस सेंटर वालों का कहना है कि ऑनलाइन सरकारी सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। छात्र ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे और किसानों को मौसम व योजनाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर नहीं मिल पा रही।

ग्रामीणों ने कई बार जिओ कस्टमर केयर में शिकायत की, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं मिला। लोगों का कहना है कि कंपनी केवल 5G रिचार्ज बेच रही है, जबकि सेवा देने में पूरी तरह विफल है।

अब उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या जल्द हल नहीं हुई तो वे अन्य सिम पर पोर्ट कराने को मजबूर हो जाएंगे। ग्रामीणों की मांग है कि कंपनी जल्द नेटवर्क सुधारकर सुचारू सेवा सुनिश्चित करे

रायपुर : राज्य रजत जयंती पर ‘प्रोजेक्ट संस्कृति’ के अंतर्गत हार्मोनिका क्लब का अनोखा योग–संगीत–चिकित्सा कार्यक्रम  

रायपुर : राज्य रजत जयंती पर ‘प्रोजेक्ट संस्कृति’ के अंतर्गत हार्मोनिका क्लब का अनोखा योग–संगीत–चिकित्सा कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के उपलक्ष्य में जिले में संचालित प्रोजेक्ट संस्कृति के अंतर्गत राजधानी रायपुर के टाउन हॉल में योग–संगीत–चिकित्सा आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में जिले में संस्कृति एवं परंपरा को सहेजने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की यह कड़ी थी, जिसमें संगीत, योग और मानसिक स्वास्थ्य को एक साथ मंच पर प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, विधायक श्री किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। अतिथियों ने न केवल कार्यक्रम की सराहना की, बल्कि मंच पर प्रस्तुति देकर आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।

हार्मोनिका क्लब द्वारा माउथ ऑर्गन, बांसुरी, शहनाई, मेलोडीका, सैक्सोफोन और विसलिंग जैसे मुख वाद्ययंत्रों के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी।

वक्ताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम संगीत, योग और चिकित्सा का एक दुर्लभ संगम था, जो समाज में मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने में सहायक है। साथ ही, इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन सकते हैं।

बुंदेली चौकी की कार्यवाही, 6लीटर महुआ शराब के साथ एक गिरफ्तार

बुंदेली चौकी की कार्यवाही, 6लीटर महुआ शराब के साथ एक गिरफ्तार

 

संवाददाता मोनेन्द्र कुमार ब्यवहार की रिपोर्ट :-
बुंदेली चौकी में एक बार फिर महुआ शराब का बड़ा डीलर पुलिस के हत्थे चढ़ा है बुंदेली के नया तालाब के मैदान में राम नगर निवासी, आयूब पाल पिता बद्दू पाल, उम्र 35 वर्ष एक सफेद जरकिन में 6लीटर महुआ शराब लेकर नया तालाब में

बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश में बैठा था मुखबिर की सूचना पर गवाहों के साथ प्रधान आरक्षक 396 महेंद्र ठाकुर , आरक्षक 539 हीरालाल दुरू आरक्षक 309 हुयराज कुरे महिला

आरक्षक 660 नीरा यादव के साथ रेड कार्यवाही कर आरोपी आयूब पाल को कब्जे से 6 लीटर महुआ शराब कीमत 1200 रुपए जब्त कर माननीय न्यायालय पिथोरा में पेशकर धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत 14 दिन की यूजीडीशियल रिमांड पर जेल भेजा गया है , यह जानकारी चौकी प्रभारी मानसिंह राजपुत ने दी है ,

CG पिथौरा : भट्ठा सरदार के ऑफिस में संदिग्ध हालात में मिली बलौदाबाजार रायतुम निवासी मजदूर की लाश, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

CG पिथौरा : भट्ठा सरदार के ऑफिस में संदिग्ध हालात में मिली बलौदाबाजार रायतुम निवासी मजदूर की लाश, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

ईंट भट्ठा दफ्तर में मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप पिथौरा थाने के सामने परिजनों ने किया चक्का जाम

पिथौरा। पिथौरा के स्वास्तिक भवन स्थित ईंट भट्ठा दफ्तर में मजदूर जलंधर यादव (35 वर्ष) की संदिग्ध मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। उसका शव फर्श से पाँच फीट ऊँचाई पर बनी खिड़की से लटका मिला, जबकि दोनों घुटने जमीन से सटे हुए थे। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।

जबरन ले गए ऑफिस, फिर लाश मिली

बलौदाबाजार जिले के कौहाबाहरा (रायतुम) निवासी जलंधर यादव पिथौरा के किशनपुर में माँ, पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था। परिजनों का आरोप है कि 17 सितम्बर को भट्ठा संचालक नरेंद्र राजपूत के चार गुर्गे — दो छतवन (बलौदाबाजार) और दो पिलवापाली (पिथौरा) निवासी — जलंधर को जबरन कार में बैठाकर दफ्तर ले गए।
परिजनों का कहना है कि तीन दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा गया और 19 सितम्बर की शाम करीब चार बजे उसका शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ।

कर्ज को लेकर विवाद

पत्नी अंजली यादव ने बताया कि पिछले वर्ष जलंधर ने नरेंद्र राजपूत से 40 हजार रुपये एडवांस लिए थे। काम पर न जा पाने के कारण सरदार ने उस पर 80 हजार रुपये लौटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों ने किया चक्का जाम

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि जलंधर की हत्या कर शव को फाँसी पर लटकाया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पिथौरा थाने के सामने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।

महासमुंद/बागबाहरा पुलिस की कार्रवाई, 6.120 लीटर अवैध शराब जब्त

महासमुंद/बागबाहरा पुलिस की कार्रवाई, 6.120 लीटर अवैध शराब जब्त

 

महासमुंद/थाना बागबाहरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की गई कार्यवाही में ग्राम मुनगासेर से फिरगी सोहागपुर जाने वाले रास्ते में रहने वाले बिरझुराम धीवर के घर से अवैध शराब बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान खाट के नीचे रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 30 नग रोमियो देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 5.400 लीटर, कीमत ₹2400) तथा 4 नग गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 720 एमएल, कीमत ₹480) बरामद की गई।

कुल मिलाकर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.120 लीटर शराब, अनुमानित कीमत ₹2880 जब्त की है। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री करने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, किंतु वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर ही धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत देहाती नालसी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्यवाही के दौरान जप्ती प्रक्रिया एवं रेड की मोबाइल से वीडियो-ऑडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि शराब माफियाओं एवं अवैध कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

 

महासमुंद शासकीय दर पर किया गया यूरिया का वितरण

महासमुंद शासकीय दर पर किया गया यूरिया का वितरण

महासमुंद कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशानुसार एवं उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी को रोकने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम लाफिनखुर्द के मेसर्स आर.के. ट्रेडर्स में जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर 72 बोरी यूरिया पाया गया, जिसे कृषकों को शासकीय दर (266 रुपये प्रति बोरी) पर वितरित किया गया। वितरण के समय सहायक संचालक कृषि डॉ परमजीत सिंह, उर्वरक निरीक्षक श्री उमेश चन्द्राकर, श्री ओमप्रकाश चन्द्राकर, श्री भूषण साहू एवं श्रीमती उषा मरावी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उर्वरक की उपलब्धता शासकीय दर पर ही सुनिश्चित की जाएगी और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ भिलाई में Investment के नाम पर लोगों से 60 लाख की ठगी, सूर्या मॉल से 4 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भिलाई में Investment के नाम पर लोगों से 60 लाख की ठगी, सूर्या मॉल से 4 गिरफ्तार

 

छत्तीसगढ़: भिलाई में इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश स्मृति नगर पुलिस ने किया है। गुरुवार देर शाम पुलिस ने सूर्या माल से चार आरोपितों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में महिलाएं भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में अब तक लगभग 60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि गड़बड़ी की राशि और भी अधिक हो सकती है।

पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से लोगों को कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर उनसे इन्वेस्टमेंट के नाम पर रुपये जमा करा रहे थे। धीरे-धीरे निवेशकों की संख्या बढ़ती गई और लाखों रुपये आरोपितों के खाते में चले गए। ठगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और सूर्या माल में दबिश देकर आरोपितों को पकड़ा।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर रही है। जांच में और कई लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपितों ने रुपये किस प्रकार निवेशकों से लिए और उन्हें कहां खर्च किया।

स्मृति नगर पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, उसके बाद ही अधिक जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल 60 लाख रुपये गड़बड़ी का मामला सामने आया है।

-विजय अग्रवाल, एसएसपी दुर्ग

गौरतलब है कि प्रदेश में शेयर ट्रेडिंग और इंवेस्टमेंट के नाम पर आए दिन लोगोंं के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। मौटे लाभ झांसा देकर लोगों को ये ठग अपने जाल में फंसाते हैं। ये शातिर ठग लोगों को लाखों का चुना लगा देते हैं। प्रशासन की ओर से ऐसे ठगी के मामलों को रोकने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन घटनाएं लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। लोगों को ठगों के झांसे में आने से बचना होगा और समझदारी से काम लेना होगा।

छत्तीसगढ़: खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा युवक, बैगा की बातों में आकर अपनी मां की कर दी हत्या

छत्तीसगढ़: खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा युवक, बैगा की बातों में आकर अपनी मां की कर दी हत्या

 

बिलासपुर। बच्चों की तबीयत आए दिन बिगड़ने पर युवक ने बैगा गुनिया के पास जाकर झाड़ फूंक कराया। इसमें बच्चों की तबीयत नहीं सुधरी। इधर बैगा ने इसका कारण युवक की मां को बताते हुए उसी पर जादू टोना का आरोप लगा दिया। इससे नाराज युवक ने अपनी मां पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मृत मां की लाश छोड़कर खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधे थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

जिले के चकरभाठा थाना प्रभारी उत्तम साहू ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर सरवानी निवासी विष्णु केंवट(38) खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा। उसकी हालत देखकर पुलिस ने पहले इत्मिनान से बिठाया। इसके बाद उससे सामान्य पूछताछ की। इसमें युवक ने बताया कि उसने अपनी मां मंटोरा बाई (60) की हत्या कर दी है। इसे सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी सकते में आ गए।

तत्काल थाने से जवानों को ग्राम सरवानी भेजा गया। वहां पर गांव की गली में मंटोरा बाई की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इधर पुलिस की पूछताछ में विष्णु ने बताया कि वह अपने परिवार को लेकर अलग रहता है। उसकी मां अकेले पुराने घर में रहती है। विष्णु के बच्चों की तबीयत आए दिन खराब रहती है। उसने डॉक्टरों से इलाज कराया। इससे आराम नहीं मिलने पर उसने बैगा गुनिया के पास बच्चों को लेकर गया।

झाड़ फूंक के दौरान बैगा ने विष्णु को बताया कि उसकी मां मंटोरा बाई ही टोना-टोटका करती है। इसके कारण बच्चों की तबीयत ठीक नहीं हो रहा। इससे नाराज होकर उसने अपनी मां से बात की थी। उसने अपने बच्चों को छोड़ देने की गुहार भी मां से की थी।

इधर बच्चों की तबीयत ठीक नहीं होने पर उसने शुक्रवार की दोपहर फिर अपनी मां से विवाद किया।इसका विरोध करने पर उसने अपनी मां पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किया।मां की मौत होने के बाद वह खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधा थाने आ गया। युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरा बेटा भी परिवार को लेकर रहता था अलग

बताया जाता है कि मंटाेरा बाई के पति अमरु केंवट की पहले ही मौत हो गई है। शादी के बाद उनके दोनों बेटे अपने परिवार को लेकर अलग रहते हैं। दाेनों बेटे अपनी मां पर जादू टोना का आरोप लगाकर रहते थे। पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। साथ ही बेटे को मां के खिलाफ उकसाने वाले बैगा की जानकारी जुटाई जा रही है।

दिनांक 19.09.2025 को विष्णु कैवर्त्य पिता स्व अमरु कैवर्त्य उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम सरवानी थाना चकरभाठा जिला बिलासपुर द्वारा एक धारदार टंगिया लेकर थाना चकरभाठा उपस्थित हुआ और बताया कि मेरे बच्चों की तबियत खराब मेरी मां की वजह से हुई है उनको कई बार समझाया हूं, नहीं समझी तो गुस्से में आकर मैं इसी टंगिया से उसके सिर में मारा हूं जिससे उनकी मृत्यु हो गई है। प्रकरण में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

उत्तम साहू, चकरभाठा थाना प्रभारी

बागबाहरा सड़क हादसे में वृद्ध की मौत, तेज़ रफ्तार बल्कर ट्रक ने मारी टक्कर

बागबाहरा सड़क हादसे में वृद्ध की मौत, तेज़ रफ्तार बल्कर ट्रक ने मारी टक्कर

 

बागबाहरा (जिला महासमुंद), 19 सितम्बर 2025। थाना बागबाहरा क्षेत्र अंतर्गत विश्वा फैमिली ढाबा के पास शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में वार्ड नंबर 01 बागबाहरा निवासी 80 वर्षीय शिवलाल मिर्धा पिता श्यामसुंदर मिर्धा की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक शिवलाल मिर्धा रोज़ की तरह सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान खरियार रोड की ओर से आ रहे तेज़ रफ्तार बल्कर ट्रक (क्रमांक CG 07 CL 8455) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी।

पुलिस वाहन घटनास्थल पर पहुंचा और घायल शिवलाल मिर्धा को तत्काल उपचार हेतु बागबाहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बल्कर ट्रक चालक लापरवाहीपूर्वक एवं तेज़ी से वाहन चला रहा था, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और बल्कर ट्रक को जब्त कर लिया। चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज़ रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर ट्रैफिक नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है।

वहीं, मृतक के परिजनों और आस-पड़ोस में शोक का माहौल है। वृद्ध शिवलाल मिर्धा समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे और मोहल्ले में सबके साथ अच्छे संबंध रखते थे।

पिथौरा पुलिस ने रामपुर में अवैध शराब परोसते युवक को पकड़ा

पिथौरा पुलिस ने रामपुर में अवैध शराब परोसते युवक को पकड़ा

 

महासमुंद। थाना पिथौरा पुलिस ने अवैध शराब परोसने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर के सामने शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा था।

जानकारी के अनुसार, थाना पिथौरा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक दिनांक 19 सितंबर 2025 को आरक्षक क्रमांक 278 के साथ ग्राम भ्रमण एवं अपराध विवेचना पर रवाना हुए थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रामपुर निवासी चक्रधर भोई अपने घर के सामने अवैध रूप से शराब पिलाने का कार्य कर रहा है।

सूचना की तस्दीक हेतु गवाह तिलकराम बढई एवं कार्तिकराम यादव को धारा 179 बीएनएसएस के नोटिस देकर साथ लिया गया और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी चक्रधर भोई पिता देवान भोई उम्र 32 वर्ष, निवासी रामपुर, थाना पिथौरा को मौके से पकड़ लिया। वहीं शराब पी रहे अन्य लोग पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।

आरोपी से शराब परोसने के वैध कागजात पेश करने हेतु धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस दिया गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से एक 180 एमएल की शीशी में 80 एमएल देशी प्लेन शराब, दो नग खाली शीशी, तीन नग डिस्पोजल गिलास एवं दो नग पोपट मिक्चर कुल कीमत लगभग 50 रुपये जब्त किए गए।

आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर जमानत मुचलका पर रिहा किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।