छत्तीसगढ़ : वनमंत्री श्री कश्यप ने 3.74 करोड़ रूपए से अधिक के  विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

छत्तीसगढ़ : वनमंत्री श्री कश्यप ने 3.74 करोड़ रूपए से अधिक के  विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

 

छत्तीसगढ़/वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज बस्तर जिले के ग्राम सुधापाल में आयोजित एक कार्यक्रम में 3 करोड़ 74 लाख रूपए के 6 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री कश्यप ने कहा कि ये विकास कार्य से क्षेत्र के लोगों का जीवन बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज बस्तर की इस पावन धरा पर 3 करोड़ 74 लाख रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह सिर्फ एक भूमिपूजन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जन-कल्याण के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। हमारा मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हर व्यक्ति को विकास से जोड़ना है। यह पुल और सड़क का निर्माण न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि किसानों और व्यापारियों को भी अपनी उपज मंडियों तक आसानी से पहुंचाने में मदद करेगा।

वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि विभिन्न स्कूलों में नए भवनों का निर्माण हमारे बच्चों के भविष्य में किया गया निवेश है। अच्छी शिक्षा ही किसी भी समाज की प्रगति का आधार होती है और हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले। इससे हमारे बच्चों को ज्ञान की रोशनी से जोड़ने का काम करेंगे। मंत्री श्री कश्यप ने लोगों से अपील करते हुए कहा इन विकास कार्यों को सफल बनाने में आप सभी का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह परियोजनाएं सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि आप सभी की हैं। हम सब मिलकर सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को साकार करेंगे। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सरकार आपकी हर समस्या को प्राथमिकता से सुनेगी और उसका समाधान करेगी।

वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जिसके अंतर्गत पाथरी से सुधापाल मार्ग पर 2 करोड़ 87 लाख रूपए की लागत से पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य, 3 लाख 30 हजार रूपए की लागत से आमाडोंगरीपारा स्कूल मार्ग में बलियाराम मंडवी के घर के पास पुलिया निर्माण, 21 लाख 59 हजार रूपए की लागत से नारायणपाल में उच्च प्राथमिक शाला का नवीन भवन, 21 लाख 59 हजार रूपए की लागत से गुनपुर में उच्च प्राथमिक शाला के नवीन भवन का निर्माण, 20 लाख 30 हजार रूपए की लागत से जाटनापाल में प्राथमिक शाला के नवीन भवन और 20 लाख 30 हजार रूपए की लागत से रतंेगा में प्राथमिक शाला के नवीन भवन का निर्माण कार्य शामिल है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान, जनपद पंचायत सदस्य श्री गौरव कश्यप सहित जनप्रतिनिधिगण और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले में नया पर्यटन केन्द्र बनकर उभर रहा ‘धारपारूम’

छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले में नया पर्यटन केन्द्र बनकर उभर रहा ‘धारपारूम’

 

छत्तीसगढ़/प्राकृतिक सौंदर्य और नैसर्गिक खूबसूरती से परिपूर्ण  कांकेर जिले में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। जिले की पहाड़ियों और वनों के बीच अनेक ऐसे स्थान स्थित हैं, जो अपनी अनूठी प्राकृतिक विशेषताओं से सैलानियों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। इन्हीं स्थलों में से एक नया पर्यटन स्थल ‘धारपारूम’ है, जो अपनी मनोरम घाटियों, व्यू प्वॉइंट, प्राकृतिक झरने और गुफाओं के कारण पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

कांकेर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीढ़ापाल के समीप स्थित धारपारूम, जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पहाड़ियों से घिरा यह क्षेत्र प्राकृतिक छटा से परिपूर्ण है। यहां घाटीनुमा संरचना के साथ-साथ प्राकृतिक झरना, गुफा तथा पुरातात्विक महत्व के शैलचित्र भी देखने को मिलते हैं। वर्तमान में इस स्थल का संचालन एवं प्रबंधन सामुदायिक स्तर पर ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों की सहभागिता से यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं।

कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने धारपारूम क्षेत्र का अवलोकन करने के बाद इसे नवीन पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल करने की बात कही है। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की पृष्ठभूमि एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।

गौरतलब है कि हाल ही में कुछ मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा इस क्षेत्र का भ्रमण कर इसके दृश्य सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिसके बाद यहां पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। सैलानियों का मानना है कि धारपारूम को केशकाल के टाटामारी से भी बड़ा हिल प्लेस के रूप में विकसित किया जा सकता है। धारपारूम का प्राकृतिक वैभव और इसकी अनुपम भौगोलिक संरचना इसे कांकेर जिले का उभरता हुआ पर्यटन स्थल बना रही है। प्रशासनिक सहयोग और ग्रामीणों की भागीदारी से यह क्षेत्र निकट भविष्य में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बनायेगा।

 

छत्तीसगढ़: विधायक सुश्री उसेंडी ने 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया शुभारंभ  

छत्तीसगढ़: विधायक सुश्री उसेंडी ने 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

 

छत्तीसगढ़/ फुटबॉल, तीरंदाजी और मलखंभ में खिलाड़ी दिखाएंगे अपने जौहर बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने आज गुरूवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव के विकास नगर स्टेडियम में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 28 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक चलगी, जिसमें राज्य के रायपुर, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के लगभग 570 खिलाड़ी फुटबाल, तीरंदाजी और मलखंभ खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री उसेण्डी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उज्जवल भविष्य निर्माण के लिए खेल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के खिलाड़ी तीरंदाजी और मलखंभ जैसे खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर नई पहचान बना रहे हैं। सुश्री उसेंडी ने विश्वास जताया कि क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के दम पर जिले और क्षेत्र का नाम, प्रदेश, देश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है। साथ ही अलंकरण सम्मान भी दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोटापा एक गंभीर समस्या बन रही है और इससे निपटने का सबसे प्रभावी साधन खेल ही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अनुशासन के साथ खेलने की बात कही। अंत में विधायक ने सभी संभाग के खिलाड़ियों से मिलकर संवाद किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शुभारंभ कार्यक्रम को श्री मनोज जैन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

 

CG News: 120 गांवों में जमीन की रजिस्ट्री पर रोक, इन परियोजनाओं के कारण किसानों को हो रही दिक्कत

CG News: 120 गांवों में जमीन की रजिस्ट्री पर रोक, इन परियोजनाओं के कारण किसानों को हो रही दिक्कत

छत्तीसगढ़: राजधानी और आसपास के 120 गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री और बटांकन पर रोक लगा दी गई है। पांच प्रोजेक्टों के निर्माण के लिए लगी रोक की वजह से तकरबीन तीन हजार से ज्यादा किसान अपनी जमीन न तो बेच पा रहे हैं और न ही खरीद पा रहे हैं। करीब दो महीने से यह रोक प्रभावी है।

इसके चलते ग्रामीणों के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि शासन के परिपत्र के अनुसार किसी भी विभाग को प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण का आशय पत्र मिलते ही खरीदी-बिक्री रोकना अनिवार्य है। इसी कड़ी में अब तक पांच बड़े प्रोजेक्ट सामने आए हैं।

नवा रायपुर में 12.5 किमी नई सड़क, जमीन खरीदी-बिक्री पर रोक

रायपुर के नवा रायपुर के लेयर वन और टू में 12.5 किमी लंबी नई सड़क बनाई जा रही है, जो पलौद, कोटनी, तांदुल, पीता, बंजारी और कुरूं गांवों से होकर गुजरेगी। सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। मुआवजे से पहले जमीन की खरीदी-बिक्री, नामांतरण और डायवर्सन पर रोक लगा दी गई है, ताकि भारतमाला प्रोजेक्ट की तरह फर्जीवाड़ा न हो। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहा कि मुआवजा के समय सभी दस्तावेजों की गहन जांच होगी और गड़बड़ी मिलने पर भुगतान रोका जाएगा।

खरसिया, नया रायपुर परमलकसा रेल लाइन

पहला प्रोजेक्ट खरसिया, नया रायपुर परमलकसा रेल लाइन है। यह तिल्दा, आरंग, अभनपुर और खरोरा ब्लाक के 35 गांवों से होकर गुजरेगी। गांवों की भूमि पर लगी खरीदी-बिक्री की रोक जल्द ही हटाई जाएगी। रेलवे ने भरोसा दिलाया है। प्रोजेक्ट का फाइनल ट्रेस मैप बनाकर राज्य के राजस्व विभाग को सौंप दिया गया है। जल्द ही रेलवे लाइन के दोनों ओर निर्धारित 10-10 मीटर जमीन को सुरक्षित रखते हुए बाकी भूमि पर से रोक हटा दी जाएगी।

रायपुर, बलौदाबाजार मार्ग का चौड़ीकरण

दूसरा प्रोजेक्ट रायपुर, बलौदाबाजार मार्ग का चौड़ीकरण है। जिसके लिए निमोरा-1, सिलतरा, जरौंदा, आमासिवनी, सेमरिया-2, खरोरा, नरदहा, कनकी, खपरीडीह खुर्द, भठिया, खैरा सहित कुल 36 गांव कर जमीन खरीदी बिक्री पर रोक लगी है। प्रोजेक्ट के तहत 100-100 मीटर दायरे में सड़क किनारे की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने बलौदा बाजार मार्ग चौड़ीकरण का प्लान तैयार कर शासन को भेज दिया है। अंतिम स्वीकृति के बाद अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होगी। परियोजना के पहले चरण में रायपुर विधानसभा जीरो प्वांट से बलौदाबाजार तक 53.1 किलोमीटर की फोर लेन सड़क बनाई जाएगी।

विशाखापट्टनम से रायपुर तक एचपीसीएल की पाइपलाइन

तीसरा प्रोजेक्ट विशाखापट्टनम से रायपुर तक एचपीसीएल की पाइपलाइन है। इसके लिए आरंग तहसील के कुम्हारी, गौरभाठ, भलेरा, खपरी, चरौदा, मंदिरहसौद क्षेत्र के 15 से ज्यादा गांवों में खरीदी-बिक्री रोकी गई है। विशाखापट्टनम-रायपुर पाइपलाइन परियोजना के तहत पेट्रोलियम पदार्थ परिवहन के लिए छत्तीसगढ़ में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

भूमि उपयोग के अधिकार के लिए गावों के किसानों को नोटिस दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि भूमियों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए उपयोग का अधिकार अर्जित होने पर जमीन का स्वामित्व और भूमि पर कब्जा भूमि मालिक का ही रहेगा। लेकिन, किसान यहां पर किसी भी जमीन पर निर्माण नहीं कर सकेंगे।

नगर विकास योजना: नया विहार

चौथा प्रोजेक्ट नवा रायपुर में बरौदा, रमचंडी, रीको, मंदिरहसौद, सेरीखेड़ी और नकटी गांव जमीन खरीदी बिक्री पर रोक लगाई है। इसके बीच 436 हेक्टेयर भूमि पर ””नया विहार”” नगर विकास योजना विकसित की जा रही है। इस योजना में भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को विकसित प्लाट दिए जाएंगे और आम जनता के लिए भी प्लाट उपलब्ध होंगे। इस क्षेत्र में अंडरग्राउंड बिजली, पाइपलाइन से गैस आपूर्ति, चौड़ी सड़कें, वाई-फाई, और सीवरेज प्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

भारतमाला मुआवजा घोटाला से सावधानी

परियोजनाओं की प्रगति पर पिछले कुछ महीनों से रोक लगी थी। वजह यह है कि भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटालों के बाद प्रशासन का सतर्क हो गया है। शासन ने इस अनुभव से सबक लेते हुए रेल लाइन के प्रस्तावित मार्ग में आने वाली जमीन पर पूर्व में ही खरीदी-बिक्री रोक दी थी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता को टाला जा सके।

किसान हो रहे परेशान

जिला प्रशासन ने इन गांवों की जमीनों की खरीदी-बिक्री, बंटाकन, सीमांकन आदि पर रोक लगा दी है। यह रोक एक-दो माह पहले लगाई गई है और प्रस्तावित प्रोजेक्ट पर काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इससे इन गांवों के जरूरतमंद किसान, ग्रामीण और अन्य लोग परेशान हैं।

शासन के परिपत्र के अनुसार किसी भी विभाग को प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण का आशय पत्र मिलते ही खरीदी-बिक्री रोक लगाने का नियम है। अब तक पांच बड़े प्रोजेक्ट सामने आए हैं।

कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर, रायपुर

छत्तीसगढ़/गोहत्या का विरोध करने पहुंचे युवकों पर जानलेवा हमला, पुलिस करती रही टालमटोल

छत्तीसगढ़/गोहत्या का विरोध करने पहुंचे युवकों पर जानलेवा हमला, पुलिस करती रही टालमटोल

 

बिलासपुर जिले के बिल्हा के डोडकीभाठा ओडिया मोहल्ला में मंगलवार की सुबह गोहत्या की सूचना पर पहुंचे गोरक्षा दल के सदस्यों ने विरोध जताया। इधर हंगामा की सूचना के बाद भी पुलिस वहां समय पर नहीं पहुंच पाई। तब तक मोहल्ले के लोगों ने गोरक्षा दल के सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोरक्षा दल के सदस्यों ने किसी तरह एक-दूसरे की जान बचाई। इसके कुछ देर बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तब तक वहां से गोमांस को हटा लिया गया था। कुछ गोमांस पुलिस ने जब्त किया है। इसके आधार पर मोहल्ले के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बिल्हा गोरक्षा दल के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार की सुबह सूचना मिली थी कि डोडकीभाठा में कुछ लोग गोहत्या कर उसका मांस बेचने की तैयारी कर रहे हैं। इस पर गोरक्षा दल के सदस्य वहां पहुंचे। वहां पर एक महिला गोमांस काट रही थी। इस बीच गोरक्षा दल के सदस्यों को मोहल्ले में देखकर गोहत्या करने वालों ने हमला कर दिया।

इस हमले के बीच गोरक्षा दल के सदस्यों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। हमले में गोरक्षा के दल के चार सदस्य लहूलुहान हो गए। इधर पुलिस की टीम उन्हें टरकाती रही। जब तक पुलिस की टीम जब तक वहां पहुंची तब तक स्थिति बिगड़ गई थी।

पुलिस की टीम के पहुंचने के बाद किसी तरह स्थिति को संभाला। इस बीच पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति को किसी तरह संभाला। पुलिस की टीम ने मोहल्ले के तीन लोगों को हिरासत में लिया है।पुलिस की लापरवाही के कारण बहा खून

गोरक्षा दल के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि गोहत्या की सूचना पर पुलिस की टीम समय पर नहीं पहुंच पाई। इसके कारण गोरक्षा दल के सदस्य घायल हो गए। गोरक्षा दल के सदस्यों के लहूलुहान होने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को किसी तरह संभाला। इसके बाद तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

महासमुंद/ उर्वरक निरीक्षक बागबाहरा द्वारा दो उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी

महासमुंद/ उर्वरक निरीक्षक बागबाहरा द्वारा दो उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी

 

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन एवं उप संचालक कृषि महासमुंद श्री एफ.आर. कश्यप के निर्देशानुसार किसानों को सही समय पर खाद उपलब्ध कराने हेतु लागतार कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है एवं अनुचित स्टॉक रखने पर निजी दुकानों में कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कड़ी में आज उर्वरक निरीक्षक बागबाहरा श्री जी.पी. शरणागत द्वारा बागबाहरा क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दो केंद्रों में अनियमितताएं पाई गईं।

औचक निरीक्षण में श्री हरि कृषि केन्द्र, बागबाहरा के पी.ओ.एस. स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में अंतर पाया गया। वहीं श्री जय दुर्गा कृषि केन्द्र, बागबाहरा द्वारा स्कंध पंजी का संधारण नहीं किया गया था तथा मासिक प्रगति प्रतिवेदन भी उपलब्ध नहीं कराया गया। इन अनियमितताओं पर दोनों विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में उचित जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।

उर्वरक निरीक्षक श्री जी.पी. शरणागत ने बताया कि किसानों को उचित मूल्य एवं निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में उर्वरक दुकानों का निरीक्षण लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने जिले के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे उर्वरक विक्रेताओं से खरीद के समय अनिवार्य रूप से बिल प्राप्त करें। यदि कहीं भी उर्वरक की कालाबाजारी अथवा अनियमितता पाई जाती है तो उसकी शिकायत तत्काल संबंधित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा कृषि विभाग को करें।

छात्राओं से छेड़छाड़ और Bad Touch करने वाले शिक्षक को Chhattisgarh HC से नहीं मिली राहत, सजा बरकरार

छात्राओं से छेड़छाड़ और Bad Touch करने वाले शिक्षक को Chhattisgarh HC से नहीं मिली राहत, सजा बरकरार

 

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने मुंगेली जिले के बरेला सरकारी स्कूल के शिक्षक कीर्ति कुमार शर्मा की अपील खारिज कर दी है। पाक्सो कोर्ट ने उन्हें नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी और बैड टच करने के आरोप में 2 साल 2 महीने 6 दिन की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी।

 

मामला वर्ष 2019 का है। बता दें कि आरोपी शिक्षक कीर्ति कुमार शर्मा गणित और अंग्रेजी पढ़ाने के लिए नियुक्त थे, लेकिन बिना अनुमति सातवीं कक्षा में जाकर विज्ञान पढ़ाते थे। इसी दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ अनुचित हरकतें कीं। छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने बीईओ प्रतिभा मंडलोई को जांच की जिम्मेदारी दी थी।

 

जांच रिपोर्ट में सामने आया कि शिक्षक क्लास के दौरान छात्राओं के रीढ़ और छाती सहित अन्य हिस्सों को छूते थे। साथ ही स्कूल परिसर में गुटखा और गुड़ाखू का सेवन भी करते थे। आरोपों की पुष्टि के बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार किया। मामला फास्ट-ट्रैक पाक्सो कोर्ट में चला, जहां 2 मार्च 2022 को सजा सुनाई गई थी।

शिक्षक का पद विश्वास व जिम्मेदारी का: हाई कोर्ट

शर्मा ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी और खुद को निर्दोष बताते हुए साजिश का शिकार बताया। हाई कोर्ट ने छात्राओं की गवाही को विश्वसनीय मानते हुए निचली अदालत का फैसला बरकरार रखा। कोर्ट ने कहा कि शिक्षक का पद विश्वास और जिम्मेदारी का होता है, ऐसे अपराध केवल अनुशासनहीनता नहीं बल्कि पाक्सो एक्ट के तहत गंभीर दंडनीय अपराध है।

महासमुंद/12 सितम्बर को रोजगार मेला आयोजित, 2000 पदों पर होगी भर्ती

महासमुंद/12 सितम्बर को रोजगार मेला आयोजित, 2000 पदों पर होगी भर्ती

 

महासमुंद/ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, महासमुंद द्वारा शिक्षित स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 सितम्बर 2025 को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेला में निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा कम्प्यूटर ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, मार्केटिंग, बीमा एजेंट, बीमा सखी, बैंक एजेंट, ग्रामीण बैंक मित्र, बैंक रिलेशनशिप मैनेजर, टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिकल फिटर सहित विभिन्न पदों के लिए लगभग 2000 रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी।

चयनित उम्मीदवारों को मासिक वेतन 7 हजार से 32 हजार रुपए तक प्रदान किया जाएगा। इन पदों के लिए 8वीं से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.ई. एवं एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। इच्छुक आवेदकों को Q.R. कोड के माध्यम से आवेदन करना होगा एवं निर्धारित तिथि को मेला स्थल पर साक्षात्कार हेतु उपस्थित होना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति साथ लेकर आएं।

छत्तीसगढ़/चोरी की नीयत से दुकान में घुसे चोर की मौत, दुकानदार के खिलाफ ही हो गया केस

छत्तीसगढ़/चोरी की नीयत से दुकान में घुसे चोर की मौत, दुकानदार के खिलाफ ही हो गया केस

 

छत्तीसगढ़/बिलासपुर में एक अजीब मामला सामने आया है, चोरी की नीयत से दूकान घुसे चोर की मौत के बाद दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दरअसल, दुकान में चोरी की नीयत से घुसे युवक की करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। स्वजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने पीएम एवं विद्युत विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर दुकान संचालक के खिलाफ धारा 106 (1)के तहत अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार जरेली मेनरोड में भागीरथी जायसवाल शिवा ट्रेडर्स के नाम से दुकान का संचालन करता है। रोज की तरह वह 16 अगस्त को वह रात में दुकान बंद कर घर चला गया और जब 17 अगस्त की सुबह आया और दुकान की साफ-सफाई कर रहा था तभी उसने देखा कि सीढ़ी के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। उन्होंने सूचना पुलिस को दी।

चोर के घर वालों ने लगाया हत्या का आरोप

इस पर पुलिस पहुंची तो देखा कि नगोई निवासी अर्जुन पात्रे पिता अशोक पात्रे (30) मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के स्वजन भी पहुचें थे उन्होंने हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया और इसमें बिजली के करंट से मृत्यु होना प्रमाणित हुआ। साथ ही विद्युत विभाग ने भी इस आशय का प्रतिवेदन दिया।

चोरी न हो इसलिए लगाया बिजली का तार

पुलिस को दुकान संचालक भागीरथी जायसवाल ने बताया कि वह रात में दुकान में चोर नहीं घुसे इसलिए खाली जगह पर करंट के लिए तार लगा देता था। यदि कोई चोर रात में चोरी करने की नीयत से घुसेगा और तार को हटाने का प्रयास करेगा तो बाहर छिटककर जा गिरेगा। मृतक व्यक्ति भी दुकान में चोरी की नियत से घुसा रहा होगा और वह करंट की चपेट में आ गया। मामले में पुलिस ने दुकानदार की बयान, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर दुकान संचालक के खिलाफ धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

छत्तीसगढ़/एपीएल कार्डधारकों के लिए गुड न्यूज, तीन सप्ताह बाद खुला पोर्टल, पांच हजार लोगों को मिलेगा तीन माह का राशन

छत्तीसगढ़/एपीएल कार्डधारकों के लिए गुड न्यूज, तीन सप्ताह बाद खुला पोर्टल, पांच हजार लोगों को मिलेगा तीन माह का राशन

 

छत्तीसगढ़/तीन माह का खाद्यान्न उठाव नहीं कर पाए एपीएल कार्डधारियों के लिए अच्छी खबर है। 23 दिन बाद पोर्टल को खोल दिया गया है। अब छूटे एपीएल परिवार के कार्डधारियों को खाद्यान्न मिलेगा। पोर्टल लॉक होने के कारण जुलाई माह तक जिले के पांच हजार उपभोक्ता खाद्यान्न का उठाव नहीं कर पाए थे। उपभोक्ता अगस्त माह में उठाव करने की तैयारी में थे। इसके पहले ही पोर्टल लॉक हो गया। पोर्टल खुलने के बाद पांच हजार उपभाक्ताओं को खाद्यान्न दिया जाएगा।

23 अगस्त के अंक में नईदुनिया ने पोर्टल लॉक, पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं का खाद्यान्न फंसा शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने गंभीरता दिखाई और पोर्टल को फिर से खोला। पोर्टल खुलने के बाद उपभोक्ताओं ने उठाव शुरू कर दिया है।

असमंजस में विभागीय अधिकारी

अगस्त माह तक छूटे हुए एपीएल परिवारों को खाद्यान्न का वितरण हो जाएगा। राजधानी स्तर से एक बार फिर तीन माह का खाद्यान्न एक साथ मिलने की सूचना आ रही है। लेकिन विभागीय आदेश अब तक नहीं आ पाया है। ऐसे में अधिकारी असमंजस में नजर आ रहे हैं। एक साथ खाद्यान्न वितरण होने से एक बार फिर भंडारण को लेकर स्थिति बिगड़ेगी। क्योंकि कई पीडीएस की दुकानों में एक साथ खाद्यान्न रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है।

नई मशीनें लगने के बाद भी सर्वर स्लो

ज्यादातर पीडीएस की दुकानों में नई मशीनें इंस्टाल हो गई हैं। इसके बाद भी सर्वर की समस्या बन रही है। दो से तीन बार अंगूठा लगाने के बाद स्कैन हो पा रहा है। हालांकि पीडीएस संचालकों का कहना है कि सर्वर के चलते अंगूठा स्कैन करने में देरी हो रही है। कुछ दिनों से सर्वर को लेकर लगातार दिक्कतें हो रही हैं। इसके चलते खाद्यान्न वितरण में लेटलतीफी हो रही है। हालांकि अगस्त माह तक तीन माह का खाद्यान्न सभी एपीएल परिवारों को मिल जाएगा।

विभागीय पोर्टल में तकनीकी दिक्कत थी, जिसे सुधार लिया है। पोर्टल ओपन हो गया है। उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। रविंद्र सोनी, खाद्य अधिकारी