छत्तीसगढ़ में सिस्टम की खुली पोल! दर्द से तड़प रही प्रेग्नेंट महिला को नहीं मिली एंबुलेंस, दो KM तक चली पैदल

छत्तीसगढ़ में सिस्टम की खुली पोल! दर्द से तड़प रही प्रेग्नेंट महिला को नहीं मिली एंबुलेंस, दो KM तक चली पैदल

 

छत्तीसगढ़/उदयपुर मे प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को एंबुलेंस सुविधा न मिलने पर स्वजन को उसे दो किलोमीटर पैदल चलाकर नाला पार कर एंबुलेंस तक पहुंचाना पड़ा। इस परिस्थिति का सामना उदयपुर विकासखंड के ग्राम बुले के कानाडांड़ पारा के लोगों को करना पड़ रहा है। गांव की महिला प्रतिमा तिग्गा को 15 अगस्त की सुबह प्रसव पीड़ा हुई। स्वजन तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाए, लेकिन बुले और कानाडांड़ के बीच बहने वाला जोकी नाला में पुल नहीं होने से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।

महिला ने पैदल चलकर पार किया नाला

मजबूरी में स्वजन ने महिला को पैदल चलाकर नाला पार कराया और एंबुलेंस तक लाए। उनके साथ मितानिन भी थी। इसके बाद महिला को पहले उप स्वास्थ्य केंद्र केदमा और फिर वहां से उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका प्रसव कराया गया। इस दौरान प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला और स्वजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कानाडांड़ पारा में करीब डेढ़ सौ परिवार रहते हैं।

बरसात में होती है ज्यादा परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि जोकी नाला में पुल नहीं होने से बरसात में सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार मरीजों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है। पूर्व सरपंच प्रेमशंकर लकड़ा ने बताया कि जनमन योजना के तहत इस नाला में पुल बनाए जाने की स्वीकृति मिली थी, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीण लंबे समय से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं।

सड़क को लेकर विधायक ने क्या कहा?

विधायक राजेश अग्रवाल ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत बुले तक सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत है। बारिश के पूर्व मशीनरी लगाकर घाट कटिंग और अन्य कार्य शुरू करा दिया गया था। इस साल बारिश जल्दी आ गई तो काम बंद करना पड़ा। बारिश समाप्त होते ही सड़क और पुल-पुलिया का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दशकों तक इस क्षेत्र के लोगों को परेशान होना पड़ा है।

अब यहां के लोगों को पक्की सड़क मिल जाएगी। सड़क निर्माण से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। फिलहाल इन गांवों तक पहुंचने के लिए कच्ची फॉरेस्ट की सड़क थी जो हर साल बारिश में खराब हो जाती थी। इस सड़क से बड़ेगांव, पनगोती, झेरा बहार, मतरेंगा, सितकालो, केसमा के लोग पक्की सड़क से जुड़ जाएंगे।

छत्तीसगढ़ के बुजुर्ग पेशनरों के लिए सरकार का बड़ा फैसला, 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को मिलेगी अतिरिक्त पेंशन

छत्तीसगढ़ के बुजुर्ग पेशनरों के लिए सरकार का बड़ा फैसला, 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को मिलेगी अतिरिक्त पेंशन

 

छत्तीसगढ़ के पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनरों और परिवार पेंशनरों को अतिरिक्त पेंशन देने का निर्णय लिया है। इसके तहत पेंशनर की उम्र के अनुसार मूल पेंशन पर अतिरिक्त राशि निर्धारित की गई है।

वित्त विभाग द्वारा 14 अगस्त को जारी किया गया यह निर्देश

*80 से 85 वर्ष तक की आयु वालों को मूल पेंशन का 20 प्रतिशत*

*85 से 90 वर्ष तक की आयु वालों को मूल पेंशन का 30 प्रतिशत*

*90 से 95 वर्ष तक की आयु वालों को मूल पेंशन का 40 प्रतिशत*

*95 से 100 वर्ष तक की आयु वालों को मूल पेंशन का 50 प्रतिशत*

*100 वर्ष या उससे अधिक आयु पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन*

यह अतिरिक्त पेंशन उस कैलेंडर माह के पहले दिन से देय होगी, जिसमें पात्रता पूरी होती है। उदाहरणस्वरूप, 15 जनवरी 1943 को जन्मे व्यक्ति को एक जनवरी 2023 से 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन मिलेगी। वित्त विभाग ने सभी पेंशन संवितरण अधिकारियों और बैंकों को निर्देशित किया है कि इस योजना का पालन सुनिश्चित करें और संबंधित पेंशनभोगियों को इसका लाभ पहुंचाएं। यह निर्णय बुजुर्ग पेंशनरों के लिए राज्य सरकार की संवेदनशील पहल मानी जा रही है।

सीएम साय ने एसबीआई साइबर सतर्कता रथ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर से एसबीआइ साइबर सतर्कता रथ (आडियो-वीडियो वैन) को झंडी दिखाकर रवाना किया और राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री साय ने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। ज़रा सी लापरवाही मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग जागरूक हों और साइबर अपराध से स्वयं को सुरक्षित रखें। तकनीक ने मानव जीवन को आसान और सहज बनाया है। डिजिटल लेन-देन तेज और सुविधाजनक हुए हैं, लेकिन इसके साथ साइबर ठगी जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी से लोग साइबर धोखाधड़ी से बच सकते हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह जागरूकता अभियान लोगों में साइबर सुरक्षा की समझ बढ़ाने का एक प्रभावी प्रयास है। इसके तहत आडियो-वीडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक और कठपुतली नाटक के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।

 

CG: Osaka World Expo 2025 में दिखेगा छत्तीसगढ़ का दम, जापान और दक्षिण कोरिया के 10 दिवसीय दौरे पर जा रहे CM साय

CG: Osaka World Expo 2025 में दिखेगा छत्तीसगढ़ का दम, जापान और दक्षिण कोरिया के 10 दिवसीय दौरे पर जा रहे CM साय

 

CG: छत्तीसगढ़ अब वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। जापान के ओसाका में 13 अप्रैल से 13 अक्टूबर 2025 तक होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में प्रदेश अपनी सांस्कृतिक धरोहर और औद्योगिक प्रगति का प्रदर्शन करेगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को विशेष आमंत्रण मिला है।

एक्सपो का मुख्य विषय “डिज़ाइनिंग फ्यूचर सोसाइटी फार अवर लाइव्स” रखा गया है, जबकि इसके उप-विषय हैं—“सेविंग लाइव्स”, “एम्पावरिंग लाइव्स” और “कनेक्टिंग लाइव्स”। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भागीदारी से न सिर्फ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और तकनीकी प्रगति को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि राज्य को एक निवेश-अनुकूल केंद्र के रूप में भी मजबूती से स्थापित किया जाएगा।

ओसाका एक्सपो को नवाचार और सतत विकास पर वैश्विक संवाद का प्रमुख मंच माना जाता है। इस बार इसमें 160 से अधिक देश और नौ अंतरराष्ट्रीय संगठन शामिल हो रहे हैं। भारत का पैवेलियन “भारत मंडप” होगा, जहां योग, भरतनाट्यम, बालीवुड फिल्मों की स्क्रीनिंग और चंद्रयान ज़ोन जैसे आकर्षण होंगे।

छत्तीसगढ़ धरोहर के साथ इस्पात उधोग करेगा प्रस्तुत

छत्तीसगढ़ पहले ही अपनी ढोकरा कला से विदेशी दर्शकों का मन मोह चुका है। ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) पहल के तहत इस कला को विशेष पहचान मिली है। अब प्रदेश ओसाका के युमेशिमा आइलैंड स्थित विशाल एक्सपो स्थल पर अपना स्टॉल लगाएगा। यहां छत्तीसगढ़ अपनी धरोहर के साथ इस्पात उद्योग और आधुनिक विकास को भी प्रस्तुत करेगा।

विश्व औद्योगिक मानचित्र पर आएगा छत्तीसगढ़: सीएम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अवसर छत्तीसगढ़ को विश्व औद्योगिक मानचित्र पर एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा। बतौर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह पहली विदेश यात्रा होगी। सूत्रों के अनुसार वे 21 अगस्त से 10 दिनों के दौरे पर जापान और दक्षिण कोरिया रवाना होंगे।

दौरे में उनके साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार भी रहेंगे। जापान प्रवास के दौरान सीएम का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा, जिसमें वे उद्योगपतियों, निवेशकों और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों से मुलाकात करेंगे।

बसना/धरमपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्यता में जनसेवा की झलक, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया जनसंवाद और पूजन

बसना/धरमपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्यता में जनसेवा की झलक, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया जनसंवाद और पूजन

 

बसना/श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बाँटी योजनाओं की रोशनी,कहा-जनता की सेवा ही मेरा धर्म है धरमपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बना जनसेवा का मंच: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सुनीं समस्याएं, दिए समाधान के निर्देशश्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का जनसंवाद, विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा-जहाँ भक्ति है, वहाँ सेवा है

बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धरमपुर में इस वर्ष झूलन रथयात्रा एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन एक अलौकिक उत्सव की तरह हुआ। पूरे ग्राम में भक्ति, उल्लास और सामाजिक समरसता की ऐसी छटा बिखरी कि हर चेहरा मुस्कान से दमक उठा।

इस पावन अवसर पर क्षेत्र के जनप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वयं उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजन के पश्चात ग्राम में आयोजित जनचौपाल ने इस उत्सव को एक नई दिशा दी। विधायक डॉ. अग्रवाल ने न केवल ग्रामवासियों से संवाद किया, बल्कि उनकी समस्याओं को गहराई से सुना। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए,।

 

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता की सेवा ही मेरा धर्म है। सरकार की योजनाएं तभी सफल होती हैं जब वे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचें। मेरा कर्तव्य है कि मैं आप सभी को हर योजना की जानकारी दूँ और उसका लाभ दिलवाऊँ।

 

विधायक डॉ अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी सरकार द्वारा ग्राम विकास हेतु चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना या किसान सम्मान निधि । उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य है ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाना और हर परिवार को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाना।

 

इस अवसर पर ग्राम धरमपुर में पुलिस विभाग और विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने पोस्टर के माध्यम से ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की जानकारी भी दी । विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि देश को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ‘ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक डिजिटल पहल ‘मानस’ शुरू की है। यह पहल देश के हर नागरिक को नशे के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने का अवसर देती है।

 

विधायक डॉ अग्रवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए ‘मानस’ (MANAS) नामक एक राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन (1933) और अन्य संपर्क माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। यह हेल्पलाइन आम नागरिकों को नशे से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या को गोपनीय तरीके से साझा करने का मंच प्रदान करती है।

 

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें इस समस्या से निपटने में भागीदार बनाना है। ‘आओ मिलकर नशा मुक्त भारत का करें निर्माण’ के नारे के साथ यह अभियान देश को एक स्वस्थ और नशामुक्त भविष्य की ओर ले जाने का संकल्प दिखाता है।

 

इस अवसर पर विधायक डॉ. अग्रवाल ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भी वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण केवल एक देवता नहीं, वे जीवन के हर संघर्ष में मार्गदर्शक हैं। उनका जन्म अंधकार में हुआ, लेकिन उन्होंने संसार को प्रकाश दिया। हमें भी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, सेवा और न्याय की भावना फैलानी चाहिए।

 

इस शुभ अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश अग्रवाल,कोलता समाज सभापति मथामणी बढ़ाई,भूलिया समाज अध्यक्ष ग्राम उपसरपंच सुशील कुमार मेहेर, भूलिया समाज उपाध्यक्ष वासुदेव मेहेर, विधायक प्रतिनिधि सोनू छाबड़ा,विवेकानंद पटेल,पूर्व उपसरपंच बंशीधर पटेल,भाजपा नेता सुशील प्रधान,कमल साहू, पंच नौरथीया पटेल, पंच आशाराम साहू,खेमू अग्रवाल,क्षमा राम पटेल,जयराम प्रधान,हेमकुमार चौहान, डमरूधर पटेल, पंच डमरूधर चौधरी, पंच प्रताप पटेल सहित भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

CG:हाईवे पर गोवंशों की मौत को लेकर Chhattisgarh HC की सख्त टिप्पणी, कहा- अफसरों के इंतजाम नाकाफी

CG:हाईवे पर गोवंशों की मौत को लेकर Chhattisgarh HC की सख्त टिप्पणी, कहा- अफसरों के इंतजाम नाकाफी

 

CG:बिलासपुर: राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा मवेशियों की वजह से बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने कहा कि राज्य सरकार और भारतीय
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा उठाए गए कदम इस समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

खंडपीठ मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल ने रतनपुर–केंदा मार्ग (एनएच 45) पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 16 लावारिस मवेशियों की मौत की घटना पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। मुख्य सचिव द्वारा दायर हलफनामे में बताया गया कि घटना के बाद संयुक्त निगरानी दल गठित किए गए हैं, 2,000 से अधिक मवेशियों पर रेडियम पट्टी लगाई गई है, नसबंदी और कान टैगिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही आश्रय स्थल की व्यवस्था और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान भी की गई है।

NHAI के निदेशक से मांगा हलफनामा

इसके बावजूद न्यायालय ने माना कि दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्पष्ट है कि अब तक किए गए उपाय पर्याप्त नहीं हैं। अदालत ने एनएचएआइ के परियोजना निदेशक को व्यक्तिगत हलफनामा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें बेसहारा पशुओं की रोकथाम और सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का विवरण हो।

साथ ही न्यायालय ने एनएचएआइ को यह भी निर्देश दिए कि वह जनता को जागरूक करने के लिए सकारात्मक अभियान चलाए, ताकि वाहन चालक सतर्क रहें और न तो मानव जीवन और न ही सड़क पर बैठे पशुओं को नुकसान पहुंचे।

सड़क पर बैठे बेसहारा मवेशियों और वाहन चालकों की लगातार हो रही मौतों को लेकर नईदुनिया ने अभियान चलाया था। इसमें बताया गया था कि नगर निगम के साथ ही स्थानीय निकाय इसे लेकर गंभीर नहीं है। साथ ही मवेशी मालिक भी जमकर लापरवाही बरत रहे हैं। हाई कोर्ट की कड़ाई के बाद कुछ मवेशी मालिकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई। हालांकि यह भी अपर्याप्त है। अभी भी मवेशी सड़कों पर विचरण करते देखे जा सकते हैं।

CG : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नन्हें बाल गोपालों के संग मुख्यमंत्री निवास में हर्षोल्लास के साथ मनाई जन्माष्टमी  

CG : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नन्हें बाल गोपालों के संग मुख्यमंत्री निवास में हर्षोल्लास के साथ मनाई जन्माष्टमी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में इस बार जन्माष्टमी का उत्सव राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी के नन्हें-मुन्ने बच्चों के साथ मनाया। बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धरकर अपनी अठखेलियों और मनमोहक वेशभूषा से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूरे निवास परिसर को फूलों, रंगीन रोशनियों और सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया।

कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने कृष्ण-लीला की झांकियां और प्रसंग प्रस्तुत किए। उनकी मासूमियत और भावपूर्ण अभिनय ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री निवास बच्चों की हंसी और उल्लास से गुलजार रहा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर तरक्की की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीला हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती है। छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत और आस्था से प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। हमारा संकल्प है कि भगवान श्री कृष्ण के उपदेशों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ को न्याय, सद्भाव और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्नेहपूर्वक सभी बच्चों को अपने हाथों से चाकलेट, शिक्षण सामग्री और प्रसाद का वितरण किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं  दीं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले,  मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

 

CG News: नवा रायपुर में स्टंट करने वाले 128 बाइक और 6 कार ड्राइवरों पर कार्रवाई

CG News: नवा रायपुर में स्टंट करने वाले 128 बाइक और 6 कार ड्राइवरों पर कार्रवाई

 

CG: स्वतंत्रता दिवस के दिन नवा रायपुर की सड़कों पर स्टंट करने पहुंचे बाइकर्स गैंग पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस की घेराबंदी में 128 दोपहिया वाहन और 6 कार चालक पकड़े गए। सभी पर तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बिना नंबर और दस्तावेजी खामियों समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला और एएसपी अटल नगर विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में विशेष योजना बनाकर कार्रवाई की गई। डीएसपी सतीश ठाकुर व गुरजीत सिंह के नेतृत्व में 40 सदस्यीय टीम ने घेराबंदी कर स्टंटबाजों को पकड़ा। जब्त वाहन थाना राखी, मंदिर हसौद और अटल नगर यातायात थाने में रखे गए हैं।

स्टंट करते गिरा युवक

इसी दौरान स्टंट करते समय एक युवक गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया, जहां उसका हाथ फैक्चर पाया गया।

रील बनाने के लिए करते हैं स्टंट

नवा रायपुर में बाइकर्स इंटरनेट मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के लिए स्टंट करते हैं। इससे प्रेरित होकर कई युवा भी जोखिम उठाते हैं और कई बार हादसों में घायल या मौत का शिकार हो जाते हैं।

पुलिस को किया था चैलेंज

कुछ दिन पहले एक वीडियो प्रसारित हुआ था। उसमें बाइकर्स ने रील बनाई और 15 अगस्त को नवा रायपुर में स्टंट करने की बात कही। उसमें पुलिस को भी चैलेंज किया गया था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर सभी बाइकर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस ने की अपील

रायपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल स्टंट वीडियो की नकल कर अपनी जान जोखिम में न डालें। स्टंट करना खतरनाक है, इससे चोट, विकलांगता या मौत भी हो सकती है। समझदारी दिखाते हुए सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

छत्तीसगढ़:पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हुआ नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी, मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़:पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हुआ नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी, मचा हड़कंप

बिलासपुर: जिले के कोनी थाने से नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी फरार हो गया। इसकी जानकारी लगते ही थाने में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी तत्काल अधिकारियों को दी गई। इधर पुलिस की टीम आरोपी की तलाश कर रही है।

 

कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि सरकंडा क्षेत्र के मोपका गार्डन सिटी में रहने वाले स्वरित सिंह (20) को कोनी पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में गुरुवार को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने कार्रवाई में जुटी थी। सुबह करीब चार बजे आरोपी हथकड़ी को खिसकाकर निकाल लिया। इसके बाद वह थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।

 

इसकी जानकारी लगते ही थाने में हड़कंप मच गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई। साथ ही शहर के सभी थानों में इसकी सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने आरोपी के घर पर भी इसकी जानकारी दी। थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है।

चल रही जांच, जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई

कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि आरोपित हथकड़ी निकालकर थाने से भाग निकला। इसकी जानकारी होते ही पुलिस की टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों के निर्देश पर पूरी घटना की जानकारी ली जा रही है। थाने में ड्यूटी पर तैनात जवानों से पूछताछ की जा रही है। घटना में जिम्मेदार पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

CG : महासमुन्द मे नशीली दवाओं की तस्करी और सेवन में लिप्त 09 आरोपियों को गिरफ्तार रायपुर ओड़िशा निवासी

CG : महासमुन्द मे नशीली दवाओं की तस्करी और सेवन में लिप्त 09 आरोपियों को गिरफ्तार रायपुर ओड़िशा निवासी

महासमुंद। पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में नशीली दवाओं की तस्करी और सेवन में लिप्त 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप, 500 नग नशीली टैबलेट और चाकू बरामद किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महासमुंद के वार्ड क्रमांक 11 नयापारा दलदली रोड निवासी प्रवीण साहू अवैध रूप से नशीली कफ सिरप बेचने की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से 1300 एमएल कोडीन फॉस्फेट ट्रिप्रोलिडाइन सिरप तथा एक बटन चाकू बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22 और आर्म्स एक्ट 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पूछताछ में प्रवीण साहू ने बताया कि वह उड़ीसा के पदमपुर निवासी सुशांत प्रधान से नशीली दवाइयां खरीदता है। पुलिस ने आरोपी सुशांत प्रधान को भी गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 50 स्ट्रीप में कुल 500 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट जप्त किए गए।

इसके अलावा तस्करी और सेवन में शामिल अन्य सात आरोपियों —

टी. बजरंग (रायपुर),

सोनू साहू (फाफाडीह, रायपुर),

जनक बघेल (त्रिमूर्ति नगर, रायपुर),

अमित यादव (फाफाडीह, रायपुर),

सचिन ध्रुव (फाफाडीह, रायपुर),

शुभम उर्फ चंद्रमणी साहू (फाफाडीह, रायपुर),

कुनाल फेकर (देवेंद्र नगर, रायपुर)

को भी संकलित साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन के तहत नशे के स्रोत से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर में ‘अंधविश्वास या चमत्कार से इलाज’ का दावा, इंडियन ड्रग एंड मैजिक रेमेडी एक्ट के तहत 54 बीमारियाँ ऐसी हैं जिनके बारे में “चमत्कार से ठीक करने” का दावा करने पर सज़ा का प्रावधान

रायपुर में ‘अंधविश्वास या चमत्कार से इलाज’ का दावा, इंडियन ड्रग एंड मैजिक रेमेडी एक्ट के तहत 54 बीमारियाँ ऐसी हैं जिनके बारे में “चमत्कार से ठीक करने” का दावा करने पर सज़ा का प्रावधान है लेकिन शासन प्रशासन ऐसे अंधविश्वास के खिलाड़ियों को लेकर सख्त नहीं है कुकरबेड़ा इलाके के होम चर्च में मिनी चंगाई सभा, तेल-पानी से बीमारी ठीक करने का दावा; बजरंग दल और स्थानीयों ने जताया विरोध

रायपुर | राजधानी रायपुर के कुकरबेड़ा इलाके में रविवार को एक होम चर्च में ‘यशु-यशु स्टाइल’ में चमत्कार से इलाज का दावा किया गया। पास्टर ने एक युवक के हाथ पर तेल लगाकर प्रार्थना की और कुछ देर बाद उसका हाथ ऊपर उठ गया। यह नज़ारा देख भीड़ “हलेलुया” के जयकारों से गूंज उठी। इसी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में विवाद बढ़ गया है।

दैनिक भास्कर खबर की माने तो स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस तरह की ‘मिनी चंगाई सभाओं’ के जरिए लोगों को बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। वहीं, चर्च में आने वाली महिलाएं कह रही हैं कि वे अपनी मर्जी से प्रेयर के लिए आती हैं और किसी तरह का धर्म परिवर्तन नहीं हुआ है।

विवाद की शुरुआत

10 अगस्त को मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया था कि कुकरबेड़ा स्थित इस होम चर्च में पैसों और बिजनेस का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। विरोध के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक महिला और दो युवकों को थाने ले जाकर पूछताछ की थी। फिलहाल, चर्च का वह कमरा पुलिस ने सील कर दिया है।

क्या कहते हैं स्थानीय लोग

पूजा ध्रुव का कहना है कि वे हिंदू होते हुए भी यीशु पर विश्वास करती हैं और प्रेयर से स्वास्थ्य लाभ हुआ है।

हर्षिता निहाल ने आरोप लगाया कि तेल-पानी से इलाज का दावा किया गया, लेकिन फायदा न मिलने पर उन्होंने चर्च जाना बंद कर दिया।
कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्हें 5 लाख रुपये, राशन और बिजनेस खोलने तक का लालच दिया गया।

बजरंग दल और VHP की प्रतिक्रिया
बजरंग दल का कहना है कि तेल-पानी से चमत्कार दिखाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है और धर्म बदलने के लिए उकसाया जा रहा है। हालांकि, संगठन ने अश्लील इशारों के आरोप से इंकार किया है।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि “इलाके में पहले से चर्च मौजूद हैं, लेकिन होम चर्च खोलकर पैसों और चमत्कार के नाम पर धर्मांतरण कराया जा रहा है।”

बड़ा परिप्रेक्ष्य
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ सालों से धर्मांतरण को लेकर टकराव बढ़ा है। 2021 से अब तक प्रदेश में 104 बार हिंदू और ईसाई समाज आमने-सामने आए हैं। 44 FIR दर्ज हुई हैं, जिनमें 23 मामले पिछले एक साल के भीतर दर्ज किए गए। कोरबा, महासमुंद, दुर्ग और बिलासपुर जैसे जिले हॉटस्पॉट बने हुए हैं।