बसना : मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुरंदर मिश्रा ने दुर्गापाली का किया दौरा

 

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्गापाली आगमन की तैयारी के सिलसिले में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा ने दुर्गापाली का दौरा किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गापाली में एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित व्यास पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। तत्पश्चात अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित कर मुख्यमंत्री आगमन की तैयारी को लेकर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ग्राम दुर्गापाली में आगामी 11 अगस्त को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा स्कूल परिसर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने सभा स्थल का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्कूल परिसर को मुख्यमंत्री के सभा स्थल के रूप में चयन किया गया तथा हेलीपैड के लिए धान खरीदी केंद्र

आंवलाचक्का एवं हाईस्कूल मैदान रोहिना का अवलोकन किया गया। रोहिना हाई स्कूल मैदान में हेलीपैड बनाए जाने की सहमति बनी है। अधिकारियों ने रोहिना स्कूल मैदान को हेलीपैड के लिए उपयुक्त माना। इसके पूर्व भी यहां एक बार दिलीप सिंह जूदेव एवं दूसरी बार महामहीम राज्यपाल के एम सेठ का आगमन हेलीकाप्टर से चुका है। यह ज्ञातव्य हो कि विधायक पुरंदर मिश्रा का गृहग्राम दुर्गापाली है। प्राथमिक शिक्षा दुर्गापाली में एवं मिडिल स्कूल की शिक्षा रोहिना में अध्ययन करने के पश्चात सरायपाली फिर उच्च शिक्षा के लिए रायपुर चले गए और वहीं पर रहकर रायपुर उत्तर के विधायक

निर्वाचित हुए। विधायक बनने के बाद पहली बार आज गृहग्राम दुर्गापाली आगमन होने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीण विधायक पुरंदर मिश्रा को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित थे। आज की तैयारी बैठक के दौरान बसना अनुविभागीय अधिकारी मनोज खांडे, डीएफओ मयंक पांडे, सीईओ जनपद पंचायत बसना पीयूष सिंह ठाकुर, आरईएस एसडीओ नयन प्रधान, उद्यानिकी अधिकारी उपेंद्र नाग, विखं शिक्षाधिकारी विनोद कुमार शुक्ला, दुर्गापाली प्रभारी प्राचार्य निमंकर पटेल, जनपद सदस्य संतोषी मुन्ना अग्रवाल, सरपंच मौना राजकुमार पटेल, सोहन पटेल सहित क्षेत्र पंच सरपंच एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा  जिला महासमुंद में “एम-पैक्स के व्यापार विविधिकरण” विषय पर एक दिवसीय भौतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा  जिला महासमुंद में “एम-पैक्स के व्यापार विविधिकरण” विषय पर एक दिवसीय भौतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सभागार, होटल आकासिया, जिला महासमुंद में किया गया ।

यह आयोजन राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 और सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के सफल चार वर्षों के पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सहकारिता मंत्रालय द्वारा ली गई 60 नई पहलों में से एक महत्वपूर्ण पहल *एम पैक्स के व्यापार विविधिकरण* के विषय पर जिला महासमुंद से एकत्रित पैक्स के 100 से अधिक सदस्यों के साथ इस महत्वपूर्ण विषय पर जानकारी साझा करने हेतु आयोजित किया गया ।

कार्यशाला में कार्यक्रम के संयोजक राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के क्षेत्रीय निदेशक श्री किंचित जोशी उपस्थित रहे जिन्होंने समस्त पैक्स/ FPO सदस्यों से कार्यशाला में दिए जा रहे सत्रों को ध्यानपूर्वक सुनने, समझने व उपस्थित विषय विशेषज्ञों के समक्ष अपने प्रश्न अवश्य रखने हेतु प्रेरित किया । साथ ही NCDC द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उपयुक्त प्रस्ताव का सृजन करने का भी आवाह्न किया गया ।

कार्यकम में व्याख्यान प्रदान करने हेतु विशिष्ट अतिथि स्वरूप श्री द्वारिका नाथ, उपायुक्त (सहकारिता) एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला महासमुंद द्वारा सहकारिता मंत्रालय की पहलों, मॉडल उपनियमों, CSC संचालन, पैक्स कंप्यूटरीकारण के विषय पर व्याख्यान प्रदान किया गया । साथ ही कार्यक्रम के दूसरे सत्र में व्याख्यान संसाधन व्यक्ति स्वरूप उपस्थित श्री अविनाश शर्मा, नोडल अधिकारी, DCCB रायपुर शाखा महासमुंद द्वारा एम पैक्स विषय पर संक्षिप्त में अपने विचार साझा किए, जिसके पश्चात श्री प्रियवृत साहू, DDM नाबार्ड, जिला महासमुंद द्वारा एम पैक्स को व्यापार विविधिकरण के विकल्पों जैसे कृषि यंत्रीकरण, गोदाम निर्माण, मत्स्यपालन, डेयरी इत्यादि क्षेत्र में उद्यमिता विकास पर चर्चा की गई ।

इसी क्रम में एक सत्र में NCDC द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं एवं वित्तीय सहायता के स्वरूप पर विस्तृत चर्चा की गई एवं उपयुक्त प्रस्ताव सृजन करने हेतु प्रेरित किया गया । NCDC क्षेत्रीय पुरस्कार 2025 के लिए अपने आवेदन शीघ्रातिशीघ्र NCDC को प्रेषित करने हेतु भी प्रेरित किया गया

कार्यक्रम का समापन मंचासीन अतिथिगणों एवं समस्त उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया ।

महासमुंद: सरायपाली पुलिस की बड़ी कामयाबी: मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

 

महासमुंद, 7 अगस्त 2025
महासमुंद जिले की सरायपाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले की शुरुआत दो अलग-अलग चोरी की रिपोर्ट से हुई।
पहली शिकायत पुष्पलता बेहरा ने की थी, जिनकी मोटरसाइकिल हीरो सुपर स्प्लेंडर (CG 06 GG 4413) उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। वहीं, दूसरी रिपोर्ट भोजराम साहू ने दर्ज कराई थी, जिनकी होंडा सीबी साइन बाइक (CG 06 GJ 2091) घर से चोरी हुई।

पुलिस ने विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर कुटेला चौक और जोगिनीपाली क्षेत्र से दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने और आरोपियों की पहचान की और कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:

1. राहुल नंद पिता विपिन नंद (24 वर्ष), निवासी अर्जुंडा

2. भूपेश प्रधान पिता लोकनाथ प्रधान (21 वर्ष), निवासी ठाकुरपाली

3. शंकर सराफ पिता लिंगराज सराफ (18 वर्ष), निवासी तोरेसिंहा

4. आकाश नंद पिता विजय आनंद (23 वर्ष), निवासी गुलफुलझर

5. भूपेश नंद पिता राजेंद्र प्रसाद नंद (23 वर्ष), निवासी अर्जुंडा

6. भोजराज हीरा पिता बसंत हीरा (20 वर्ष), निवासी खैरमाल

 

इनके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिलें हैं:

हीरो सुपर स्प्लेंडर (CG 06 GF 4413)

बजाज पल्सर 125 (CG 06 HB 7768)

होंडा सीबी साइन (CG 06 GJ 2091)

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 331(4), 305 BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह संपूर्ण कार्रवाई महासमुंद पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का नतीजा है, जिससे वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है।

महासमुंद/दुर्घटना में मृतक के परिजन को दो लाख रुपए एवं घायल को 50 हजार रुपए प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत

महासमुंद/दुर्घटना में मृतक के परिजन को दो लाख रुपए एवं घायल को 50 हजार रुपए प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत

 

महासमुन्द, दावा निपटान आयुक्त एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा दुर्घटना में मृतक के परिजन एवं घायल को हुए घोर अपहानि को दृष्टिगत रखते हुए दो लाख 50 हजार रूपए प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-53 तुमगांव रायपुर बाईपास से तुमगांव ओवरब्रिज के मध्य टक्कर मारकर भागने मोटरयान सड़क दुर्घटना में महासमुंद निवासी श्री सुरेश साहू की मृत्यु हो गई थी। अपहानि के कारण मृतक के विधिक प्रतिनिधि एवं पत्नी श्रीमती संगीता साहू को दो लाख रुपये की प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

इसी प्रकार संजय कानन ग्राम खैरा के पास नयापारा महासमुंद निवासी श्रीमती ममता देवार को टक्कर मारकर भागने मोटरयान सड़क दुर्घटना से घायल होने पर 50 हजार रुपए की प्रतिकर सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

महासमुंद/आर.बी.सी. 6-4 के तहत 08 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद/आर.बी.सी. 6-4 के तहत 08 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

 

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा से मृत्यु होने पर 2 मृतकों के निकटतम वारिसानों के लिए चार-चार लाख रुपए के मान से कुल 08 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है।

इनमें महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत पानी में डूबने से मृत्यु होने पर ग्राम चिंगरौद की मृतिका क्षमा साहू के पिता श्री राधे साहू के लिए तथा सरायपाली विकासखंड अंतर्गत सर्पदंश से मृत्यु होने पर ग्राम जलपुर के मृतक श्री जलधर चौहान की पत्नी श्रीमती गीता चौहान के लिए चार-चार लाख रुपए आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: कोटवार की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी को पुलिस ने दबोचा

छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: कोटवार की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी को पुलिस ने दबोचा

छत्तीसगढ़/कवर्धा : बोड़ला थाना क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में विवाद के दौरान युवक ने कोटवार नरेंद्र मानिकपुरी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेजा। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पूरा मामला ग्राम पंचायत भीरा के आश्रित ग्राम मांदीभाटा का है।

 

जानकारी के मुताबिक, कोटवार नरेंद्र मानिकपुरी का आरोपी चैन सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि चैन सिंह ने आवेश में आकर डंडे से हमला कर दिया, जिससे कोटवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल कोटवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक नरेंद्र मानिकपुरी नगर पंचायत बोड़ला के निवासी थे, जो ग्राम पंचायत भीरा के कोटवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेजा। बोड़ला पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए ग्राम मांदीभाटा निवासी आरोपी चैन सिंह को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना शराब के नशे और आपसी कहासुनी के चलते हुई। बोड़ला थाना प्रभारी ने बताया, घटना की जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

छत्तीसगढ़ : उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और स्वेच्छाचारिता पड़े भारी, शिक्षक संजय नायक निलंबित

रायपुर : उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और स्वेच्छाचारिता पड़े भारी, शिक्षक संजय नायक निलंबित

छत्तीसगढ़/जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला तेन्दूपारा में पदस्थ सहायक शिक्षक (एल.बी.) श्री संजय नायक को उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 के उल्लंघन तथा कदाचरण की श्रेणी में पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि 4 जून 2025 को शासकीय प्राथमिक शाला तेन्दूपारा संकुल लुड़ेग में श्रीमती शालेन कुजूर की पदस्थापना की गई थी। इसके बावजूद सहायक शिक्षक श्री संजय नायक द्वारा उन्हें विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया।

इस विषय में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पत्थलगांव द्वारा 11 जून 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब संजय नायक द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। 10 जुलाई 2025 को प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, शिक्षक संजय नायक के इस व्यवहार से यह स्पष्ट होता है कि उन्होंने जानबूझकर आदेशों का पालन नहीं किया और प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न की।

उक्त कृत्य शासन के सेवा आचरण नियमों के सर्वथा विपरीत पाए जाने पर उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बगीचा नियत किया गया है तथा वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।

 

छत्तीसगढ़: सूचना-प्रसार की दिशा में छत्तीसगढ़ बना रोल मॉडल : छत्तीसगढ़ संवाद व जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली ने महाराष्ट्र के अधिकारियों को किया प्रभावित

छत्तीसगढ़: सूचना-प्रसार की दिशा में छत्तीसगढ़ बना रोल मॉडल : छत्तीसगढ़ संवाद व जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली ने महाराष्ट्र के अधिकारियों को किया प्रभावित

छत्तीसगढ़/महाराष्ट्र सरकार के जनसंपर्क एवं सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का एक अध्ययन दल 5 से 7 अगस्त 2025 तक तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ में प्रवास पर रहा। इस दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सूचना, जनसंपर्क और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में किए जा रहे नवीनतम नवाचारों और प्रभावी कार्यप्रणालियों का प्रत्यक्ष अवलोकन एवं अध्ययन करना था।

अध्ययन दल में महाराष्ट्र शासन की उप सचिव श्रीमती समृद्धि अंगोलकर, निदेशक श्री किशोर गंगरडे सहित कुल छह वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। दल ने छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग एवं उसकी सहायक संस्था छत्तीसगढ़ संवाद की संपूर्ण कार्यप्रणाली का अध्ययन किया।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ई-न्यूज़ क्लिपिंग, ई-आरओ सिस्टम, ई-पब्लिकेशन, पत्रकार अधिमान्यता प्रणाली, तथा पत्रकारों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं का गहन अध्ययन किया। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ संवाद की संगठनात्मक संरचना, संचालन तंत्र तथा तकनीकी नवाचारों के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर अध्ययन दल ने जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल से सौजन्य मुलाकात की। जनसंपर्क आयुक्त डॉ. मित्तल ने कहा कि छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग का यह सतत प्रयास रहा है कि शासकीय योजनाओं और जनहितकारी नीतियों की जानकारी आम जनता तक त्वरित, पारदर्शी और प्रभावशाली ढंग से पहुँचे। सूचना के क्षेत्र में तकनीक और मानवीय दृष्टिकोण के संतुलित समावेशन ने हमारी कार्यप्रणाली को विशिष्ट बनाया है। यह हमारे लिए प्रसन्नता की बात है कि अन्य राज्य भी हमारे नवाचारों में रुचि ले रहे हैं। यह अनुभव-साझाकरण एक सकारात्मक और रचनात्मक दिशा में उठाया गया कदम है।

अध्ययन दल ने इंद्रावती भवन स्थित जनसंपर्क संचालनालय एवं छत्तीसगढ़ संवाद कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं के संचालन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और विभाग की प्रमुख गतिविधियों को निकट से जाना।

अपर संचालक श्री जे.एल. दरियो, श्री उमेश मिश्रा एवं श्री संजीव तिवारी ने अध्ययन दल को विभाग की प्रमुख गतिविधियों, कार्यप्रणाली और तकनीकी अनुप्रयोगों की जानकारी विस्तार से प्रदान की।महाराष्ट्र से आए अध्ययन दल के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सूचना एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अपने राज्य में भी लागू करने की संभावनाओं में गहरी रुचि जताई।

इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग और छत्तीसगढ़ संवाद के विभिन्न अधिकारीगण उपस्थित थे।

 

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से बुनकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य भेंट

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से बुनकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य भेंट

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर मुख्यमंत्री को करघा भेंटकर किया अभिनंदन प्रदेश में बुनकरों के सम्मान, समृद्धि और सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे हैं विशेष प्रयास – मुख्यमंत्री

jराष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ बुनकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी प्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने बुनकर समाज की सराहना करते हुए कहा कि  हथकरघा कला हमारी समृद्ध विरासत है, जो प्रदेश को एक विशिष्ट पहचान दिलाती है और हमारी सांस्कृतिक अस्मिता को सशक्त बनाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बुनकर समाज अपने श्रम, कौशल और रचनात्मकता के माध्यम से राज्य का गौरव बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार बुनकरों की समृद्धि, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए बहुआयामी प्रयास कर रही है। कच्चा माल सुलभ कराने से लेकर लागत कम करने और विपणन की बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने तक, हर मोर्चे पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुनकरों की आत्मनिर्भरता ही उनकी रचनात्मक उड़ान को नई ऊँचाई दे सकती है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय हमारे पारंपरिक उत्पादों और हुनर को प्रोत्साहन देने का है। हथकरघा उद्योग केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है, जिसे बुनकर समाज आज भी सहेजे हुए है।

इस अवसर पर समाज के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बुनकरों द्वारा निर्मित करघा (कपड़ा बुनने की पारंपरिक मशीन) की प्रतिकृति भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी यह भेंट न केवल आपके सम्मान और भावनाओं का प्रतीक है, बल्कि सृजन, परंपरा और हमारे प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों का भी प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार बुनकर समाज के हर संभव सहयोग के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और उनके सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बुनकरों के सम्मान, समृद्धि और सशक्तिकरण का होगा।

इस अवसर पर बुनकर समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री महेश देवांगन, श्री पुरुषोत्तम देवांगन, श्री धनेश देवांगन, श्री गजेंद्र देवांगन सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।

 

महासमुंद में विश्व स्तनपान सप्ताह पर कार्यक्रम आयोजित स्तनपान से शिशु का सम्पूर्ण विकास संभव : श्री देवी चंद राठी

महासमुंद में विश्व स्तनपान सप्ताह पर कार्यक्रम आयोजित स्तनपान से शिशु का सम्पूर्ण विकास संभव : श्री देवी चंद राठी

 

महासमुन्द/ महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में सेजेस महासमुंद में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर बुधवार को जागृति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति श्रीमती देवकी पटेल एवं अध्यक्ष के रूप में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवी चंद राठी शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका के पार्षदगण एवं विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती देवकी पटेल ने कहा कि स्तनपान केवल एक प्राकृतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह शिशु के सम्पूर्ण मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास की नींव है। माताएं अपने बच्चों को 6 माह तक केवल स्तनपान कराएं और इसके बाद पोषणयुक्त पूरक आहार देना शुरू करें। इससे बच्चे कुपोषण से दूर रहते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी ने कहा कि जागरूकता शिविर के माध्यम से माताओं को यह बताया जाना आवश्यक है कि शिशुवती माताओं को अपने शिशु को जन्म के पश्चात ही मां का दूध पिलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों में विभिन्न कार्यक्रम किया जाएगा, जो कि एक अच्छी पहल है।

कार्यक्रम में 3 गर्भवती माताओं का गोद भराई एवं 3 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्वास्थ्य वर्धक पूरक पोषण आहार का प्रदर्शन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से समुदाय में महिलाओं और परिजनों को पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राजीव पांडेय मौजूद थे।

महासमुंद शहरी परियोजना की अधिकारी श्रीमती शैल नाविक ने कहा कि स्तनपान केवल बच्चे को पोषण नहीं देता, बल्कि मां और शिशु के बीच गहरा भावनात्मक संबंध भी स्थापित करता है। यह बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और मां को भी कई बीमारियों से बचाता है। सुपरवाइजर शीला प्रधान एवं ग्रामीण परियोजना की सुपरवाइजर ने बताया कि इस सप्ताह के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां जैसे रैली, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता आदि आयोजित की जाएंगी, जिससे समुदाय में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस अवसर पर विभाग की ओर से पोषण पर आधारित जानकारी दी गई और उपस्थित महिलाओं को स्तनपान एवं शिशु आहार के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।