ग्राम बहादुरपुर के 96 घरों में नल से पहुंच रहा शुद्ध पेयजल

पानी की सुविधा से बेटियों की पढ़ाई हुई सुगम : कु. उर्वशी

महासमुंद। ग्रीष्म ऋतु में गांवों में जहां जल की समस्या गंभीर हो जाती है, वहीं जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोढरकसा का ग्राम बहादुरपुर में भीषण गर्मी के दौरान हर घर जल योजना के सफल क्रियान्वयन से गांव के सभी 96 घरों में पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है।

योजना के तहत लगभग 56.40 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलाशय (ओवरहेड टैंक) निर्मित किया गया है। साथ ही लगभग 2055 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर तक जल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। गांव के सरपंच एवं के सक्रिय नेतृत्व एवं सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। योजना के सुचारू संचालन एवं रखरखाव के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। योजना के स्थायी संचालन को सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक परिवार से 50 रुपये प्रतिमाह जल कर लिया जा रहा है, जिससे रखरखाव एवं संचालन व्यवस्था मजबूत बनी हुई है।

योजना से लाभान्वित कु. उर्वशी ने बताया कि पहले हमें पानी लाने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती थी। घर पर ही पानी की सुविधा से हम बेटियों की पढ़ाई सुगम हुई है। अब गांव की सभी बेटियां नियमित रूप से स्कूल जाती हैं और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

सहायक ग्रेड-03 भर्ती हेतु पात्र-अपात्र सूची जारी, 19 मई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित

महासमुंद : – महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुंद द्वारा सहायक ग्रेड-03 के नियमित रिक्त पदों की पूर्ति हेतु सीधी भर्ती के लिए 23 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण उपरांत चयन समिति द्वारा पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर जारी कर दी गई है। पात्र-अपात्र सूची की विस्तृत जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुंद के सूचना पटल तथा जिला महासमुंद की आधिकारिक वेबसाइट www.mahasamund.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें जारी सूची के संबंध में कोई दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, वे 19 मई 2026 सायं 5ः00 बजे तक स्पीड पोस्ट अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला महासमुंद के पते पर प्रस्तुत कर सकते हैं।

सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का होगा सरल समाधान

महासमुंद :- न्याय को आमजन के लिए सरल सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह अर्थात विशेष लोक अदालत 2026 की अभिनव पहल शुरू की गई है। यह राष्ट्रीय स्तर का अभियान है जो 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुका है। जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के साथ किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर नई दिल्ली में किया जाएगा।

जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से निराकरण किया जाएगा। यह पहल न्यायिक प्रक्रिया को अधिक मानवीय, समयबद्ध और कम खर्चीला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

छत्तीसगढ़ में इस अभियान के अंतर्गत निर्देशानुसार सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला एवं तहसील स्तर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित मध्यस्थता केन्द्रों में किया जा रहा है।

इन केन्द्रों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों को आपसी सहमति से समाधान तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान कर रहे है। समाधान समारोह 2026 से ही प्रारंभ हो चुकी है जिनमें पक्षकार व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी भाग ले सकते है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों की संख्या को कम करना तथा विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए वैकल्पित और सरल मंच उपलब्ध कराना है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं संबंधित सभी पक्षो से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आव्हान किया गया है।

छत्तीसगढ़ के नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने मामलों का समाधान आपसी सहमति से कराने का प्रयास करें।

महासमुंद सांकरा: क्या थी आखिरी इच्छा , मोबाइल में msg करने के बाद फिर सुबह फंदे पर मिली नवविवाहिता की लाश ,पति-सास-ससुर पर अपराध दर्ज

महासमुंद सांकरा: क्या थी आखिरी इच्छा , मोबाइल में msg करने के बाद फिर सुबह फंदे पर मिली नवविवाहिता की लाश ,पति-सास-ससुर पर अपराध दर्ज

महासमुंद (सांकरा)। थाना सांकरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर में 26 वर्षीय नवविवाहिता रजनी प्रधान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद पति, सास एवं ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप में भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अप्रैल 2026 को सूचनाकर्ता बालकृष्ण प्रधान थाना उपस्थित होकर सूचना दी कि उसकी भाई-बहू रजनी प्रधान ने अपने घर के कमरे में साड़ी को फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर थाना सांकरा में मर्ग क्रमांक 20/2026 धारा 194 BNSS के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई तथा कायमी की सूचना एसडीएम को दी गई।

घटना 26 अप्रैल 2026 की रात्रि 11 बजे से 27 अप्रैल की सुबह 6 बजे के मध्य की बताई जा रही है। घटनास्थल मृतिका के घर का कमरा है, जहां उसके पति द्वारा उसे नीचे उतारकर पलंग पर रखा गया था। नायब तहसीलदार ललित सिंह, तहसील पिथौरा की उपस्थिति में पंचों—बालकृष्ण प्रधान, सुकांति प्रधान, दुर्योधन साहू, रीनू साहू एवं विनोदनी साहू—के समक्ष शव पंचनामा कार्यवाही की गई।
पंचनामा के दौरान मृतिका का शव पलंग पर चित अवस्था में पाया गया तथा गले में काला लिगेचर मार्क (फांसी का निशान) स्पष्ट था। शरीर के अन्य किसी हिस्से में बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। घटनास्थल से मृतिका का मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।

शव को पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा भेजा गया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा परीक्षण कर रिपोर्ट में मृत्यु का कारण “फांसी से दम घुटना (Asphyxia due to hanging)” बताया गया तथा मृत्यु का स्वरूप आत्महत्या होना उल्लेखित किया गया।

मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता करमलाल साहू, छोटी बहन रीनू साहू, दुर्योधन साहू एवं अन्य गवाहों के पृथक-पृथक कथन दर्ज किए गए। परिजनों ने बताया कि रजनी प्रधान का विवाह 6 मार्च 2025 को ग्राम धरमपुर निवासी डिगेश प्रधान के साथ हुआ था। विवाह के प्रारंभिक दो-तीन माह तक सब कुछ सामान्य रहा, इसके बाद पति डिगेश प्रधान, सास तमालवती प्रधान एवं ससुर विरेंद्र प्रधान द्वारा दहेज कम लाने की बात कहकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों के अनुसार, आरोपियों द्वारा सोना, नगदी एवं वाशिंग मशीन की मांग की जाती थी। दहेज में छोटा कूलर आने की बात कहकर ताना दिया गया, जिस पर मृतिका के पिता द्वारा बाद में बड़ा कूलर भी खरीदकर दिया गया। इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। मृतिका अपने मायके फोन पर तथा आने पर लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, यहां तक कि मारपीट की जानकारी देती थी।

दिसंबर 2025 में स्थिति गंभीर होने पर मृतिका को मायके लाया गया था। बाद में पति को बुलाकर समझाइश दी गई, किंतु समझाइश के बाद भी दहेज को लेकर प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
घटना से पूर्व दिनांक 27 अप्रैल की रात करीब 1 बजे मृतिका ने अपनी बहन के मोबाइल पर संदेश भेजा था—“मैं किसी पर बोझ नहीं बनना चाहती, मेरे सोना-चांदी वापस ले आना, यही मेरी आखिरी इच्छा है।” सुबह करीब 5:30 बजे मृतिका के पिता द्वारा फोन करने पर मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पति डिगेश प्रधान से संपर्क करने पर पहले बात कराने की बात कही गई, फिर कुछ समय बाद उसने ही फोन कर बताया कि रजनी ने फांसी लगा ली है।
मर्ग जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि मृतिका ने पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग एवं प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है।
इस पर थाना सांकरा पुलिस ने आरोपी
डिगेश प्रधान (पति),
तमालवती प्रधान (सास),
विरेंद्र प्रधान (ससुर),
सभी निवासी ग्राम धरमपुर, थाना सांकरा, जिला महासमुंद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
मामले की विस्तृत जांच जारी है।

CG Police Transfer: कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल! SI, ASI और हेड कांस्टेबल समेत 136 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर

रायपुर।  रायपुर में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने 136 पुलिसकर्मियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत कई थानों और इकाइयों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को इधर-उधर किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह तबादला आदेश प्रशासनिक कसावट, कार्यक्षमता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से जारी किया गया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से स्थानांतरित किया गया है।

पुलिस विभाग के अनुसार, सभी संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल से शहर की पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।

देखें पूरी लिस्ट

डेढ़ सौ हाथियों का डेरा, रायगढ़ में धान और मक्का फसल किया बर्बाद

रायगढ़। जिले में हाथियों की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है। जिले में 130 से अधिक हाथियों का मूवमेंट दर्ज किया गया है। रात होने के बाद हाथियों के झुंड किसानों के खेतों में पहुंच रहे हैं। रविवार रात धर्मजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में लगभग 15 किसानों की धान और मक्का की फसल को हाथियों ने खाकर और पैरों से रौंदकर नष्ट कर दिया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रायगढ़ वन मंडल में 38 और धर्मजयगढ़ वन मंडल में 94 हाथियों की मौजूदगी बताई जा रही है। रविवार रात धर्मजयगढ़ रेंज के आमगांव में हाथियों का दल खेतों तक पहुंचा, जहां उन्होंने 5 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया।वहीं दर्रीडीह और ओंगना में 3 किसानों की फसल, क्रोंधा में 1 किसान की फसल, छाल रेंज के लामीखार में 1 किसान की मक्का फसल, हाटी तेंदुमुडी में 3 किसानों की धान की फसल और बोरो रेंज के कुमा में 2 किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार रात में हाथियों के आने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों और वनकर्मियों ने उन्हें खेतों से भगाने का प्रयास किया, लेकिन हाथियों का दल खेतों में डटा रहा और सुबह होने से पहले वापस जंगल की ओर चला गया। सुबह विभागीय कर्मचारियों ने नुकसान का आकलन शुरू किया।

जंगली भालू ने तेंदूपत्ता तोड़ रहे ग्रामीण पर किया हमला, गंभीर रूप से घायल

महासमुंद। जिले में इन दिनों जंगली भालू का आतंक देखने को मिल रहा है। इस बीच एक ताजा मामला सिंगारपुर, लारीपुर और बड़े लोरम के जंगल से सामने आया है, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में घायल ग्रामीण को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र सांकरा से पिथौरा रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सिंगारपुर गांव का रहने वाला विशेष कुमार प्रधान तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए सिंगारपुर, लारीपुर और बड़े लोरम के जंगल की ओर गया था। इसी दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में वो लहूलुहान हो गया, जिसके बाद उसे स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ले जाया गया और फिर वहां से उसे पिथौरा रेफर कर दिया गया। इधर सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल की आर्थिक मदद की। लोरम लारीपुर और सिंगारपुर के बीच हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी और भाजपा जिला अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष के बीच अवैध संबंध होने का आरोप लगाया

बालोद छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी और भाजपा जिला अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष के बीच अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। यह मामला तब सामने आया, जब पति ने दोनों को गुंडरदेही इलाके के एक रिसॉर्ट में एक साथ पकड़ लिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह घर में बच्चों के साथ मारपीट करती है। वह बच्चों की आंख और मुंह में लाल मिर्च डालने जैसी हरकत भी करती है। साथ ही बच्चों को यह कहकर डराती है कि घर उसके नाम पर है और वह उन्हें कभी भी घर से निकाल सकती है।आरोप है कि महिला बच्चों को यह भी धमकी देती है कि वह उनके पिता को खाने में जहर देकर मार देगी। वह यह भी कहती है कि ज्यादा बोलने पर तीनों को घर से भगा देगी। पीड़ित पति का कहना है कि पत्नी उसे और बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करती है, उसने पत्नी पर दूसरे पुरुषों से संबंध होने का आरोप भी लगाया है।

पति का कहना है कि पत्नी बार-बार उसे और बच्चों को घर से निकालने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। इस मामले में पति ने एसपी को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पत्नी ने भी पति पर बदनाम करने, मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार बालोद के टिकरापारा वार्ड नंबर-04 के अब्दुल ताहिर ने पत्नी के खिलाफ एसपी से शिकायत की है, उसने अपनी पत्नी पर शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को लिखे शिकायत में बताया कि वो बालोद के टिकरापारा वार्ड नंबर 4 का निवासी है।उसकी शादी साल 2006 में मुस्लिम रीति-रिवाज से बागबाहरा में हुई थी। पत्नी जगन्नाथपुर परसदा स्थित प्राथमिक शाला में प्रधान पाठिका है, उनके एक बेटी और एक बेटा है। शादी के लगभग 17 साल तक सब ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले 2 साल से मेरे और बच्चों के प्रति पत्नी का व्यवहार बदल गया, जिससे हम सभी परेशान हैं।

बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करती

पीड़ित ने पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह आए दिन उसके और बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी। वह बच्चों की आंखों में मिर्च पाउडर डालती थी और कपड़े प्रेस करते समय उन्हें जलाती थी।

बसना पुलिस की रेड: मंदिर मार्ग पर शराब बेच रही महिला गिरफ्तार, 15 लीटर महुआ शराब जब्त

बसना, महासमुंद | 05 मई, 2026- बसना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला रामचंडी मंदिर जाने वाले रास्ते पर इमली पेड़ की आड़ में अवैध शराब बेचने की फिराक में खड़ी थी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में महुआ शराब बरामद की है।

मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही

जानकारी के अनुसार, महिला प्रधान आरक्षक 221 हेमाद्री देवता को 01 मई की दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गढफुलझर में रामचंडी मंदिर जाने वाले मार्ग पर एक महिला अवैध शराब की बिक्री कर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों (खेमराज महंती और प्रमोद कुमार) के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पीले डिब्बे में भरी मिली 15 लीटर शराब

इमली पेड़ के नीचे घेराबंदी कर पुलिस ने संदेही महिला रामबाई महिलांगे (38 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पीले रंग का 15 लीटर क्षमता वाला प्लास्टिक का डिब्बा मिला, जो हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब से लबालब भरा था। जब्त शराब की कुल मात्रा 15 लीटर और अनुमानित कीमत 3,000 रुपये बताई जा रही है।

गैर-जमानतीय धाराओं में केस दर्ज

आरोपी महिला से शराब परिवहन एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, जिसे पेश करने में वह पूरी तरह असफल रही। चूंकि बरामद शराब की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी (5 लीटर से अधिक) में आती है, अतः पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

दोपहर 13:55 बजे महिला आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर थाना बसना में असल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

भंवरपुर पुलिस की दबिश: घर के आंगन में शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 4 लीटर महुआ शराब जब्त

बसना/भंवरपुर | 05 मई, 2026 – बसना पुलिस और चौकी भंवरपुर द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्यवाही की गई है। ग्राम कर्राभौना में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेड कर एक युवक को अवैध महुआ शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा है।

घर के आंगन में चल रही थी बिक्री

पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 मई 2026 को प्रधान आरक्षक 597 राजेश कुमार सोनी अपने हमराह स्टाफ आरक्षक 409 और 939 के साथ पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कर्राभौना में एक व्यक्ति अपने घर के आंगन में अवैध शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाह मानसाय खुंटे एवं अजय टंडन को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर देवप्रसाद खुंटे उर्फ प्रकाश (24 वर्ष), निवासी कर्राभौना को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से:

  • एक सफेद रंग की 5 लीटर वाली प्लास्टिक जरकीन मिली।

  • जरकीन में करीब 04 लीटर (4000 ML) हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब भरी हुई थी, जिसकी कीमत 800/- रूपये है।

बी.एन.एस.एस. (BNSS) के तहत कार्यवाही

पुलिस ने नई कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को शराब रखने के संबंध में धारा 94 BNSS का नोटिस देकर वैध दस्तावेज मांगे। कोई भी वैध लाइसेंस पेश नहीं करने पर शराब को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया गया।

आरोपी का कृत्य आबकारी एक्ट की धारा 34(A) के तहत दंडनीय पाए जाने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। चूंकि मामला जमानतीय (Bailable) था, इसलिए सक्षम जमानतदार पेश करने पर आरोपी को मुचलके पर रिहा किया गया। आरक्षक 429 इतवारी ओगरे द्वारा इस देहाती नालसी को थाना बसना में पेश कर असल नंबरी अपराध कायम कराया जा रहा है।