महासमुंद मेडिकल कॉलेज में खूनी झड़प: पूर्व क्लास रिप्रेजेंटेटिव को सरेराह पीटा, कट्टे से उड़ाने की धमकी

महासमुंद। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) महासमुंद में परीक्षा के दौरान नकल पकड़वाने की रंजिश को लेकर एमबीबीएस के छात्रों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। पूर्व क्लास रिप्रेजेंटेटिव (CR) और एमबीबीएस के छात्र आशुतोष पाली पर उनके ही सहपाठियों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित को शहीद स्मारक खरोरा के पास बुलाकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और जाते-जाते “कट्टे से उड़ा देने” की धमकी दी। इस हमले में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

नकल प्रकरण की रिपोर्टिंग बनी हमले की वजह

शिकायत के मुताबिक, प्रार्थी आशुतोष पाली (26 वर्ष, निवासी बिलासपुर) महासमुंद मेडिकल कॉलेज में पहले कक्षा का प्रतिनिधि था। प्रथम वर्ष की वार्षिक परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र जे.ए.एस. आदित्य झा को नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। संस्थान के नियमानुसार आशुतोष ने इस घटना की सूचना कॉलेज प्रबंधन के निर्देश पर क्लास के व्हाट्सएप ग्रुप में दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी पिछले दो साल से आशुतोष को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

बातचीत के बहाने बुलाकर किया जानलेवा हमला

दिनांक 11 मई 2026 की शाम आरोपी आदित्य झा ने फोन कर आशुतोष को खरोरा शहीद स्मारक के पास बात करने के लिए बुलाया। मामला सुलझाने की नीयत से आशुतोष अपने साथी छात्र आदर्श मिश्रा, आशीष रात्रे और अक्षित सरकार के साथ वहां पहुंचा। वहां पहले से ही घात लगाए बैठे आदित्य झा, संदर्भ पटेल, धनंजय कटरावत और उनके अन्य साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला बोल दिया।

जब पीड़ितों ने इस घटना की शिकायत कॉलेज प्रशासन से करने की बात कही, तो आरोपी और उग्र हो गए। मारपीट के दौरान:

  • आशीष रात्रे का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई।

  • आदर्श मिश्रा के सीने पर जोरदार प्रहार किए गए।

  • मुख्य आरोपी आदित्य झा ने प्रार्थी आशुतोष के संवेदनशील अंगों (पेट और अंडकोष) पर हमला किया, जिससे वह दर्द से कराहते हुए वहीं गिर गया।

“कट्टे से मार दूंगा…” देकर भागे आरोपी

मारपीट के बाद भागते हुए मुख्य आरोपी आदित्य झा ने सरेआम धमकी देते हुए कहा, “अगर तुम लोगों को कट्टे से ना मार दिया तो मैं भी एक बाप की औलाद नहीं।” इस घटना के बाद से पीड़ित छात्र और उनका परिवार गहरे खौफ में है।

पुलिस और कॉलेज प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित छात्र आशुतोष पाली ने अपने साथियों के साथ कोतवाली थाना महासमुंद में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है। छात्रों के पास आरोपी द्वारा व्हाट्सएप पर दी गई धमकियों के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। घायल छात्रों का मेडिकल परीक्षण (MLC) कराया जा रहा है। कॉलेज के छात्रों ने प्रबंधन से भी आरोपियों को तुरंत निलंबित करने की मांग की है।

महासमुंद पुलिस की अनूठी पहल: “नवा बिहान” अभियान से जिले भर में फैलाई जा रही साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति की अलख

महासमुंद – महासमुंद पुलिस द्वारा आम जनता को सचेत, सतर्क व जागरूक करने के उद्देश्य से संपूर्ण जिले मे “नवा बिहान” बैनर तले जागरूकता कार्यक्रम संचालित की जा रही है। इस कैंपेन के तहत् पुलिस विभाग की टीम हाट-बाजार, स्कूल, कालेज, बस स्टैंड, बैंकों व चौक-चौराहो, गली मुहल्लो मे, लोगो के बीच पहुँचकर मोबाईल धारक आम जनता, स्कूली छात्र-छात्राओं, गांव के युवको, बुजुर्गो हर वर्ग के लोगो को साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, जरूरी हेल्पलाइन नंबर, नशा मुक्ति संदेश, गौ तस्करी रोकथाम के बारे मे लोगो को जानकारी दी जा रही है।

नवा बिहान कैपेन के तहत जिला महासमुंद ग्राम बल्दीडीह हॉट बाजार, थाना सांकरा ग्राम छुईपाली बाजार, थाना सिंघोड़ा ग्राम द्वारतलाकला बाजार, चौकी टूहलु, ग्राम पिथौरा लाखागढ़ चौक पेट्रोल पंप के पास, ग्राम भंवरपुर क्षेत्रों के आम जनता को, महासमुंद पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति अभियान महिला संबंधी अपराध एवं यातायात सुरक्षा की जानकारी दी गयी।

पुलिस टीम के द्वारा शहरी एवं ग्रामीणो क्षेत्रों मे लोगो को विभिन्न प्रकार की जानकारियां साझा की गई, जिसमे सायबर स्टाकिंग, फेक प्रोफाईल के बारे मे बताते हुए, किसी भी व्यक्ति जो इसका शिकार हो, तत्काल रिपोर्ट करने कहा गया। लोगो को बताया गया की सोशल मीडिया में पर्सनल व सेंसिटीव जानकारी शेयर ना करें एवं अपने मोबाईल मे मजबूत पासवर्ड बनाकर रखे, ताकि मोबाइल गुम होने या अन्य कोई भी व्यक्ति इसका दुरूपयोग ना कर सके। आजकल इंटरनेट की दुनिया मे प्रचलित अपराध जैसे फेक ट्रेडिंग एप के नाम पर ठगी, सेक्सटार्शन, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगो को डिजिटल अरेस्ट की धमकी फिर ठगी करने वालो से सतर्क रहने एवं आपके फोन मे अंजान नम्बरो से आये एपीके फाईल लिंक को कभी ओपन ना करने की सलाह दी गयी है।

लोगो को बताया गया है की किसी प्रकार के ऑनलाईन फ्रॉड होने पर सायबर हेल्प लाईन नंबर 1930 में ऑनलाईन शिकायत एवम अपने निकटतम पुलिस थाना या सायबर थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज करावें।

इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के साथ साइबर अपराधों के पैटर्न में भी बड़ा बदलाव आया है। आम जनता को इन खतरों से आगाह करने के लिए यह विशेष जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। जागरूकता अभियान कार्यक्रम में मोबाइल धारकों को सोशल मीडिया पर सुरक्षा और निजता के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

अनजान लोगों से दोस्ती पड़ सकती है भारी-

पुलिस द्वारा लोगो को बताया जा रहा है की सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट को बिना जांचे-परखे स्वीकार न करें। लोगों से अपील की गई कि वे थर्ड पार्टी ऐप्स और अनजान लिंक्स से दूरी बनाएं रखें और अपनी संवेदनशील जानकारी कभी भी सार्वजनिक न करें।

फॉरवर्डेड मैसेज की सत्यता जांचें- अक्सर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और मैसेज वायरल कर दिए जाते हैं। किसी भी फॉरवर्डेड मैसेज की सत्यता को जाने बिना आगे न भेजें। इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे ऐप्स पर ‘टू-स्टेप वेरिफिकेशन’ ऑन रखने की सलाह दी गई ताकि अकाउंट को हैक होने से बचाया जा सके।

‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर वसूली से न डरें-

आजकल अपराधी पुलिस, सीबीआई या जज बनकर वीडियो कॉल करते हैं और ‘डिजिटल अरेस्ट’ या जेल भेजने की धमकी देकर पैसे वसूलते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी संस्था या अधिकारी इस तरह वीडियो कॉल पर डराकर पैसे की मांग नहीं करता। ऐसे कॉल्स आने पर घबराएं नहीं और न ही घबराहट में गूगल-पे या फोन-पे के माध्यम से पैसे भेजें।

ठगी होने पर क्या करें-?

यदि आप किसी साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो देरी न करें। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा अपने नजदीकी साइबर सेल या पुलिस थाने में भी सूचना दें।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान-

क्षेत्र में गौवंश तस्करी को रोकने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यदि किसी को भी गौवंश तस्करी या अवैध परिवहन की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत नजदीकी थाने या “संवाद” हेल्पलाइन नंबर 9479229939 पर सूचना दें।

आपातकाल में ‘डायल-112’ का करें उपयोग-

पुलिस ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘डायल-112’ की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। नागरिकों को बताया गया कि किसी भी दुर्घटना, विवाद या आपात स्थिति में 112 पर कॉल करने से पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम तत्काल मौके पर पहुंचती है। कम से कम समय में सहायता प्राप्त करने के लिए इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया है।

जिला पुलिस द्वारा आम जनता की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए *जन उपयोगी शिकायत हेल्प डेस्क- “संवाद” की शुरुआत की है, जिसका व्हाट्सएप मोबाइल नंबर 9479229939 जारी किया गया है। एक मैसेज पर होगी कार्रवाई, पहचान रहेगी गुप्त। इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर आसपास हो रही किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा कर सकते हैं। “संवाद” हेल्पलाइन में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसमें दो विकल्प दिए गए हैं: विकल्प 1: गुप्त सूचना देने के लिए। विकल्प 2: सामान्य शिकायत दर्ज कराने के लिए। आपकी दी हुई एक छोटी सी सूचना न केवल किसी बड़े अपराध को रोक सकती है, बल्कि हमारे समाज को सुरक्षित और खुशहाल भी बना सकती है।

अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों से नशे की लत से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार को खत्म करता है। आइए, एक सजग नागरिक के रूप में पुलिस का साथ दें, नशे की लत को जड़ से मिटाए और साइबर ठगी जैसी बुराइयों के प्रति खुद को और दूसरों को सतर्क करें। महासमुंद पुलिस द्वारा संचालित इस जन जागरूकता कार्यक्रम मे 1500 से अधिक आमजन शामिल होकर लाभान्वित हुए।

रायगढ़: कापू रेंज में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, लकड़ी लेने गया था जंगल

रायगढ़। जिले में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत हो गई। वह जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गया था, लेकिन रातभर घर वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसकी लाश जंगल में मिलने के बाद घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। मामला कापू रेंज का है। धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंदकालो निवासी मालिकराम बंजारा (55) शुक्रवार को जलाऊ लकड़ी लेने छेनापतरा जंगल गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए।शनिवार सुबह अलोला बीट के जंगल में एक ग्रामीण का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई गई कि हाथी के हमले में उसकी मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है। बताया जा रहा है कि कापू रेंज के अलोला बीट क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सरगुजा की ओर से आया एक हाथी विचरण कर रहा था। इसे देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों से जंगल नहीं जाने की अपील कर रही थी। इसी दौरान यह घटना घटित हो गई। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में वर्तमान में 135 हाथियों का दल विचरण कर रहा है।

 

बलौदाबाजार प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: मोहितराम को वर्षों बाद मिला पुश्तैनी जमीन पर हक, हटा अवैध कब्जा

बलौदाबाजार। जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से लोगों की राजस्व सम्बंधित समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान हो रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर एसडीएम व तहसीलदार बलौदाबाजार द्वारा शनिवार को मोहितराम वर्मा के ग्राम अर्जुनी में स्थित पुश्तैनी जमीन पर अतिक्रमण हटाकर कब्ज़ा दिलाया गया।

अपनी पुश्तैनी जमीन के कब्जे को लेकर पिछले कई वर्षो से संघर्षरत मोहित राम वर्मा को जब राजस्व अधिकारियों एवं अनावेदक की उपस्थित में शांति पूर्ण ढंग से कब्ज़ा दिलाया गया तो उसके चेहरे पर ख़ुशी के भाव झलक उठे। मोहित राम ने जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही की भूरी भूरी प्रशांसा करते हुए कहा कि मेरी वर्षो पुरानी समस्या का अब समाधान हो गया हैं, इसके लिये शासन प्रशासन को धन्यवाद देता हूं।

एसडीएम बलौदाबाजार प्रकाश कोरी ने बताया कि शनिवार तहसील बलौदाबाजार के ग्राम अर्जुनी, पहन. 10 में मौक़े पर तहसीलदार, नायाब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी, ग्राম कोटवार, आवेदक मोहितरल राम वर्मा, अनावेदकगण हीरालाल वर्मा एवं जवाहर वर्मा उपस्थित थे। आवेदक मोहितराम की आवेदित भूमि खसरा नंबर 183 रकबा 0.615 का कब्जा अनावेदकगण एवं अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से दिलाया गया। मौके पर जेसीबी के द्वारा मोहितराम की जमीन को चिन्हांकित कराया गया जिस पर अनावेदकगण को कोई आपति नहीं है।मौके पर पंचनामा तैयार किया गया।

बसना: खाद की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा; किसानों ने स्टिंग कर पकड़ा कृषि केंद्र का खेल, दोगुने दाम पर बिक रही यूरिया

महासमुंद। महासमुंद जिले के बसना में खाद की कालाबाज़ारी का बड़ा खुलासा हुआ है। किसानों ने खुद स्टिंग ऑपरेशन कर एक कृषि केंद्र संचालक पर निर्धारित कीमत से दोगुने दाम में खाद बेचने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 269 रुपये की यूरिया खाद 540 रुपये में बेची जा रही है। इतना ही नहीं, किसानों को जबरन कीटनाशक और अन्य दवाइयां खरीदने के लिए भी मजबूर किया जा रहा है। शिकायत और वीडियो सबूत देने के बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से किसानों में भारी नाराज़गी है।

खेती के सीजन में खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के सामने अब कालाबाज़ारी की मार भी पड़ रही है। मामला बसना क्षेत्र के बंसुला स्थित विजय कृषि सेवा केंद्र का है, जहां किसानों ने स्टिंग ऑपरेशन कर दुकानदार पर मनमानी वसूली का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में दुकान संचालक सत्या साहू कथित तौर पर 269 रुपये की यूरिया खाद के बदले 540 रुपये मांगता दिखाई दे रहा है। किसानों का कहना है कि सिर्फ महंगे दाम ही नहीं, बल्कि खाद लेने आने वाले किसानों पर कीटनाशक, विटामिन और दूसरी कृषि दवाइयां खरीदने का दबाव भी बनाया जाता है।

महासमुंद: कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने ली बैंकर्स की संयुक्त बैठक, शासकीय योजनाओं की प्रगति की हुई कड़ी समीक्षा

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कल शाम जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति, जिला स्तरीय रिव्यु समिति तथा जिला स्तरीय आरसेटी परामर्शदात्री समिति की संयुक्त बैठक लेकर जिले में संचालित बैंकिंग सेवाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वार्षिक जिला साख योजना, सीडी रेशियो, शैक्षिक ऋण, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, डेयरी एवं मत्स्य पालन ऋण प्रकरणों सहित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, आरबीआई के प्रतिनिधि दीपेश तिवारी, नाबार्ड के प्रबंधक प्रियव्रत साहू, जिला अग्रणी बैंक मैनेजर अभय पारे एवं जिले के अन्य बैंकों के प्रतिनिधि एवं शासकीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर  लंगेह ने कहा कि कृषि कार्यों से जुड़े हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप आसान एवं सरलीकृत प्रक्रिया से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सहकारी बैंक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड केसीसी ऋण, छोटे व्यवसायियों के लिए मुद्रा लोन तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।  उन्होंने एनआरएलएम अंतर्गत स्वसहायता समूहों से जुड़े हितग्राहियों के लंबित ऋण प्रकरणों को भी प्राथमिकता के साथ स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आवश्यकता और जरूरत के अनुसार शैक्षिक ़ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। आरसेटी अंतर्गत ग्रामीण युवकों को अधिक से अधिक रोजगार से जोडऩे आवासीय प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया जाए।

कलेक्टर ने बैंकों को नकद जमा अनुपात 60 प्रतिशत तक बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बैंक आम नागरिकों को वित्तीय रूप से जागरूक करने के लिए लगातार वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करें तथा उसका व्यापक प्रचार.प्रसार भी सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी देकर उनकी जमा पूंजी को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करें।

बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जन-धन योजना, आधार एवं मोबाइल सीडिंगए,रुपे कार्ड वितरण तथा शासन प्रायोजित विभिन्न बैंक ऋण योजनाओं की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर  लंगेह ने पीएम जनमन योजना के हितग्राहियों के शत-प्रतिशत बैंक खाते खोलने तथा खातों को आधार नंबर से लिंक करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी सहज बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश किसी हितग्राही का ऋण प्रकरण स्वीकृत नहीं किया जा सकता है, तो संबंधित बैंक उसे लिखित रूप में कारण सहित जानकारी उपलब्ध कराएंं। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बैंकिंग कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या फ्रॉडंं गतिविधियों से दूर रहें। बैठक के दौरान राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, मत्स्य पालन, अंत्यावसायी तथा ग्रामोद्योग विभाग से संबंधित ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अभय पारे ने विभिन्न आंकड़ों एवं प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले में बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

जोक नदी क्षेत्र में रेत माफिया सक्रिय! ग्रामीणों का आरोप- देवसराल में नियमों को ताक पर रखकर हो रही बड़ी मात्रा में रेत निकासी

पिथौरा। महासमुंद जिले की जोक नदी क्षेत्र में रेत खनन को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितताओं और अवैध उत्खनन के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सांकरा के समीप देवसराल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में रेत निकासी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बलदीडीह रेत घाट के खसरा नंबर 626, रकबा 5 हेक्टेयर का पट्टा रोहित साहू के नाम वर्ष 2029 तक स्वीकृत है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित क्षेत्र के अलावा देवसराल इलाके से भी रेत निकाली जा रही है।

ग्रामीणों ने दावा किया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और डंपरों के माध्यम से रेत परिवहन किया जा रहा है। उनका यह भी आरोप है कि कुछ रेत पास के चरागाह क्षेत्र में संग्रहित की जा रही है तथा डंपरों के जरिए बाहर भेजी जा रही है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि रेत खनन और भंडारण स्थलों पर फोटो और वीडियो बनाने से रोका जाता है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार नदी क्षेत्र में मशीनों का उपयोग भी किया जा रहा है।

‘छत्तीसगढ़’ द्वारा स्थल निरीक्षण के दौरान नदी किनारे रेत संग्रहण और मशीनों की मौजूदगी देखे जाने की बात कही गई है। हालांकि खनन की वैधता और संचालन की शर्तों को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए रेत ले जाने वाले लोगों से प्रति ट्रैक्टर 200 रुपये लिए जा रहे हैं और रसीद नहीं दी जाती। इस संबंध में भी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

क्षेत्र में रेत के साथ ईंट निर्माण गतिविधियां संचालित होने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार नदी किनारे कई स्थानों पर रेत का भंडारण किया जा रहा है।

मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

महासमुंद: घर में घुसकर महिला से रेप की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पटेवा पुलिस की कार्रवाई

महासमुंद। घर में जबरदस्ती घुस कर महिला से रेप की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटेवा थाना पुलिस के अनुसार 13 मई को सुबह करीब 7 बजे प्रार्थिया घर में पानी भर रही थी, उसी समय सुरेश डोरा प्रार्थिया के घर जबरदस्ती गाली गलौच, धमकी देते हुए उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश करने लगा। उक्त घटना के संबंध में प्रार्थिया ने लिखित आवेदन पेश करने पर आरोपी सुरेश डोरा निवासी ग्राम पचरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर आरोपी सुरेश डोरा गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर भड़का आक्रोश, NSUI ने फूंका प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला

महासमुंद। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस भवन में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की बैठक में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने निंदा प्रस्ताव पारित कर नेहरू चौक में प्रधानमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष शाहबाज राजवानी ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर है। इस अवसर पर गोविंद साहू, राजू साहू, सुनील चंद्राकर,सचिन गायकवाड़ के अलावा सैकड़ों लोग शामिल थे।

महासमुंद: सीएमएचओ डॉ. नागेश्वर राव की अध्यक्षता में वार्षिक समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा

महासमुंद। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय महासमुंद में विभागीय वार्षिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आई.नागेश्वर राव द्वारा की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वी पी सिंह, डा.छत्रपाल चंद्राकर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे, सभी विकासखंड से खंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड लेखा प्रबंधक, जिला सलाहकार एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में स्वास्थांक 50 पॉइंट इंडिकेटर, मातृ स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई, पोषण पुनर्वास केंद्र, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनीमिया मुक्त भारत, सिकल सेल, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, टेली परामर्श, डायलिसिस सेवाएं, वित्तीय प्रगति एवं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आरसीएच पोर्टल में 100 प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित की जाए तथा यू.विन पोर्टल में सभी टीकाकरण सत्रों को नियमित रूप से ऑनगोइंग कर अपडेट किया जाए। टीकाकरण कार्यक्रमों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित लंबित भुगतानों का निराकरण अधिकतम 7 दिवस के भीतर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।  बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्र में गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें भर्ती कराने एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मैदानी स्वास्थ्य अमले को कुपोषण प्रभावित बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राव ने कहा कि जिले में संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन शासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध रिपोर्टिंग एवं जनसामान्य तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने हेतु गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।