महासमुंद/जिले में एनएचएम संविदा भर्ती हेतु मान्य-अमान्य सूची जारी

महासमुंद/जिले में एनएचएम संविदा भर्ती हेतु मान्य-अमान्य सूची जारी

महासमुंद/ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत जिले में कुल 74 संविदा पदों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि निर्धारित समयावधि में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई थी। इसके पश्चात अभ्यर्थियों से 13 मार्च 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण एवं निराकरण करने के बाद अब अंतिम रूप से मान्य एवं अमान्य अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।

अभ्यर्थी अपनी दावा-आपत्ति निराकरण संबंधी स्थिति तथा मान्य/अमान्य सूची का विस्तृत विवरण जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.mahasamund.gov.in पर अवलोकन कर सकते हैं तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महासमुंद के कार्यालय के सूचना पटल पर भी उपलब्ध कराई गई Rहै।

महासमुंद/ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2025-26 का 27 मार्च तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन

महासमुंद/ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2025-26 का 27 मार्च तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन

महासमुंद/ शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए जिले में संचालित समस्त शैक्षणिक शासकीय व अशासकीय महाविद्यालय, मेडिकल, कृषि, वेटनरी, पॉलीटेक्निक कॉलेज, आई.टी.आई., नर्सिंग, डी.एड. एवं बी.एड. में अध्ययन कर रहें अनुसूचित, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु पात्र होंगे। ऑनलाइन आवेदन https://postmatric-scholarsip.cg.nic.in वेबसाइट पर किया जा सकता है।

आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त ने बताया कि ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए नवीन एवं नवीनीकरण ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 27 मार्च 2026 तक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है, तो इसके लिए संस्था जिम्मेदार होंगे। पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान किया जाएगा। सभी विद्यार्थी आवेदन करते समय ध्यान रखें कि उनका बचत खाता एक्टिव हो एवं आधार सीडेड बैंक खाता नम्बर की प्रविष्टि कराएं।

विद्यार्थी आवेदन करते समय आधार नम्बर पर पंजीकृत मोबाइल नम्बर की प्रविष्टि कराएं। वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को एनएसपी पोर्टल से ओटीआर प्राप्त करना आवश्यक है। इसके लिए राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल में प्रदाय निर्देशों का अवलोकन किया जा सकता है। इस संबंध में संबंधित संस्थाओं द्वारा जानकारी प्रदाय की जाएगी।

बागबाहरा/राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत ड्रेगन फ्रूट की उन्नत खेती से उमा शुक्ला लाखों कमा रही है 

बागबाहरा/राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत ड्रेगन फ्रूट की उन्नत खेती से उमा शुक्ला लाखों कमा रही है

महासमुंद/ जिले के बागबाहरा विकासखण्ड के ग्राम कुल्हरिया की कृषक श्रीमती उमा शुक्ला, पति श्री प्रकाश नारायण शुक्ला को राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत फल क्षेत्र विस्तार योजना से जुड़कर खेती के क्षेत्र में अच्छी सफलता मिली। श्रीमती उमा शुक्ला एवं श्री प्रकाश नारायण शुक्ला बताते है कि पूर्व में वे अपनी 1.62 हेक्टेयर भूमि पर पारंपरिक रूप से धान की खेती करती थीं, जिसमें औसतन 15 से 18 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन होता था और आय सीमित रहती थी। सिंचित रकबा 1.00 हेक्टेयर तथा असिंचित 0.60 हेक्टेयर होने के बावजूद पारंपरिक खेती से अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था।

उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में शुक्ला दम्पति ने अपनी भूमि पर ड्रेगन फ्रूट की उन्नत खेती प्रारंभ की। उन्होंने आधुनिक तकनीकों को अपनाया, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। श्रीमती शुक्ला बताती है कि ड्रेगन फ्रूट की खेती शुरू करने के बाद पहले ही वर्ष में उन्हें लगभग 40 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन प्राप्त हुआ, जिसे महासमुंद एवं बागबाहरा मंडी में लगभग 80 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय किया। इससे उन्हें लगभग 1,25,000 रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई। वही पहले धान की खेती में प्रति एकड़ कुल आय सीमित थी और लागत निकालने के बाद लाभ बहुत कम रह जाता था। ड्रेगन फ्रूट की खेती में प्रारंभिक लागत अधिक होने के बावजूद बेहतर बाजार मूल्य और उत्पादन के कारण कुल लाभ में वृद्धि हुई है। श्रीमती उमा शुक्ला की इस सफलता ने आसपास के किसानों को भी प्रेरित किया है। उनके प्रयासों को देखकर अन्य कृषक भी पारंपरिक खेती छोड़कर उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

महासमुंद/जिले में विश्व क्षय दिवस पर टीबी मुक्त भारत अभियान के द्वितीय चरण का किया गया शुभारंभ

महासमुंद/जिले में विश्व क्षय दिवस पर टीबी मुक्त भारत अभियान के द्वितीय चरण का किया गया शुभारंभ

महासमुंद/ राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार विश्व क्षय दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय निक्षय निरामय अभियान (द्वितीय चरण) का विधिवत शुभारंभ किया गया। साथ ही जिले में टीबी जांच को और अधिक सुलभ बनाने के लिए हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेवर राव, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. विकास चन्द्राकर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) श्रीमती नीलू धृतलहरे उपस्थित रहे। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखंड मुख्यालयों एवं जन आरोग्य मंदिरों में जन-जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे आमजन में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आई नागेश्वर राव ने टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। प्रत्येक विकासखंड से दो मितानिन एवं दो मितानिन प्रशिक्षकों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित सभी 305 ग्राम पंचायतों को भी इस अवसर पर गांधीजी की प्रतिमा, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में श्री ओंकार पाठक कार्यक्रम सहायक, पीपीएम कोऑर्डिनेटर, श्री घनश्याम देशमुख पीएमडीटी कोऑर्डिनेटर, श्री विनय नाग (एसटीएस) एवं श्री अरविंद सिदार (एसटीएलएस) एवं अधिकारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद में टीबी रोग के प्रति जागरूकता हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें टीबी रोग की जानकारी प्रदान की गई तथा पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. विकास चन्द्राकर ने टीबी बीमारी, उसके लक्षण, उपचार एवं रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा जिले की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि जिले में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। जिसमें वर्ष 2023 में 292 ग्राम पंचायत, वर्ष 2024 में 278 ग्राम पंचायत एवं वर्ष 2025 में 305 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है।

महासमुंद जिला पंचायत सीईओ श्री नंदनवार ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथासमन्वय के साथ कार्य करने के दिए निर्देश

महासमुंद जिला पंचायत सीईओ श्री नंदनवार ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथासमन्वय के साथ कार्य करने के दिए निर्देश

महासमुंद / कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने आज सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक के पश्चात आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईओ श्री नंदनवार द्वारा शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे विद्यार्थियों के माध्यम से पालकों से संपर्क स्थापित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके। श्री नंदनवार ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात विभाग को निर्देशित किया गया कि हेलमेट न पहनने एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान की प्रभावी कार्यवाही हेतु आवश्यक स्थानों पर कैमरे स्थापित किए जाएं।

रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग तथा नगरीय निकायों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मवेशियों को सड़कों से हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया। सीईओ श्री नंदनवार ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

महासमुंद/सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने जनदर्शन में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

महासमुंद/सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने जनदर्शन में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

महासमुंद/ जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित होने वाले जनदर्शन में आज जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने जिले के आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। आज जनदर्शन में आज कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में ग्राम जमड़ी बसना निवासी दीपक डडसेना ने मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल हेतु आवेदन दिए। इसी तरह ग्राम पाली के ग्रामवासियों ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान की राशि हेतु, ग्राम बुंदेली निवासी विमल दास महंत ने तेंदुकोना-बुंदेली मार्ग डामरीकरण के लिए, ग्राम कांपा निवासी संतोष यादव ने प्रधानमंत्री आवास हेतु भूमि प्रदान करने के लिए, ग्राम पंडकीपाली निवासी परमानंद ने स्वामित्व भूमि से बैंक बंधक हटाने हेतु, महासमुंद निवासी ललिता प्रधान ने नोनी सशक्तिकरण योजना का लाभ दिलाने हेतु, इमलीभांठा निवासी सोनिया शरद भोई ने वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने एवं ग्राम बेमचा निवासी रूपराय निषाद ने पेंशन हेतु आवेदन किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

महासमुंद/जिला पंचायत सीईओ ने ली समय-सीमा की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

महासमुंद/जिला पंचायत सीईओ ने ली समय-सीमा की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने आज सुबह 10ः00 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पंचायत सीईओ श्री नंदनवार ने बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में वित्त विभाग के निर्देशों के अनुरूप सभी विभागों को समय सीमा के अंतर्गत सभी लंबित बिलों को इस माह की 25 तारीख तक अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने धान उठाव की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में धान उठाव के कार्य में तेजी लाएं और शेष धान का उठाव शीघ्र करें। खाद्य अधिकारी ने बताया गया कि अभी तक 9.40 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। श्री नंदनवार ने जिले में कुपोषण को समाप्त करने के लिए अधिकारियों को चिन्हांकित कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उन्हें पोषित करने की जिम्मेदारी दी है। शिक्षा विभाग की समीक्षा में पीएम श्री स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्कूल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की सतत निगरानी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। वहीं सभी स्कूलों में बालिका शौचालयों को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए।

सीईओ श्री नंदनवार ने जनगणना से संबंधित तैयारियों पर निर्देश देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी अद्यतन रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने कहा है। साथ ही प्रशिक्षण एवं एंट्री कार्यों को भी तेजी से पूर्ण करने के लिए कहा गया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत कृषि विभाग को शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से पाम ऑयल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व पखवाड़ा का आयोजन कर लोगों को उनके राजस्व अधिकारों के प्रति जागरूक, दस्तावेजों का सत्यापन तथा मौके पर ही समस्याओं का समाधान करें। प्राप्त आवेदनों एवं निराकृत प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार एवं अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनचौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों, लोक सेवा गारंटी की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य विभागों से संबंधित पत्रों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सरायपाली क्वींस ग्रुप द्वारा महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 

सरायपाली क्वींस ग्रुप द्वारा महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

सरायपाली क्वींस ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दिनांक 21-03-2026 को गुरूजी ध्यान केन्द्र सरायपाली में महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं को प्रोत्साहित करने एवं समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

मुख्य अतिथि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी अहिल्या बहन, विशिष्ट अतिथि पुष्प लता चौहान, सरिता साहू ,डॉ ममता सिंह , नेहा अग्रवाल, पूजा अग्रवाल एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती,भारतमाता के छायाचित्र की पूजा अर्चना से प्रारंभ किया गया।तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं विद्या पत्ती हरियाली का प्रतीक पौधा देकर किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से आए उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं को सम्मानित किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में नीलावती पाणिग्रही सरायपाली,रुबीना बानो बसना, खेमलता प्रधान सांकरा ,दीपा महार बागबाहरा, गीता साहू बागबाहरा, सम्पा बोस महासमुंद, उषा चौहान विकास खण्ड-बिलाईगढ़ जिला-सारंगढ़, स्वास्थ्य के क्षेत्र में चमेली सिंह सिदार, विकासखण्ड- बरमकेला, जिला-सारंगढ़ ,किरण सिंह तोरेसिंहा सरायपाली ,सुरक्षा के क्षेत्र में आरती प्रधान थाना सिंघोड़ा सरायपाली ने सम्मान प्राप्त किया। कार्यक्रम के मध्य में सब ने नृत्य का लुफ्त उठाया नृत्य प्रतिभागी कु. हृदया खंडेल, कु आन्या सतपथी, गायत्री दास , हेमाभारती ने नृत्य प्रदर्शन किया। संगीत में अमृता सिंह ठाकुर, मिथिला पटेल ने बहुत ही मनमोहक गीत प्रस्तुत किया। साथ ही साथ अनेक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुर्सी पाओ में प्रथम स्थान पर लक्ष्मी नायक , द्वितीय स्थान पर डॉ ममता सिंह रहे। आनंद मेला के आयोजन में सर्वाधिक विक्रेता जिज्ञासा कनुनगो ,पत्तल दौड़ में प्रथम स्थान पर अनुपमा सतपथी, द्वितीय स्थान पर श्रद्धा नाग, क्विज् प्रतियोगिता भी कराई गई। क्वींस ग्रुप के अध्यक्ष रेखा पुरोहित द्वारा प्रतिवेदन पठन किया गया।मंच संचालन डॉ सुश्री शुभ्रा डडसेना एवं योगीता प्रधान द्वारा किया गया।

स्वागत प्रभारी वंदना सतपथी पुष्पा पारेश्वर्,मीरा खंडेल रहे। प्रतियोगिता प्रभारी डोलेश्वरी सिदार, शीला विश्वास रहे। स्वल्पहार प्रभारी निरुपमा देवता ,तुष्टिका दास ,वंदिता वहीदार ,पूर्णिमा नाग,प्रेमलता नायक,पुरस्कार वितरण प्रभारी उषा चौहान , वर्षा नन्द ,ज्योति साहू ,अंजू साहू ,अनुपमा मांझी, तेजकुमारी भोई, सीता पटेल एवं ग्रुप के अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई । सभी अतिथियों ने अपने-अपने उद्बोधन में क्वींस ग्रुप द्वारा किए जा रहे कार्यों की खूब सराहना किया एवं महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत कहा इसी तरह पूर्ण हर्षोल्लाह के साथ क्वींस ग्रुप द्वारा किया गया महिला सम्मान समारोह का समापन हुआ। क्वींस ग्रुप के कार्यों से प्रेरित होकर निर्मल पुरोहित और दुर्वादल दीप ने पूरे कार्यक्रम में भरपूर सहयोग प्रदान किया।

महासमुंद/ कलेक्टर कार्यालय के डेढ़ वर्ष पूर्व हुई उठाईगिरी की वारदात में अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

महासमुंद/ कलेक्टर कार्यालय के डेढ़ वर्ष पूर्व हुई उठाईगिरी की वारदात में अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

महासमुंद | महासमुंद पुलिस को डेढ़ वर्ष पूर्व हुई उठाईगिरी की वारदात में बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2024 में कलेक्टर कार्यालय के पास खड़ी बोलेरो वाहन का शीशा तोड़कर अज्ञात आरोपी द्वारा करीब 3 लाख रुपये की चोरी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब एक अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दिया था। इसी आधार पर संदिग्ध की पहचान कर पुलिस ने उसकी खोज तेज कर दी थी।

हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति महासमुंद रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने 3 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है और उससे अन्य कई मामलों के खुलासे होने की संभावना है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इस कार्रवाई को महासमुंद पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित मामला सुलझ गया है।

बसना/चारों दिशाओं से निकली रथयात्राओं का गढ़फुलझर में स्वागत रणेश्वर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब 

बसना/चारों दिशाओं से निकली रथयात्राओं का गढ़फुलझर में स्वागत रणेश्वर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

बसना गढ़फुलझर में नवनिर्मित रणेश्वर मंदिर की बहुप्रतीक्षित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत वातावरण निर्मित हो गया है। 23 मार्च से प्रारंभ होकर 27 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व चारों दिशाओं से निकली चार भव्य रथ यात्राओं ने जनमानस को भाव-विभोर कर दिया। बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के अध्यक्ष गिरधारी साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इन रथ यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गांव-गांव से उमड़ी आस्था की यह धारा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण बन गई। मीडिया प्रभारी, प्रवक्ता कमलेश साहू ने बताया कि पूर्व दिशा से निकली पूजा रथ यात्रा सरायपाली के नई मंडी प्रांगण से आंचलिक अध्यक्ष प्रदीप साहू के नेतृत्व में प्रारंभ हुई। यह रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—जय स्तंभ चौक, बस स्टैंड, घटेश्वरी मंदिर होते हुए तोरेसिंहा, गोहेरापाली और तोषगांव से गुजरती हुई गढ़फुलझर पहुंची। पश्चिम दिशा से निकली ध्वजा रथ यात्रा ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया।

पिथौरा के थानेश्वर मंदिर से प्रारंभ हुई यात्रा का नेतृत्व पिथौरा आंचलिक अध्यक्ष षड़ानन भोई और रायपुर आंचलिक अध्यक्ष राधेश्याम प्रधान ने किया। बल्दीडीह, सांकरा, साल्हेतराई और बसना होते हुए गढ़फुलझर पहुंची इस यात्रा में उज्जैन से लाया गया पवित्र ध्वज तथा कपासीरा से लाया गया शिखर कलश शामिल रहा। 12 ज्योतिर्लिंगों की आकर्षक झांकी से सुसज्जित रथ ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। उत्तर दिशा से तीसरी रथ यात्रा बसना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी से आंचलिक अध्यक्ष भोजराज प्रधान के नेतृत्व में निकली, जिसमें रणेश्वर भगवान की मूर्ति श्रद्धापूर्वक लाई गई। यह यात्रा पथरला, झगरेनडीह, जीराडबरी होते हुए गढ़फुलझर पहुंची। यहां विशेष बात यह रही कि भगवान की यह दिव्य मूर्ति नर्मदेश्वर, जबलपुर से लाई गई है, जिससे आयोजन का धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है। दक्षिण दिशा से निकली कलश रथ यात्रा ने इस आयोजन को पवित्रता की नई ऊंचाई प्रदान की। कुल कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण भोई के नेतृत्व में यह यात्रा पवित्र तीर्थ स्थल नरसिंहनाथ, गंधमार्दन पर्वत से निकली, जहां से झरने का निर्मल जल कलश में भरकर लाया गया। बैदपाली, झारबंद और लउड़ीदरहा से होते हुए यह यात्रा गढ़फुलझर पहुंची। चारों दिशाओं से पहुंची रथ यात्राओं का प्राण प्रतिष्ठा स्थल पर भव्य स्वागत किया गया।

 वैदिक मंत्रोच्चार से होगा अनुष्ठान

पूरे वातावरण में भक्ति संगीत, जयघोष और उत्सव का संगम देखने को मिला। कल 23 मार्च से प्रारंभ होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव विधिवत पूजा-अर्चना एवं कलश स्थापना के साथ आरंभ हुआ। जो 27 मार्च तक चलेगा जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक बनकर उभर रहा है।