छत्तीसगढ़ भूमिहीनों के खाते में खुशहाली की बारिश: 5 लाख परिवारों को 500 करोड़ की सौगात देंगे CM विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़ भूमिहीनों के खाते में खुशहाली की बारिश: 5 लाख परिवारों को 500 करोड़ की सौगात देंगे CM विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 25 मार्च को प्रदेश के लगभग 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को बड़ी आर्थिक सहायता देने जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत करीब 500 करोड़ रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिससे प्रदेश के लाखों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान करना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। सरकार की इस पहल से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

राज्य में इस योजना के तहत 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है, जिनके लिए कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाती है।

जिलों की बात करें तो रायपुर जिले में सर्वाधिक 53,338 भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जबकि बीजापुर जिले में सबसे कम 1,542 परिवार लाभान्वित होंगे। इसके अलावा बिलासपुर में 39,401, महासमुंद में 37,011, कोरिया में 1,549 और नारायणपुर में 1,805 परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं, जिनका ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूरों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत न केवल कृषि मजदूर, बल्कि वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी जैसे पारंपरिक कार्यों से जुड़े भूमिहीन परिवारों को भी शामिल किया गया है। अनुसूचित क्षेत्रों में बैगा, गुनिया, माँझी जैसे पारंपरिक पुजारी परिवारों को भी इसका लाभ मिल रहा है।

गौरतलब है कि पहले दी जाने वाली 7,000 रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर अब 10,000 रुपये प्रति वर्ष कर दिया गया है। इससे इन परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में बड़ी राहत मिलेगी।

संकल्प बजट 2026-27 में इस योजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो राज्य सरकार की गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का मानना है कि सशक्त श्रमिक ही प्रदेश के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की नींव हैं।

यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान भी बढ़ा रही है।

बसना/श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह कलश अधिवास के साथ भव्य शुभारंभ

बसना/श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह कलश अधिवास के साथ भव्य शुभारंभ

बसना :श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ नरसिंहनाथ से पवित्र जल भरकर लाये गए कलश अधिवास के समय शंख, घंट, हुलहुली की मधुर ध्वनि एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य रूप से किया गया। दूसरे दिन बेदी पूजन एवं देव आह्वान का कार्यक्रम आयोजित किया। पूजा में मुख्य यजमान के रूप में कुल कार्यकारिणी अध्यक्ष गिरधारी साहू सहित 21 जोड़े पूजा बेदी में बैठकर पूजा अनुष्ठान को संचालित कर रहे हैं। रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। रात को रंग बिरंगी रोशनी से जगमगाता मंदिर परिसर हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। नवरात्र का समय होने के कारण माँ रामचंडी की महाआरती में भाग लेने शाम को अपार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए समाज द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। 23 एवं 24 मार्च को उड़ीसा के प्रसिद्ध दंड नृत्य का आयोजन रखा गया तथा प्रतिदिन रात्रि कालीन जलंधर महाराज का दरबार सजता है जिसे देखने अपार भीड़ उमड़ रही है।

अखंड सोलह प्रहरी नाम यज्ञ का आयोजन

25 मार्च से अखंड सोलह प्रहरी नामयज्ञ का आयोजन रखा गया है। जिसमें हरे राम, हरे कृष्ण के महामंत्र का जाप 16 प्रहर यानी 48 घंटे तक अनवरत किया जाएगा। इस नामयज्ञ में छत्तीसगढ़ के विभिन्न कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। नाम संकीर्तन को प्राण प्रतिष्ठा समारोह का एक बड़ा धार्मिक आयोजन माना जा रहा है। 25 मार्च को बरगढ़ का प्रसिद्ध आर्केस्ट्रा एवं 26 मार्च को हिर्रीपाली उड़ीसा का प्रसिद्ध अपेरा (नाटक) का आयोजन रखा गया है।

प्राण प्रतिष्ठा एवं ध्वजारोहण के दिन होगी अपार भीड़

बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज द्वारा नवनिर्मित श्री रणेश्वर मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर समाज एवं अंचल वासी काफी प्रतीक्षारत एवं उत्साहित हैं। 26 मार्च को प्राण प्रतिष्ठा का समारोह आयोजित होने एवं इसी दिन मां रामचंडी मंदिर में महा अष्टमी पर विशेष पूजन एवं हवन का कार्यक्रम आयोजित होगा। अंतिम दिवस ध्वजारोहण, गर्भ प्रवेश तथा शिखर कलश स्थापना समारोह आयोजित है। इसी दिन माँ रामचंडी मंदिर परिसर में नौ कन्या पूजन एवं कलश विसर्जन कार्यक्रम आयोजित होने से अपार भीड़ जुटने की संभावना व्यक्त की जा रही है। समाज का हर कोई चाहता है कि इस ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह का साक्षी बने।

लोगों को लुभाता विशाल मीना बाजार

यहां श्रद्धालुओं के लिए विशाल मीना बाजार लगा हुआ है। जहां खाने-पीने के समान से लेकर बच्चों के खिलौने एवं महिलाओं की श्रृंगार प्रसाधन सामग्री लोगों को खूब लुभा रही है। मीना बाजार में लोगों के लिए कई तरह के झूले लगे हुए हैं जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को जहां एक ओर मीना बाजार के चकाचौंध को निहारने का अवसर मिल रहा है तो वहीं दूसरी ओर गढ़ फुलझर के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों करीब से देखने को मिल रहा है। मानसरोवर के किनारे बने पाथ वे में घूमने का लुफ्त भी उठा रहे हैं। श्री रणेश्वर मंदिर का निर्माण प्रसिद्ध रामचंडी मंदिर के बगल में बनाया गया है। भैना कालीन प्रसिद्ध ऐतिहासिक किले पर माँ रामचंडी विराजित हैं जहां प्रतिवर्ष नवरात्र का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। नवरात्र के समय ही प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होने से श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति कई गुनी बढ़ गई है।

विशाल भोग भंडारा की व्यवस्था  

श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोग भंडारा की व्यवस्था की गयी है जिसमें समाज के सहयोग से प्रसाद के रूप में भोजन का वितरण दोपहर एवं रात को किया जा रहा है जिसे ग्रहण करने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। भोग भंडारा में श्रद्धालु बढ़ चढ़कर आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

बसना/ तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, शराब के नशे में था मृतक

बसना/ तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, शराब के नशे में था मृतक

बसना। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गंगाधर बरिहा (60 वर्ष) निवासी ग्राम कलीहारी, थाना सरसीवां, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है, जो वर्तमान में वार्ड क्रमांक 06 बसना में रह रहे थे। घटना 24 मार्च 2026 की रात करीब 10:20 बजे की बताई जा रही है।

घटना के बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसना में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल द्वारा जारी मेमो में मौत का कारण “RTA (रोड ट्रैफिक एक्सीडेंट) with alcoholic intoxication” बताया गया है, जिससे स्पष्ट है कि मृतक शराब के प्रभाव में था।

इस मामले की सूचना सीएचसी बसना के चौकीदार नरेन्द्र सिंह नेताम (32 वर्ष) द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग क्रमांक 42/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना बसना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक पंकज बाघ द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल थाना बसना में सूचना दें, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

सरायपाली: जुआ फड़ से लेकर शराब तस्करी तक कार्रवाई, पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा

सरायपाली: जुआ फड़ से लेकर शराब तस्करी तक कार्रवाई, पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा

 

 

सामुदायिक भवन के पास चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस की रेड में 4 जुआरी गिरफ्तार
सरायपाली पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अर्जुण्डा में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम और ताश पत्ते जब्त किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सरायपाली की पुलिस टीम 24 मार्च को देहात पेट्रोलिंग एवं जुर्म-जरायम की पतासाजी पर निकली थी। इसी दौरान जोगनीपाली मोड़ के पास मुखबिर से सूचना मिली कि अर्जुण्डा स्थित सामुदायिक भवन के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर रेड कार्रवाई की। जहां आरोपी फुलचंद भोई, दिनेश भोई, आकाश साहू और प्रकाश तांडी जुआ खेलते हुए पकड़े गए। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तथा जुआ फड़ से कुल 7180 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया, हालांकि मामला जमानती होने के कारण उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

 

70 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर स्कूटी भी जब्त
सरायपाली | 24 मार्च 2026
सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में महुआ शराब और वाहन जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम 24 मार्च को पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नानकपाली के दो युवक स्कूटी में अवैध महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम माधोपाली-कुटेला रोड पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक भोई (26 वर्ष) और तेज कुमार भोई (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 70 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 14,000 रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा, परिवहन में उपयोग की जा रही बिना नंबर की TVS जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 1,09,000 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामला गैर-जमानती होने के कारण आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सरायपाली: गरीबों का राशन बेचा बाजार में, 5.61 लाख का घोटाला उजागर , खाद्य निरीक्षक के शिकायत पर अध्यक्ष व सचिव पर FIR दर्ज

सरायपाली, 25 मार्च। महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुटेला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में बड़े पैमाने पर खाद्यान्न गबन और गंभीर अनियमितताओं के मामले में अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में माँ संतोषी महिला स्व-सहायता समूह, लुकापारा की अध्यक्ष श्रीमती सेत कुमारी चौहान एवं सचिव श्रीमती माधुरी चौहान के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

थाना सरायपाली में खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे की लिखित शिकायत पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) एवं 316(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली के आदेश क्रमांक 2771/अ.वि.अ./खाद्य/2026 दिनांक 11 फरवरी 2026 के आधार पर की गई है।
खाद्य निरीक्षक ने बताया कि संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, नवा रायपुर से प्राप्त पत्र क्रमांक 1415/खाद्य-संचा/pv2025/2025 दिनांक 05 मार्च 2025 के आधार पर ग्राम कुटेला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (दुकान आईडी क्रमांक 582004029) का भौतिक सत्यापन किया गया। उक्त दुकान का संचालन सितंबर 2023 से संबंधित महिला समूह द्वारा किया जा रहा था।

पहली जांच में उजागर हुआ 5.61 लाख का गबन
दिनांक 20 अप्रैल 2025 को गवाहों की उपस्थिति में किए गए निरीक्षण में 31 मार्च 2025 की स्थिति अनुसार ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक की तुलना में वास्तविक स्टॉक में भारी कमी पाई गई। जांच में चावल 130.52 क्विंटल (₹5,43,323), शक्कर 3.51 क्विंटल (₹13,757) एवं नमक 3.41 क्विंटल (₹4,137) की कमी सामने आई, जिसकी कुल राशि ₹5,61,217 है।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि दुकान में स्टॉक पंजी, निगरानी पंजी, डीओ पंजी, केशबुक पंजी तथा राशन कार्ड पंजी उपलब्ध नहीं थे। दुकान के खुलने और बंद होने का समय भी निर्धारित प्रारूप में प्रदर्शित नहीं किया गया था।
हितग्राहियों को राशन नहीं, बाहरी बिक्री का आरोप
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संचालकों द्वारा हितग्राहियों को समय पर और नियमित राशन वितरण नहीं किया जा रहा था। राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न न देकर उसे बाहरी व्यक्तियों को बेचकर अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित किया जा रहा था, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली प्रभावित हुई।

दूसरी जांच में और बढ़ी कमी
ग्रामीणों की शिकायत पर 23 जनवरी 2026 को पुनः भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें स्थिति और अधिक गंभीर पाई गई। इस दौरान चावल 186.92 क्विंटल, शक्कर 1.26 क्विंटल एवं नमक 1.84 क्विंटल ऑनलाइन दर्ज स्टॉक से कम पाया गया। साथ ही दुकान संचालन संस्था द्वारा जनवरी 2026 माह का ₹19,065.66 का आबंटन भी जमा नहीं किया गया था।
नोटिस, स्मरण पत्र और वसूली आदेश की अनदेखी
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली द्वारा 20 जून 2025 को संबंधित अध्यक्ष, सचिव एवं समूह के सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब नहीं मिलने पर स्मरण पत्र भी जारी किया गया, किंतु आज तक कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद ₹5,61,217 की वसूली का आदेश जारी किया गया, जिसे अब तक जमा नहीं किया गया है।
जांच प्रतिवेदन के बाद FIR दर्ज
खाद्य निरीक्षक द्वारा 26 जनवरी 2026 को विस्तृत जांच प्रतिवेदन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रस्तुत किया गया। इसके आधार पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। अब थाना सरायपाली में विधिवत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।

खाद्य विभाग के अनुसार, उक्त कृत्य से शासन को आर्थिक हानि पहुंची है तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में गंभीर व्यवधान उत्पन्न हुआ है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

छत्तीसगढ़: तेंदुए की खाल की तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: तेंदुए की खाल की तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ वन्यजीव संरक्षण को लेकर राज्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में 19 मार्च 2026 को केशकाल वनमंडल और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल की तस्करी में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

वन्य जीव संरक्षण का अर्थ जंगली जानवरों, पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा करना है, ताकि जैव विविधता बनी रहे और पारिस्थितिक संतुलन न बिगड़े। भारत में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत अवैध शिकार, व्यापार और आवास विनाश को रोकना और वन्य प्रजातियों की रक्षा करना अनिवार्य है। यह पारिस्थितिक तंत्र के लचीलेपन और भावी पीढ़ियों के लिए प्रकृति के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण है।

यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। वन विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया, जिसमें एक कर्मचारी ने खरीदार बनकर तस्करों से संपर्क किया। जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल और एक वाहन में तेंदुए की खाल लेकर रसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग स्थित ग्राम बैलगांव पहुंचे, टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि तेंदुए का शिकार लगभग 7 महीने पहले अवैध हथियार (भरमार बंदूक) से किया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर मुख्य आरोपी को अगले दिन नारायणपुर जिले के ग्राम बोरावण्ड से गिरफ्तार किया गया तथा शिकार में प्रयुक्त बंदूक भी जब्त की गई। बरामद तेंदुए की खाल की लंबाई 195 सेंटीमीटर और चौड़ाई 45 सेंटीमीटर पाई गई।

वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम के निर्देशन में आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों के निवासी हैं। इस अभियान में राज्य स्तरीय टीम के अधिकारियों एवं वन विभाग के कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार और अवैध व्यापार को रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राज्य शासन की वन एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी योजनाओं के तहत जैव विविधता संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

महासमुंद :खल्लारी रोप-वे दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

महासमुंद :खल्लारी रोप-वे दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने  महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालु के परिजन को 5 लाख रुपए एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

आज का राशिफल: प्रेम, करियर और धन—जानें क्या कहती हैं सितारे जानिए राशिफल 

आज का राशिफल: प्रेम, करियर और धन—जानें क्या कहती हैं सितारे जानिए राशिफल

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो):  पुराना रोग उभर सकता है। योजना फलीभूत होगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन संभव है। विरोधी सक्रिय रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। आय में वृद्धि होगी। शेयर मार्केट से लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। घर-परिवार में सुख-शांति रहेगी। जल्दबाजी न करें।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): व्यवसाय में ध्यान देना पड़ेगा। व्यर्थ समय न गंवाएं। पूजा-पाठ में मन लगेगा। कानूनी अड़चन दूर होगी। जल्दबाजी से हानि संभव है। थकान रहेगी। कुसंगति से बचें। निवेश शुभ रहेगा। पारिवारिक सहयोग प्राप्त होगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): घर-परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। चोट व दुर्घटना से बड़ी हानि हो सकती है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। फालतू खर्च होगा। विवाद को बढ़ावा न दें। अपेक्षाकृत कार्यों में विलंब होगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। आय में निश्चितता रहेगी। शत्रुभय रहेगा।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): कानूनी अड़चन दूर होकर लाभ की स्थिति निर्मित होगी। प्रेम-प्रसंग में जोखिम न लें। व्यापार में लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। निवेश में सोच-समझकर हाथ डालें। शत्रु पस्त होंगे। विवाद में न पड़ें। अपेक्षाकृत कार्य समय पर होंगे। प्रसन्नता रहेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। व्यस्तता रहेगी। प्रमाद न करें।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता प्राप्त होगी। स्थायी संपत्ति से बड़ा लाभ हो सकता है। समय पर कर्ज चुका पाएंगे। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न तथा संतुष्ट रहेंगे। निवेश शुभ फल देगा। घर-परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी, ध्यान रखें।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। समय की अनुकूलता का लाभ मिलेगा। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। अपने काम पर ध्यान दें। लाभ होगा।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): दूर से बुरी खबर मिल सकती है। दौड़धूप अधिक होगी। बेवजह तनाव रहेगा। किसी व्यक्ति से कहासुनी हो सकती है। फालतू बातों पर ध्यान न दें। मेहनत अधिक व लाभ कम होगा। किसी व्यक्ति के उकसाने में न आएं। शत्रुओं की पराजय होगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। आय में निश्चितता रहेगी।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। चिंता बनी रहेगी। जीवन साथी से सहयोग मिलेगा। मेहनत का फल मिलेगा। कार्यसिद्धि होगी। निवेश लाभदायक रहेगा। व्यापार-व्यवसाय में मनोनुकूल लाभ होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। निवेश शुभ रहेगा। व्यस्तता रहेगी।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे):;उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। भूले-बिसरे साथियों से मुलाकात होगी। विरोधी सक्रिय रहेंगे। जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। बड़ा काम करने का मन बनेगा। झंझटों से दूर रहें। कानूनी अड़चन का सामना करना पड़ सकता है। फालतू खर्च होगा। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। जोखिम बिलकुल न लें।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति संभव है। यात्रा लाभदायक रहेगी। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। कारोबारी बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। निवेश में सोच-समझकर हाथ डालें। आशंका-कुशंका रहेगी। पुराना रोग उभर सकता है। लापरवाही न करें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): फालतू खर्च पर नियंत्रण रखें। बजट बिगड़ेगा। कर्ज लेना पड़ सकता है। शारीरिक कष्ट से बाधा उत्पन्न होगी। लेन-देन में सावधानी रखें। अपरिचित व्यक्तियों पर अंधविश्वास न करें। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। आय होगी। संतुष्टि नहीं होगी।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): यात्रा लाभदायक रहेगी। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है, प्रयास करें। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। शेयर मार्केट से बड़ा लाभ हो सकता है। संचित कोष में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। कारोबारी सौदे बड़े हो सकते हैं। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्य प्रभावित होगा, सावधानी रखें।

राशि फलादेश

 

बसना: प्रेग्नेंट युवती बनी साजिश का शिकार: शादी के दबाव में प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, 6 घंटे में खुलासा

बसना: प्रेग्नेंट युवती बनी साजिश का शिकार: शादी के दबाव में प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, 6 घंटे में खुलासा

महासमुंद | 24 मार्च 2026
महासमुंद जिले के थाना बसना अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में हुई एक सनसनीखेज अंधी हत्या का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में युवती के प्रेमी ने ही शादी से मुकरने और बदनामी के डर से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला है। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर सूक्ष्म जांच की गई और अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतिका के पिता से पूछताछ में एक अहम सुराग मिला। गांव के ही लोकनाथ पटेल (पिता कीर्तन लाल पटेल, उम्र 27 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि मृतिका गर्भवती थी और आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।

इसी आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि युवती के गर्भवती होने के बाद वह उस पर लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन वह समाज में बदनामी के डर से शादी नहीं करना चाहता था। इसी कारण उसने युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
दिनांक 23 मार्च 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच उसने युवती को बहला-फुसलाकर घर के पीछे खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पास पड़े एक भारी पत्थर से युवती के सिर को पटककर चेहरे पर

ताबड़तोड़ वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस जघन्य हत्या का जल्द खुलासा हो गया है, जिससे क्षेत्र में फैली सनसनी और दहशत पर भी नियंत्रण पाया गया है।

महासमुंद/महिलाओं की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

महासमुंद/महिलाओं की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

महासमुंद/ जिले में महिलाओं की सुरक्षा एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत नन्दनवार ने की।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नन्दनवार ने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में समय-समय पर बैठक आयोजित कर कर्मचारियों, विशेषकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित हो सके। कार्यशाला में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न की शिकायतों के निवारण के लिए प्रत्येक शासकीय, अशासकीय एवं निजी संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है। साथ ही भारत सरकार द्वारा संचालित ऑनलाइन पोर्टल सी-बॉक्स के माध्यम से सभी संस्थानों को अपनी समिति की जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे महिलाओं को शिकायत दर्ज करने में सुविधा मिल सके।

कार्यशाला में यह भी बताया गया कि अधिनियम के तहत सभी विभागों एवं संस्थानों से वार्षिक प्रतिवेदन मांगा गया है, जिसमें से कुछ कार्यालयों से रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। शेष विभागों को शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा पोर्टल में जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के अनुसार 21 वर्ष से कम आयु के लड़के एवं 18 वर्ष से कम आयु की लड़की का विवाह कराना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी को 2 वर्ष तक का कठोर कारावास या 1 लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों से दंडित किया जा सकता है। बाल विवाह की सूचना अनुविभागीय दण्डाधिकारी, पुलिस थाना, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का प्रावधान भी बताया गया।