धान का पूरा निर्धारित मात्रा में विक्रय करना अनिवार्य नहीं
डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर मिलेगी आदान सहायता राशि
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के किसानों की आय में वृद्धि करना, कृषि लागत कम करना तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक स्तर में सुधार लाना है।
योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा, जिन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, एग्रीस्टैक में पंजीकृत हैं तथा उनके द्वारा बोए गए धान के रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा चुका है। धान बीज उत्पादन में भाग लेने वाले किसान भी योजना के लिए पात्र होंगे। हालांकि, पंजीकृत ट्रस्ट, मंडल, प्राइवेट लिमिटेड कंपनी एवं शाला विकास समिति जैसी संस्थाओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा। अनुदान राशि का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अधीन किया जाएगा। योजना के तहत किसानों को उनके द्वारा बोए गए धान के डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता राशि दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि किसी किसान ने 2.5 एकड़ में धान की खेती की है और पूरे रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे हो चुका है, तो उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से कुल 34,597.50 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। किसान द्वारा धान की निर्धारित मात्रा का पूरा विक्रय करना अनिवार्य नहीं है। कम मात्रा में धान विक्रय करने पर भी सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि की पात्रता रहेगी।
कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। धान विक्रय के लिए टोकन जारी कराते समय कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि प्राप्त करने हेतु निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना भी आवश्यक है। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि प्रदान की जा सकेगी। योजना की राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जमा की जाएगी।
किसान समय पर पूरी करें आवश्यक प्रक्रिया
कृषक उन्नति योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान एग्रीस्टैक में अपना पंजीयन सुनिश्चित करें तथा धान विक्रय के समय निर्धारित प्रारूप में आवेदन अवश्य करें। किसान भाई ध्यान रखें कि धान की पूरी निर्धारित मात्रा बेचना जरूरी नहीं है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्राप्त हो सकती है। इसलिए समय पर पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ उठाएं।


