कोमाखान/रात में चली पुलिस की दबिश: झाड़ियों, तालाब किनारे और पेड़ों के नीचे चल रहा था ‘गुप्त शराब अड्डा’, एक नहीं तीन आरोपी गिरफ्तार!
कोमाखान/अवैध रूप से शराब पिलाने का धंधा अब सड़कों, तालाबों और झाड़ियों तक पहुंच गया है। पुलिस की चौकस निगाह और अचानक दबिश के दौरान अलग-अलग जगहों से तीन आरोपियों को पकड़ा गया, जो बिना लाइसेंस लोगों को शराब पिलाने की सुविधा मुहैया करा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 08 दिसंबर 2025 को थाना कोमाखान पुलिस टीम टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से लगातार तीन अलग-अलग स्थलों पर अवैध शराब परोसने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने क्रमशः नर्रा, झलमला रोड किनारे और टेमरी रोड में रेड कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई – झाड़ियों में बना ‘छिपा शराब ठिकाना’
नर्रा शराब भट्ठी के पास झलमला रोड किनारे अवैध शराब पिलाते मौके से पुलिस ने आरोपी गुरुवेन्द्र सोनवानी (20 वर्ष) को पकड़ा। पुलिस देखते ही शराब पी रहे लोग मौके से भाग निकले। आरोपी के कब्जे से खाली डिस्पोजल गिलास और शराब की गंध वाली शीशियां बरामद की गईं।
दूसरी कार्रवाई – पेड़ के नीचे शराब सर्विस!
कुछ देर बाद दूसरी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टेमरी रोड किनारे ‘गोहिरा पेड़’ के नीचे शराब पिलाने वाले आरोपी दिनेश साहू (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी खाली शराब की शीशियां और डिस्पोजल गिलास बरामद हुए।
तीसरा छापा – तालाब किनारे खुले मैदान में ‘मिनी बार’ चल रहा था!
इस बीच चौकी टुहलू पुलिस दल को मुखबिर ने पलसीपानी तालाब के नीचे महुआ पेड़ के पास अवैध शराब मिलने की सूचना दी। पुलिस द्वारा दबिश देने पर पीने वाले लोग जंगल की ओर भाग गए, लेकिन शराब परोस रहा आरोपी सोनू धिबेरा (38 वर्ष) पकड़ा गया। उसके पास से लगभग 80 ML देशी शराब और डिस्पोजल गिलास जब्त किया गया।
तीनों आरोपियों पर धारा 36(C) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। मामला जमानतीय होने के कारण आवश्यक कार्यवाही के बाद उन्हें मुचलका पर रिहा कर दिया गया। सभी मामलों में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे जांच में जुटी है। थाना सूत्रों के अनुसार ऐसे अवैध शराब ठिकानों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



