महासमुंद “अस्पताल परिसर में गुंडागर्दी! नर्सिंग स्टाफ पर जानलेवा हमला, ‘मेरा नाम सुनते ही कांपते हैं लोग’ कहकर बरसाए डंडे”
महासमुंद।शहर के आदित्य अस्पताल परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पर सरेआम जानलेवा हमला कर दिया गया। मामला वार्ड क्रमांक 09 रमनटोला निवासी एवं आदित्य अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्सिंग कर्मी से जुड़ा है।
पीड़ित ने बताया कि दिनांक 26 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे वह अपनी कार से घूमने जाने के लिए आदित्य अस्पताल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ा था। इसी दौरान उसने अपनी मित्र धनेश्वरी साहू को फोन कर बुलाया। तभी पीछे से एक स्कूटी में सवार दो युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक की पहचान समीर देवार के रूप में हुई।
आरोप है कि समीर देवार ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा—
“मुझे घूरकर क्यों देख रहा है, मेरा नाम नहीं जानता? शहर में लोग मेरे नाम से डरते हैं।”
इसके बाद उसने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं।
पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी दोस्त को वहां से दूर भेज दिया, तभी समीर देवार और उसके साथी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। समीर देवार ने डंडे से वार किया जबकि उसके साथी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
इस हमले में पीड़ित के गले, सीने, दाहिने हाथ की कलाई, पेट, बाएं पैर और सिर के पीछे गंभीर चोटें आई हैं। घटना को मौके पर मौजूद संजय यादव, अमन विभार और धनेश्वरी साहू ने देखा और बीच-बचाव किया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थान पर भी खुलेआम गुंडागर्दी देखने को मिली।



