सरायपाली/वसीयत बनी खून-खराबे की वजह! बेटे को जमीन से बेदखल करने उतरे पिता-जीजा, बेरहमी से पीटा रिपोर्ट दर्ज
सरायपाली |ग्राम डुडुमचुंवा में पारिवारिक विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब वसीयत को लेकर उठे विवाद में पिता और जीजा ने ही बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुवनेश्वर यादव (39 वर्ष) पिता जगत राम यादव, निवासी ग्राम डुडुमचुंवा, रोजी-मजदूरी कर जीवन यापन करता है। पीड़ित ने थाना सरायपाली में दिए आवेदन में बताया कि दिनांक 26 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे, वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसकी बड़ी मां ननकी बाई यादव के निधन के बाद संपत्ति की वसीयत को लेकर बातचीत चल रही थी।
भुवनेश्वर ने बताया कि उसकी बड़ी मां द्वारा वर्ष 2013 में जमीन उसके नाम वसीयत किए जाने की बात जैसे ही सामने आई, उसके पिता जगत राम यादव और जीजा सुशील कुमार यादव आग-बबूला हो गए। दोनों ने मिलकर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक-पटक कर मारा, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना के समय उसकी मां केकती बाई, भांजा मनोज यादव और पुत्र हितेश यादव मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।
होश में आने पर डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घायल को शासकीय अस्पताल सरायपाली में भर्ती कराया।
पीड़ित भुवनेश्वर यादव ने थाना सरायपाली में लिखित आवेदन देकर अपने पिता जगत राम यादव एवं जीजा सुशील कुमार यादव के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



