पिथौरा/तहसील कार्यालय में हंगामा, महिला तहसीलदार से बदसलूकी — कपड़े उतार आत्मदाह की धमकी, FIR दर्ज
पिथौरा | महासमुंद तहसील कार्यालय पिथौरा में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने महिला तहसीलदार के कक्ष में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए अशोभनीय हरकत, आत्मदाह की धमकी और कार्यालय को बंधक बनाने जैसा कृत्य किया। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसीलदार सुश्री मनीषा देवांगन दिनांक 02 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:10 बजे अपने चेम्बर में शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान पिथौरा निवासी जितेन्द्र सिन्हा कार्यालय में आया और स्वयं को जनप्रतिनिधि बताते हुए शासकीय आबादी भूमि से संबंधित नजरी नक्शा पर जबरन हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर आरोपी ने बदतमीजी शुरू कर दी और शासकीय कार्य में गंभीर व्यवधान उत्पन्न किया।
तहसीलदार के अनुसार, आरोपी ने महिला अधिकारी व स्टाफ के सामने कपड़े उतार दिए, कार्यालय के दरवाजे पर बैठकर आत्मदाह करने की धमकी दी और कहा कि काम किए बिना वह कार्यालय से बाहर नहीं जाने देगा। आरोपी ने न्यायालय कक्ष के प्रवेश द्वार को रोककर स्टाफ को अस्थायी रूप से बंधक बनाए रखा तथा पेशी पर आए कृषकों को भी अंदर जाने से रोका। इस दौरान चिल्लाकर व फोन कर भीड़ जुटाने का भी प्रयास किया गया, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रही।
घटना से मानसिक रूप से आहत तहसीलदार द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर आरक्षी केन्द्र पिथौरा में आरोपी के खिलाफ धारा 127(2), 221, 224, 226, 351 एवं 79 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल शासकीय कार्य में बाधा का मामला है, बल्कि महिला अधिकारी की गरिमा और सुरक्षा पर सीधा हमला मानी जा रही है। प्रशासनिक हलकों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है।



