पिथौरा। सपोस में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच और पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद रूपकुमारी चौधरी ने की। इस अवसर पर बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे, जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, बसना जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, बागबहरा जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, पूर्व जनपद अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
फाइनल मैच में ग्रीन सपोस ने रायगढ़ इलेवन को हराकर प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख 51 हजार रुपये और ट्रॉफी प्राप्त की। उपविजेता रायगढ़ इलेवन को 80 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।
समारोह के आरंभ में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुरषोत्तम घृतलहरे के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान पंथी नृत्य, राउत नृत्य, गाजे-बाजे और आतिशबाजी का आयोजन किया गया। स्काउट गाइड के छात्रों द्वारा सलामी दी गई।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मैदान में उपस्थित खेलप्रेमियों की संख्या यह दर्शाती है कि ग्राम सपोस का यह आयोजन प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के खिलाडिय़ों का यहां पहुंचना आयोजन की लोकप्रियता को प्रदर्शित करता है।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे खेल आयोजन खिलाडिय़ों को प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर प्रदान करते हैं। विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि सपोस में बड़े आयोजनों की परंपरा रही है और इस बार भी बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित हुए।
जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि खेल आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने में सहायक होते हैं। वहीं जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और दैनिक दिनचर्या में खेल को शामिल करने की बात कही।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण पुरषोत्तम घृतलहरे द्वारा दिया गया। आभार प्रदर्शन सरपंच किशोर बघेल ने किया और मंच संचालन नरेंद्र बोरे द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कवलजीत सिंह छाबड़ा, दिनेश अग्रवाल, पुन्नी विष्णु साहू, हेमंत ठाकुर, निरंजन यादव, सोनू छाबड़ा, सोहन पटेल, गणेश पटेल, बाबूलाल साव सहित बड़ी संख्या में सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।



