महासमुंद। नवतपा की शुरुआत के साथ ही जिले में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को तापमान करीब 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। इसका असर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय सडक़ों पर कफ्र्यू जैसा सन्नाटा पसरा रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर दिखाई देने लगे थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी और उमस बढ़ती गई। आज भी पूर्वान्ह से ही शहर की प्रमुख सडक़ें लगभग सूनी हैं। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर निकल रहे हैं। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ काफ ी कम ही है। कई दुकानदार दोपहर के समय दुकानें बंद कर दीं या बाहर पानी का छिडक़ाव करते रहे। गर्मी का सबसे ज्यादा असर खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरों पर दिखाई दे रहा है। धान बोने की तैयारी और अन्य कृषि कार्यों में जुटे किसान तेज धूप और लू के बीच काम करने को मजबूर हैं।



