महासमुंद। जिले में डेढ़ करोड़ रुपए की LPG गैस चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के संचालक संतोष ठाकुर और सार्थक ठाकुर को पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पिछले एक महीने से फरार थे और उनकी तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें देश के कई राज्यों में लगातार दबिश दे रही थीं।
पूरा मामला महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है। दिसंबर 2025 में पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के 90 मीट्रिक टन LPG गैस से भरे 6 बड़े गैस कैप्सूल वाहनों को जब्त किया था। जांच में खुलासा हुआ कि इन कैप्सूलों में भरी गैस की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, व्यापारी मनीष चौधरी और गौरव गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर ने मिलकर पूरी साजिश रची थी। आरोपियों ने गैस से भरे 6 कैप्सूल सीधे अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स को सौंप दिए थे।
इस मामले में पहले ही जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, व्यापारी मनीष चौधरी और एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर को गिरफ्तार किया जा चुका है। पंकज चंद्राकर भाजपा की पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर के बड़े भाई धनंजय चंद्राकर का दामाद बताया जा रहा है।



