महासमुंद/रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे मंदिरहसौद इलाके से गायब हुए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर लाश को महासमुंद जिले में दफनाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 6 दिनों बाद, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में महानदी के किनारे गड्ढे से मृतक की सड़ी-गली लाश को बरामद कर लिया है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार में शराब पार्टी, फिर मर्डर पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भुनेश्वर यादव (उम्र 38 वर्ष), निवासी इंदिरा कॉलोनी, मंदिरहसौद (रायपुर) के रूप में हुई है। भुनेश्वर बीते 22 मई से लापता था, जिसकी मंदिरहसौद थाने में गुम इंसान क्रमांक 59/26 दर्ज कर तलाश की जा रही थी
जांच में पता चला कि 22 मई की रात करीब 10:00 बजे भुनेश्वर का साथी नोहरदास रात्रे, अपने अन्य दोस्तों अमित सिंह राजपूत और हेमचन्द बंजारे के साथ भुनेश्वर को अपनी ब्रेजा कार (क्रमांक CG 04 PH 9996) में बिठाकर निकला था। चारों कार के भीतर ही शराब पीते हुए महासमुंद जिले के नांदगांव-बेलसोंडा की तरफ आए। इसी दौरान रास्ते में उनका भुनेश्वर के साथ किसी बात पर गंभीर विवाद हो गया।
महानदी किनारे दफनाया शव
विवाद इतना बढ़ा कि नोहरदास, अमित और हेमचन्द ने मिलकर भुनेश्वर यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद घबराए आरोपियों ने जुर्म छुपाने के लिए नांदगांव में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार श्रवण दास रात्रे से संपर्क किया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से भुनेश्वर के शव को नांदघाट महानदी के किनारे एक गहरा गड्ढा खोदकर दफन कर दिया और फरार हो गए।
मजिस्ट्रेट के सामने खुदवाया गया गड्ढा
मामले का सुराग मिलते ही मंदिरहसौद थाने के प्रधान आरक्षक अमित कुमार मिश्रा ने इसकी सूचना महासमुंद पुलिस को दी। इसके बाद सिटी कोतवाली महासमुंद के सउनि (ASI) बसंत पाणिग्राही पुलिस टीम के साथ नांदघाट महानदी पहुंचे। कार्यपालिक दंडाधिकारी (Executive Magistrate) की उपस्थिति में जब संदेहास्पद स्थल पर खुदाई कराई गई, तो भुनेश्वर यादव का शव सड़-गल चुकी हालत में बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही शव की पहचान की कार्रवाई पूरी कर पंचनामा तैयार किया। महासमुंद सिटी कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या (BNS की धारा 103(1)) और शव छुपाने (धारा 238) का अपराध दर्ज कर लिया है और मामले को विस्तृत विवेचना में लिया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



