छत्तीसगढ सक्ति वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए त्वरित निर्देश

छत्तीसगढ सक्ति वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए त्वरित निर्देश

छत्तीसगढ़ सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में श्रमिकों के निधन एवं कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से चर्चा कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा संचालक स्वास्थ्य सेवाएं एवं आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मंत्री के निर्देश पर आसपास के क्षेत्रों से एम्बुलेंस एवं चिकित्सा संसाधनों को तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।

घायलों के समुचित उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। राज्य सरकार ने घटना की गहन एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।

 

सरायपाली नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉ. नेलन लुगुन के नेतृत्व में 19 अप्रैल को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

सरायपाली नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉ. नेलन लुगुन के नेतृत्व में 19 अप्रैल को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

सरायपाली क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा के रूप में 19 अप्रैल 2026 को नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, चिवराकुटा (सिंघोड़ा), सरायपाली में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा, जिसमें हर उम्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

इस स्वास्थ्य शिविर में अनुभवी चिकित्सक डॉ. नेलन लुगुन (MD, मेडिसिन विशेषज्ञ) द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श बिल्कुल निःशुल्क किया जाएगा। शिविर में सामान्य बीमारियों के साथ-साथ गंभीर रोगों की भी जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

शिविर में बुखार, खांसी, सर्दी, शुगर, ब्लड प्रेशर, थायराइड, हार्मोन संबंधी समस्याएं, पेट एवं लिवर की बीमारियां, सांस एवं छाती संबंधी रोग, किडनी एवं पेशाब संबंधी समस्याएं, हृदय रोग, लकवा, पीलिया, अपच, कमजोरी सहित अन्य बीमारियों का इलाज किया जाएगा।

इसके अलावा, सभी प्रकार की जांच पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी, जिससे मरीजों को अतिरिक्त राहत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं।

शिविर के संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 87709 03234 एवं 94241 84383 पर संपर्क किया जा सकता है।

बागबाहरा / प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिली उड़ान: श्री जमील ने 30 एकड़ में खड़ा किया आधुनिक फिश फार्म

बागबाहरा / प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिली उड़ान: श्री जमील ने 30 एकड़ में खड़ा किया आधुनिक फिश फार्म

महासमुंद/ जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भुरकोनी के प्रगतिशील मत्स्य कृषक श्री अब्दुल जमील ने अपनी मेहनत, लगन और दूरदर्शिता से मछली पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ उठाते हुए मत्स्य पालन विभाग से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें विभिन्न मछलियों की प्रजातियों, उनके व्यवहार, गुणवत्ता, रोग एवं उनके उपचार की समुचित जानकारी मिली, जिससे उन्होंने अपने उत्पादन को बेहतर और टिकाऊ बनाया।

श्री जमील बताते हैं कि शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद जब उन्हें कोई उपयुक्त रोजगार नहीं मिला, तब उन्होंने छोटे स्तर पर मछली पालन कार्य की शुरुआत की। प्रारंभ में सीमित संसाधनों के साथ शुरू किया गया यह कार्य उनकी कड़ी मेहनत और ईमानदारी के बल पर निरंतर आगे बढ़ता गया। वर्तमान में वे लगभग 30 एकड़ क्षेत्र में विस्तृत एस.एफ. फिश फार्म का सफल संचालन कर रहे हैं।

श्री जमील द्वारा एकीकृत मत्स्य पालन प्रणाली को अपनाया गया है, जिसमें मछली पालन के साथ-साथ मुर्गी पालन, बकरी पालन एवं फसल उत्पादन भी किया जा रहा है। इस समन्वित कृषि प्रणाली ने उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ जोखिम को भी कम किया है। उनके फार्म में पंगास, तिलापिया, रोहू, कतला एवं मृगाल जैसी प्रमुख मछलियों का उत्पादन किया जाता है। इसके साथ ही वे रोहू, कतला एवं मृगाल के उन्नत बीज उत्पादन का कार्य भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कर रहे हैं। उनके द्वारा उत्पादित मछलियों की आपूर्ति आसपास के विभिन्न बाजारों में की जाती है, जिससे स्थानीय स्तर पर भी रोजगार और पोषण सुरक्षा को बढ़ावा मिल रहा है।

श्री अब्दुल जमील वर्ष 2000 से मछली पालन कर रहे हैं और एक प्रगतिशील मछली उत्पादक हैं। साथ ही आधुनिक पद्धित से एकीकृत मछली पालन करते हैं, इसीलिये उन्हें राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस 10 जुलाई 2025 में श्रेष्ठ मत्स्य कृषक पुरस्कार प्रदान किया गया।किया आधुनिक एस.एफ. फिश फार्म

बसना बंदूक की नोक पर दान की जमीन पर कब्जे का प्रयास, जेसीबी से खुदाई पर विवाद; मामला जांच में

बसना बंदूक की नोक पर दान की जमीन पर कब्जे का प्रयास, जेसीबी से खुदाई पर विवाद; मामला जांच में

महासमुंद, बसना थाना क्षेत्र के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पुरुषोत्तमपुर में दान की गई शासकीय उपयोग की भूमि पर कब्जे के प्रयास को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक 70 वर्षीय व्यक्ति ने बंदूक के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी से खुदाई कर आंगनबाड़ी भवन के पीछे की भूमि एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के साइड शोल्डर हिस्से को अपने खेत में मिलाने का प्रयास किया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरकोल निवासी स्वर्गीय चक्रधर पटेल द्वारा पूर्व में जनहित में अपनी जमीन का कुछ हिस्सा स्कूल, आंगनबाड़ी भवन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण के लिए दान में दिया गया था। इसी भूमि पर वर्तमान में शासकीय निर्माण कार्य संचालित हैं। चक्रधर पटेल के निधन के बाद उनके परिवार में भूमि बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि उनके भतीजे तारक पटेल द्वारा उक्त दान की गई भूमि के हिस्से को जेसीबी मशीन से खोदकर अपने खेत में मिलाने तथा उसे बेचने का प्रयास किया गया। 5 अप्रैल को वह बिरकोल से पुरुषोत्तमपुर पहुंचा और स्कूल, आंगनबाड़ी एवं सड़क किनारे की भूमि पर खुदाई शुरू कर दी। प्रारंभ में कम हिस्से की खुदाई होने पर ग्रामीणों ने आपत्ति नहीं की, लेकिन जब बड़े हिस्से को काटा जाने लगा तो ग्रामीणों ने विरोध किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि तारक पटेल बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा था और विरोध करने पर उन्हें धमकाते हुए खुदाई करवा रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद मौके पर ही आपसी समझौता (राजीनामा) कर मामला शांत कराया गया।

हालांकि, कुछ दिनों बाद तारक पटेल ने भंवरपुर चौकी में गांव के 5-7 ग्रामीणों के खिलाफ गाली-गलौज एवं मारपीट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद मामला पुनः गरमा गया और ग्रामीणों ने चौकी पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित भूमि उनके पूर्वजों द्वारा जनहित में दान की गई थी, जिस पर आज स्कूल, आंगनबाड़ी एवं सड़क का निर्माण हुआ है। ऐसे में उस भूमि को निजी उपयोग में लाने का प्रयास अनुचित है। ग्रामीणों ने स्वर्गीय चक्रधर पटेल के पुत्र एवं परिजनों से संपर्क कर दान से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है ।

मामले में भंवरपुर चौकी प्रभारी राणा से दूरभाष के माध्यम से कई बार संपर्क किया गया घंटी बजती रही पर जवाब नहीं मिला और ना ही चौकी प्रभारी द्वारा दोबारा फोन किया गया!

बसना में जुआ खेलते 4 आरोपी पकड़े, 86 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त

बसना में जुआ खेलते 4 आरोपी पकड़े, 86 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त

महासमुंद थाना बसना पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएसएनएल कार्यालय परिसर बसना में रेड कर 4 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल एवं दो मोटरसाइकिल सहित कुल 86,010 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को थाना बसना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक दिवसाधिकारी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बीएसएनएल ऑफिस बसना में कुछ व्यक्ति 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी को अवगत कराकर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर पंचनामा तैयार किया गया तथा गवाह हबीब खान एवं योगेश सेन को नोटिस देकर उनके समक्ष रेड कार्रवाई की गई।

रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 4 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। आरोपियों की पहचान सुशील अग्रवाल (45 वर्ष) निवासी जगदीशपुर रोड बसना, संगीत कुमार राज (43 वर्ष) निवासी नरसिंगपुर बसना, हिदायतुल्ला खान उर्फ गुल्लू खान (29 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 1 (45 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 15 बसना के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, ताश की गड्डी, विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HA 8164 एवं CG 06 GY 0959 जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 86,010 रुपये आंकी गई है।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। चूंकि अपराध में सजा 7 वर्ष से कम है, अतः सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस देकर जांच में सहयोग हेतु पाबंद किया गया। आरोपियों द्वारा 14 अप्रैल 2026 को थाना उपस्थित होने की लिखित सहमति दिए जाने पर उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया गया।

मवेशियों की क्रूर तस्करी पर भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई, बैल सहित 6.76 लाख का माल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

मवेशियों की क्रूर तस्करी पर भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई, बैल सहित 6.76 लाख का माल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत पुलिस चौकी भंवरपुर क्षेत्र में मवेशियों की अवैध एवं क्रूरतापूर्ण तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मवेशी, वाहन एवं मोबाइल सहित कुल 6 लाख 76 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी भंवरपुर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 881 रामानंद कंवर अपने हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 409 एवं 885 के साथ 12 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में जुर्म-जरायम पतासाजी हेतु रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो “छोटा हाथी” वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर अमानवीय तरीके से भरकर बड़ेसाजापाली मार्ग से उड़ीसा के कत्लखाने ले जाया जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार कर गवाह बारेलाल पटेल एवं सौभाग्य तांडी को साथ लेकर बड़ेसाजापाली रोड, ग्राम झारबंद (भंवरपुर) में घेराबंदी की। मौके पर दो छोटा हाथी वाहन संदिग्ध अवस्था में आते पाए गए, जिन्हें रोककर जांच की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम

(1) छोटू सिंह राजपूत, पिता लखन सिंह राजपूत, उम्र 45 वर्ष, निवासी भटगांव, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़

(2) देवशरण राजेत्री, पिता दरशराम राजेत्री, उम्र 25 वर्ष, निवासी भटगांव, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।

जांच के दौरान दोनों वाहनों में कुल 04 नग बैल (लाल एवं सफेद रंग) को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके पर गिनती पंचनामा तैयार कर मवेशियों को आरोपियों के संयुक्त कब्जे से जब्त किया।

जब्ती के दौरान पुलिस ने

04 नग बैल (कीमत लगभग 1,00,000 रुपये)

छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 22 AD 3834 (कीमत लगभग 3,00,000 रुपये)

छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 22 U 0719 (कीमत लगभग 3,50,000 रुपये)

01 आईक्यू कंपनी का मोबाइल (कीमत 12,000 रुपये)

01 रेडमी कंपनी का मोबाइल (कीमत 14,000 रुपये)

बरामद किया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 6,76,000 रुपये आंकी गई है।

मवेशियों के संबंध में आरोपियों को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया, परंतु वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

दोनों आरोपियों को 12 अप्रैल 2026 को क्रमशः 10:30 बजे एवं 10:40 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। अपराध अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई तथा आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जप्त मवेशियों को गौशाला में सुरक्षित रखने हेतु भेजा गया है तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु शल्य चिकित्सा अधिकारी, भंवरपुर को सूचित किया गया है।

प्रकरण की विवेचना प्रधान आरक्षक क्रमांक 89 परमानंद रथ द्वारा की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में पशु क्रूरता एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

खेत में चल रहा था ‘महुआ का खेल’! पिथौरा पुलिस की रेड में 20 लीटर अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

खेत में चल रहा था ‘महुआ का खेल’! पिथौरा पुलिस की रेड में 20 लीटर अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद/पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिलवापाली में खेत के पास चल रहे अवैध महुआ शराब के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर धनसाय के खेत के पास दबिश दी। मौके पर दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिले, जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम लक्ष्मण बरिहा (60 वर्ष) निवासी पिलवापाली एवं रामसिंग बरिहा (36 वर्ष) निवासी मडईडीपा कौडिया बताया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में कुल 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर सील कर लिया।

पूरी कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में की गई और घटनास्थल का नक्शा भी तैयार किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महासमुंद /नाबालिग का गला दबाकर मारपीट, बचाने पहुंचे पिता को भी बेरहमी से पीटा — मामला दर्ज

महासमुंद /नाबालिग का गला दबाकर मारपीट, बचाने पहुंचे पिता को भी बेरहमी से पीटा — मामला दर्ज

महासमुंद | जिले के ग्राम साराडीह में एक गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है, जहां 13 वर्षीय नाबालिग के साथ गला दबाकर मारपीट की गई। जब पिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे वे घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित राज मिस्त्री ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दिनांक 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसकी पत्नी श्रीमती बिमला जोगी ने आकर बताया कि उनका पुत्र विवेक जोगी (उम्र 13 वर्ष) को गांव के राजेश निराला द्वारा प्रियंका किराना स्टोर्स के पास गला दबाकर मारपीट की जा रही है।

सूचना मिलते ही पिता मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी ईतवारी निराला गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर ईतवारी निराला ने थप्पड़ मारकर उन्हें जमीन पर पटक दिया। इस हमले में पीड़ित के बाएं कान, दाहिने हाथ की कोहनी के पीछे हिस्से और कमर में चोट आई है, साथ ही कोहनी से खून भी निकला।

घटना के दौरान पीड़ित की पत्नी श्रीमती बिमला जोगी, भाई-बहू श्रीमती किरण जोगी एवं भाई कमल जोगी ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। वहीं, नाबालिग विवेक जोगी के गले में दर्द की शिकायत बताई गई है।

घटना के बाद पीड़ित जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचकर इलाज कराया और अपने भाई कमल जोगी के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

महासमुंद/प्रयास प्रवेश की तैयारी तेज: आयुक्त व कमिश्नर ने मॉक टेस्ट का किया अवलोकन, 410 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

महासमुंद/प्रयास प्रवेश की तैयारी तेज: आयुक्त व कमिश्नर ने मॉक टेस्ट का किया अवलोकन, 410 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

महासमुंद / विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुखरीडबरी में कक्षा 09वीं में प्रवेश हेतु संचालित प्रयास प्रवेश परीक्षा हेतु आयोजित मॉक टेस्ट का आयुक्त विभागीय जांच, छत्तीसगढ़ शासन श्री दिलीप वासनीकर (आईएएस) एवं कमिश्नर रायपुर संभाग श्री महादेव कावरे (आईएएस) द्वारा रविवार को अवलोकन किया गया। अधिकारी द्वय ने परीक्षा केंद्र में पहुँचकर संपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा परीक्षा की पारदर्शिता एवं अनुशासन की सराहना की। अवलोकन के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी तैयारी, विषयगत समझ एवं आत्मविश्वास का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स एवं प्रभावी रणनीतियाँ प्रदान की। विशेष रूप से गणित विषय के विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी अवधारणात्मक समझ को परखा तथा जटिल प्रश्नों को सरल एवं सहज विधि से समझाते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं उत्साह का संचार हुआ।

अधिकारी द्वय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मॉक टेस्ट विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे नवाचारपूर्ण प्रयास निरंतर जारी रखे जाएँ, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण प्राप्त हो सके। उल्लेखनीय है कि उक्त मॉक टेस्ट में महासमुंद जिले के साथ-साथ दूरस्थ जिलों रायपुर, गरियाबंद, बलौदाबाजार एवं धमतरी से भी विद्यार्थियों ने सहभागिता दर्ज कराई। कुल 456 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 410 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। “प्रयास” मॉक टेस्ट का आयोजन विद्यार्थियों की पूर्व तैयारी का मूल्यांकन करने एवं उन्हें वास्तविक परीक्षा के अनुरूप अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है। इस परीक्षा में विज्ञान, गणित, सामान्य विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, मानसिक योग्यता एवं सामान्य ज्ञान जैसे विषयों से कुल 100 प्रश्न सम्मिलित किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों की समग्र तैयारी का आकलन संभव हो सके।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे, एबीईओ रामता मन्नाडे, प्राचार्य के.एस.सबर, संकुल समन्वयक मनोज चंद्राकर, आयोजक शिक्षक जितेंद्र दीवान, बिशम्बर सिंह ठाकुर, वीरेंद्र कर, व्यास नारायण बंजारे, रविशंकर पटेल, कामेश्वरी साहू,देवेंद्र साहनी, केदार साहू,धनेश्वर साहू, राजेंद्र साहू, अश्विनी दीवान, देवेंद्र दीवान, देव पटेल, गुरुदत्त पटेल, अनिल चक्रधारी, मोहिंदर पांडे, किरण पटेल, सरिता पटेल, कमल साहू, अजय, भूषण साहू, लुकेश ध्रुव, थानेश्वर पटेल, दयाराम चक्रधारी, उमेश साहू, विनोद साहू, राजू लाल कुर्रे, परसराम ठाकुर, संतोष चंद्राकर, झगेश लोकनाथ, दौलत राम दीवान, कृष्ण कुमार देवांगन, आत्माराम दीवान, दिनेश नायक, राजू साहू, छोटू निषाद सहित समस्त शिक्षकों का इस आयोजन में सहयोग रहा।

महासमुंद कलेक्टर सख्त: निजी संस्थानों के अवैध रक्तदान शिविरों पर रोक, रेड क्रॉस बैठक में अहम फैसले

महासमुंद कलेक्टर सख्त: निजी संस्थानों के अवैध रक्तदान शिविरों पर रोक, रेड क्रॉस बैठक में अहम फैसले

महासमुंद/ भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक आज जिला पंचायत सभागृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने की।

बैठक में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने निर्देश दिए कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी स्थिति में निजी संस्थानों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने इस संबंध में सख्ती से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य और राहत सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है।

बैठक में समिति सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव सभी सदस्यों को बैठक के एजेंडा की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पूर्व बैठक 14 जनवरी 2025 में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई तथा सदस्यता अभियान को मजबूत बनाने, वार्षिक बजट, आय-व्यय और ऑडिट से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जूनियर रेडक्रॉस की गतिविधियों की समीक्षा के साथ वित्त समिति, जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति, यूथ रेडक्रॉस उपसमिति, स्वास्थ्य समिति एवं आपदा प्रबंधन समिति के गठन पर भी विचार किया गया। रेडक्रॉस द्वारा संचालित जन औषधि केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा रेडक्रॉस भवन के मरम्मत कार्य, रेडक्रॉस चौक की स्थापना, उपसभापति की नियुक्ति और वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट के अनुमोदन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।

बैठक में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष भूपेंद्र राठौर, संस्थापक सदस्य महेंद्र कुमार श्रीमाली एवं मनोज पिंचा सहित डॉ. विश्वनाथ पाणिग्रही, दाऊ लाल चंद्राकर, यशवंत कुमार चौधरी, अशोक गिरी गोस्वामी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर बल दिया।