महासमुंद/सतर्क एप में जप्त प्रकरण की जानकारी दर्ज न करने पर खाद्य निरीक्षक को नोटिस

महासमुंद/सतर्क एप में जप्त प्रकरण की जानकारी दर्ज न करने पर खाद्य निरीक्षक को नोटिस

महासमुंद/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य जिले में सुचारू रूप से जारी है। शासन के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन एवं स्टॉकिंग के विरुद्ध की गई कार्रवाई की तत्काल ऑनलाइन प्रविष्टि सतर्क एप में करने के निर्देश सभी खाद्य निरीक्षकों को दिए गए हैं।

इसी क्रम में 03 दिसंबर 2025 को आयोजित धान खरीदी समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर को अवगत कराया गया था कि अम्बे राइस इंडस्ट्री, भीखापाली में अवैध धान स्टॉकिंग के अंतर्गत 475 कट्टा अतिरिक्त धान पाया गया, जिस पर जप्ती की कार्रवाई कर प्रकरण तैयार किया गया है। किन्तु 05 दिसंबर 2025 तक संबंधित खाद्य निरीक्षक द्वारा इस जप्त प्रकरण की जानकारी सतर्क एप में दर्ज नहीं की गई। जिला निगरानी समिति के नोडल अधिकारी द्वारा लगातार निर्देशित किए जाने के बावजूद एप में प्रविष्टि नहीं किए जाने को जिला प्रशासन ने लापरवाही एवं अनुशासनहीनता माना है।

इस पर खाद्य अधिकारी ने संबंधित खाद्य निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निरीक्षक को नोटिस प्राप्ति के 03 दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में जवाब प्राप्त न होने की स्थिति में उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।

महासमुंद/कोमाखान NH-353 के पास अवैध शराबखोरी का खुलासा! पुलिस की रेड में एक गिरफ्तार 

महासमुंद/कोमाखान NH-353 के पास अवैध शराबखोरी का खुलासा! पुलिस की रेड में एक गिरफ्तार

महासमुंद/कोमाखान। थाना कोमाखान पुलिस ने NH-353 स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास बने एक झोपड़ीनुमा ठिकाने पर अवैध शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति को दबोचा है। पुलिस को यह कार्रवाई उस समय मिली जब प्रधान आरक्षक टाउन पेट्रोलिंग पर थे।

मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक 05 दिसंबर 2025 को प्रधान आरक्षक तथा हमराह आरक्षक 835 प्रमोद ध्रुव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क किनारे अवैध शराब पिलाने का धंधा कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घोयनाबाहरा क्षेत्र से गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर रेड की कार्रवाई की।

जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहां शराब पी रहे लोग भाग निकले। वहीं मौके पर मौजूद व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम पिंकु सिंह पिता जगदीश सिंह (उम्र 38 वर्ष), निवासी गणेशपारा बागबाहरा बताया।

पुलिस ने मौके से—03 डिस्पोजल गिलास (शराब की गंध सहित)

02 खाली देसी प्लेन शराब की बोतल 180 एमएल जप्त किए हैं।

आरोपी के पास शराब विक्रय अथवा पिलाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं होना पाया गया। जिसके बाद उसे धारा 36(C) आबकारी एक्ट के तहत शाम 6:20 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को मौके पर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर मुचलका पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों में चर्चा — NH किनारे ऐसे ठिकाने बढ़ रहे हैं, पुलिस ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस ने भी ऐसे अवैध शराबखोरी के ठिकानों के खिलाफ अभियान तेज करने के संकेत दिए हैं।

रिपोर्ट: महाजनपद न्यूज़

तुमगांव/अछोली में मारपीट का हाई-वोल्टेज ड्रामा! दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस तक पहुंचा मामला 

तुमगांव/अछोली में मारपीट का हाई-वोल्टेज ड्रामा! दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस तक पहुंचा मामला

तुमगांव/अछोली।गांव अछोली में गुरुवार की रात गाली-गलौज और मारपीट की घटना ने माहौल गर्मा दिया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाना तुमगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पहली शिकायत प्रदीप निषाद द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब 7:30 बजे गांव के अटल चौक में अंडा ठेला लगाने के दौरान कामता साहू आया और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

प्रदीप का कहना है कि उनके भाई संजू निषाद के बीच-बचाव करने पर कामता ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ितों के मुताबिक उन्हें पीठ, घुटना, गला, हाथ और आंख के पास चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद गांव के डग्गू खुंटे ने घटना देखने की पुष्टि की है।

इसी घटना के कुछ देर बाद कामता साहू ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कामता का आरोप है कि जब वह घांसीराम साहू के घर के सामने बातचीत कर रहा था, तभी प्रदीप और संजू ने उसे अपशब्द कहे और दुकान से बाहर आकर हाथ-मुक्का और लाठी से हमला किया।कामता के अनुसार हमले में उनके सिर, आंख और पैर में चोट आई है। इस घटना का भी गवाह गांव का डागेश खुंटे बताया गया है।

दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत के साथ पुलिस कार्रवाई की मांग की है। घायल होने की पुष्टि पर पुलिस मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के तहत अपराध दर्ज कर सकती है। फिलहाल पुलिस शिकायत लेकर मामले की जांच में जुट गई है।ग्रामीणों में चर्चा – आखिर पहले किसने शुरू किया विवाद?पुलिस CCTV, गवाहों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तय करेगी असली दोषी।

 

तेंदुकोना/मेले में खूनी विवाद! अश्लील टिप्पणी से भड़की रंजिश, युवक पर चाकू से हमला… पुलिस जांच में जुटी

तेंदुकोना/मेले में खूनी विवाद! अश्लील टिप्पणी से भड़की रंजिश, युवक पर चाकू से हमला… पुलिस जांच में जुटी

तेंदुकोना। डोकरपाली गांव में राज गौरी-गौरा मेला सैलानियों और श्रद्धालुओं से भरा हुआ था, लेकिन इसी रौनक के बीच एक डरावनी घटना ने माहौल को दहशत में बदल दिया। मिली जानकारी के अनुसार मेला घूमने आए पचरी गांव के दो युवकों ने आने-जाने वाली महिलाओं पर कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां की, जिसका विरोध करने पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि पीड़ित कुलेश्वर कुमार दीवान जब अश्लील हरकतों को रोकने पहुंचा तो आरोपी युवकों ने पहले गाली-गलौज किया और फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने हाथ-पैर से हमला करने के बाद चाकू जैसे धारदार हथियार से वार किया, जिसमें कुलेश्वर के सीने और आंख के पास गंभीर चोट आई है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवक को पहले सरकारी अस्पताल बागबाहरा और फिर स्थिति गंभीर होने पर महासमुंद के आदित्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित के परिजनों को घटना की जानकारी रात करीब 2 बजे मिली। स्वास्थ्य खराब होने के कारण पीड़ित का बड़ा भाई मौके पर नहीं पहुंच सका। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार हमले में शामिल युवकों के नाम अर्जुन लहरे और आशीष लहरे बताए जा रहे हैं।

फिलहाल मामले की शिकायत थाने में दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना की प्रत्यक्षदर्शी जानकारी घायल के होश में आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश और भय दोनों व्याप्त हैं।

सिंघोड़ा/सरायपाली NH-53 पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल — सिंघोड़ा पुलिस जांच में जुटी 

सिंघोड़ा/सरायपाली NH-53 पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल — सिंघोड़ा पुलिस जांच में जुटी

सिंघोड़ा/सरायपाली। नेशनल हाईवे-53 पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार ने पीछे से दो मोटर साइकिलों को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना 04 दिसंबर 2025 की रात लगभग 8 बजे पैकिन के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पुटका निवासी प्रवीण कुमार भोई अपनी मोटरसाइकिल HF डिलक्स (CG 06 GF 1054) से सरायपाली से घर लौट रहा था। उसके साथ आगे-पीछे दूसरी मोटरसाइकिल फैशन प्रो (CG 06 FL 4578) पर सुमित कुमार रात्रे और उसके पीछे बैठे राकेश कुमार रोहिदास भी चल रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आ रही टाटा नेक्सन कार CG 06 HA 2488 के चालक राजेश कुमार पटेल (उम्र 35 वर्ष, निवासी बोईरमाल थाना सिंघोड़ा) ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।

घायलों की स्थिति नाम वाहन चोटें प्रवीण भोई HF डिलक्स बांया पैर, दाहिना हाथ एवं शरीर में चोट, सुमित कुमार रात्रे फैशन प्रो सिर, बांया हाथ एवं शरीर में खरोंच, राकेश कुमार रोहिदास –* सिर व दोनों पैरों में चोट

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरायपाली भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा हादसा हादसे को रेवाशंकर भोई और अरखित भोई ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने मामला दर्ज किया: पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना सिंघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी वाहन चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

 

बसना /देर शाम धावा… महिला गिरफ्तार… क्या था जर्किन में? पुलिस भी चौंक गई!

बसना /देर शाम धावा… महिला गिरफ्तार… क्या था जर्किन में? पुलिस भी चौंक गई!

बसना। अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान बसना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला को अवैध शराब रखते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में महुआ शराब बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना बसना में पदस्थ म० प्र० आर० चंचल बंसवार को सूचना मिली कि ग्राम ताला में एक महिला अपने घर के सामने अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

घटना स्थल पर घेराबंदी कर आरोपिया प्रभाति सेठ पति विपिन सेठ उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम ताला को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीले रंग के 5 लीटर क्षमता वाले जर्किन में लगभग 4 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 800 रुपये बताई जा रही है। महिला से शराब संबंधी दस्तावेज मांगे गए, परंतु वह कोई भी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सकी। जिसके आधार पर धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी के बाद मामले को जमानतीय पाए जाने पर आरोपिया को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया। बरामद शराब को मौके पर ही सीलबंद कर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

आरोपित: प्रभाति सेठ (28)  जब्त शराब: 4 लीटर महुआ शराब  धारा: 34(1) आबकारी एक्ट  स्थान: ग्राम ताला, थाना बसना, जिला महासमुंद  नोट: पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बेचने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

महासमुंद : धान उपार्जन केंद्र पथरला में अव्यवस्था मिलने पर नए प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति

महासमुंद : धान उपार्जन केंद्र पथरला में अव्यवस्था मिलने पर नए प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति

महासमुंद,खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा धान उपार्जन केन्द्र पथरला का निरीक्षण किया गया, जिसमें केंद्र संचालन में अव्यवस्था एवं अनियमितताएँ पाई गईं।

निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर छानबीन कमेटी जिला महासमुन्द की बैठक दिनांक ’04 दिसंबर को एजेण्डा क्रमांक 01 के तहत प्राधिकृत अधिकारी में बदलाव की अनुशंसा की गई। इसके फलस्वरूप उपायुक्त सहकारिता श्री द्वारिका नाथ द्वारा पूर्व में प्राधिकृत किए गए अशासकीय व्यक्ति श्री दिनदयाल भोई के स्थान पर आगामी आदेश या बोर्ड का निर्वाचन होने तक  संस्था के समस्त कार्यों के सुचारू रूप से संचालन के लिए श्री उसत प्रधान, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. रायपुर शाखा पिरदा को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम, 1960 की धारा 49(8) के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। नव-नियुक्त प्राधिकृत अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे संस्था के सभी कार्यों का संचालन नियमों के अनुरूप, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।

रायपुर : प्रतिबंधित काष्ठों का अवैध परिवहन पकड़ा गया, वन विभाग ने की जप्ती

रायपुर : प्रतिबंधित काष्ठों का अवैध परिवहन पकड़ा गया, वन विभाग ने की जप्ती

रायपुर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार प्रदेश में वन्य अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दुर्ग जिले के धमधा एवं पाटन वनमंडल में विभागीय टीम द्वारा 04 दिसंबर 2025 को निर्धारित रोस्टर व रात्रि गश्त के दौरान प्रतिबंधित काष्ठों का अवैध परिवहन कर रहे 05 वाहनों को पकड़कर जब्त किया गया।

वन संरक्षण को मजबूत करने के लिए वनों की कटाई पर रोक, सघन वृक्षारोपण, अवैध व्यापार पर सख्ती, जन जागरूकता अभियान, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और सख्त कानूनी ढाँचे (जैसे वन संरक्षण अधिनियम) का पालन जरूरी है । प्रतिबंधित काष्ठों का अवैध परिवहन करते पकड़े गए वाहनों पर वन अपराध क्रमांक 76/22, 76/23, 76/24, 76/25 एवं 53/24 दिनांक 05 दिसंबर 2025 को पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें से चार वाहन सीजी 04 जेसी 8048, सीजी 06 एम 0463, सीजी 07 सीए 1055 और सीजी 07 सी 7985 को जब्त कर पाटन डिपो में रखा गया है, जबकि सीजी 04 जेडी 7725 को कुम्हारी डिपो में सुरक्षित रखा गया है।

डीएफओ श्री दीपेश कपिल ने बताया कि नियमानुसार आरोपियों से मुआवजा अधिरोपित करते हुए प्रतिबंधित काष्ठों को राजसात करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन संरक्षण को मजबूत करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण, सघन गश्त और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

 

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य जानिए कैसा होगा आपका आज का दिन 

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य जानिए कैसा होगा आपका आज का दिन

🗓आज का पञ्चाङ्ग🗓 🌻शनिवार, ०६ दिसम्बर २०२५🌻,सूर्योदय: 🌄 ०७:०६,सूर्यास्त: 🌅 ०५:२९,चन्द्रोदय: 🌝 १८:३५,चन्द्रास्त: 🌜०८:३२,अयन 🌘 दक्षिणायणे (दक्षिण गोले) ऋतु: 🌳 हेमन्त,शक सम्वत: 👉 १९४७ (विश्वावसु),विक्रम सम्वत: 👉 २०८२ (सिद्धार्थी),मास 👉 पौष ,पक्ष 👉 कृष्ण , तिथि 👉 द्वितीया (२१:२५ से तृतीया),नक्षत्र 👉 मृगशिरा (०८:४८ से आर्द्रा, ३०:१३ से पुनर्वसु),योग 👉 शुभ (२३:४६ से शुक्ल),प्रथम करण 👉 तैतिल (११:०७ तक),द्वितीय करण 👉 गर (२१:२५ तक)

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य एम ए संस्कृत हस्तरेखा वास्तु शास्त्र भूमि भवन में वास्तु दोष निवारण पारिवारिक जीवन में तनाव बच्चों को पढ़ाई में मन नहीं लगता विवाह विलम्ब राज़ योग भाग्योदय व्यापार व्यवसाय में वृद्धि जन्म कुंडली निर्माण कालसर्प योग मांगलिक योग पितृ दोष निवारण भविष्य में होने वाले घटनाक्रम की जानकारी विदेश यात्रा पति-पत्नी में मतभेद प्रेम प्रसंग में सफलता ज्योतिष परामर्श ज्योतिष कार्यालय जोगनीपाली तहसील पोस्ट थाना सरायपाली जिला महासमुंद 9926826570 फोन पेय 8889391334

गोचर ग्रहा: ॥ सूर्य 🌟 वृश्चिक ,चंद्र 🌟 मिथुन ,मंगल 🌟 वृश्चिक (अस्त, पश्चिम , मार्गी),बुध 🌟 वृश्चिक (उदित, पूर्व, मार्गी ),गुरु 🌟 मिथुन (उदित, पूर्व, वक्री),शुक्र 🌟 वृश्चिक (उदित, पश्चिम, मार्गी),शनि 🌟 मीन (उदय, पूर्व, मार्गी),राहु 🌟 कुम्भ ,केतु 🌟 सिंह

शुभाशुभ मुहूर्त विचार: अभिजित मुहूर्त 👉 ११:४७ से १२:२८,अमृत काल 👉 २१:१८ से २२:४३, द्विपुष्कर योग 👉 ०६:५९ से ०८:४८, विजय मुहूर्त 👉 १३:५१ से १४:३२, गोधूलि मुहूर्त 👉 १७:१४ से १७:४२, सायाह्न सन्ध्या 👉 १७:१७ से १८:३९, निशिता मुहूर्त 👉 २३:४१ से २४:३६, राहुकाल 👉 ०९:३४ से १०:५१, राहुवास 👉 पूर्व, यमगण्ड 👉 १३:२५ से १४:४२,वोदुर्मुहूर्त 👉 ०६:५९ से ०७:४०,होमाहुति 👉 चन्द्र (०८:४८ से मंगल)दिशाशूल 👉 पूर्व, अग्निवास 👉 आकाश , चन्द्र वास 👉 पश्चिम, शिववास 👉 सभा में (२१:२५ से क्रीड़ा में)

चौघड़िया विचार☄॥ दिन का चौघड़िया ॥ १ – काल २ – शुभ ३ – रोग ४ – उद्वेग ५ – चर ६ – लाभ ७ – अमृत ८ – काल ॥रात्रि का चौघड़िया॥ १ – लाभ २ – उद्वेग ३ – शुभ ४ – अमृत ५ – चर ६ – रोग ७ -काल ८ – लाभ नोट👉 दिन और रात्रि के चौघड़िया का आरंभ क्रमशः सूर्योदय और सूर्यास्त से होता है। प्रत्येक चौघड़िए की अवधि डेढ़ घंटा होती है।

शुभ यात्रा दिशा: पश्चिम-दक्षिण (वाय विन्डिंग अथवा तिल मिश्रित चावल का सेवन कर यात्रा करें)तिथि विशेष: बुध वृश्चिक में २०:२५ से, विवाहादि मुहूर्त धनु ल० (प्रातः ०८:०७ से ०८:२९ तक), नींव खुदाई एवं गृहारम्भ मुहूर्त+गृह प्रवेश मुहूर्त+व्यवसाय आरम्भ मुहूर्त+देवप्रतिष्ठा मुहूर्त प्रातः ०८:२१ से ०८:४७ तक, वाहन क्रय-विक्रय मुहूर्त दोपहर १२:१७ से सायं ०४:०३ तक आदि।

आज जन्मे शिशुओं का नामकरण : आज ०८:४८ तक जन्मे शिशुओ का नाम मृगशिरा नक्षत्र के चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (की) नामाक्षर से तथा इसके बाद ३०:१३ तक जन्मे शिशुओ का नाम आर्द्रा नक्षत्र के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (कु, घ, ड, छ) नामाक्षर से तथा इसके बाद जन्मे शिशुओ का नाम पूनर्वसु नक्षत्र के प्रथम चरण अनुसार (के) नामाक्षर से रखना शास्त्र सम्मत है।

उदय-लग्न मुहूर्त: वृश्चिक – २९:२९ से ०७:४८, धनु – ०७:४८ से ०९:५२, मकर – ०९:५२ से ११:३३,कुम्भ – ११:३३ से १२:५९, मीन – १२:५९ से १४:२२, मेष – १४:२२ से १५:५६, वृषभ – १५:५६ से १७:५१, मिथुन – १७:५१ से २०:०६,कर्क – २०:०६ से २२:२७, सिंह – २२:२७ से २४:४६+, कन्या – २४:४६+ से २७:०४+,तुला – २७:०४+ से २९:२५+

पञ्चक रहित मुहूर्त: मृत्यु पञ्चक – ०६:५९ से ०७:४८, अग्नि पञ्चक – ०७:४८ से ०८:४८, शुभ मुहूर्त – ०८:४८ से ०९:५२, रज पञ्चक – ०९:५२ से ११:३३, शुभ मुहूर्त – ११:३३ से १२:५९, पञ्चक – १२:५९ से १४:२२, रज पञ्चक – १४:२२ से १५:५६, शुभ मुहूर्त – १५:५६ से १७:५१

चोर पञ्चक – १७:५१ से २०:०६, शुभ मुहूर्त – २०:०६ से २१:२५, रोग पञ्चक – २१:२५ से २२:२७, शुभ मुहूर्त – २२:२७ से २४:४६+, मृत्यु पञ्चक – २४:४६+ से २७:०४+, अग्नि पञ्चक – २७:०४+ से २९:२५+, अग्नि पञ्चक – २९:२५+ से ३०:१३+, शुभ मुहूर्त – ३०:१३+ से ३१:००+

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज के दिन परिस्थितियां पहले से बेहतर बनेगी। आज आप किसी भी हालत में समझौता करने के पक्ष ने नही रहेंगे चाहे नुकसान ही क्यो ना हो। दिनचर्या कुछ मामलों को छोड़ सुव्यवस्थित रहेगी। काम धंधा भी मध्यान बाद अकस्मात गति पकड़ेगा लेकिन स्वभाव में नरमी रखे किसी व्यावसायिक अथवा अन्य प्रतिस्पर्धी से गरमा गरमी होने का असर व्यापारिक प्रतिष्ठा पर होगा। धन की आमद आज सहज रूप से ही हो जाएगी फिर भी असंतुष्टि में भाग दौड़ करेंगे खर्च अनियंत्रित होंगे बचत ना के बराबर ही रहेगी। कन्या राशि के लोगो से बहस से बचे। घर मे किसी न किसी से रूठना मनाना लगा रहेगा संतान का सहयोग मिलेगा। गठिया अथवा जननेन्द्रिय संबंधित समस्या उभरेगी।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज का दिन पहले की तुलना में सुधार वाला रहेगा लेकिन आज धन की प्राप्ति केवल जोखिम लेकर ही हो सकेगी। कार्य क्षेत्र पर हानि के भय से जल्दी से कोई बड़ा निर्णय नही लेंगे भयभीत ना हो निसंकोच होकर किसी भी प्रकार का जोखिम विशेष कर निवेश करें वरना निकट भविष्य में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। व्यवसाय में आज किया निवेश तुरंत लाभ तो नही देगा लेकिन आने वाले दिनों में इसका सकारत्मक परिणाम अवश्य मिल सकेगा। धर्म कर्म टोन टोटको में भी रुचि रहेगी इनपर समय और अल्प धन भी व्यय होगा। भाई बंधु और स्त्री वर्ग का मिजाज चढ़ा रहेगा सतर्क रहकर व्यवहार करें। सेहत में कुछ ना कुछ नुक्स लगा रहेगा।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज के दिन आपका मन काल्पनिक दुनिया की सैर करेगा मन मे खयाली पुलाव पकाएंगे लेकिन कर्म करने में लचीले रहेंगे। आज आप जिस भी कार्य को करेंगे उसकी सफ़लता असफ़लता किसी अन्य के हाथ मे रहेगी विशेष कर पति अथवा पति से बनाकर चले अन्यथा अंत समय मे सारी योजना रखी रह जायेगी। मध्यान के आस पास अकस्मात ही कही से धन की प्राप्ती होगी इसी से दैनिक खर्च के साथ भविष्य के खर्च चलाने पड़ेंगे इसलिए फिजूल खर्ची पर नियंत्रण लाये। आज व्यसन अथवा दुराचरण से बच कर रहे पारिवारिक मान हानि के साथ शारीरिक रूप से भी नुकसान देह रहेगा। कमर से नीचे के भाग में कोई नया रोग उभरने की संभावना है।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): आज के दिन आप सुनेंगे सबकी लेकिन करेंगे अपने ही मन की फिर भी आज व्यवसाय से आकस्मिक लाभ होने पर स्थिति बिगड़ने नही पाएगी दिन के आरंभ में जो लोग आपके निर्णयों के विरोध कर रहे थे सफर बाद वे ही समर्थन करते दिखेंगे। घर मे भाई बंधुओ से किसी पुश्तैनी अथवा व्यावसायिक बात को लेकर कहा सुनी हो सकती है। भागीदारी के कार्यो में निवेश से बचे अन्यथा हानि ही होगी इसके विपरीत एकल कार्यो में लाभ आवश्यकता से अधिक ही होगा। परिवार का वातावरण पल पल में बदलने पर असमंजस में रहेंगे संताने जिद पर अडेंगी मांगे मनवाकर ही शांत होंगी। मुह पर मीठा बोलने वालों से सतर्क रहें खास कर धनु एवं कुम्भ राशि जातको पर जल्दी से विश्वास ना करें। मानसिक संतुष्टि नही रहेगी।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज का दिन बीते कल की तुलना में बेहतर रहेगा। समाज से सम्मान तो मिलेगा इसके लिए व्यस्तता से समय भी निकालना पड़ेगा। कार्य व्यवसाय में भी प्रगति होगी लेकिन धन लाभ के समय आश्वाशन ही मिलने से निराश रहेंगे। पूजा पाठ के लिए समय कम ही मिलेगा फिर भी परोपकार के अवसर खाली नही जाने देंगे जरूरतमंदो को आप जितना हो सके उतना सहयोग करेंगे। व्यवसायी वर्ग कार्य स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करें निकट भविष्य में आगजनी अथवा अन्य किसी प्रकार से सामान अथवा आर्थिक क्षति होने की संभावना है। विरोधी पक्ष प्रबल रहेगा लेकिन परोपकार का पुण्य हानि नही होने देगा। संतानों अथवा घर के किसी सदस्य की गलत आदत से मन आहत होगा। घुटनो अथवा अन्य शारीरिक अंगों में निर्बलता रहेगी।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज के दिन आपमे धार्मिक भावनाए जागृत होंगी पूजा पाठ के लिए समय तो निकालेंगे लेकिन मन टोन टोटको पर ज्यादा विश्वाश करेगा लेकिन इनको करना ना करना एक बराबर ही है समय और धन की बर्बादी ही होगी। कार्य व्यवसाय से बीते दिनों की तुलना में लाभ में वृद्धि होगी। व्यवसाय में विस्तार के अवसर भी मिलेंगे परन्तु गलत मार्गदर्शन के कारण कर नही पाएंगे वर्तमान परिस्थित अनुसार आज काम मे विस्तार ना कर पाना अखरेगा लेकिन बाद में संतोष भी देगा। परिवार में बड़े बुजुर्गों से भाई बंधुओ को लेकर वैचारिक मतभेद रहेंगे। आवश्यक कार्य कल के लिए ना टाले संध्या बाद से सेहत में नरमी आने के कारण अधूरे रह सकते है।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन पिछले दिनो की अपेक्षा बेहतर रहेगा सेहत में सुधार अनुभव करेंगे। प्रातः काल से ही व्यवसाय अथवा किसी आवश्यक घरेलू कार्य में विलंब होने की चिंता रहेगी लेकिन दोपहर बाद सही कार्य स्वतः ही व्यवस्थित होने लगेंगे। कार्य क्षेत्र पर अधिक प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा लेकिन आज आप दिन के आरम्भ में जो भी योजना बनाएंगे उसमे आज नही तो कल सफलता अवश्य मिलेगी इसलिये मेहनत में कमी ना रखे। धन के व्यर्थ कार्यो पर खर्च को रोकने में असमर्थ रहने के कर आर्थिक कारणों से असंतुष्ट ही रहेंगे कल से परिस्थिति हर प्रकार से पक्ष में रहेगी। सरकार संबंधित उलझनों में फंसने की भी संभावना है अनैतिक कार्यो से दूर रहे। धर्म कर्म में कम रुचि रहेगी। घर की बड़ी महिलाओ से कहा सुनी हो सकती है।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज के दिन परिस्थितियां उलझन में डालने वाली बन रही है। आज कोई भी कार्य करने से पहले उसकी रूप रेखा अवश्य बना कर चले साथ ही हानि लाभ की समीक्षा भी पहले ही कर ले अन्यथा समय और धन की बर्बादी हो सकती है। दिनचर्या दिशाहीन रहने के कारण जिस भी कार्य को करेंगे उसे बीच मे ही अन्य काम पड़ने पर छोड़ना पड़ेगा। व्यवसाय में भी लाभ के पास पहुचते पहुचते भ्रमित हो जाएंगे। संध्या के आस पास ही थोड़ा बहुत धन लाभ हो सकेगा। नौकरी वाले जातक आज जल्दी से काम करने के मूड में नही रहेंगे। घरलू खर्चो में संकीर्णता दिखाना कलह का कारण बनेगा। महिलाए ईर्ष्या भाव से ग्रसित रहेंगी किस्मत को दोष देंगी। अकस्मात यात्रा के योग बन रहे है।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे) :आज के दिन से आप काफी आशाएं लगा कर रहेंगे परन्तु एक समय मे अधिक कार्य करने पर मतिभ्रम का शिकार बनेंगे। कार्य व्यवसाय सामान्य रहेगा लेकिन आकस्मिक कार्य आने पर उचित समय नही दे पाएंगे अधीनस्थ सहकर्मियों का ऊपर निर्भर रहना पड़ेगा। यात्रा की योजना दिन के आरंभ से ही बनेगी इस पर व्यर्थ खर्च भी करना पड़ेगा। घर मे संतान के कारण कोई नई परेशानी खड़ी होगी लेकिन उच्च पदस्थ लोगों का सहयोग मिलने से राहत मिल जाएगी सरकार संबंधित कार्य संध्या से पहले पूर्ण करने का प्रयास करे अन्यथा कुछ समय के लिये लंबित रह जायेगा। परिवार की महिलाए विशेष कर स्त्री वर्ग मानसिक तनाव से ग्रसित रहेंगी। कंधे कमर अथवा अन्य शारीरिक जोड़ो में दर्द रह सकता है।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी) :आज भी आपका हठीला स्वभाव बनते कार्यो में विलंब करेगा लोग आपसे व्यवहार तो करेंगे लेकिन केवल स्वार्थ पूर्ति के लिए ही अंदर से आदर का भाव नही रहेगा। कार्य क्षेत्र पर सहयोग की कमी रहेगी जिससे अधिकांश कार्य अपने ही बल करने ओढ सकते है। नौकरी पेशा लोग भी अधिकारियों से नाराजगी के चलते कार्यो को मनमाने ढंग से जल्दबाजी में करेंगे। धन की आमद आज जिस समय उम्मीद नही होगी तब अकस्मात ही होगी। आज विवेकी सोच रखें अन्यथा आने वाले दिनों में इसका अशुभ परिणाम अवश्य भोगना पड़ेगा। घर के सदस्य विशेष कर स्त्री अथवा संताने अपनी मांगे मनवाने के लिये अशांति फैलाएंगी इन्हें समय पर पूरा करे वरना आने वाले कल शांति से बैठना मुश्किल होगा। संध्या बाद किसी अरिष्ट की आशंका से मन भयभीत रहेगा।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) :आज के दिन आप पिछली गलतियों से सीख लेकर ही सभी क्षेत्र पर व्यवहार करेंगे इससे मान सम्मान में वृद्धि के साथ ही नुकसान में भी कमी आएगी। कार्य व्यवसाय अथवा सामाजिक क्षेत्र पर विरोधियो के प्रति नरम व्यवहार रखना आज कुछ ना कुछ लाभ ही देकर जाएगा। आज की मेहनत निकट भविष्य में धन लाभ के नए मार्ग खोलेगी इसमे कमी ना रखे। आज भी धन लाभ आशानुकूल रहेगा फिर भी धन संबंधित प्रसंग आने पर दिमाग गर्म होगा इससे बचे। महिला वर्ग कार्य समय पर करेंगी लेकिन अहसान भी जताएंगी। भाई बंधुओ को आपके अथवा आपको उनसे उनके सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी व्यवहारिक रहे ईर्ष्या बनते कामो की बिगाड़ेगी। सेहत लगभग सामान्य ही रहेगी।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज के दिन शांति से बिताने की आवश्यकता है आज आप स्थित को भांप कर ही व्यवहार करेंगे परन्तु सामने वाला आपकी परिस्थिति का खयाल नही करेगा धन सम्बन्धित मामले किसी ना किसी रूप में कलह का कारण बनेंगे इन्हें प्रेम से निपटाने का प्रयास करें। कार्य व्यवसाय से धन की आमद तो होगी लेकिन कोई न कोई खर्च लगा रहने से संध्या बाद हाथ खाली ही रह जायेगा। पति पत्नी की घरेलू कलह बाहर के लोगो तक न पहुचे इसका विशेष ध्यान रहे लोग सुलझाने की जगह आनंद लेंगे। संतानो का व्यवहार भी अनापेक्षित रहने से अंदर ही अंदर परेशान रहेंगे कहल बढ़ने के डर से विरोध भी नही कर पाएंगे। सेहत ठीक ही रहेगी। मध्य रात्रि बाद स्थिति में सुधार आने लगेगा।

महासमुंद/राज्य स्तरीय खो खो चैंपियनशिप हेतु महासमुंद जिले की टीम रवाना

महासमुंद/राज्य स्तरीय खो खो चैंपियनशिप हेतु महासमुंद जिले की टीम रवाना

महासमुंद/ 11वीं राज्य स्तरीय ओपन खो खो फेडरेशन जूनियर आयु वर्ग बालक/बालिका का आयोजन छत्तीसगढ़ खो खो एमेच्योर संघ एवं राजनांदगांव खो खो संघ के संयुक्त तत्वाधान में 5 से 7 दिसंबर 2025 तक लाटमेटा राजनांदगांव में आयोजित है। जिसमें राज्य भर की जूनियर खो खो बालक बालिका की टीम शामिल होंगे। इसी तारतम्य में महासमुंद जिला की खो खो जूनियर बालक बालिका के टीम शामिल होने के लिए जा रही है। खो खो दल का रवानगी जिला खो खो संघ के अध्यक्ष श्री बादल मक्कड़ एवं जिला स्काउट एवं गाइड के जिला अध्यक्ष श्री येतराम साहू, अध्यक्ष जिला एथलेटिक संघ महासमुंद श्री पंकज चंद्राकर के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर जिला खो खो संघ के सचिव श्री पुरुषोत्तम ध्रुव, सहसचिव श्री मिथिलेश दीवान, कोषाध्यक्ष श्री हिरेंद्र साहू, श्री कामता साहू, श्री रेखराम ध्रुव, श्री लोकेश मांझी, श्री मदन चौधरी उपस्थित रहे।