बसना के सामाजिक उत्थान को मिले नए पंख: JCI बसना सिटी का भव्य आग़ाज़, सुमित अग्रवाल बने डायरेक्टर, कामेश बंजारा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

बसना के सामाजिक उत्थान को मिले नए पंख: JCI बसना सिटी का भव्य आग़ाज़, सुमित अग्रवाल बने डायरेक्टर, कामेश बंजारा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

बसना/युवा नेतृत्व का नया अध्याय: JCI बसना सिटी के गठन से कौशल विकास और सेवा कार्यों को मिलेगी नई दिशा बसना नगर के सामाजिक, व्यावसायिक और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्था Junior Chamber International (JCI) की बसना सिटी इकाई का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन को नगर के युवाओं के लिए एक सशक्त मंच और भविष्य में सामुदायिक विकास की मजबूत नींव के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं JCI क्रीड के सामूहिक पाठ से हुई, जिससे सभागार सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो गया। समारोह में राष्ट्रीय व जोन स्तर के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर JCI राष्ट्रीय उपाध्यक्ष JFP यशस्विनी, जोन–27 अध्यक्ष JCI JFP CA प्रणव लाथ तथा जोन उपाध्यक्ष JCI JFM रूपम दास विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं स्थानीय मार्गदर्शकों के रूप में वरिष्ठ चिकित्सक एवं विधानसभा संयोजक डॉ. एन.के. अग्रवाल तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल की उपस्थिति ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

समारोह का मुख्य आकर्षण नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा रही। सुमित अग्रवाल को JCI बसना सिटी का डायरेक्टर नियुक्त किया गया, जबकि कामेश बंजारा ने प्रेसिडेंट (अध्यक्ष) पद की जिम्मेदारी संभाली। इसके साथ ही आकाश सिन्हा को सचिव नियुक्त किया गया। शपथ ग्रहण के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पदभार ग्रहण के पश्चात अपने संबोधन में डायरेक्टर सुमित अग्रवाल ने कहा कि JCI केवल एक संस्था नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर छिपे नेतृत्व कौशल को निखारने की वैश्विक कार्यशाला है। बसना सिटी में JCI की स्थापना हमारा सपना था, ताकि यहां के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण और अवसर मिल सके। हमारा उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष कामेश बंजारा ने कहा कि उनकी टीम “सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास” के सिद्धांत पर कार्य करेगी। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और युवा नेतृत्व निर्माण को आगामी कार्ययोजना का प्रमुख आधार बताया।

विशेषज्ञों और नगर के प्रबुद्धजनों का मानना है कि JCI जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्था की बसना में सक्रियता से सकारात्मक सामाजिक बदलाव को गति मिलेगी। इसके माध्यम से युवाओं को नेटवर्किंग, प्रोफेशनल ट्रेनिंग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सीधी भागीदारी का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में पड़ोसी इकाई टिटलागढ़ से प्रेसिडेंट JC शैलेश गोयल, JC निलेश जैन सहित नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में ऊर्जावान युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नई कार्यकारिणी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

बसना/ स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में सभापति प्रकाश सिन्हा बोले—मितानिन दीदियों के बिना स्वस्थ पंचायत की कल्पना अधूरी सेवा-समर्पण की सशक्त मिसाल मितानिन दीदियाँ : प्रकाश सिन्हा

बसना/ स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में सभापति प्रकाश सिन्हा बोले—मितानिन दीदियों के बिना स्वस्थ पंचायत की कल्पना अधूरी सेवा-समर्पण की सशक्त मिसाल मितानिन दीदियाँ : प्रकाश सिन्हा

बसना। मंगल भवन बसना में आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। सम्मेलन में मातृ–शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति प्रकाश सिन्हा, स्वास्थ्य विभाग की सभापति मधु प्रेम खुटे, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मिलाप निराला, सरपंच संघ अध्यक्ष लखन पटेल, उपाध्यक्ष प्रीतम चतुर्वेदी, अमृत चौधरी, पार्षद राकेश डडसेना, शिव चौधरी, आयुष अग्रवाल, सरपंच मिश्रा दीप, श्रीमती सरोजनी कौशिक एवं श्रीमती संतोषनी ओगरे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा ने कहा कि मितानिन दीदियाँ ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। घर-घर जाकर सेवा देना आसान नहीं, लेकिन मितानिन दीदियाँ पूरे समर्पण और संवेदना के साथ यह जिम्मेदारी निभा रही हैं। मितानिन दीदियों के योगदान के बिना स्वस्थ पंचायत की कल्पना संभव नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है—और मितानिन दीदियाँ सेवा व समर्पण की जीवंत मिसाल हैं।

सम्मेलन के दौरान मितानिन दीदियों ने अपने कार्य-अनुभव साझा करते हुए व्यावहारिक चुनौतियों, सुविधाओं और आवश्यक सहयोग से जुड़ी समस्याओं को जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के समक्ष रखा तथा उनके शीघ्र निराकरण की अपेक्षा जताई।

विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य मितानिन दीदियों के योगदान को सम्मान देना, पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और जनप्रतिनिधियों-प्रशासन-स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। वहीं नरेंद्र यादव ने कहा कि सशक्त पंचायत और सजग स्वास्थ्य कार्यकर्ता ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष ठाकुर, मेडिकल ऑफिसर डॉ. केशव साहू, कार्यक्रम अधिकारी प्रेमचंद बंजारे, जिला समन्वयक ज्योति कोरेवा, सविता दास, विकास समन्वयक विनोद पाण्डेय व निरंजना दीप, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक प्रमोद कुमार बारीक व रजनी सेठ, मास्टर ट्रेनर सहित बड़ी संख्या में मितानिन दीदियाँ उपस्थित रहीं। सभी की सक्रिय सहभागिता से सम्मेलन सफल और प्रभावशाली रहा।

सरायपाली/बसना टेंट कार्य के भुगतान विवाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी धाराओं में अपराध दर्ज करने की मांग

सरायपाली/बसना टेंट कार्य के भुगतान विवाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी धाराओं में अपराध दर्ज करने की मांग

सरायपाली/बसना। टेंट एवं केटरिंग कार्य से जुड़े भुगतान विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित टेंट एवं केटरिंग का कार्य करता है। दिनांक 01/02/2026 को अभय सिंह (निवासी ग्रीन अर्थ सिटी, थाना सांकरा, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग) द्वारा बुढ़ादेव नगर सरायपाली में टेंट, लाइट व फ्लावर डेकोरेशन का काम दिया गया। कुल राशि 5,50,000 रुपये तय हुई, जिसमें 2,00,000 रुपये एडवांस दिए गए।

काम पूर्ण होने के बाद दिनांक 05/02/2026 को पीड़ित रायपुर जा रहा था। बसना के पास पहुंचने पर अभय सिंह का फोन आया और सरायपाली बुलाया गया। सरायपाली पहुंचने पर देखा कि पीड़ित के पुत्र शशांक पटले के साथ अभय सिंह एवं पुरुषोत्तम साहू विवाद कर रहे थे।

आरोप है कि काम सही नहीं होने का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। इसी दौरान ज्ञानेन्द्र प्रसाद मिश्रा डंडा लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला किया। हमले में पीड़ित के सिर, बाएं हाथ की कोहनी और बाईं पीठ में चोटें आईं।

घटना को पीड़ित का पुत्र शशांक पटले, वर्कर देवकुमार पटोटी एवं विजय कुमार यादव ने देखा-सुना और बीच-बचाव किया।

पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 117(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।

बसना/तोषगांव शराब भट्ठी के पास युवक पर हमला, गाली-गलौच व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज

बसना /तोषगांव शराब भट्ठी के पास युवक पर हमला, गाली-गलौच व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज

बसना/तोषगांव। पीड़ित युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह कक्षा 11वीं तक पढ़ा-लिखा है और वर्तमान में खेती-किसानी का कार्य करता है। दिनांक 06 फरवरी 2026 को वह अपने गांव के खेमराज हीरवानी के सगाई कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम तोषगांव गया हुआ था।

दोपहर करीब 01 बजे उसे गांव के रतन खुंटे ने सूचना दी कि गोकुल मिरी के अनुसार अर्जुन सिंह मिरी को कुछ लोग पझरापाली शराब भट्ठी रोड पर मारने के लिए दौड़ा रहे हैं। सूचना मिलने पर पीड़ित रतन खुंटे के साथ मौके पर पहुंचा, जहां कुछ लोग हाथों में डंडा लेकर अर्जुन सिंह मिरी को मारने के लिए दौड़ाते दिखे। पीड़ित व रतन खुंटे ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया, जिसके बाद वे वापस सगाई समारोह में लौट आए।

खाना खाने के बाद करीब 03 बजे पीड़ित पुनः रतन खुंटे के साथ तोषगांव शराब भट्ठी के पास गया। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद रितेश नामक व्यक्ति ने पीड़ित को उड़िया भाषा में अश्लील गाली दी। गाली देने से मना करने पर आरोपी रितेश ने अपने हाथ में पहने बाजारू चूड़े को निकालकर पीड़ित पर हमला कर दिया।

हमले में पीड़ित के बाएं कान के पास गंभीर चोट आई, जिससे खून निकलने लगा। घटना को रतन खुंटे सहित अन्य लोगों ने देखा और सुना। अश्लील गाली-गलौच व मारपीट से पीड़ित को अत्यंत मानसिक पीड़ा पहुंची।

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 115(2) एवं 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बसना अग्रवाल नर्सिंग मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में पेट, आंत व लीवर रोगों के लिए विशेष चिकित्सा शिविर, 7 फरवरी को दोपहर 2बजे से विशेषज्ञ डॉ. साकेत अग्रवाल 

बसना अग्रवाल नर्सिंग मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में पेट, आंत व लीवर रोगों के लिए विशेष चिकित्सा शिविर, 7 फरवरी को दोपहर 2बजे से विशेषज्ञ डॉ. साकेत अग्रवाल

बसना। पेट, आंत एवं लीवर से संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए एक विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना में दिनांक 07 फरवरी 2026 को दोपहर 02 बजे से पेट एवं लीवर रोगों के प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. साकेत अग्रवाल मरीजों की जांच व उपचार करेंगे।

इस शिविर में पेट में छाले एवं घाव (अल्सर), आमाशय एवं अग्नाशय की बीमारियां, खून की उल्टी, पेट में पानी भरना, पेट व आंत का कैंसर, टीबी रोग, लीवर की जटिल बीमारियां, पित्ताशय एवं पित्त नली की पथरी, छोटी व बड़ी आंत की समस्याएं, फंगल इंफेक्शन, आंतों की सूजन, पीलिया, हेपेटाइटिस, गैस एवं एसिडिटी जैसी समस्याओं की जांच एवं इलाज किया जाएगा।

अस्पताल में एंडोस्कोपी एवं कोलोनोस्कोपी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। डॉ. अग्रवाल वर्तमान में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर में कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट, हेपेटोलॉजिस्ट एवं एंडोस्कोपिस्ट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीजों के लिए अग्रिम पंजीयन अनिवार्य है तथा पुरानी जांच रिपोर्ट साथ लाना आवश्यक होगा। अधिक जानकारी व पंजीयन हेतु अस्पताल के संपर्क नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

बसना/ आस्था, परंपरा और एकता का संगम बना शबरी मेला महोत्सव : श्रद्धा और संस्कृति के संग शबरी माता माघ पूर्णिमा मेला महोत्सव का भव्य समापन में पहुंचे जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा

बसना/ आस्था, परंपरा और एकता का संगम बना शबरी मेला महोत्सव : श्रद्धा और संस्कृति के संग शबरी माता माघ पूर्णिमा मेला महोत्सव का भव्य समापन में पहुंचे जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा

बसना। ग्राम सिंघनपुर में आयोजित श्री शबरी माता माघ पूर्णिमा मेलाहोत्सव का समापन कार्यक्रम देर रात तक श्रद्धा, आस्था एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामय अवसर पर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं जनपद सदस्य क्षेत्र क्र. 21 अंकोरी प्रकाश सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रकाश सिन्हा ने शबरी माता की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। सवरा समाज के संरक्षक जयदेव भोई, प्रदेश प्रवक्ता एवं संचालक डॉ. तपन भोई समेत पदाधिकारियों द्वारा समस्त अतिथियों का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। श्री सिन्हा ने अपने संबोधन कहा कि शबरी माता माघ पूर्णिमा मेला महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सवरा समाज की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक है।

विराट धनुजात्रा, मीना बाजार, दंड नृत्य एवं फूलझड़ी जैसे आयोजनों ने नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। ऐसे आयोजन समाज की जड़ों को मजबूत करते हैं और संस्कारों को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की। इस अवसर पर जनपद सभापति मधु प्रेम खूंटे, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सेवक दास दीवान, सचिव आर.के. दास, पत्रकार मनहरण सोनवानी, राजू कीर्ति चौहान, डॉ. मुकेश प्रधान, प्रमीत साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

पूरे मेला महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने क्षेत्र में उत्सव का वाताTवरण बनाए रखा।

भाजपा जनकल्याण मंच की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बलौदाबाजार में सम्पन्न 

भाजपा जनकल्याण मंच की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बलौदाबाजार में सम्पन्न

भाजपा जनकल्याण मंच छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को रेस्ट हाउस बलौदाबाजार में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई, बैठक में संगठन को मजबूती के साथ विस्तार करना भारतीय संविधान के निहित मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए संगठन के उद्देश्य को जन जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई

इस बैठक में भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश प्रभारी गिरधारी लाल नायक प्रदेश अध्यक्ष सनत कुमार प्रजापति जी एवं प्रदेश पदाधिकारियों को फुल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया तत्पश्चात भाजपा जनकल्याण मंच छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी गिरधारी लाल नायक ने अपने उद्बोधन में सभी प्रदेश, जिला अध्यक्ष, एवं प्रकोष्ठ एवं मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्षों पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अपने उत्कृष्ट भाषण में कहा कि भाजपा जनकल्याण मंच के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री दर्शन शाह जी ने यह संघठन निर्माण करते हुए पुरे भारत वर्ष में यह संघठन राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, सकारात्मक , पंथनिरपेक्षता,और समाजवाद जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करना संघठन के इन उदेश्य इन विचारों को जन आंदोलन का रूप देते हुए सरकार व शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना , वंचितों के अधिकारों और कल्याण के लिए कार्य करना , समाज सेवा करना एवं हिन्दू राष्ट्र निर्माण के दिशा में कार्य करते हुए अखंड भारत का निर्माण कर भारत को विश्व गुरु के पटल पर ले जा कर खड़ा करना हमारे महापुरुषों का जो सपना पूर्ण रूप से आजादी के इतने वर्षों के बाद भी आज तक पुरा नही हो पाया है जिसे पूरा करने के लिए हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी भी निरंतर कार्य कर रहे हैं उसे साकार करने के लिए हम सब मिलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारधारा के अनुरूप निस्वार्थ भाव से कार्य करना ही हमारे संगठन का मुख्य उद्देश्य है ,इसी उद्देश्य को लेकर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय दर्शन शाह जी ने ऐ संघठन का निर्माण किया है

इस उद्देश्यों को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रभारी गिरधारी लाल नायक एवं प्रदेश अध्यक्ष सनत कुमार प्रजापति एवं आप सभी पदाधिकारियों को दाईत्व मिला है

इस दायित्व को निष्ठा पूर्वक निर्वहन करते हुए हमें पुरे छत्तीसगढ़ में संगठन को विस्तार करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान कर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री दर्शन शाह जी ने जो उद्देश्य से संघठन का निर्माण किया है उन उद्देश्यों को पुरा करना हमारा कर्तव्य ही नहीं बल्कि हमारे धर्म भी है जिसे हम सब को मिल-जुलकर पुरा करना है ऐ अभिभाषण गिरधारी नायक ने रखते हुए मंच को सम्बोधित किया बैठक में आगे मंच को सम्बोधन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सनत कुमार प्रजापति ने अपने उद्बोधन में सभी संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को काहा की हमारा संगठन का नाम ही भाजपा जनकल्याण मंच है,नाम के अनुसार ही जो हमारे जनता है हमें उनके कल्याण के लिए ही कार्य करना संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए जन जन तक सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुचाना ही हमारे संगठन का मुख्य उद्देश्य है ,

आगे अपने उद्बोधन में प्रदेश प्रवक्ता पल्लवधर जी एवं प्रदेश महामंत्री मिट्ठूलाल प्रजापति ने संगठन को पुरे छत्तीसगढ़ में जल्द से जल्द विस्तार करने पर जोर दिया, एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में गरीब,किसान, मजदूर हर वर्ग के लोगों के लिए हम प्रदेश,जिला, विधानसभा, मण्डल एवं गांव स्तर पर जनसुनवाई के माध्यम से जनताओं के समस्या के सुनवाई कर उनके समस्याओं के निराकरण के लिए हमारे संगठन के पदाधिकारी सरकार व शासन प्रशासन से मिलकर जो जनता द्वारा जनसुनवाई के दौरान आई समस्या का निराकरण करवाऐगी

इस प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश के पदाधिकारी लखन चक्रधारी जी, कुमार चक्रधारी जी चिंतामणि साहू , श्रवण ध्रुव , मैकूलाल चक्रधारी, ज्ञानचंद चक्रधारी, सुमित्रा कोरी, रमेश कुमार लहरे, रामविलास साहू अशोक कुमार साहू, दिवांश वर्मा, मुरली यदूराज,नेमसिंह सेन ,सुरज मिरी, सुध्दू सिंह जगत, एवं अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे

रेस्ट हाउस बलौदाबाजार में बैठक के दौरान पहुंचे रायपुर विधायक माननीय श्री सुनील सोनी जी एवं अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सनम जांगड़े से भी भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश प्रभारी गिरधारी लाल नायक प्रदेश अध्यक्ष सनत कुमार प्रजापति एवं प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्षों ने मेल मुलाकात भेंट कर विधायक जी को गुलदस्ता भेंटकर स्वागत सम्मान किया

आज का भविष्यफल : नौकरी, व्यापार और प्रेम जीवन का हाल

आज का भविष्यफल : नौकरी, व्यापार और प्रेम जीवन का हाल

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। यात्रा व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। कानूनी मामलों में लापरवाही न करें। सम्मान व कीर्ति में वृद्धि होगी। व्यापार में नए प्रस्तावों से लाभ मिलने के योग हैं।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। पारिवारिक जिम्मेदारी का पूर्ण ध्यान रखें। रचनात्मक कार्यों का प्रतिफल प्राप्त होगा। व्यापार में उन्नति होगी। कानूनी विवादों का निपटारा होगा।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): बुरी खबर मिल सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दौड़धूप अधिक होगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। मकान व जमीन संबंधी कार्य बनेंगे। संतान पर अनावश्यक रोक न लगाएँ। धन लाभ होने की भी संभावना है। सामाजिक कार्यों में सीमित रहें।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): मेहनत का फल मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। निवेश, यात्रा व नौकरी लाभ देंगे। अपने प्रयासों से उन्नति पथ प्रशस्त करेंगे। इच्छित काम पूर्ण हो सकेंगे। स्वास्थ्य की समस्या सुलझेगी। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): अतिथियों का आगमन होगा। उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। स्वाभिमान रहेगा। प्रमाद न करें। बुद्धि चातुर्य से कठिन कार्य भी आसानी से बनेंगे। वैवाहिक अड़चनें समाप्त होंगी। आय-व्यय में असंतुलन की स्थिति बन सकती है। विरोधी परास्त होंगे।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): यात्रा, निवेश व नौकरी मनोनुकूल रहेंगे। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। भौतिक विकास के कार्यों को बल मिलेगा। भागीदारी के प्रस्ताव आएँगे। दिनचर्या नियमित रहेगी। रिश्तेदारों से भेंट हो सकेगी। दूसरों की आलोचना, निंदा से दूर रहें। फालतू खर्च होगा।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): क्रोध पर नियंत्रण रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। दूसरों पर अतिविश्वास न करें। नई योजनाओं का सूत्रपात होगा। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। व्यावसायिक समस्याओं का हल आपके माध्यम से हो सकेगा। दूसरों से व्यर्थ में न उलझें।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): लेन-देन में सावधानी रखें। पुरानी लेनदारी वसूल होगी। यात्रा सफल रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। व्यवहार-कुशलता से समस्या का समाधान संभव है। व्यापारिक निर्णय लेने में देरी नहीं करना चाहिए। लाभ होगा।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): योजना फलीभूत होगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। प्रसन्नता रहेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। अधूरे पड़े कार्य पूरे होंगे। जीवनसाथी से संबंधों में मधुरता आएगी। प्रयास व सहयोग से अनुकूलता आएगी। पिता से व्यापार के विषय में मतभेद हो सकते हैं।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। सत्संग का लाभ मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। नए प्रस्ताव प्राप्त होंगे। सुखद यात्रा के योग हैं। रचनात्मक काम होंगे। आलस्य को त्यागकर कार्यों को समय पर करने से सफलता प्राप्त हो सकती है।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। सोच-समझकर व्यय करें। व्यापार लाभप्रद रहेगा। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। विवाद समाप्त होने से शांति एवं सुख बढ़ेगा। व्यापार अच्छा चलेगा।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): प्रेम-प्रसंग में सफलता मिलेगी। कानूनी बाधा दूर होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। परोपकारी स्वभाव होने से दूसरों की मदद कर पाएँगे। काम के प्रति लापरवाही न करें। प्रयत्न एवं दूरदर्शिता से सहयोग व समर्थन मिलेगा। लाभ होगा।

राशि फलादेश

 

महासमुंद/ विशेष व्यवस्था के तहत 5 फरवरी को 1304 किसानों से 9882 मेट्रिक टन धान की खरीदी

महासमुंद/ विशेष व्यवस्था के तहत 5 फरवरी को 1304 किसानों से 9882 मेट्रिक टन धान की खरीदी

महासमुंद/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में दी गई विशेष व्यवस्था के तहत महासमुंद जिले में 5 फरवरी को 85 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 1304 किसानों से कुल 9882 मेट्रिक टन धान की खरीदी की गई।

5 फरवरी की स्थिति में अब तक कुल एक लाख 49 हजार 291 किसानों से कुल एक लाख 10 हजार 836 मेट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। जिसमें मोटा धान 8 लाख 25 हजार 443 मेट्रिक टन, पतला धान 32.80 मेट्रिक टन एवं सरना धान एक लाख 85 हजार 360 मेट्रिक टन शामिल है। अब तक कुल 5 लाख 64 हजार 869 मेट्रिक टन धान के उठाव के लिए डी.ओ. जारी किया गया है। जिसके विरूद्ध 3 लाख 40 हजार 497 मेट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है तथा 2 लाख 24 हजार 372 मेट्रिक टन धान उठाव के लिए शेष हैं।

इस विशेष अवधि के अंतर्गत उन किसानों को धान विक्रय का अवसर दिया गया, जिनके टोकन संबंधी प्रक्रिया या सत्यापन में पूर्व में किसी कारणवश विलंब हुआ था। निर्धारित तीन श्रेणियों के किसानों ने आज अपने-अपने उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर सुचारू रूप से धान का विक्रय किया। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी एवं उड़नदस्ता दल पूरे दिन सक्रिय रहे।

महासमुंद /नांदगांव सरपंच पर महिला ने लगाए छेड़छाड़, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी के आरोप, सिटी कोतवाली में शिकायत

महासमुंद /नांदगांव सरपंच पर महिला ने लगाए छेड़छाड़, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी के आरोप, सिटी कोतवाली में शिकायत

महासमुंद — वार्ड क्रमांक 10 नांदगांव निवासी सावित्री चन्द्रवंशी ने ग्राम पंचायत नांदगांव के सरपंच भरत गेन्ड्रे सहित उनके परिजनों पर छेड़छाड़, गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने सिटी कोतवाली महासमुंद में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, वह कक्षा 10वीं तक शिक्षित एवं भूमिहीन है। आरोप है कि सरपंच भरत गेन्ड्रे उसे बार-बार ब्यारा (खलिहान) में बुलाकर अश्लील इशारे करते हैं तथा गाली-गलौज करते हैं। साथ ही यह कहकर धमकाते हैं कि उसका नाम भूमिहीन सूची से काट दिया गया है। पीड़िता का कहना है कि सरपंच के साथियों द्वारा भी उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की जाती रही है।

आवेदन में उल्लेख है कि दिनांक 19 जनवरी 2026 को शाम करीब 6 बजे सरपंच भरत गेन्ड्रे, उनकी पत्नी केशरी गेन्ड्रे एवं सुजीत गेन्ड्रे द्वारा पीड़िता के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में लक्की जांगड़े, थनवारिन चन्द्रसेन एवं एस. कुमार पटेल के नाम भी आवेदन में दर्ज हैं।

पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपियों के कृत्यों से भविष्य में कोई अनहोनी घटना घट सकती है। उसने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) एवं 79 के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर मामले से की जांच की जा रही हैं।