महासमुन्द जिले की 05 देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान हेतु किराए पर भवन लिए जाने 28 नवंबर तक निविदा आमंत्रित

महासमुन्द जिले की 05 देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान हेतु किराए पर भवन लिए जाने 28 नवंबर तक निविदा आमंत्रित

महासमुन्द / वर्ष 2025-26 के लिए जिले की 05 देशी कम्पोजिट मदिरा दुकानों के संचालन के लिए भवन किराए पर लिए जाने हेतु जिला आबकारी विभाग द्वारा तृतीय निविदा आमंत्रित की गई है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित शर्तों एवं निविदा फार्म 28 नवंबर 2025 को दोपहर 1ः00 बजे तक जिला आबकारी कार्यालय, महासमुंद से प्राप्त कर सकते हैं।

निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 28 नवंबर 2025 को दोपहर 2ः00 बजे तक निर्धारित की गई है। निविदा से संबंधित नियम, शर्तें एवं विस्तृत जानकारी जिला आबकारी विभाग महासमुंद तथा विभाग की वेबसाईट www.cg.nic.in/mahasamund पर अवलोकन किया जा सकता है। नवीन 05 मदिरा दुकानों का स्थानांतरण किए जाने व स्वरूप परिवर्तन कर दुकानों के संचालन हेतु भवन किराए पर लिया जाना है। उक्त दुकानों में ग्राम पंचायत रायतुम, खट्टी, बम्हनी, बड़े सजापली एवं आंवराडबरी में संचालित किया जाएगा।

महासमुंद जिले में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार अब 123 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू, 01 लाख 44 हजार 506 क्विंटल धान खरीदा गया

महासमुंद जिले में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार अब 123 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू, 01 लाख 44 हजार 506 क्विंटल धान खरीदा गया

महासमुंद 21 नवंबर 2025/ राज्य शासन के मंशानुरूप खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत कृषक उन्नति योजना के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी बिना किसी रुकावट के तेजी से जारी है। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आज 7वां दिन हैं। जिले के 130 समितियों के 182 उपार्जन केन्द्रों में से 123 केन्द्रों में आज दिनांक तक एक लाख 44 हजार 506.80 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिन केन्द्रों में धान खरीदी की शुरुआत नहीं हुई है लगभग उन सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों से निर्बाध रूप से धान खरीदने की पूरी तैयारी की गई है।

जिले में किसान उत्साह से धान खरीदी केंद्रों में धान लेकर पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में आज प्राथमिक सहकारी समिति बेमचा में धान बेचने आए कृषक श्री प्रहलाद चंद्राकर एवं श्री देवेन्द्र साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में किसानों के हित में उठाए गए कदमों से हमें भरोसा मिल रहा है कि हमारा धान उचित मूल्य पर सुरक्षित तरीके से खरीदी जाएगा। उन्होंने बताया कि खरीदी केन्द्र में व्यवस्था बेहतर और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी है। वे बताते है कि बिना किसी परेशानी के उन्होंने धान का विक्रय किया। उन्होंने सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं और सहयोग के लिए शासन एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया

महासमुंद/मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना से जनता हो रही लाभान्वित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से अब तक लगभग पौने दो लाख मरीजों का इलाज

महासमुंद/मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना से जनता हो रही लाभान्वित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से अब तक लगभग पौने दो लाख मरीजों का इलाज

महासमुंद/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। योजना का मुख्य लक्ष्य शहरी स्लम क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में नगर पालिका परिषद महासमुंद के विभिन्न वार्डों में नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री अशोक सलामे की देखरेख में शिविरों का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।

प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि महासमुंद जिले के शहरी क्षेत्रों में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से अब तक लगभग पौने दो लाख मरीजों का इलाज किया जा चुका है। इनमें से 50 हजार से अधिक नागरिकों के मुफ्त लैब टेस्ट कराए गए हैं तथा डेढ़ लाख से अधिक मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं।

शिविरों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्स और प्रशिक्षित लैब टेक्नीशियन की टीम द्वारा मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और जांच की सुविधा दी जाती है। योजना के अंतर्गत 170 प्रकार की आवश्यक दवाइयां तथा 41 प्रकार की लैब जांच पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके साथ ही नगर के सफाई मित्रों के लिए भी प्रति माह नियमित स्वास्थ्य जांच की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे उनके स्वास्थ्य संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मोबाइल चिकित्सा दल शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को उनके घर के पास ही उच्चतम स्वास्थ्य परामर्श, जांच और दवाइयों की सुविधा प्रदान कर रहा है।

महासमुंद कृषि विभाग के समन्वित प्रयासों से किसानों के समृद्धि के द्वार खुले विभिन्न नवाचारी योजनाओं से आर्थिक उन्नति की दिशा में कारगर पहल

महासमुंद कृषि विभाग के समन्वित प्रयासों से किसानों के समृद्धि के द्वार खुले विभिन्न नवाचारी योजनाओं से आर्थिक उन्नति की दिशा में कारगर पहल

महासमुंद जिले में कृषि विकास को गतिशील एवं लाभकारी बनाने के लिए केन्द्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। आधुनिक सिंचाई तकनीकों के विस्तार से लेकर किसानों को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाने वाली योजनाओं तक, जिले ने लक्ष्य प्राप्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के सफल क्रियान्वयन ने कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के साथ जल संरक्षण, फसल उत्पादकता वृद्धि और किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में विशेष योगदान दिया है।

जिले में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। निर्धारित 151 हेक्टेयर सिंचाई लक्ष्य के विरुद्ध 84 कृषकों के खेतों में 149.66 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था स्थापित की गई। लक्ष्य के लगभग पूर्ण होने से किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाओं का महत्वाकांक्षी लाभ मिला है। वर्ष 2025-26 के लिए कृषि विभाग ने कुल 264 हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली विस्तार का लक्ष्य रखा है, जिसमें 235 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई तथा 29 हेक्टेयर क्षेत्र में स्प्रिंकलर सिंचाई स्थापित की जाएगी। इस योजना से जल संरक्षण, फसलों की उत्पादकता वृद्धि और कृषि लागत में कमी की दिशा में प्रगति होगी।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिले में 1,26,234 किसानों को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है और पात्र किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त के तहत जिले में 25.25 करोड़ रूपए की राशि किसानों को उनके खाते में प्राप्त हुई है। जिले में 1,39,063 किसानों का लैंड सीडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसी प्रकार 1,37,835 किसानों की आधार सीडिंग तथा 1,40,733 किसानों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। जिले में 1,461 पात्र पीव्हीटीजी हितग्राही इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत हैं।

इसी तरह राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 1,920 हेक्टेयर क्षेत्र में मिलेट्स रागी फसल प्रदर्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 1,320 हेक्टेयर में मक्का, 260 हेक्टेयर में उड़द एवं मूंग, 50 हेक्टेयर में मूंगफली तथा 20-20 हेक्टेयर में सूरजमुखी एवं तिल फसल प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही 250 हेक्टेयर क्षेत्र में शैलो ट्यूबवेल सब्सिडी प्रदान करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

NH-53 पर सनसनीखेज वारदात! दो बदमाशों ने की मोबाइल लूट की कोशिश, नाकाम होने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला

NH-53 पर सनसनीखेज वारदात! दो बदमाशों ने की मोबाइल लूट की कोशिश, नाकाम होने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला

तुमगांव। क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। ग्राम टेमरी (थाना कसडोल) निवासी मनोज कुमार डहरिया (37 वर्ष) पर दो अज्ञात बदमाशों ने उस समय हमला कर दिया जब वह NH-53 रोड स्थित शौचालय में अपनी ड्यूटी कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल में सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और मनोज का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने अचानक चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों में एक मोटा तथा दूसरा पतला बताया जा रहा है, जिसमें पतले आरोपी ने सिर पर सफेद गमछा बांधा हुआ था। वारदात के बाद दोनों आरोपी पिथौरा की ओर फरार हो गए।

खून से लथपथ मनोज किसी तरह ढाबा की ओर भागा, जहां मौजूद एक व्यक्ति ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से उसे तत्काल तुमगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया।

घटना के संबंध में मनोज द्वारा थाना तुमगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने धारा 309(6), 109, 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

तुमगांव एवं आसपास के क्षेत्रों में इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।

सिंघोडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम मार्ग पर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, 

सिंघोडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम मार्ग पर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार,

थाना सिंघोडा के सउनि नीलाम्बर सिंह नेताम द्वारा दिवसाधिकारी रहते हुए 20 नवंबर 2025 को अवैध शराब परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम आरक्षक 518, 672 और गवाहों के साथ शासकीय वाहन CG 03 A 1086 में तस्दीक हेतु रवाना हुई।

ग्राम सिंघोडा चौक के पास अर्जुन मिरी और परमानंद स्वाई को कार्यवाही में सहयोग हेतु नोटिस देकर टीम गहनाखार–परसकोल मार्ग पहुंची, जहां मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। घेराबंदी कर पकड़े जाने पर उसने अपना नाम महादेव सिदार (45 वर्ष), निवासी परसकोल बताया।

उसके कब्जे से पीले रंग की 5 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकिन में 5 लीटर तथा सफेद रंग की 1 लीटर प्लास्टिक बोतल में 1 लीटर, कुल 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 1200 रुपये है। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मौके पर शराब को जप्त कर सीलबंद किया गया तथा तलाशी, बरामदगी एवं जप्ती की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी की गई। आरोपी के कृत्य को धारा 34(2) आबकारी एक्ट का अपराध पाते हुए, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में धारा 35(1)(b)(ii) भा.ना.सु.सं. 2023 के तहत चेकलिस्ट तैयार कर 16:30 बजे विधिवत गिरफ्तारी की गई।

घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा देहाती नालसी क्रमांक 0/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तेन्दूकोना/पड़ोसी विवाद में मारपीट और उंगली काटने की वारदात, युवक गंभीर – आरोपी पर BNS की कई धाराओं में अपराध दर्ज

तेन्दूकोना/पड़ोसी विवाद में मारपीट और उंगली काटने की वारदात, युवक गंभीर – आरोपी पर BNS की कई धाराओं में अपराध दर्ज

तेन्दूकोना थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी बुन्देली में बुधवार 19 नवंबर की शाम लगभग 7 बजे ग्राम जगदल्‍ला में मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जगदल्‍ला निवासी हुमन लाल चक्रधारी (31 वर्ष) अपने पड़ोसी खिरोद चक्रधारी के घर के सामने खड़े थे, तभी गांव के ही रूद्र कुमार चक्रधारी वहां पहुंचा और श्यामलाल यादव को काम पर बुलाने की बात को लेकर विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी रूद्र कुमार ने सार्वजनिक स्थान पर हुमन लाल के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने हुमन लाल के बाएं हाथ की बीच वाली उंगली को दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की चीख सुनकर प्रमोद चक्रधारी और अजय चक्रधारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।

घटना से डरे सहमे हुमन लाल ने अगले दिन 20 नवंबर को थाना तेन्दूकोना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपी रूद्र कुमार के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) BNS के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।

प्रकरण की प्रति माननीय न्यायालय JMFC पिथौरा जिला महासमुंद को प्रेषित कर दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

झलप बाजार में तेज रफ्तार का कहर! मोटरसाइकिल ने मारी जोरदार टक्कर,  एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल – रायपुर रेफर

झलप बाजार में तेज रफ्तार का कहर! मोटरसाइकिल ने मारी जोरदार टक्कर,  एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल – रायपुर रेफर

महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरेकेल के किसान परिवार पर दुखद हादसा आया, जब 15 नवंबर की शाम लगभग 4 बजे झलप बाजार में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, रघुनाथ पटेल झलप में मेघनाथ यादव के मुर्गी दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी किए हुए थे। तभी ग्राम सरेकेल निवासी चन्द्रशेखर बघेल अपनी बाइक को अत्यधिक तेजी और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए आया और रघुनाथ पटेल को सीधा टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों मेघनाथ यादव, अवध राम साहू और रूपचंद पटेल ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल रघुनाथ को सरकारी अस्पताल झलप पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया गया कि रघुनाथ के बाएं पैर, सीने और दाहिने कंधे में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद पीड़ित के भाई ने 20 नवंबर को थाना पटेवा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुर्घटना करने वाली मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बनी—अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

ओम हॉस्पिटल सरायपाली में 76 वर्षीय मरीज की सफल सर्जरी, कई महीनों की तकलीफ से मिली राहत

ओम हॉस्पिटल सरायपाली में 76 वर्षीय मरीज की सफल सर्जरी, कई महीनों की तकलीफ से मिली राहत

सरायपाली। ओम हॉस्पिटल सरायपाली में एक और सफल उपचार का मामला सामने आया है। खोकसा, सरायपाली निवासी 76 वर्षीय श्री रतराम चौहान पिछले कई महीनों से पेशाब संबंधित गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। रातभर नींद न लगना, तेज जलन, और पेशाब रुक-रुककर आना जैसे लक्षणों के कारण उनका रोजमर्रा का जीवन बेहद कठिन हो गया था। परिजन भी चिंता में थे और कई जगह इलाज कराने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली।

ओम हॉस्पिटल पहुँचने पर जाँच के दौरान पाया गया कि प्रोस्टेट बढ़ जाने के कारण मरीज की मूत्रनली लगभग बंद हो चुकी थी। स्थिति चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत Cystoscopy + TURP सर्जरी की सलाह दी। मरीज और परिजनों की सहमति पर यह सर्जरी आज ओम हॉस्पिटल सरायपाली में सफलतापूर्वक की गई। खास बात यह है कि मरीज का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया गया।

अभियान का नेतृत्व डॉ. राजेश अग्रवाल (यूरोलॉजिस्ट) और उनकी अनुभवी टीम ने किया। ऑपरेशन पूरी सावधानी के साथ किया गया और मरीज अब सुरक्षित हैं तथा धीरे-धीरे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

परिजन एवं ग्रामीणों ने ओम हॉस्पिटल की टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

ओम हॉस्पिटल सरायपाली ने फिर साबित किया है कि “आपका स्वास्थ्य, हमारी प्राथमिकता” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि उनकी सेवा का मूल आधार है।

बसना अग्रवाल नर्सिंग होम में नि:शुल्क चर्म रोग शिविर का आयोजन, 21 नवंबर को मिलेगी विशेषज्ञ डॉ. एन.एस. पटानी से परामर्श की सुविधा

बसना अग्रवाल नर्सिंग होम में नि:शुल्क चर्म रोग शिविर का आयोजन, 21 नवंबर को मिलेगी विशेषज्ञ डॉ. एन.एस. पटानी से परामर्श की सुविधा

महासमुंद। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बसना द्वारा 21 नवंबर 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नि:शुल्क चर्म रोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में अहमदाबाद (गुजरात) के प्रसिद्ध त्वचा एवं गुप्त रोग विशेषज्ञ डॉ. एन.एस. पटानी (MBBS, MD – Skin) अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे, जिन्हें 25 से अधिक वर्षों का अनुभवी चिकित्सकीय कार्यकाल प्राप्त है।

शिविर में मरीजों को दाद, खाज-खुजली, सफेद दाग, सोरायसिस, फंगल संक्रमण, बाल झड़ना, चेहरे के चकत्ते, शरीर में दाने, नाखूनों के सफेद/कालेपन, एवं अन्य गंभीर त्वचा रोगों की जांच व परामर्श बिल्कुल नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में मरीजों के पहुँचने की संभावना है, जिससे क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर का उद्देश्य आमजन को त्वचा संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना और विशेषज्ञ उपचार तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए अस्पताल द्वारा हेल्पलाइन नंबर 9303623130, 7773086100, 7770868473 जारी किए गए हैं।

अग्रवाल नर्सिंग होम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ अवश्य उठाएँ।