सरायपाली/ संबलपुर (उड़ीसा) ने कांकेर को हराकर जीता खिताब आल इंडिया एमएफसी कप 2025-26 का फाइनल सम्पन्न

सरायपाली/ संबलपुर (उड़ीसा) ने कांकेर को हराकर जीता खिताब आल इंडिया एमएफसी कप 2025-26 का फाइनल सम्पन्न

सरायपाली। मां रुद्रेश्वरी क्रिकेट क्लब, बैतारी एवं मित्रा फिट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय श्री रघुवीर साहू जी की स्मृति में आल इंडिया एमएफसी कप 2025-26 का फाइनल मुकाबला 04 जनवरी 2026, रविवार को दिनाकाशी क्रिकेट मैदान में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ।

फाइनल मुकाबला कांकेर (छत्तीसगढ़) एवं संबलपुर (उड़ीसा) की टीमों के मध्य खेला गया, जिसमें दर्शकों को एक रोमांचक और संघर्षपूर्ण मैच देखने को मिला। शानदार प्रदर्शन करते हुए संबलपुर (उड़ीसा) की टीम ने मुकाबले में विजय हासिल कर खिताब अपने नाम किया।

इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 एवं उपविजेता टीम को ₹50,000 नगद राशि के साथ चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री किरण कुमार साहू जी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विष्णु अग्रवाल जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनीष अग्रवाल, दयालाल पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, ग्राम सरपंच अनिल मुन्ना, उपसरपंच अमित प्रधान, नवीन साहू एवं अमित शनिकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि श्री साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि

सर्वप्रथम मैं इस भव्य आयोजन के लिए मां रुद्रेश्वरी क्रिकेट क्लब बैतारी सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हृदय से बधाई देता हूँ, जिन्होंने मेरे पिता स्वर्गीय श्री रघुवीर साहू जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने हेतु इस अखिल भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। साथ ही जब तक ये खेल मैदान और मै हु तब तक इस से भी बेहतर टूर्नामेंट करने की कोशिश करता रहूंगा। खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, परिश्रम और नेतृत्व सिखाने का एक सशक्त माध्यम है। आज के इस फाइनल मुकाबले में कांकेर और संबलपुर की टीमों ने जिस खेल भावना और जुझारूपन का परिचय दिया, वह निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। मैं दोनों टीमों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूँ तथा विजेता टीम संबलपुर (उड़ीसा) को विशेष रूप से हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।

आयोजन के संरक्षक श्री सुनील साहू तथा मां रुद्रेश्वरी क्रिकेट क्लब के समस्त सदस्य आयोजन में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे, जिससे आयोजन की भव्यता और सफलता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

आयोजकों द्वारा सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।

महासमुंद/ कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। आज जन चौपाल में 60 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।

जन चौपाल में तुमगांव महासमुंद निवासी श्री श्यामलाल साहू ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन किया। इसी प्रकार बागबाहरा के ग्राम केरामुड़ाखुर्द की श्रीमती सिया बाई ठाकुर ने नामांतरण के लिए, ग्राम आमाकोनी के श्री गोविंद मोंगरे ने कर्ण यंत्र मशीन दिलाने के लिए, पिथौरा के ग्राम धरमपुर की सुजबाई मेहर ने बी 1 खसरा नक्शा रिकॉर्ड में दर्ज नाम में सुधार हेतु एवं ग्राम पाटनदादर की बसंती साहू ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के लिए आवेदन दिए। इसके अलावा भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टैक पंजीयन, पीएम आवास लम्बित राशि भुगतान संबंधी एवं अन्य आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

महासमुंद/तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 01 फरवरी से, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

महासमुंद/तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 01 फरवरी से, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

महासमुंद/ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 01 से 03 फरवरी 2026 तक भव्य गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने आज शाम कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं जिला प्रशासन की टीम सिरपुर पहुंची और आयोजन स्थल सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, सिरपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री धम्म शील गणवीर मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जन सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने महोत्सव परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखने, सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तथा दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि महोत्सव परिसर में विभागीय स्टॉल, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, वन उत्पाद, पर्यटन एवं संस्कृति से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिरपुर एवं आसपास के स्थानीय व्यवसायियों, सरस मेला, स्व-सहायता समूहों तथा कारीगरों को स्टॉल आबंटन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल सके। स्टॉल ले-आउट इस प्रकार तैयार किया जाए कि आगंतुकों को आसानी से भ्रमण करने की सुविधा मिले तथा आपातकालीन स्थिति में निकास मार्ग बाधित न हो।

महोत्सव के दौरान बॉलीवुड कलाकारों सहित स्थानीय एवं छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक छटा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का आयोजन प्रति दिन सायं 04ः00 बजे से रात्रि 10ः00 बजे तक किया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन भी किया जाएगा। कलेक्टर ने मुख्य मंच को आकर्षक एवं सांस्कृतिक थीम आधारित सजावट देने के निर्देश दिए। महोत्सव परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन हेतु स्थानीय पंचायत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक दिन कार्यक्रम समाप्ति के बाद कचरा उठाव अनिवार्य रूप से किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, तथा महोत्सव परिसर की सड़कों की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल टैंकरों के नियमित क्लोरीनेशन एवं गुणवत्तापूर्ण जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल का विस्तृत ले-आउट अतिशीघ्र तैयार किया जाएगा तथा विभिन्न सुविधाओं की सतत निगरानी हेतु एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महासमुंद श्रीमती अक्षा गुप्ता, सरपंच श्रीमती पुष्पा के माली, तहसीलदार, जनपद सीईओ, लोक निर्माण, पीएचई, आर ई एस शिक्षा, श्रम, पीएचई, जल संसाधन, कृषि, महिला बाल विकास, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

महासमुंद/धान परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई चार अलग-अलग मामलों में 876 कट्टा धान एवं वाहन भी जब्त

महासमुंद/धान परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई चार अलग-अलग मामलों में 876 कट्टा धान एवं वाहन भी जब्त

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल बीती रात एवं आज विभिन्न स्थानों पर की गई जांच के दौरान अवैध रूप से धान का परिवहन करते पाए जाने पर 876 कट्टा धान एवं वाहनों को जप्त किया गया।

बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत बागबाहरा एसडीएम श्रीमती नमिता मारकोले के नेतृत्व में जांच के दौरान संयुक्त टीम द्वारा खल्लारी क्षेत्र में अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए 84 कट्टा धान के साथ एक वाहन को पकड़ा गया, जिसे थाना खल्लारी के सुपुर्द किया गया। इसी प्रकार एक अन्य कार्रवाई में 45 कट्टा अवैध धान परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन सहित धान को भी थाना खल्लारी के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा बंजारी नाका में जांच के दौरान दो अवैध धान परिवहन वाहनों को पकड़ा गया, जिनमें लगभग 700 कट्टा धान लोड पाया गया। दोनों वाहनों को जप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं तहसील पिथौरा अंतर्गत एसडीएम श्री बजरंग वर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा मां दुर्गा ट्रेडर्स, अरुण कुमार अग्रवाल की दुकान से वाहन में लोड किए जा रहे 47 कट्टा अवैध धान को जप्त कर कृषि उपज मंडी पिथौरा के सुपुर्द किया गया। जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

महासमुंद/ कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक गणतंत्र दिवस की तैयारियों सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

महासमुंद/ कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक गणतंत्र दिवस की तैयारियों सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित कर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं आगामी आयोजनों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने 26 जनवरी के तैयारियों को लेकर कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस का गरिमामय आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभागों द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समय पर तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में आधार बेस्ड उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे कार्यालय में उपस्थित रहें। उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ई-ऑफिस प्रणाली को लेकर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी फाइलों का मूवमेंट ई-फाइल के माध्यम से ही किया जाए, यह अनिवार्य है। इससे कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित होगी। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा गढ़पुलझर, झलप, खल्लारी, सलखण्ड एवं दुर्गापाली में की गई घोषणाओं के समय-सीमा में तथा गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए कहा गया।

धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि धान खरीदी निरंतर जारी रहे। उठाव में देरी के कारण किसी भी स्थिति में खरीदी बंद न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त बैठक में अन्य शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, तथा समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनचौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महासमुंद/ अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर 30 जनवरी को ग्राम घोड़ारी में होगा आयोजित

महासमुंद/ अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर 30 जनवरी को ग्राम घोड़ारी में होगा आयोजित

महासमुंद/ अनुसूचित जातियों के हित में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आदिवासी विकास विभाग द्वारा अस्पृश्यता निवारणार्थ एवं प्रचार-प्रसार सद्भावना शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीमती शिल्पा साय ने बताया कि यह शिविर 30 जनवरी 2026 को महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम घोड़ारी में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा सहभागिता करते हुए अपने-अपने विभागीय योजनाओं, सुविधाओं एवं लाभों की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को प्रदान की जाएगी। शिविर के दौरान अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाएं, आवास, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही शिविर में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रथम पुरस्कार राशि 500 रुपए, द्वितीय 300 रुपए एवं तृतीय पुरस्कार राशि 200 रुपए निर्धारित है। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं इसका लाभ उठाएं।

बसना/ तेज रफ्तार कार ने ली युवक की जान: स्कूटी को पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

बसना/ तेज रफ्तार कार ने ली युवक की जान: स्कूटी को पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

बसना–बिलाईगढ़ रोड | ग्राम गोडमर्रा के पास रात्रि के समय हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कार चालक की लापरवाही व खतरनाक ड्राइविंग के कारण होना बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ताला निवासी नीतिन प्रधान अपने मित्र समीर बारिक के साथ स्कूटी डेस्टिनी (क्रमांक CG23L6785) से घरेलू कार्य से पिरदा गए थे। दिनांक 03 जनवरी 2025 की रात करीब 9:30 बजे, जब वे पिरदा से वापस अपने गांव ताला लौट रहे थे, तभी बसना–बिलाईगढ़ रोड पर ग्राम गोडमर्रा के पास पीछे से आ रही मारुति स्विफ्ट कार (क्रमांक CG06GZ9597) के चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नीतिन प्रधान के सिर, चेहरे और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, वहीं समीर बारिक के चेहरे में चोट लगी। घटना के बाद डायल 112 के माध्यम से दोनों को सरकारी अस्पताल बसना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीतिन प्रधान को मृत घोषित कर दिया। घायल समीर बारिक को बेहतर उपचार के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतक नीतिन प्रधान का 04 जनवरी 2026 को पोस्टमार्टम एवं अंतिम संस्कार किया गया। इसके पश्चात परिजनों द्वारा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में धारा 184 LKS, 106(1) BNS, 125(a) BNS एवं 281 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

👉 पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात्रि में गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

रिफंड के नाम पर बड़ा ऑनलाइन फ्रॉड: SBI खाते से ₹2.49 लाख उड़ाए, मोबाइल हैक कर की ठगी

रिफंड के नाम पर बड़ा ऑनलाइन फ्रॉड: SBI खाते से ₹2.49 लाख उड़ाए, मोबाइल हैक कर की ठगी

तुमगांव | महासमुंद ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान रिफंड प्रक्रिया के नाम पर एक व्यक्ति के साथ करीब ढाई लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार ठाकुर (44 वर्ष) निवासी बिजरापाली, थाना तेन्दुकोना (वर्तमान निवास तुमगांव) ने थाना तुमगांव में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है। प्रार्थी ने बताया कि दिनांक 03 जनवरी 2026 को उन्होंने अपनी कार के लिए ऑनलाइन BOODMO कंपनी से 4 नग व्हील रिम ऑर्डर किए थे, जिसके लिए ₹4060 का भुगतान YONO SBI के माध्यम से किया गया। भुगतान के बाद ऑर्डर कन्फर्म नहीं दिखने पर उन्होंने गूगल से BOODMO कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजकर कॉल किया।

कॉल रिसीव न होने पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उन्हें वापस कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को कंपनी का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताया। रिफंड की प्रक्रिया के नाम पर आरोपी ने पीड़ित को Play Store से “helpdest host” नामक एप डाउनलोड करवाया और बताए अनुसार जानकारी भरवाई। इसके बाद देर रात पीड़ित का मोबाइल हैक हो गया।

दिनांक 04 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 11:29 बजे, पीड़ित के SBI बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए

₹35,999, ₹99,999, ₹14,000, ₹90,000 और ₹9,990

इस प्रकार कुल ₹2,49,988 की राशि ऑनलाइन ठगी कर निकाल ली गई।

पीड़ित ने तत्काल SBI बैंक में शिकायत दर्ज कराई तथा सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी रिपोर्ट की, जहां से उन्हें शिकायत क्रमांक प्राप्त हुआ। इसके पश्चात उन्होंने थाना तुमगांव में एफआईआर दर्ज कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।

पुलिस द्वारा प्रार्थी के आवेदन पर धारा 318(4) BNS एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और मामले की जांच विवेचना में ली गई है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, रिफंड लिंक या रिमोट/हेल्प एप डाउनलोड करने से पहले सतर्क रहें और ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर सूचना दें।

सरायपाली ओम हॉस्पिटल में 7 जनवरी को शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम प्रकाश साहू देंगे परामर्श सुबह 11बजे से 

सरायपाली ओम हॉस्पिटल में 7 जनवरी को शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम प्रकाश साहू देंगे परामर्श सुबह 11बजे से

सरायपाली एनएबीएच एंट्री लेवल से मान्यता प्राप्त ओम हॉस्पिटल में दिनांक 7 जनवरी 2026, बुधवार को विशेष शिशु रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम प्रकाश साहू (MBBS, DNB, Paediatrics, PGPN) बच्चों से जुड़ी विभिन्न बीमारियों का परीक्षण एवं परामर्श देंगे।

डॉ. साहू द्वारा अस्थमा, निमोनिया, पीलिया, उल्टी-दस्त, मौसमी बुखार, डेंगू, मलेरिया, मिर्गी, सांस लेने में तकलीफ, दिमागी बुखार, नवजात शिशुओं की बीमारियां, दूध पिलाने में कठिनाई, अंधापन एवं बहरापन जैसी समस्याओं पर विशेष रूप से परामर्श दिया जाएगा।

हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार परामर्श सुबह 11 बजे से उपलब्ध रहेगा। मरीजों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बीज कार्ड एवं बीमा योजना के अंतर्गत निःशुल्क या रियायती इलाज की सुविधा प्रदान की जाएगी।

इसके साथ ही प्रत्येक गुरुवार निःशुल्क परामर्श की सुविधा भी ओम हॉस्पिटल में उपलब्ध है।

अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें –

📞 07725-299360, 📱 83700-08558

📍 ओम हॉस्पिटल, राष्ट्रीय राजमार्ग, सरायपाली (छ.ग.)

महासमुंद/ कलेक्टर श्री लंगेह ने किया सरायपाली में सीमावर्ती जांच चौकियों का निरीक्षण

महासमुंद/ कलेक्टर श्री लंगेह ने किया सरायपाली में सीमावर्ती जांच चौकियों का निरीक्षण

महासमुंद/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य शासन के मंशानुरूप धान खरीदी का कार्य पारदर्शिता के साथ सुचारू रूप से संचालित करने हेतु कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा जिले में लगातार धान खरीदी केंद्रों एवं अंतर्राज्यीय जांच चौकियों का निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सोमवार शाम को सरायपाली अंतर्गत ओडिसा राज्य की सीमा से लगे सिरपुर, रेहटीखोल और छिबरा में अंतर्राज्यीय जांच चौकियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान परिवहन से संबंधित अभिलेखों, ऑनलाइन एंट्री, वाहन जांच रजिस्टर, सुरक्षा प्रबंधन तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध धान परिवहन एवं अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जांच चौकी पर तैनात अधिकारियों को सभी आने-जाने वाले धान लदे वाहनों की सघन जांच करने, ई-पास एवं वैध दस्तावेजों का मिलान करने तथा संदेहास्पद वाहनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच चौकियों पर निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शिकायत मिलने पर त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम अनुपमा आनंद, तहसीलदार श्रीधर पंडा और राजस्व,मंडी के कर्मचारी मौजूद थे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि अंतर्राज्यीय चौकियों पर पारदर्शिता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। इसलिए ड्यूटी के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने टीम को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए।