महासमुंद/समावेशी शिक्षा के तहत फिजियो व स्पीच थैरेपिस्ट पदों पर भर्ती 19 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/समावेशी शिक्षा के तहत फिजियो व स्पीच थैरेपिस्ट पदों पर भर्ती 19 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/ भारत शासन की महत्वाकांक्षी योजना समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला एवं विकासखंड स्तर पर संसाधन स्त्रोत केंद्रों की स्थापना की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा ने बताया कि इन संसाधन स्त्रोत केंद्रों में 01 फिजियो थैरेपिस्ट एवं 01 स्पीच थैरेपिस्ट के पदों पर 31 मार्च 2026 तक कार्य हेतु नियुक्ति की जानी है।

उक्त पदों पर नियुक्ति के लिए योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। इस संबंध में इच्छुक अभ्यर्थी जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.mahasamund.gov.in पर विस्तृत जानकारी का अवलोकन कर सकते हैं।

महासमुंद /जिले की 551 ग्राम पंचायतों में मॉडल जीपीडीपी को लेकर प्रशिक्षण प्रक्रिया जारी

महासमुंद /जिले की 551 ग्राम पंचायतों में मॉडल जीपीडीपी को लेकर प्रशिक्षण प्रक्रिया जारी

महासमुंद / जिले में ग्राम पंचायतों की समग्र एवं आवश्यकता आधारित विकास योजना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मॉडल ग्राम पंचायत विकास योजना (मॉडल जीपीडीपी) को लेकर व्यापक प्रशिक्षण प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जिला पंचायत द्वारा दिए गए निर्देश के तहत महासमुंद जिले के सभी 551 ग्राम पंचायतों में ब्लॉकवार फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसी क्रम में आज महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंडों में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में मॉडल जीपीडीपी के क्रियान्वयन, ग्राम पंचायत योजना निर्माण समिति की भूमिका तथा सभी विभागों और समुदाय के सहयोग से नीड-बेस्ड जीपीडीपी योजना का निर्माण कर ग्राम सभा से पारित कराने की प्रक्रिया पर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान पीएआई इंडिकेटर्स के अनुरूप 9 एलएसडीजीएस थीम के आधार पर योजनाओं के निर्माण, समावेशी योजना प्रक्रिया तथा पंचायत स्तर पर समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

महासमुंद विकासखंड में आयोजित प्रशिक्षण में 14 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, शिक्षक एवं पीएचई मैकेनिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों को विभागीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया गया। यह प्रशिक्षण पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से प्रदान किया जा रहा है। फाउंडेशन की ओर से महेंद्र आर्य ने वीडियो माध्यम से मॉडल जीपीडीपी की अवधारणा, इसकी चरणबद्ध प्रक्रिया, फ्रंटलाइन वर्कर्स की भूमिका एवं पंचायत की सामूहिक सहभागिता को सरल रूप में समझाया। साथ ही प्रतिभागियों की समझ को मजबूत करने के लिए एक इंटरैक्टिव गतिविधि भी कराई गई।

बागबाहरा मंडी सचिव श्री कुशल राम ध्रुव निलंबित, अवैध धान परिवहन मामले में कार्रवाई कलेक्टर के प्रतिवेदन पर मंडी बोर्ड ने किया निलंबित

बागबाहरा मंडी सचिव श्री कुशल राम ध्रुव निलंबित, अवैध धान परिवहन मामले में कार्रवाई कलेक्टर के प्रतिवेदन पर मंडी बोर्ड ने किया निलंबित

महासमुंद/ छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड ने बागबाहरा कृषि उपज मंडी समिति के सचिव श्री कुशल राम ध्रुव को गंभीर लापरवाही एवं कर्तव्य में उदासीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार विपणन वर्ष 2025-26 में 28 दिसंबर 2025 को ग्राम टेमरी निवासी कृषक श्री राधेश्याम साहू के घर के पास ओडिशा राज्य से अवैध रूप से धान ट्रक से लाकर खाली किया जा रहा था। इस दौरान 03 ट्रैक्टर में धान पलटा गया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बागबाहरा के द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार मंडी प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक पंचनामा, जप्ती एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई एवं मंडी के सुपूर्द नहीं किया गया।

कलेक्टर खाद्य शाखा के प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन मंडी बोर्ड द्वारा यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में श्री ध्रुव का मुख्यालय छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड, संभागीय कार्यालय रायपुर रहेगा। इस दौरान वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि में श्री ध्रुव के स्थान पर मंडी निरीक्षक श्री दिनेश कुमार साहू को कृषि उपज मंडी समिति बागबाहरा के सचिव का प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।

ओड़िशा से अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, सरायपाली, बागबाहरा में दो अलग-अलग मामलों में 420 कट्टा धान एवं ट्रक जब्त

ओड़िशा से अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, सरायपाली, बागबाहरा में दो अलग-अलग मामलों में 420 कट्टा धान एवं ट्रक जब्त

महासमुंद/ जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन और भंडारण पर संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल देर रात बागबाहरा एवं आज सरायपाली ब्लॉक में कार्रवाई कर अवैध धान एवं ट्रक वाहन जब्त किया गया।

सरायपाली विकासखंड के ग्राम कोलीहादेवरी में आज डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष कर्मा के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा ओड़िशा से कोचियों के माध्यम से अवैध रूप से लाकर डंप किए गए 420 कट्टा धान को मौके पर ही जब्त किया गया। कार्रवाई के पश्चात डिप्टी कलेक्टर द्वारा ओड़िशा-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती जांच नाका सिरपुर का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने एवं कड़ी निगरानी रखने के आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसी तरह बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत देर रात ओड़िशा सीमा के पास टूहलू चौकी क्षेत्र में की गई, जहां अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक को पकड़ा गया। वाहन में भरा धान जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया तथा जब्त धान को कोमाखान थाना क्षेत्र में मंडी को सुपुर्द किया गया। अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सहकारी समिति घोंच, पिथौरा में कलेक्टर का औचक निरीक्षण अनियमितताओं पर समिति प्रबंधक को निलंबित करने और एफआईआर के निर्देश

सहकारी समिति घोंच, पिथौरा में कलेक्टर का औचक निरीक्षण अनियमितताओं पर समिति प्रबंधक को निलंबित करने और एफआईआर के निर्देश

महासमुंद। कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने आज प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच, विकासखंड पिथौरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पुराने रबी फसल के धान को खपाने, गुणवत्ता विहीन धान की खरीदी तथा तौलाई में गड़बड़ी किए जाने के तथ्य सामने आए।

कलेक्टर श्री लंगेह ने उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए समिति प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने तथा संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पिथौरा श्री बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव एवं जिला विपणन अधिकारी श्री आशुतोष कोसरिया उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में सतत निगरानी रखने तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

सरायपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लीटर महुआ शराब व यामहा R15 बाइक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लीटर महुआ शराब व यामहा R15 बाइक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली।थाना सरायपाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब एवं एक बिना नंबर की यामहा R15 मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 जनवरी 2026 को थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक अपने हमराह स्टाफ के साथ जुर्म जरायम पतासाजी पर नगर भ्रमण में थे। इसी दौरान अग्रसेन चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति नीले रंग की बिना नंबर वाली यामहा मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर बाजारपारा की ओर जा रहे हैं।

सूचना पर गवाहों मनोज यादव एवं रामेश्वर सिन्हा को साथ लेकर पुलिस टीम ने बाजारपारा फौहारा चौक में घेराबंदी की। कुछ समय बाद बताए हुलिए के अनुसार मोटरसाइकिल आते दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर रोका गया।

मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम खिरोद विश्रा (19 वर्ष) निवासी बगईजोर तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम मनीष भोई (25 वर्ष) निवासी बालसी बताया। दोनों के पास रखे मिलिट्री रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 5-5 लीटर के तीन पैकेट, कुल 15 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब कीमती 3000 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त यामहा R15 मोटरसाइकिल कीमती लगभग 1,50,000 रुपये को जप्त किया। आरोपियों द्वारा शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

इस पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें क्रमशः 10:40 एवं 10:45 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामला अजमानतीय होने के कारण परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत करते हुए आगे की विवेचना की जा रही है।सरायपाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पिथौरा/ ग्राम डुमरपाली में मंदिर मरम्मत की रेत को लेकर विवाद, युवक पर कड़ा से हमला

पिथौरा / ग्राम डुमरपाली में मंदिर मरम्मत की रेत को लेकर विवाद, युवक पर कड़ा से हमला

पिथौरा।थाना पिथौरा अंतर्गत ग्राम डुमरपाली में मंदिर मरम्मत हेतु रखी रेत को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना पिथौरा में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित ने बताया कि वह ग्राम डुमरपाली का निवासी है, कक्षा पांचवी तक शिक्षित है तथा खेती-किसानी का कार्य करता है। उसने अपने घर के सामने स्थित मंदिर की मरम्मत हेतु रेत मंगवाकर किनारे में रखा था। दिनांक 14 जनवरी 2026 को लगभग दोपहर 1 बजे गांव का प्रेमशंकर बरिहा वहां पहुंचा और रेत को फैलाने लगा।

पीड़ित के पिता अतिबल द्वारा मना करने पर आरोपी गाली-गलौच करने लगा। शोर सुनकर पीड़ित बाहर आया तो आरोपी ने उसके पिता को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित को मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ में पहने कड़े से उसके बाएं भौंह के पास वार कर घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।

घटना के समय भारती पटेल, दशरथ यादव एवं मन्नू खडिया मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पिथौरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

सरायपाली डॉ. प्रतिभा तिवारी व डॉ. दीपिका अग्रवाल देंगी नि:शुल्क निःसंतानता परामर्श, ओम हॉस्पिटल में 15 जनवरी को शिविर 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक।

सरायपाली डॉ. प्रतिभा तिवारी व डॉ. दीपिका अग्रवाल देंगी नि:शुल्क निःसंतानता परामर्श, ओम हॉस्पिटल में 15 जनवरी को शिविर 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक।

सरायपाली। ओएसिस आईवीएफ एंड फर्टिलिटी के सहयोग से ओम हॉस्पिटल, सरायपाली में 15 जनवरी (गुरुवार) को नि:शुल्क निःसंतानता परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

शिविर में प्रख्यात फर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा तिवारी (MBBS, MS-OBG, DNB-OBG) एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका अग्रवाल (MBBS, DNB, OBS & GYN) द्वारा निःसंतान दंपत्तियों को नि:शुल्क परामर्श दिया जाएगा। साथ ही रोगियों का नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा।

डॉक्टरों द्वारा अनियमित माहवारी, पीसीओडी, अंडों की खराब गुणवत्ता, ट्यूबल ब्लॉकेज, एंडोमेट्रियोसिस, हाइड्रोसालपिन्क्स, गर्भाशय में गांठ, गर्भाशय की संरचनात्मक समस्या एवं बार-बार गर्भपात जैसी समस्याओं पर विशेष परामर्श दिया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि ओएसिस आईवीएफ देश में उच्च सफलता दर, पारदर्शी एवं नैतिक उपचार पद्धतियों के लिए जाना जाता है, जहां अब तक 1,15,000 से अधिक शिशुओं का सफल जन्म कराया जा चुका है।

यह शिविर ओम हॉस्पिटल, स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय के पास, नेशनल हाईवे, सरायपाली (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगा।

अधिक जानकारी एवं पंजीकरण हेतु

मोबाइल नंबर – 89786 56328, 83700 08558 पर संपर्क किया जा सकता है।

बसना।अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉ. तुषार दानी के नेतृत्व में 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से आयोजित होगा यूरोलॉजी कैंप 

बसना।अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉ. तुषार दानी के नेतृत्व में 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से आयोजित होगा यूरोलॉजी कैंप

बसना।अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना में शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से यूरोलॉजी कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में प्रसिद्ध यूरो सर्जन डॉ. तुषार दानी द्वारा मरीजों की जांच, परामर्श एवं आवश्यकता अनुसार ऑपरेशन संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कैंप में किडनी की पथरी, प्रोस्टेट की समस्या, पेशाब में जलन, रुक-रुक कर पेशाब आना, खून आना, मूत्र संक्रमण, मूत्रनली में सिकुड़न, पुरुषों में बांझपन, नपुंसकता, मूत्राशय व किडनी से संबंधित सभी रोगों की जांच एवं उपचार किया जाएगा। साथ ही किडनी, प्रोस्टेट और टेस्टिस के कैंसर से संबंधित रोगों की भी विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध रहेगी।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा बताया गया कि मरीजों की जांच फीस मात्र 700 रुपये रखी गई है। सिटी स्कैन के माध्यम से पथरी की सटीक जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ऑपरेशन के इच्छुक मरीजों को अपनी सभी जांच रिपोर्ट के साथ 15 जनवरी तक पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।

कैंप में डायलिसिस की सुविधा ICU बैकअप के साथ उपलब्ध रहेगी तथा प्रतिदिन नि:शुल्क परामर्श दिया जाएगा।

अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु संपर्क करें –

📞 84618-11000, 77708-68473, 77730-86100

अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना, जिला महासमुंद (छ.ग.)

बसना : पानी टंकी के पास मिला युवक का शव, मौत पर सस्पेंस बरकरार

बसना : पानी टंकी के पास मिला युवक का शव, मौत पर सस्पेंस बरकरार

लिमदरहा के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
घटना स्थल पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम, जांच जारी
बसना। थाना अंतर्गत पुलिस चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम लिमदरहा के एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव ग्राम जमदारहा के गांव की पानी टंकी के अहाते में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ की।

मृतक की पहचान गौतम साहू, पिता सुजन साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम लिमदरहा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गौतम 12 जनवरी 2026 को अपने एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से बैंक ऑफ बड़ौदा, चनाट शाखा से धान बिक्री का पैसा निकालने के लिए निकला था। उसके बैंक खाते में लगभग 73 हजार रुपये जमा थे, लेकिन उसने पैसा निकाला या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

बताया गया कि युवक दोपहर बाद से लापता था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन गांव की पानी टंकी के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना ग्राम कोटवार द्वारा पुलिस को दी गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभ में शव अज्ञात समझा जा रहा था, लेकिन सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम हेतु बसना अस्पताल भेजा गया। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन में जुटी रही।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।