महासमुंद/रजत जयंती महोत्सव 2025 वन चेतना केंद्र कोडार में रजत जयंती वाटिका का निर्माण

महासमुंद/रजत जयंती महोत्सव 2025 वन चेतना केंद्र कोडार में रजत जयंती वाटिका का निर्माण

महासमुंद/ रजत जयंती महोत्सव 2025 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में वनमंडलाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय के निर्देशन में आज ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन वन चेतना केंद्र, कोडार में किया गया। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में रजत जयंती वाटिका का निर्माण किया गया।

इस अवसर पर श्री गोविन्द सिंह उपवनमंडलाधिकारी महासमुन्द के मार्गदर्शन में श्री सियाराम कर्माकर परिक्षेत्र अधिकारी महासमुन्द, श्री गैंदराम जांगड़े सरपंच ग्राम पंचायत कौंआझर, श्री कुमार सिंह पटेल सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत बांसकुड़ा, श्री श्यामकुमार ध्रुव उपसरपंच ग्राम पंचायत कौंआझर, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महतारी के नाम सिंदूरी प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में लखिया मांडले, सतीष पटेल, दीपक शर्मा, कौशल आडिल, रूपा चतुर्वेदी, रवि जोशी, उपेन्द्र सिदार, भूपेन्द्र दास, हीरामन साहू, मनोज देवांगन, वन चेतना केन्द्र, कोडार के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहें।

पिथौरा/महासमुंद खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 सभी उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 1,64,161 मीट्रिक टन धान की खरीदी कुल 141 प्रकरणों में 22,530 क्विंटल धान जप्त

पिथौरा/महासमुंद खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 सभी उपार्जन केंद्रों में अब तक कुल 1,64,161 मीट्रिक टन धान की खरीदी कुल 141 प्रकरणों में 22,530 क्विंटल धान जप्त

पिथौरा/महासमुंद राज्य सरकार के मंशानुरूप महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी ’पारदर्शिता, सुरक्षा और सुचारूता’ के साथ निरंतर जारी है। आज धान खरीदी का 16वां दिन है। जिले के 182 धान उपार्जन केंद्रों में आज दिनांक तक कुल 1,64,161 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है तथा आज 05 दिसम्बर को 212.92 टन धान की खरीदी की जाएगी। इस प्रकार आज शाम तक कुल खरीदी 1,64,374 टन पहुंच जाएगी। किसान समर्थन मूल्य पर धान का उचित दाम मिलने से उत्साहित है तथा किसानों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन कटवाकर शांतिपूर्वक अपनी उपज विक्रय के लिए ला रहे हैं।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन, सहकारिता, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिला स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। केंद्रों में किसानों की सुविधा हेतु ’स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, तौल उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की गई है। सभी उपार्जन केंद्रों में केंद्रीय मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से प्रतिदिन खरीदी का आंकड़ा ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण तुलाई, उचित व्यवस्था तथा किसानों को सुचारू सेवा सुनिश्चित की जा रही है। समितियों में धान की गिरदावरी (फसल पंजीयन) मिलान एवं सत्यापन का कार्य भी जारी है, ताकि अवैध विक्रय पर रोक लग सके। निगरानी दलों को 24×7 सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई किया जा सके। राइस मिलों को मिलिंग क्षमता के अनुसार धान उठाव, भंडारण और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। भुगतान प्रक्रिया को तेजी से निपटाने के लिए बैंक व सहकारी समितियाँ समन्वय कर रही हैं। खरीदी केंद्रों से धान उठाव की प्रक्रिया भी प्रारम्भ हो चुकी है।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शिता से चलाने हेतु अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में अब तक अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं विक्रय से जुड़े 129 प्रकरण दर्ज किए गए। 12 राइस मिलों का भौतिक सत्यापन कर प्रकरण दर्ज किया गया है। कुल 141 प्रकरणों से संयुक्त टीम राजस्व, मंडी, सहकारिता एवं पुलिस विभाग द्वारा 22,530 क्विंटल धान जप्त किया गया है। जिसमें महासमुंद जिला छत्तीसगढ़ राज्य में अग्रणी स्थान पर है। जिले के प्रमुख मार्गों, अंतर्राज्यीय जांच चौकी, राइस मिलों और उपार्जन केंद्रों में लगातार निरीक्षण एवं चौकसी बढ़ा दी गई है।

इसी क्रम में आज पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत एसडीएम श्री हरिशंकर पैकरा के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग प्रकरण में कुल 1362 कट्टा धान जप्त किया गया है। इनमें पिथौरा स्थित व्हाइट गोल्ड राइस मिल यूनिट 1 में 481 कट्टा अधिक धान पाए जाने पर जप्ती की कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम सोनासिल्ली पिथौरा में महावीर ट्रेडर्स .महावीर साहू द्वारा 131 कट्टा अवैध धान भंडारण किए जाने पर संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान की जप्ती की गई। ग्राम जम्हर में श्यामदास के घर में लगभग 750 कट्टा रबी फसल धान का अवैध संग्रहण पाया गया। जिसे मंडी अधिनियम के तहत जप्त कर मंडी सचिव पिथौरा को सुपुर्द किया गया।

अमीन भर्ती परीक्षा 07 दिसम्बर को, जिले के 16 परीक्षा केन्द्रों में 4731 परीक्षार्थी शामिल होंगे कलेक्टर ने पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश

अमीन भर्ती परीक्षा 07 दिसम्बर को, जिले के 16 परीक्षा केन्द्रों में 4731 परीक्षार्थी शामिल होंगे कलेक्टर ने पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश

महासमुंद/छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित अमीन भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार, 07 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। परीक्षा पूर्वाह्न 12ः00 बजे से दोपहर 02ः15 बजे तक एक पाली में सम्पन्न होगी। जिला मुख्यालय महासमुंद में कुल 16 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें जिले के 4731 परीक्षार्थी अपनी उपस्थिति देंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू परीक्षा संचालन के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज पर्यवेक्षकों एवं केंद्राध्यक्षों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, नोडल अधिकारी सहायक प्राध्यापक श्री अजय राजा एवं पर्यवेक्षक मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण सुनिश्चित किया जाए। प्रवेश द्वार पर व्यापम द्वारा जारी निर्देशानुसार कड़ाई से चेकिंग व्यवस्था हो तथा प्रतिबंधित सामग्री बिल्कुल न ले जाने दी जाए। परीक्षार्थियों के प्रवेश, बैठने व्यवस्था एवं प्रश्नपत्र वितरण में समय पालन का विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी, सुरक्षा बल, पेयजल व प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध रहें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और संयम का पालन कर परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने बताया कि व्यापम द्वारा इस संबंध में परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को इन निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करने कहा है, ताकि परीक्षा दिवस में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण कर लेने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे परीक्षा दिवस में उन्हें स्थान ढूँढ़ने में कोई कठिनाई न हो। कलेक्टर ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचे तथा अपना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र अवश्य साथ रखें।

परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे व्यापम द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पहुँचे। ताकि फ्रिस्किंग तथा फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। चूंकि परीक्षा दोपहर 12ः00 बजे से शुरू होगी, इसलिए प्रवेश द्वार सुबह 11ः30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बाँह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए हैं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी, तथा गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह वर्जित होंगे। सामान्य बिना पॉकेट स्वेटर की अनुमति है, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान उतारकर दिखाना आवश्यक होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करने कहा गया है। अतिरिक्त सुरक्षा जांच के उपरांत ही उन्हें परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति होगी। अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र में केवल चप्पल पहनकर आएं। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित है। सुरक्षा जांच के दौरान कोई छूट नहीं दी जाएगी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना प्रतिबंधित है। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन लाने की अनुमति होगी।

सरायपाली/ अवैध मदिरा बिक्री पर आबकारी विभाग की कार्रवाई 12 बल्क लीटर महुआ मदिरा एवं 150 किलो महुआ लाहन जप्त

सरायपाली/ अवैध मदिरा बिक्री पर आबकारी विभाग की कार्रवाई 12 बल्क लीटर महुआ मदिरा एवं 150 किलो महुआ लाहन जप्त

सरायपाली ,महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त सरायपाली, बसना एवं सांकरा की संयुक्त टीम द्वारा एक प्रकरण दर्ज करते हुए 12 बल्क लीटर अवैध महुआ मदिरा तथा 150 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया।

आबकारी अधिकारी श्री सुनील सूर्यवंशी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान थाना सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमपाली निवासी गौरीशंकर पांडे के कब्जे से 12 बल्क लीटर अवैध महुआ मदिरा तथा 150 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया है। आरोपी को छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क)(ई), 34(2), 59(क) के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक मिर्जा जफर बेग एवं उपनिरीक्षक श्री हृदय कुमार तिरपुड़े द्वारा किया गया। संयुक्त टीम में आबकारी वृत्त सरायपाली, बसना एवं सांकरा के अधिकारियों-कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

महासमुंद/शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने ली शिक्षा विभाग के संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक शिक्षा गुणवत्ता, समयबद्धता और परिणामोन्मुखी कार्य ही मुख्य लक्ष्य 

महासमुंद/शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने ली शिक्षा विभाग के संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक शिक्षा गुणवत्ता, समयबद्धता और परिणामोन्मुखी कार्य ही मुख्य लक्ष्य

महासमुंद/ रायपुर संभाग के स्कूल शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आज महासमुंद में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिला पंचायत में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों और शिक्षकों को शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने, समयबद्धता और परिणाम मूलक कार्य सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आयुक्त समग्र शिक्षा डॉ. प्रियंका शुक्ला, तथा शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी एवं रायपुर, बलौदा बाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के डीईओ, डीएमसी, बीईओ एवं बीआरसी अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षा विभाग का मूल कार्य अध्ययन एवं अध्यापन है। इसे अधिकारी अपने मूल कार्य को न भूले और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समर्पित होकर कार्य करें। मंत्री श्री यादव ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि अगले तीन वर्षों के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए, जिसमें विद्यालयों की अधोसंरचना की मजबूत व्यवस्था, शैक्षणिक वातावरण का संवर्धन, शैक्षणिक गुणवत्ता में ठोस सुधार जैसे पहलुओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक योजना ही स्थायी और प्रभावी शिक्षा सुधार का आधार बनेगी। हमारा मुख्य उद्देश्य बच्चों के बेहतर शिक्षा को लेकर है इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही नहीं चलेगी।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। समय पर उपस्थिति नहीं देने वालों पर विभाग निगरानी रख रहा है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और समयबद्धता शिक्षा की गुणवत्ता सुधार का पहला चरण है। बैठक में बीईओ और बीआरसी को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि डीईओ और बीईओ को दौरा चार्ट बनाकर उसका कड़ाई से पालन करना होगा, जिसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दिया जाए। वे नियमित रूप से अध्यापन कार्य भी करते रहें।

विद्यार्थियों के लिए अपार आईडी 100 प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारियों को मिशन मोड में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों की गहन समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि कक्षा 10वीं का परिणाम न्यूनतम 85 प्रतिशत और 12वीं का परिणाम 90 प्रतिशत लाने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य सिर्फ उत्तीर्णता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण कराना है। बैठक में मासिक परीक्षा को अनिवार्य बताते हुए इसकी सतत निगरानी पर बल दिया गया। सभी जिलों को अपने-अपने स्तर पर परिणाम सुधार की रणनीति तैयार कर लागू करने को कहा गया। स्कूलों में पीएम ई-विद्या चैनल को एक सप्ताह के भीतर नियमित रूप से अवलोकन करने के निर्देश भी दिए गए। शिक्षण पद्धति में ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग और कुशल शिक्षकों द्वारा गुणवत्ता शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।

मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को धारा-प्रवाह हिंदी पढ़ने में सक्षम बनाने के लिए विशेष योजना तैयार करने और माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक स्तर पर बेसिक गणित एवं अंग्रेजी दक्षता बढ़ाने पर भी बल दिया गया। शिक्षकों को पालकों एवं समुदाय के साथ नियमित संवाद बढ़ाने और विद्यार्थियों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। ड्रॉपआउट रोकने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंत्री ने अधिकारियों की जवाबदेही निश्चित करने को कहा। इसी के साथ परीक्षा समिति को सक्रिय कर पूरी निष्ठा से कार्य करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवा पुस्तिका एवं पासबुक का त्वरित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षक जिस दिन सेवानिवृत्त हो रहे हो उसी दिन उनके सत्वों का भुगतान सुनिश्चित की जाए। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी इसे गम्भीरता से लेवें। बैठक में भवनहीन विद्यालयों के अधोसंरचना कार्यों को विभागीय समन्वय से शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया। इस वर्ष मॉडल स्कूलों के चयन की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। साथ ही बीईओ के लिए लक्ष्य आधारित गोपनीय प्रतिवेदन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम श्री विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि प्रगतिरत और अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि इन स्कूलों को उत्कृष्ट शिक्षण के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके।

मंत्री द्वारा वैज्ञानिक मॉडल, प्रदर्शनी को सराहा गया, स्कूली बच्चों द्वारा बनाया गया मॉडल

शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने आज यहां जिला पंचायत परिसर में शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल, मॉडल और शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में सृजनात्मकता का विकास होता है। यह एक बेहतर प्रयास है। उन्होंने महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत अटल टिकरिंग लैब द्वारा स्मार्ट डेम सिंचाई मॉडल का अवलोकन किया और उनके प्रयास को सराहा। बागबाहरा विकासखण्ड में एआई टूल्स पर आधारित प्रदर्शनी दिखाई गई। इसी तरह पिथौरा में शिक्षक द्वारा काष्ठ कला एवं साबुन से बने कलाकृति का प्रदर्शन किया गया। बसना में चनाट पीए श्री स्कूल के बच्चों द्वारा जादुई पिटारा और जादुई गणित का प्रदर्शन किया गया। वहीं सरायपाली द्वारा खेल-खेल में शिक्षा से संबंधित जादुई पिटारा का अवलोकन कराया गया।

पिथौरा ब्रेकिंग मिस्ट्री: शादी में खुशियाँ, घर में खामोशी… और उसी बीच गायब हुए 1 करोड़ के जेवर– आखिर कौन था मौके पर?

पिथौरा ब्रेकिंग मिस्ट्री: शादी में खुशियाँ, घर में खामोशी… और उसी बीच गायब हुए 1 करोड़ के जेवर– आखिर कौन था मौके पर?

पिथौरा। शादी की धूम, रिश्तेदारों की भीड़, घर में ताले और बाहर सन्नाटा—इसी दौरान एक ऐसी चोरी हुई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के मुताबिक, नगर के एक प्रतिष्ठित परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, और इसी बीच पहले से मौके की ताक में बैठे चोरों ने घर में धावा बोल दिया।

सूत्रों के अनुसार चोर घर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे और बेडरूम में रखे अलमारी व लॉकर को तोड़ते हुए करीब 25 लाख रुपए नगद और लगभग 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

परिवार के लौटने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की सहायता से जांच शुरू कर दी है। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का अनुमान है कि चोरी की घटना सुनियोजित है और चोर पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस का बयान:“वारदात गंभीर है, टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”

सरायपाली को मिला बड़ा मेडिकल तोहफा — अब 5 दिसंबर 2025 से हर शुक्रवार अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक में न्यूरो एक्सपर्ट डॉ. वैभव धवली करेंगे परामर्श

सरायपाली को मिला बड़ा मेडिकल तोहफा — अब 5 दिसंबर 2025 से हर शुक्रवार अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक में न्यूरो एक्सपर्ट डॉ. वैभव धवली करेंगे परामर्श

सरायपाली। क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब ब्रेन और नसों से जुड़ी सभी जटिल समस्याओं का इलाज सरायपाली में ही विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा किया जाएगा। अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक में न्यूरो सर्जन डॉ. वैभव धवली 5 दिसंबर 2025 से प्रत्येक शुक्रवार मरीजों का परीक्षण करेंगे।

डॉ. धवली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। वे MBBS, MS, MCh (Neurosurgery) के साथ मिनिमली इनवेसिव और एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी में विशेषज्ञता रखते हैं।

किन समस्याओं का होगा इलाज?

ब्रेन ट्यूमर

माइग्रेन और क्रॉनिक सिरदर्द

नसों का दर्द

स्ट्रोक (लकवा)

स्पाइन डिसऑर्डर

बच्चों में न्यूरो संबंधित समस्याएं

सर्जिकल न्यूरोलॉजिकल उपचार

स्थान: अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक मेन रोड, IDBI बैंक के पास, सरायपाली

📞 अपॉइंटमेंट हेतु संपर्क: 9303623130 | 7773086100 | 9174335366

स्थानीय निवासियों ने इसे सरायपाली क्षेत्र के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा बताते हुए राहत व्यक्त की है, क्योंकि अब जटिल न्यूरोलॉजी सेवाओं के लिए बाहर बड़े शहरों की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

महासमुंद/कांग्रेस चौक पर हादसा या षड्यंत्र? आरोपी ने मदद का वादा किया… फिर मुकर गया! 

महासमुंद/कांग्रेस चौक पर हादसा या षड्यंत्र? आरोपी ने मदद का वादा किया… फिर मुकर गया!

महासमुंद। कांग्रेस चौक में हुए सड़क हादसे का मामला अब रहस्यमय मोड़ ले चुका है। वार्ड क्रमांक 16 पुराना रावणभाठा निवासी व जय भारत ड्राय क्लीनर्स के संचालक ने आरोपी चालक पर इलाज का खर्चा देने से मुकरने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर 2025 शाम 6 से 8 बजे के बीच की है, जब पीड़ित दुकान की ओर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान नगरपालिका की ओर से तेजी और लापरवाही से आ रही कार क्रमांक CG 04 MQ 4404 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। कार को डोमेन्द्र चंद्राकर, निवासी ग्राम मुडमार चला रहा था।

हादसे में पीड़ित के बाएं पैर के पंजे और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद उसके पुत्र गौतम बुंदेल व भुवन झुलपे ने घटना को देखा। घायल को तत्काल विवेक मल्टीस्पेशलिटी क्लीनिक एंड ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के बाद अब जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

सबसे अहम बात यह रही कि हादसे के बाद आरोपी चालक ने वहीं मौके पर उतरकर गलती स्वीकार की और इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही—लेकिन बाद में वह अपने वादे से पलट गया।

इलाज का खर्चा देने से इंकार करने पर पीड़ित ने आज 4 दिसंबर 2025 को थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पटेवा/ठुमसा तिराहा में अवैध शराबखोरी पर पुलिस की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार 

पटेवा/ठुमसा तिराहा में अवैध शराबखोरी पर पुलिस की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार

महासमुंद। थाना पटेवा पुलिस ने अवैध रूप से शराब पिलाने वाले आरोपी युवक पर बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक थाना पटेवा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पतईमाता–ठुमसा तिराहा, ग्राम पटेवा में एक युवक चखना सेंटर चलाकर लोगों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पीने-पिलाने की सुविधा दे रहा है।

सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक हमराह आरक्षक 269 हिरेन्द्र ध्रुव एवं गवाह अश्वनी टंडन, जितेन्द्र कुर्रे के साथ शासकीय वाहन में मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर शराब पी रहे लोग मौके से भाग निकले, जबकि चखना सेंटर संचालित कर रहा युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानू प्रताप उर्फ आकाश बंजारे पिता परमेश्वर बंजारे, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम झारा थाना खल्लारी जिला महासमुंद बताया।

मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से —02 नग देशी प्लेन शराब की खाली शीशी, 02 पानी पाउच, 02 डिस्पोजेबल गिलास जिसमें शराब की गंध आ रही थी बरामद किए। आरोपी से शराब पिलाने के संबंध में दस्तावेज मांगने पर वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 36(C) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपी को 10:50 बजे गिरफ्तार किया गया तथा प्रकरण जमानतीय होने पर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर मौके पर जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस ने बरामद सामग्री को जप्त कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।  पुलिस ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी एवं खुले में शराब पीने-पिलाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

तेन्दूकोना/ग्राम घोघरा में बड़ी चोरी! सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब—चोरों ने अलमारी तोड़कर उड़ाई लाखों की संपत्ति

तेन्दूकोना/ग्राम घोघरा में बड़ी चोरी! सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब—चोरों ने अलमारी तोड़कर उड़ाई लाखों की संपत्ति

तेन्दूकोना/ महासमुंद। थाना तेन्दूकोना क्षेत्र के ग्राम घोघरा में अज्ञात चोरों ने बीती रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। स्थानीय निवासी लोकेश्वर साहू उर्फ लक्की साहू (36) के घर में घुसकर चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना 03 दिसंबर रात 10 बजे से 04 दिसंबर सुबह 6 बजे के बीच की है। घटना के समय परिजनों में से लोकेश्वर साहू अपनी पत्नी प्रियंका साहू (सी.एच.ओ., उप स्वास्थ्य केंद्र भीखापाली) और बच्चों के साथ रहवासी क्वार्टर में थे, वहीं उनके माता-पिता परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पुराने घर में सो रहे थे।सुबह लगभग 7 बजे फोन पर सूचना मिलने के बाद लोकेश्वर साहू घर पहुंचे और देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था तथा अलमारी खुली पड़ी थी।

चोरी गए सामान: सामान वजन अनुमानित कीमत

सोने का हार 10 ग्राम ₹30,000

झुमका (1 जोड़ी) 9 ग्राम ₹26,000

छोटे झुमके (2 जोड़ी) 11 ग्राम ₹34,000

मंगलसूत्र (2 नग) 10 ग्राम ₹30,000

कुल सोना 40 ग्राम ₹1,20,000

चांदी का पायल (1 जोड़ी) 12 तोला ₹7,200

पायल (5 जोड़ी) 15 तोला ₹9,000

कुल चांदी 27 तोला ₹16,200 ,नगद राशि — ₹7,000

कुल चोरी गई संपत्ति लगभग ₹1,43,200 रुपए बताई जा रही है।

इसके अलावा चोर दो बैग में रखे जेवरों के बिल, बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले गए। पीड़ित लोकेश्वर साहू ने थाना तेन्दूकोना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में धारा 331(4), 305(ए) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

इलाके में बढ़ी सनसनी — चोरी का तरीका पुलिस के लिए चुनौती घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने घर की गतिविधियों और दिनचर्या की पूरी जानकारी जुटाकर वारदात को अंजाम दिया है, जिससे लगता है कि घटना में कोई नजदीकी या पहचान वाला भी शामिल हो सकता है।

पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड वालों की तलाश में जुट गई है।स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सु रक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।