सरायपाली NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से दो की मौत, एक गंभीर घायल

सरायपाली NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से दो की मौत, एक गंभीर घायल

सरायपाली/रायगढ़। नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम परसदा मेन रोड नाला के आगे सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को अंजाम देने वाली सफेद रंग की कार का चालक फरार बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जयराम नागवंशी (32 वर्ष) पिता चमरसाय नागवंशी निवासी घटगांव थाना लैलुंगा जिला रायगढ़ एवं ओमप्रकाश नागवंशी (16 वर्ष) पिता कुंवरसाय नागवंशी निवासी कठईबहला थाना बागबहार जिला जशपुर अपने रिश्तेदार लिंगुराज नागवंशी (16 वर्ष) के साथ मोटरसायकल (क्रमांक CG13 AY 6761) से लोहांडीगुड़ा, बस्तर से अपने गांव घटगांव लौट रहे थे।

रात लगभग 10 बजे निकले तीनों युवकों की मोटरसायकल को ग्राम परसदा नाला के आगे अज्ञात सफेद कार ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर टोल प्लाजा एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को शासकीय अस्पताल सरायपाली लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जयराम और ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि लिंगुराज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को प्रदीप कुमार नागवंशी द्वारा दी गई, जिसके बाद अर्जुन सिंह नागवंशी, निवासी ग्राम बहामा, थाना लैलुंगा जिला रायगढ़ ने थाना सरायपाली में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग करते हुए लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सफेद रंग की कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

हादसे की मुख्य बातें: एनएच 53 पर ग्राम परसदा नाला के पास हुआ हादसा दो युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल अज्ञात सफेद कार चालक फरार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

क्राइम बुलेटिन : बलौदाबाजार में 11 घटनाओं ने मचाया हड़कंप – जानिए पूरी खबर!

क्राइम बुलेटिन: बलौदाबाजार में 11 घटनाओं ने मचाया हड़कंप – जानिए पूरी खबर!

1️⃣ रसेड़ा में अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी बाइक पार की : रसेड़ा। ग्राम रसेड़ा निवासी डोमार साहू पिता सदाराम साहू (55 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी मोटरसाइकिल CB Shine Honda (CG22 P 2166) को किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि बाइक को 3 नवंबर की रात 10 बजे घर के बाड़ी शेड के नीचे खड़ी की थी, सुबह 5.30 बजे देखा तो बाइक गायब थी। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने धारा 303(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

2️⃣ लटुवा में पारिवारिक विवाद में मारपीट, पति-पत्नी घायल : लटुवा। ग्राम लटुवा निवासी एक मजदूर ने रिपोर्ट दी है कि रात 8 बजे बच्चों के झगड़े पर विवाद बढ़ गया। राजू ध्रुव ने उसकी पत्नी गायत्री फेंकर को गाली देते हुए हाथ थप्पड़ से मारा और शिकायत करने आए पति को भी मारा-पीटा। पीड़ित के अनुसार, उसे भौंह और पैर में चोट लगी है तथा पत्नी के गाल में दर्द है। गवाहों में किशन फेंकर और सुरेश फेंकर का नाम है। पुलिस ने धारा 115(2), 296, 351(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

3️⃣ महिला कमांडो टीम पर हमला, शराबी युवक ने की गाली-गलौज : भाटापारा। संतकर्मा वार्ड की महिला कमांडो गश्त दल पर नशे में धुत युवक ने हमला कर दिया। महिला सदस्य श्याम बाई ध्रुव, पुष्पा वर्मा, रंजनी ध्रुव, उत्तरा बाई ने बताया कि वे मोहल्ले में शराबखोरी रोकने गश्त कर रहीं थीं, तभी शेखर रात्रे ने गाली-गलौज कर मारपीट की। डंडे से हमला करने पर दो महिलाओं को हाथ और पीठ में चोटें आईं। मामला दर्ज कर लिया गया है।

4️⃣ हथनीपारा में युवक ने दोस्त की बाइक उड़ाई :भाटापारा। सब्जी विक्रेता ने रिपोर्ट दी है कि उसकी Hero HF Deluxe (CG22 Y 8847) मोटरसाइकिल को उसके परिचित करण ध्रुव उर्फ बादशाह ने चोरी कर लिया। घटना 1 नवंबर की रात की है जब बाइक शीतला मंदिर के पास खड़ी थी। दोस्त कुंदन बिहारी ने बताया कि करण पैदल आया और बिना अनुमति बाइक स्टार्ट कर ले गया। वाहन की कीमत लगभग 10 हजार बताई गई है। पुलिस ने धारा 303(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

5️⃣ गौरा-गौरी विसर्जन जुलूस में मारपीट, युवक पर चाकू से हमला : भाटापारा। देवउठनी पर्व के दौरान गौरा-गौरी विसर्जन में शामिल युवक पर हमला हुआ। सर्कस मैदान निवासी हलवाई युवक ने बताया कि जब वह बाजे पर नाच रहा था, तभी शांति नगर के दुर्गेश और शुभम पुटान सहित कई युवकों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। दुर्गेश ने चाकू और कटर से उसके पेट और पीठ में वार किया। घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

6️⃣ घटमडवा में ट्रक की टक्कर से शिक्षक घायल :गिधौरी। खम्हरिया निवासी दुर्गेश कुमार दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका चचेरा भाई जितेन्द्र दुबे, जो शासकीय हाईस्कूल गिरसा में शिक्षक हैं, मोटरसाइकिल से बिलासपुर जा रहे थे। ट्रक क्रमांक OD14 M 3980 ने घटमडवा पेट्रोल पंप के पास टक्कर मार दी जिससे शिक्षक का हाथ ट्रक के पहिये से कुचल गया। घायल का इलाज स्वास्तिक ट्रामा सेंटर बिलासपुर में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281,125(A) BNS व 184 MV Act के तहत अपराध दर्ज किया है।

7️⃣ टूण्डरी में कार की टक्कर से तीन युवक घायल :बिलाईगढ़। ग्राम टूण्डरी निवासी अनुज साहू ने रिपोर्ट दी है कि उसका बेटा युवराज साहू उर्फ साहिल अपने दोस्तों निहिर और अजय के साथ मोटरसाइकिल (CG11 BF 7945) से शिवरीनारायण जा रहा था। खपरीडीह के पास Swift कार CG12 AH 8004 ने पीछे से ठोकर मार दी जिससे तीनों युवक घायल हो गए। घायल युवराज का इलाज रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर में चल रहा है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

8️⃣ छेछर में मोटरसाइकिल मांगने पर विवाद, युवक से मारपीट : छेछर। गांव के नालापारा में मोटरसाइकिल मांगने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि पवन वर्मा और जगमोहन वर्मा ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित के चेहरे और आंख के पास चोटें आई हैं। बीच-बचाव उसकी मां और ग्रामीणों ने किया। पुलिस ने धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

9️⃣ स्कूल बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, ड्राइवर-कंडक्टर घायल : बलौदाबाजार। ग्राम सेम्हराडीह के पास स्कूल बस (CG19 F 0316) और Eicher ट्रक (CG22 AE 1307) की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। बस मैनेजर ने बताया कि बस बच्चों को लेने स्कूल जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। बस चालक संजय दुबे और कंडक्टर कुमारी वर्मा घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जिला अस्पताल बलौदाबाजार में जारी है।

🔟 बम्हनी में महिला कमांडो की नियुक्ति पर विवाद, युवक ने दी धमकी : बम्हनी। गांव के प्राथमिक स्कूल के पास महिला कमांडो नियुक्ति को लेकर विवाद हो गया। ग्रामवासी रमन देवांगन ने पंच पुष्पा यादव और उनके पति से गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। महिला कमांडो दल की सदस्याओं ने घटना देखी-सुनी और बीच-बचाव किया। पुलिस ने धारा 296, 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।

1️⃣1️⃣ खपरी गांव में देवी स्थल पर कब्जे को लेकर विवाद, पत्रकार पर आरोप :पलारी। ग्राम खपरी में महामाया देवी उपासना स्थल पर कब्जे के आरोप में विवाद बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश झा, जो स्वयं को पत्रकार बताते हैं, ने उस धार्मिक स्थल पर निर्माण कार्य शुरू किया है। SDM जांच के दौरान झा व उनके परिवार ने ग्रामीणों से गाली-गलौज कर धमकी दी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पत्रकारिता का दबाव बनाकर झूठे मामले गढ़ने की धमकी देता है। पलारी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है।

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताया और कहा कि इस दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दूरभाष पर बिलासपुर जिला कलेक्टर से बात कर घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रभावितों की  सहायता के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी दी कि  रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई हैं और राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और उनके परिजनों को इस दुखद समय में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

 

छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने दो दवाओं के उपयोग पर लगाई अस्थायी रोक

छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने दो दवाओं के उपयोग पर लगाई अस्थायी रोक

छत्तीसगढ़ राज्य में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) द्वारा नियमित निरीक्षण और निगरानी की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में हाल ही में की गई जांच के दौरान दो दवाओं पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

कॉर्पोरेशन द्वारा ड्रग वेयरहाउस कवर्धा में बैक्लोफेन 10 एमजी टैबलेट (Drug Code – ND88) के Batch No. RT24126 और RT25018 का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें कुछ पैकेट्स पर रंग परिवर्तन पाए गए। एहतियातन इन बैचों के वितरण और उपयोग पर अस्थायी रोक लगाते हुए नमूनों को NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में पुनः परीक्षण हेतु भेजा गया है।

इसी प्रकार, रीजनल ड्रग वेयरहाउस बिलासपुर से आयरन सुक्रोज 100 एमजी इंजेक्शन (ड्रग कोड – D285), बैच No. V24104 को प्राथमिक स्वास्थ्य एवं जच्चा-बच्चा केंद्र, बंधवापारा (हेमू नगर) में उपयोग के दौरान एक मरीज में साइड इफेक्ट की सूचना प्राप्त हुई। इस पर CGMSC ने संबंधित बैच के उपयोग पर भी सावधानीवश अस्थायी रोक लगाई है।

कॉर्पोरेशन ने स्पष्ट किया है कि दोनों प्रकरणों की जांच एवं दवाओं के परीक्षण परिणामों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई निविदा की शर्तों और नियमों के अनुसार की जाएगी। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने कहा है कि वह राज्य के मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय दवाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया अपना रहा है।

 

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो) :कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर करें। व्यवसाय ठीक चलेगा। धार्मिक अनुष्ठान पूजा-पाठ इत्यादि का कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के कार्य मनोनुकूल रहेंगे। मानसिक शांति रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। समय अनुकूल है।

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) :बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। नौकरी में चैन रहेगा। निवेश शुभ रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। प्रमाद न करें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक कष्ट संभव है।

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह) :कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामाजिक काम करने की इच्छा रहेगी। मान-सम्मान मिलेगा। सुख के साधन प्राप्त होंगे। नई योजना बनेगी। तत्काल लाभ नहीं मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) :व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। शारीरिक कष्ट संभव है। किसी व्यक्ति से कहासुनी हो सकती है। स्वाभिमान को ठेस लग सकती है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। आय बनी रहेगी। पुराना रोग उभर सकता है। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है।

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) :किसी दूसरे व्यक्ति की बातों में न आएं। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर करें। व्यापार अच्‍छा चलेगा। नौकरी में मातहतों से कहासुनी हो सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। कुसगंति से बचें। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। पुराना रोग उभर सकता है।

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) :घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। भाइयों का सहयोग मिलेगा। परिवार में मांगलिक कार्य हो सकता है। धन प्राप्ति सुगम होगी। शरीर में कमर व घुटने आदि के दर्द से परेशानी हो सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। चिंता तथा तनाव रहेंगे। शत्रुभय रहेगा। कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे।

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) :धनलाभ के अवसर हाथ आएंगे। भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी। बड़ा लाभ हो सकता है। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता मिलेगी। भाग्य का साथ रहेगा। शेयर मार्केट से लाभ होगा। शत्रु पस्त होंगे। सुख के साधनों की प्राप्ति पर व्यय होगा।

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) :किसी वरिष्ठ प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार से लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। कष्ट व भय सताएंगे। भाग्य का साथ मिलेगा। किसी मांगलिक कार्य में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा।

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे) :कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। भागदौड़ अधिक रहेगी। थकान व कमजोरी महसूस होगी। आय में निश्चितता रहेगी। व्यापार ठीक चलेगा। निवेश सोच-समझकर करें। राजभय रहेगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। शारीरिक कष्ट संभव है। यात्रा में जल्दबाजी न करें।

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी) :प्रयास सफल रहेंगे। सामाजिक कार्यों में रुचि रहेगी। मान-सम्मान मिलेगा। नौकरी में प्रशंसा होगी। कार्यसिद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। चोट व रोग से बचें। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी व्यक्ति के बहकावे में न आएं। व्यापार ठीक चलेगा। निवेश शुभ रहेगा। पारिवारिक सहयोग मिलेगा।

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) :दूर से शुभ समाचारों की प्राप्ति होगी। घर में मेहमानों का आगमन होगा। कोई मांगलिक कार्य हो सकता है। आत्मविश्वास बढ़ेगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। निवेश शुभ रहेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी। चिंता तथा तनाव बने रहेंगे। यश बढ़ेगा।

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) :व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। निवेश शुभ रहेगा। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। किसी बड़ी समस्या से मुक्ति मिल सकती है। किसी न्यायपूर्ण बात का भी विरोध हो सकता है। विवाद न करें। कुबुद्धि हावी रहेगी। चोट व रोग से बचें।

 

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं, दिए निराकरण के निर्देश

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं, दिए निराकरण के निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त 48 आवेदनों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।

जन चौपाल में ग्राम साराडीह की पूनम साहू ने आगे की शिक्षा ग्रहण करने हेतु राष्ट्रीय प्रतिभा खोज अंतर्गत प्रोत्साहन राशि बाबत आवेदन किया। इसी तरह ग्राम भलेसर महासमुंद निवासी चंदन लाल साहू ने नोनी सुरक्षा योजना से संबंधी समस्या के निराकरण के लिए आवेदन, ग्राम छिलपावन निवासी कुशन्ती बाई ने ऋण की अवैध वसूली पर रोक लगाने, ग्राम ढाबाखार पिथौरा निवासी चन्द्रमणि सिदार ने सीसी रोड निर्माण हेतु, ग्राम घोंच पिथौरा निवासी गौरसिंग ने मुआवजा राशि दिलाने हेतु आवेदन किए। इसके अलावा पीएम जन धन योजना, भौतिक सत्यापन, हैंडपंप स्थापना, अवैध कब्जा, लंबित भुगतान, अनुदान राशि प्रज्ञा करने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

महासमुंद/सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यूनिटी मार्च का आयोजन 6 नवंबर को ग्राम पंचायत बेलसोंडा से लोहिया चौक तक यूनिटी मार्च पदयात्रा

महासमुंद/सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यूनिटी मार्च का आयोजन 6 नवंबर को ग्राम पंचायत बेलसोंडा से लोहिया चौक तक यूनिटी मार्च पदयात्रा

महासमुंद/ जिला प्रशासन, माई भारत तथा खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद द्वारा युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने और एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान देते हुए यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा हैं। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती को समर्पित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। भारत सरकार द्वारा 6 नवंबर 2025 को 150 वीं यूनिटी मार्च की शुरुआत की गई हैं जिसके अंतर्गत जिले में पद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

जिले में 8 किलोमीटर लंबी पदयात्रा होगी जो ग्राम पंचायत बेलसोंडा से प्रारंभ होकर कस्तूरबा गांधी छात्रावास, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसोंडा, शहीद स्मारक, साईं मंदिर, ग्राम पंचायत खरोरा, त्रिमूर्ति कॉलोनी, अम्बेडकर चौक होकर लोहिया चौक में समापन किया जाएगा। पदयात्रा में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सामाजिक संगठन, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट, रेड क्रॉस, एन एस एस, महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थी शामिल होंगे। आयोजन के माध्यम से स्वच्छता, नशा मुक्ति प्रतिज्ञा, स्वदेशी भारत/आत्मनिर्भर भारत संकल्प, जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक एक वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आयोजित किया जाएगा। नशामुक्त भारत संकल्प, स्वदेशी मेला का आयोजन, योग एवं हेल्थ शिविर, स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।

सूर्यकिरण एयरोबेटिक्स को लेकर नवा रायपुर में महासमुंद जिले के 1500 छात्र छात्राएं शामिल होकर सूर्य किरण एयरोबेटिक देखें

सूर्यकिरण एयरोबेटिक्स को लेकर नवा रायपुर में महासमुंद जिले के 1500 छात्र छात्राएं शामिल होकर सूर्य किरण एयरोबेटिक देखें

महासमुंद/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राजधानी नवा रायपुर का आकाश 4 नवम्बर को देशभक्ति और रोमांच से भर उठा। भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम प्रातः 10 से 12 बजे तक अपने अद्भुत हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांच, गर्व, उत्साह और देशभक्ति से भर दिया।

इस भव्य आयोजन में जिले के 46 स्कूलों के 1500 छात्रों के साथ शिक्षक एवं अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए। सभी छात्र छात्राओं तथा टीम का स्वागत हिमांशु भारतीय जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर के टीम ने किया। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित यह सूर्य किरण एरोबैटिक शो छत्तीसगढ़ की प्रगति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनेगा। जब सूर्यकिरण टीम के विमान नवा रायपुर के आसमान में उड़ान भरा तब ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट-इन-द-स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी शानदार फॉर्मेशन्स पूरे वातावरण को रोमांच और देशभक्ति से भर दिया। यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, जो यह संदेश देगा कि अनुशासन, तकनीक और टीमवर्क से हर कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। रायपुर और आसपास के जिलों से हजारों नागरिक, विद्यार्थी और परिवार इस एरोबैटिक शो को देखने नवा रायपुर पहुंचें थे। यह आयोजन जनसहभागिता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बना। ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक शो’ केवल एक हवाई प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना के शौर्य, सटीकता और समर्पण का जीवंत उदाहरण है।

4 नवम्बर को नवा रायपुर का आसमान गर्व, रोमांच और देशभक्ति के रंगों से सराबोर हुआ। सूर्यकिरण टीम का यह ऐतिहासिक शो छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को यादगार क्षणों में दर्ज कर दिया। महासमुंद जिले के लिए गर्व की बात है इस शो में अपना अद्भुत प्रदर्शन करते हुए गौरव पटेल स्क्वाड्रन लीडर वायु सेना पिथौरा ने काट-पीट से छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया का संदेश दिया। वहीं महासमुंद निवासी फाइटर पायलट विवेक कुमार साहू ने इस शो में अपना योगदान दिया है। बच्चे पुरखौती मुक्तांगन रायपुर, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परसदा का भ्रमण किया। इस अवसर रेखराज शर्मा जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा, एन के सिन्हा, सहायक संचालक, संपा बोस एपीसी, संजय ध्रुव एपीसी, जागेश्वर सिन्हा बीआरसीसी, देवानंद नायक बीआरसीसी, रामता डे एबीईओ ,हीना ढ़ालेन, तारिका सोरी सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक धान खरीदी, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, सद्भावना यात्रा की तैयारियों के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश

कलेक्टर श्री लंगेह ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक धान खरीदी, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, सद्भावना यात्रा की तैयारियों के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आज समय-सीमा की बैठक सुबह 10 बजे आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, सभी विभाग के जिला अधिकारी जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित वीसी के माध्यम से सभी ब्लॉक स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा, धान खरीदी, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, सद्भावना यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी ईआरओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं जारी समय सारणी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर सत्यापन किया जाना है। सभी बीएलओ को प्रशिक्षण में दिए गए जानकारी एवं निर्देशानुसार सजगता से पात्र मतदाताओं का गणना पत्रक भरकर संग्रहित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं को शामिल करना तथा अपात्र मतदाता को हटाना है। प्रशिक्षण में बताए गए बिंदुओं के आधार पर बीएलओ कार्य करें।
बैठक में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 15 नवंबर से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न आए, इसके लिए धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेक लिस्ट के अनुसार सभी तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित की जाएँ। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और सहज बने, इसके लिए सीसीटीवी कैमरों को चालू स्थिति में रखा जाए तथा निगरानी टीमों द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। खरीदी केंद्रों में आवश्यक संसाधन, तोल उपकरण, मिलान पर्ची व्यवस्था, ऑनलाइन एंट्री, और तौल-प्रक्रिया को समय पर पूर्णता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 16 चेक पोस्टों के माध्यम से धान की आवक और अवैध परिवहन पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जिन अधिकारियों की ड्यूटी तय की गई है, वे तैनात रहकर सतत निगरानी करें और यदि अवैध परिवहन करते वाहन पाए जाएँ तो तत्काल सीज कर प्रकरण दर्ज किया जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने केन्द्रों का निरीक्षण करने टोकन की जानकारी, स्टेकिंग आदि की जानकारी रखने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने कलेक्टर कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन के लिए अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशानुरूप आम जनता के हितों के लिए संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के केंद्र में समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद व्यक्ति हो यह हमेशा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कार्यालय में अनुशासन हो और समय पर कार्यालय खुले। सप्ताह के प्रथम दो दिवस अधिकारी कार्यालय में उपस्थित रहें और आम जनता से मिले। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप विभागवार समीक्षा की।

कलेक्टर श्री लंगेह ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के आधार आईडी निर्माण हेतु शिविर आयोजित किए जाएं ताकि किसी भी छात्र को शैक्षणिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अपार आईडी हेतु शिविर लगाया जा रहा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए सभी बीईओ को निर्देशित किया है। उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाने सतत निगरानी करते हुए कार्रवाई करें।

बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर, 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ कर सकती है छत्तीसगढ़ सरकार

बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर, 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ कर सकती है छत्तीसगढ़ सरकार

छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को जल्द राहत की खबर मिल सकती है। सरकार ने 100 के बजाए 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल हाफ योजना में शामिल करने के संकेत दिए है। इसके लिए बिजली कंपनी को नियमों में संशोधन कर उपभोक्ताओं को राहत देने को कहा गया है।

100 यूनिट खपत वाले उपभोक्ताओं ही इस योजना में थे शामिल :अगस्त महीने में मात्र 100 यूनिट खपत तक वाले उपभोक्ताओं को ही हाफ योजना में शामिल किया गया था। इसके कारण छोटे और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया था। कई परिवारों को बढ़े हुए बिलों का भुगतान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर विपक्ष भी लगातार सरकार पर हमले करता आ रहा है।

CM बोले,जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार जनता की परेशानी से पूरी तरह अवगत है और आम उपभोक्ताओं को राहत देना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार का उद्देश्य किसी पर अतिरिक्त बोझ डालना नहीं, बल्कि ऊर्जा उपभोग में संतुलन बनाए रखते हुए लोगों को राहत देना है।

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर दिलाया कि हालिया संशोधन के बाद छोटे और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी। उनके बयान के बाद प्रदेशभर में उम्मीद जगी है कि हाफ बिल योजना की सीमा बढ़ाकर 200 यूनिट तक की जा सकती है।

आने वाले दिनों में नई अधिसूचना जारी होने की संभावना : बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की खपत सीमा का नया आकलन किया जा रहा है और संभावना है कि आने वाले दिनों में नई अधिसूचना जारी हो। अगस्त माह में केवल 100 यूनिट तक के उपभोक्ताओं को ही योजना का लाभ दिया गया था, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों पर बोझ बढ़ गया था। संभावित संशोधन से अब राज्य के करीब 60 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।सगढ़ सरकार