महासमुंद : छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव एवं सेवा पखवाड़ा 2025 जिले में ‘पर्पल फेयर’ का आयोजन 26 सितम्बर को

महासमुंद : छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव एवं सेवा पखवाड़ा 2025 जिले में ‘पर्पल फेयर’ का आयोजन 26 सितम्बर को

 

महासमुंद समाज कल्याण विभाग द्वारा रजत जयंती महोत्सव एवं सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत 02 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में दिव्यांगजनों, वरिष्ठजनों तथा विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए विविध गतिविधियाँ संचालित होंगी।

इसी कड़ी में 26 सितम्बर 2025 को जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर मांगलिक भवन, खैरा महासमुंद में जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं सी.आर.सी. राजनांदगांव संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “पर्पल फेयर” (दिव्यांगजनों हेतु, दिव्यांगजनों द्वारा) का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करने, कौशल विकास के अवसर प्राप्त करने एवं विभिन्न हितधारकों से जुड़ने के लिए एक समावेशी मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।

पर्पल फेयर में दिव्यांगजनों हेतु रोजगार मेला, सहायक उपकरणों का वितरण, सरकारी योजनाओं एवं प्रकाशनों की प्रदर्शनी, दिव्यांग कला गैलरी, मनोरंजक खेल एवं गतिविधियाँ, संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी, भोजन स्टॉल, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ही दिव्यांगजनों के लिए, दिव्यांगजनों द्वारा गतिविधियां आयोजित की जाएगी। समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती संगीता सिंह ने जिले के अधिक से अधिक दिव्यांगजन, वरिष्ठजन एवं स्कूली/महाविद्यालयीन दिव्यांग छात्र-छात्राओं से इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठा खतरनाक बंवडर, आज छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में होगी भारी बारिश

CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठा खतरनाक बंवडर, आज छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में होगी भारी बारिश

 

छत्तीसगढ़ में विदाई की ओर बढ़ रहा मानसून एक बार फिर बरसने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने बुधवार से जिले में रिमझिम वर्षा की संभावना जताई है। इस बीच मंगलवार को दोपहर कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। पिछले कुछ दिनों से वातावरण अनुकूल रहने से तापमान में कमी आई है और उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पूर्व-मध्य और सीमावर्ती उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से 24 सितंबर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा और मेघ गर्जन की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

खरीफ फसलों के लिए राहत

फिलहाल खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त पानी मौजूद है। इन दिनों धान की फसल गर्भ अवस्था में है और कई जगह दाने भरने की स्थिति में भी पहुंच चुकी है। खेतों में हरियाली छाई हुई है और फसलें लहलहा रही हैं। हालांकि दानों को पकने के लिए अंतिम दिनों में पानी की और जरूरत पड़ेगी। ऐसे में भादो के अंतिम दिनों में होने वाली वर्षा फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी।

सबसे अधिक वर्षा नांदगांव में

चालू मानसून सत्र में जिले में अब तक सबसे अधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 1191.2 मिमी दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम वर्षा छुरिया तहसील में 681 मिमी दर्ज हुई। भू-अभिलेख शाखा के अनुसार जिले की सातों तहसीलों में अब तक कुल 6197.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। इसका औसत 885.4 मिमी रहा।

डोंगरगढ़ तहसील – 989.9 मिमी

लाल बहादुर नगर – 866.5 मिमी

घुमका – 759.5 मिमी

कुमरदा – 819.1 मिमी

डोंगरगांव – 890.6 मिमी

छुरिया – 681.0 मिमी

राजनांदगांव – 1191.2 मिमी

प्रमुख शहरों का मौसम (डिग्री सेल्सियस)

राजनांदगांव : अधिकतम 34.0, न्यूनतम 24.5

रायपुर : अधिकतम 34.0, न्यूनतम 24.6

बिलासपुर : अधिकतम 33.7, न्यूनतम 26.0

दुर्ग : अधिकतम 34.2, न्यूनतम 24.6

सरायपाली : तोषगांव–सिंघनपुर मार्ग का पुल पानी के उफान में डूबकर आवागमन बाधित / बसना के बंसुला स्कूल मे जलभराव से परेशान आज परीक्षा देखें वीडियो

सरायपाली : तोषगांव–सिंघनपुर मार्ग का पुराना पुल पानी के उफान में डूबकर आवागमन बाधित बसना के बंसुला स्कूल मे जलभराव से परेशान आज परीक्षा देखें वीडियो

 

पिथौरा विकासखंड के अंतर्गत कांतारा नाल तूफान पर

 

बसना/महासमुंद, 24 सितंबर 2025।
लगातार हो रही बारिश ने एक तरफ शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित किया है तो दूसरी तरफ यातायात व्यवस्था को भी ठप कर दिया है। नवीन प्राथमिक शाला बंसुला डीपा में कक्षाओं तक पानी घुस गया है, वहीं तोषगांव–सिंघनपुर मार्ग का पुराना पुल पानी के उफान में डूबकर आवागमन बाधित कर रहा है। दोनों घटनाओं ने ग्रामीणों को गहरी चिंता में डाल दिया है।

📌 बंसुला डीपा स्कूल: पढ़ाई पर संकट

बसना जनपद मुख्यालय और शिक्षा विभाग कार्यालय से महज 500–700 मीटर की दूरी पर स्थित बंसुला डीपा प्राथमिक शाला बुधवार को पूरी तरह जलभराव से घिर गई। रात से लगातार हो रही बारिश के बाद स्कूल का परिसर, कक्षाएँ और कार्यालय तालाब में बदल गए।

बुधवार को पहली से पाँचवीं तक की परीक्षाएँ निर्धारित थीं, लेकिन जलभराव के कारण न तो बच्चों के बैठने की व्यवस्था हो सकी और न ही शिक्षक पढ़ाई करा पाए। नतीजतन बच्चों की परीक्षा स्थगित करनी पड़ी।

हर साल दोहराई जाती है समस्या

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से बरसात होते ही स्कूल परिसर डूबान क्षेत्र में बदल जाता है। बारिश के पानी की निकासी का कोई पुख्ता इंतजाम न होने से यह स्थिति हर साल बनती है।

टीवी चैनलों और राष्ट्रीय अखबारों में यह मुद्दा बार-बार उठ चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार बदली, अधिकारी बदले, मगर बच्चों की परेशानी वैसी ही बनी रही।

बच्चों का भविष्य दांव पर

अभिभावकों का कहना है कि जलभराव की वजह से बच्चों की पढ़ाई पर गहरा असर पड़ रहा है। “बरसात आते ही हमें डर लगता है कि कहीं स्कूल फिर से डूब न जाए। हमारे बच्चों की पढ़ाई बार-बार रुक जाती है। परीक्षा के समय तो और भी बड़ी दिक्कत होती है,” एक अभिभावक ने चिंता जताई।

प्रशासन से अपील

ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द स्कूल परिसर से पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा और शिक्षा का अधिकार केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा।

📌 तोषगांव पुल: आवागमन पर रोक

उधर, तोषगांव से सिंघनपुर मार्ग पर बना पुराना पुल भी बुधवार को बारिश के पानी में डूब गया। सुबह से ही पुल के ऊपर तेज़ बहाव होने लगा, जिससे बस, ट्रक और छोटे वाहन रुक गए। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पैदल पुल पार करते देखे गए।

हादसे का खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। बरसात के दिनों में अक्सर पानी ऊपर से बहने लगता है और राहगीर फँस जाते हैं। “कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बच्चों और बुज़ुर्गों को पार कराने में जान जोखिम उठानी पड़ती है,” ग्रामीणों ने कहा।

नया पुल निर्माण की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि अब समय आ गया है कि इस मार्ग पर नया पुल बनाया जाए। लगातार बाधित यातायात न केवल ग्रामीणों की रोजमर्रा की ज़िंदगी को प्रभावित करता है, बल्कि आपात स्थिति में भी बड़ी दिक्कतें पैदा करता है। स्कूल–कॉलेज जाने वाले बच्चे, किसान और मज़दूर सभी को परेशानी झेलनी पड़ती है।

प्रशासन की जिम्मेदारी

स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर से माँग की है कि इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान किया जाए। उनका कहना है कि जब तक नया पुल स्वीकृत और निर्मित नहीं होता, तब तक हर साल यही स्थिति दोहराई जाएगी।

छत्तीसगढ़ में अब पांच डिसमिल से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री नहीं होगी, पढ़ें क्या है नया नियम

छत्तीसगढ़ में अब पांच डिसमिल से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री नहीं होगी, पढ़ें क्या है नया नियम

 

छत्तीसगढ़ में अब पांच डिसमिल (लगभग 2200 वर्गफीट) से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री नहीं हो सकेगी। विधानसभा में पारित छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता (संशोधन) अधिनियम 2025 को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है और इसके साथ ही यह कानून प्रदेशभर में लागू हो गया है।

अवैध प्लाटिंग पर रोक

नए प्रावधान के तहत कृषि भूमि का ऐसा कोई उपखंड नहीं बनाया जा सकेगा, जिसका क्षेत्रफल 0.05 हेक्टेयर (पांच डिसमिल) से कम हो। सरकार का मानना है कि इस कदम से अवैध प्लाटिंग और कालोनियों पर प्रभावी रोक लगेगी।

पहले डॉ. रमन सिंह सरकार ने भी इसी तरह का नियम लागू किया था, लेकिन भूपेश बघेल सरकार ने इसमें संशोधन कर दिया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर कृषि भूमि के छोटे-छोटे हिस्सों में कटाई कर अवैध कॉलोनियां बसाने के मामले बढ़ गए थे। अब नए संशोधन के बाद 2200 वर्गफीट से कम के प्लॉट की रजिस्ट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।

शहरी क्षेत्रों को मिलेगी छूट

यह नियम केवल ग्रामीण कृषि भूमि पर लागू होगा। शहरी क्षेत्रों में डायवर्टेड भूमि पर व्यावसायिक और आवासीय उपयोग के लिए पांच डिसमिल से कम के प्लॉट की रजिस्ट्री पहले की तरह जारी रहेगी।

सीमांकन विवाद खत्म करने का प्रयास

संशोधन अधिनियम में एक और बड़ा बदलाव किया गया है। अब किसी भी ग्राम का सर्वे या री-सर्वे होने के बाद केवल अधिसूचित जियो-रेफरेंस नक्शे ही मान्य होंगे। इसे भू-राजस्व संहिता की धारा 107 की उपधारा (5) के रूप में जोड़ा गया है। सरकार का कहना है कि इससे सीमांकन और बटांकन से जुड़े विवादों का निपटारा आसान होगा।

हिन्दी साहित्य के जादुई यथार्थवादी विनोद कुमार शुक्ल को मिलेगा ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’

हिन्दी साहित्य के जादुई यथार्थवादी विनोद कुमार शुक्ल को मिलेगा ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’

 

छत्तीसगढ़ के मशहूर लेखक विनोद कुमार शुक्ल को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 16वें ‘लिटरेचर लाइव! मुंबई लिटफेस्ट 2025’ में ‘गोदरेज लिटरेचर लाइव! लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। 88 वर्षीय शुक्ल अपनी खास ‘जादुई यथार्थवादी’ शैली के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी रचनाएं ‘नौकर की कमीज़’ और ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ दुनियाभर में पसंद की जाती हैं।

शुक्ल का साहित्यिक सफर कई बड़े पुरस्कारों से सजा है। 1999 में ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला। 2023 में वे भारत के पहले लेखक बने, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय पेन नबोकोब अवार्ड मिला। 2024 में छत्तीसगढ़ के पहले लेखक के रूप में उन्हें 59वां ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया गया।

क्या कहा विनोद कुमार शुक्ल ने

हाल ही में हिंद-युग्म प्रकाशन ने उनकी पुस्तकों की छह महीने में 30 लाख रुपये की रायल्टी की घोषणा की, जो हिंदी साहित्य में एक बड़ी उपलब्धि है। अवार्ड लेते हुए शुक्ल ने कहा, “लेखन अपनी आवाज ढूंढने का सफर है, जो कविता से शुरू होकर कविता पर खत्म होता है।”

छत्तीसगढ़ ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी 23 सितंबर को किया धरना प्रदर्शन 7 सूत्रीय मांगों पर अड़े

छत्तीसगढ़ ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी 23 सितंबर को किया धरना प्रदर्शन 7 सूत्रीय मांगों पर अड़े

छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र नाग के नेतृत्व में 7 सूत्रीय लंबित मांगों की पूर्ति के लिए एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है

संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र नाग ने बताया कि 15 सितंबर 2025 को जिले के कलेक्टर अनुभाग्य अधिकारी एवं तहसीलदार के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा था उसके बावजूद आज तक मांगों का कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई इसी के तहत आंदोलन के तृतीय चरण में दिनांक 23 सितंबर 2025 को एक दिवसीय अवकाश लेकर जिला मुख्यालय में प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक धरना प्रदर्शन किया

*ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी की प्रमुख 7 सूत्रीय मांगे-*

1. वेतनमान संशोधन – 4300 ग्रेड पे की स्वीकृति

2. कर क्षेत्र का पुननिर्धारण ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी एवं उद्यान विकास अधिकारी

3. मासिक स्थाई भता fix TA त में वृद्धि 2500 तक

4. संसाधन भता मोबाइल इंटरनेट लैपटॉप एवं स्टेशनरी हेतु

5. अतिरिक्त क्षेत्र भत्ता विभागीय अम्लों की कमी के कारण दिए गए अतिरिक्त प्रभार पर

6. पदनाम संशोधन- मध्य प्रदेश शासन की तर्ज पर ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी का नाम बदलकर उद्यान विस्तार अधिकारी किया जाए

7. पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी से उद्यान विकास अधिकारी पद पर लंबित पदोन्नति तत्काल किया जाए एवं समय पर किया जाए।

CG News: मूंगफली खाने को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्रों को बोलेरो से कुचला, दो की मौत – पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

CG News: मूंगफली खाने को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्रों को बोलेरो से कुचला, दो की मौत – पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

 

छत्तीसगढ़ सूरजपुर जिले के तिवरागुड़ी गांव में मूंगफली खाने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बोलेरो सवारों ने मोटरसाइकिल से घर लौट रहे पिता और दो पुत्रों को कुचल दिया। हादसे में पिता और बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

खेत से थाने और फिर सड़क तक पहुंचा विवाद

जानकारी के अनुसार, तिवरागुड़ी निवासी त्रिवेणी रवि ने अपने खेत में मूंगफली की फसल बोई थी। सोमवार शाम को उसका छोटा बेटा करण रवि खेत की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान रिश्तेदार नर्मदा सोनवानी और उसके बेटे बोलेरो से पहुंचे और करण पर मूंगफली उखाड़कर खाने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ा तो करण की पिटाई की गई, मोबाइल तोड़ा गया और लोहे की रॉड से हमला भी किया गया।

बीच-बचाव के लिए पहुंचे पिता त्रिवेणी रवि और बड़े बेटे राजा बाबू के साथ भी मारपीट हुई। तीनों घायल हो गए और उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज करानी चाही। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लाई, मगर कार्रवाई करने के बजाय समझाइश देकर छोड़ दिया। इस दौरान आरोपितों ने थाने में ही बोलेरो से कुचलने की धमकी दी थी।

पुलिस को फोन किया, पर मदद नहीं मिली

रात को त्रिवेणी रवि और उसके दोनों बेटे थाने से घर लौट रहे थे। नकना चौक के पास बोलेरो सवार आरोपित पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने बाइक पर सवार पिता-पुत्रों को रौंदने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष ने घटना से कुछ मिनट पहले ही पुलिस को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने फोन काटते हुए कहा कि वे हर विवाद सुलझाने के लिए नहीं बैठे।

कुछ देर बाद बोलेरो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता त्रिवेणी रवि (41) और बड़े बेटे राजा बाबू (21) की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा करण गंभीर रूप से घायल है और सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती है।

मौत के बाद हरकत में आई पुलिस

मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो यह घटना रोकी जा सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक परिवार ने बार-बार मदद मांगी, लेकिन थाने ने मामले को हल्के में लिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी राजेंद्र साहू का कहना है कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से जुड़े हैं और थाने में समझौते की बात कही गई थी। इसके बाद ही उन्हें छोड़ा गया था। लेकिन घटना के बाद गंभीर अपराध दर्ज कर आरोपितों की खोजबीन की जा रही है।

सवालों के घेरे में पुलिस

यह पूरा घटनाक्रम पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।थाने में मिली धमकी को नजरअंदाज क्यों किया गया? पीड़ित पक्ष के फोन कॉल को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया? समझौते की आड़ में आरोपितों को छोड़ने का निर्णय किस आधार पर लिया गया? ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की होती, तो दो जानें नहीं जातीं।

बसना : प्रशासन से मदद की गुहार जीराडबरी में तीन घर धंसने की कगार पर, पानी निकासी रोकने का आरोप; इधर ढालम क्षेत्र मे कई एकड़ धान की फसलें बर्बाद

महासमुंद।लगातार झमाझम हो रही बारिश ने महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत जीराडबरी के हालात बिगाड़ दिए हैं। गांव के तीन घरों में पानी घुस गया है और मिट्टी से बने ये घर धंसने की कगार पर पहुँच गए हैं। देखें वीडियो

घरों में रखा राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह भीग चुका है। इतना ही नहीं, इनमें से एक परिवार ने आजीविका के लिए घर से सटा छोटा ठेला दुकान खोल रखा था, लेकिन वहां भी पानी भर जाने से दुकान का पूरा सामान खराब हो गया है। पीड़ित परिवार अब बर्तन और बाल्टी के सहारे रात-दिन घर से पानी बाहर निकालने की मशक्कत कर रहे हैं ताकि मिट्टी की दीवारें अचानक ढह न जाएं।

ग्रामीणों का आरोप – निकासी मार्ग को पाट दिया गया
पीड़ितों ने इस पूरी स्थिति के लिए गांव के ही एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि संजय साहू नामक व्यक्ति ने गांव के पानी निकासी के रास्ते को मुरूम डालकर पाट दिया। यही कारण है कि अब पूरे गांव का पानी सीधे उनके घरों में घुस रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब यह निकासी मार्ग पाटा जा रहा था, तब उन्होंने इसका विरोध भी किया था। उस समय ग्राम पंचायत के सरपंच और उपसरपंच ने भरोसा दिलाया था कि जल्द ही नाली बनवाकर पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी। लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद न तो नाली बनी और न ही पानी की निकासी की कोई व्यवस्था की गई। नतीजा यह हुआ कि आज तीनों घर संकट के मुहाने पर आ खड़े हुए हैं।

“जल्दी व्यवस्था नहीं हुई तो घर पूरी तरह ध्वस्त हो जाएंगे”
प्रभावित ग्रामीण लुगरू कुमार, जुगरू कुमार और पूजा कुमार ने बताया कि वे बीते 24 घंटे से लगातार पानी बाहर निकाल रहे हैं। लेकिन बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और पानी की निकासी का रास्ता बंद होने के कारण हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया तो उनके घर पूरी तरह ध्वस्त हो जाएंगे और रहने के लिए भी कोई जगह नहीं बचेगी। ऐसे में उनके परिवार खुले आसमान के नीचे आ जाएंगे।

क्षेत्र में फसलें भी बर्बाद
गांव के घर ही नहीं, बल्कि खेत भी इस बारिश की चपेट में आ गए हैं। लगातार हो रही बारिश से ढालम और चनाट क्षेत्र की कई एकड़ धान की फसलें पानी में डूब चुकी हैं। कई खेतों में धान की पौधियां गिर गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण किसानों का कहना है कि बारिश अगर कुछ दिन और जारी रही तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। ऐसे हालात में खेती-किसानी करने वाले परिवारों पर आजीविका का बड़ा संकट मंडरा रहा है।

प्रशासन से मदद की गुहार
पीड़ित परिवारों और किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि तत्काल गांव में पानी निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए। साथ ही, जिन परिवारों के घर पानी से भर चुके हैं, उन्हें राहत सामग्री और अस्थायी निवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बार-बार पंचायत और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन किसी ने भी ठोस कदम नहीं उठाया। अब जब स्थिति गंभीर हो चुकी है, तब प्रशासनिक मदद ही उनकी आखिरी उम्मीद बची है।

ग्रामीणों में नाराजगी
गांव के लोगों का कहना है कि अगर पंचायत स्तर पर समय रहते नाली निर्माण की व्यवस्था कर दी जाती तो आज यह नौबत नहीं आती    । पंचायत और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण आज तीन परिवार बेघर होने की स्थिति में पहुँच गए हैं। वहीं किसान भी अपनी बर्बाद होती फसलों को देखकर हताश हैं। गांव में चर्चा है कि यदि प्रशासन और पंचायत तुरंत सक्रिय नहीं हुए तो आने वाले दिनों में और भी घर और खेत पानी की चपेट में आ सकते हैं।

 

ग्राम पंचायत जीराडबरी की यह घटना बताती है कि छोटी-सी लापरवाही किस तरह से ग्रामीण परिवारों और किसानों के लिए बड़ा संकट खड़ा कर सकती है। एक तरफ लगातार बारिश से फसलें चौपट हो रही हैं, तो दूसरी तरफ पानी निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों के घर डूबने लगे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कितनी जल्दी इस समस्या पर संज्ञान लेकर पीड़ित परिवारों और किसानों को राहत दिलाता है।

खल्लारी मंदिर में दर्शन करने आए युवक की मोटरसाइकिल चोरी

महासमुंद/खल्लारी मंदिर में दर्शन करने आए युवक की मोटरसाइकिल चोरी

 

महासमुंद। थाना खल्लारी क्षेत्र के प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार तुपकबोरा (गांजर) थाना बागबाहरा निवासी कुलेश्वर चक्रधारी (उम्र 23 वर्ष) दिनांक 20 सितम्बर 2025 को अपने रिश्तेदार बोधन चक्रधारी के साथ मोटरसाइकिल हीरो HF Deluxe क्र0 CG 06 GH 7863 से खल्लारी मंदिर घूमने आया था। दोपहर लगभग 01 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल नारियल दुकान के सामने खड़ी कर दी और पहाड़ी पर स्थित मंदिर दर्शन करने चला गया।

करीब 03 बजे वापस लौटने पर उसने देखा कि उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने पर भी वाहन का पता नहीं चला। चोरी हुई मोटरसाइकिल पुरानी इस्तेमाली थी, जिसका इंजन नंबर HA11ENHGF07991 एवं चेसिस नंबर MBLHAR207HGF08814 है। वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 40,000 रुपये बताई जा रही है।

प्रार्थी की लिखित शिकायत पर थाना खल्लारी पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।

खल्लारी/ मामाभाचा चौक पर सड़क हादसे में युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया अपराध

खल्लारी/ मामाभाचा चौक पर सड़क हादसे में युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया अपराध

 

खल्लारी/महासमुंद, थाना खल्लारी क्षेत्र अंतर्गत मामा भाचा चौक (NH-353 रोड) पर हुए सड़क हादसे में ग्राम मामाभांचा निवासी रूपेश कुमार साहू (24 वर्ष) की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रूपेश कुमार साहू पिता सियाराम साहू प्रतिदिन अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 MF 7233 CT100) से ग्राम मामाभांचा से महासमुंद स्थित किराना दुकान में काम करने आता-जाता था। दिनांक 07 सितम्बर की रात करीब 8:45 बजे रूपेश काम से लौटते समय मामा भाचा चौक पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रही मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस (क्रमांक CG 06 HB 5904) के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी।

हादसे में रूपेश के सिर और पैर में गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. दीपक मधुकर ने युवक को मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम हेतु चिरघर भेज दिया।

घटना की सूचना पर थाना खल्लारी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/25 धारा 194 BNSS के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया।

घटना की जानकारी पंचनामा गवाहों और परिजनों—बीरसिंग साहू, लोमेश साहू, बलीराम साहू एवं भूवनलाल साहू (सभी ग्राम मामाभांचा निवासी) ने दी। उन्होंने बताया कि रूपेश परिवार का सहारा था और नियमित रूप से काम के लिए महासमुंद आता-जाता था।

पुलिस ने अपराध कायम कर इसकी सूचना मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम को प्रेषित की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।