CG News: फर्जी खरीददारी दिखाकर 19.65 करोड़ के GST की चोरी, कारोबारी गिरफ्तार

CG News: फर्जी खरीददारी दिखाकर 19.65 करोड़ के GST की चोरी, कारोबारी गिरफ्तार

 

छत्तीसगढ़: राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने बुधवार को 19.65 करोड़ रुपये की कर चोरी का भंडाफोड़ किया है। विभाग ने मामले में महावीर मोल्ड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अंकित सिंह को गिरफ्तार किया है।

विभागीय जांच में सामने आया कि कारोबारी अंकित सिंह ने वर्ष 2024–25 और 2025–26 में 18 फर्जी व्यवसायियों से खरीदी दिखाकर लगभग 19.65 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) प्राप्त किया। इस धोखाधड़ी के चलते राज्य को भारी वित्तीय क्षति पहुंची। विभाग ने अंकित सिंह को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आरोपी कारोबारी मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन का पूर्व पदाधिकारी भी रह चुका है। वहीं टीम ये भी जानकारी खंगालने में लगी हुई है कि उक्त परिवार के सदस्य किसी और फर्म में डायरेक्टर तो नहीं, जहां टैक्स चोरी का ऐसा खेल खेला गया हो। इन कंपनियों के जरिए की कर चोरी जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच खंगालने के बाद पाया कि आरोपी कारोबारी अंकित सिंह तीन फर्म में डायरेक्टर है।

इनमें महावीर मोल्डस इंडिया प्रालि से 12.24 करोड़, श्री पशुपति लोहा एंड स्टील ट्रेडर्स प्रालि से 2.05 करोड़ और जय बजरंग लोहा प्रालि कंपनी से 5.46 करोड़ कुल 19.65 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी करने के सुबूत मिले।

फर्जी फर्म के नाम पर किया खेल

जीएसटी विभाग के अनुसार अंकित सिंह ने फर्जी फर्मों के नाम पर कर चोरी कर कंपनियों को आइटीसी का लाभ दिलाया। जांच में यह भी सामने आया कि तीनों कंपनियां अस्तित्वहीन हैं और इनका संचालन अंकित सिंह ही कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी प्रणाली के अंतर्गत धोखाधड़ी को रोकने और कर अनुपालन को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के अधीन जीएसटी कारोबारियाें द्वारा बोगस पंजीकरण कराने के साथ वस्तु के वास्तविक आपूर्ति किए बगैर इनपुट टैक्स क्रेडिट के दुरूपयोग का पता लगाने जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत राज्य जीएसटी विभाग ने बुधवार को तीन कंपनियाें द्वारा की गई धोखाधड़ी और कर चोरी का पता लगाया। इन फर्मो के संचालन कर रहे कारोबारी अंकित सिंह फर्जी बिलों एवं चालानों के माध्यम से आइटीसी प्राप्त करने और इसका लाभ अन्य कारोबारियाें को पास आन करता था।

महासमुन्द बसना क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए खुशखबरी योजना के तहत इलाज की सभी सुविधाएं अग्रवाल नर्सिंग होम मे उपलब्ध होंगी

महासमुन्द बसना क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए खुशखबरी योजना के तहत इलाज की सभी सुविधाएं अग्रवाल नर्सिंग होम मे उपलब्ध होंगी अब बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम में मिलेगा सीजीएचएस योजना का लाभ

बसना। क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए खुशखबरी है। अब छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य योजना (CGHS) के अंतर्गत अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना को मान्यता मिल गई है। अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी दी कि यहां सीजीएचएस योजना के तहत इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसमें ओपीडी उपचार, विशेषज्ञ परामर्श, अस्पताल में भर्ती, जांच एवं दवाइयां शामिल हैं। इससे अब सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि योजना से जुड़ी जानकारी और सुविधा के लिए लोग अस्पताल के हेल्पलाइन नंबर 84618-11000, 77708-68473, 77730-86100 पर संपर्क कर सकते हैं।

👉 यह कदम बसना क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, क्योंकि अब उन्हें सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

CG Police Promotion: DGP ने 27 Sub-Inspector के प्रमोशन का दिया आदेश, देखिए लिस्ट

CG Police Promotion: DGP ने 27 Sub-Inspector के प्रमोशन का दिया आदेश, देखिए लिस्ट

 

छत्तीसगढ़ के पुलिसकर्मियों को लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। पुलिस विभाग में प्रमोशन किया गया है। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय की ओर से 27 उप निरीक्षकों का निरीक्षक पद पर प्रमोशन किया गया है।

छत्तीसगढ़ पुलिस महा निदेशक अशोक देव गौतम ने इस पदोन्नति का आदेश जारी किया है। जिसमें 27 उप निरीक्षकों के नाम की सूची है, उन्हें पदोन्नत कर निरीक्षक बना दिया गया है। पुलिस महकमे की ओर से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन करते हुए यह आदेश जारी किया गया है।

पदोन्नत उप निरीक्षकों के नाम इस प्रकार

1.गोपाल दिवाकर, कोरबा

2.खुशबू कुमारी त्रिपाठी, महिला, मांगूर जांजगीर

3.मनीषा पटेल, जीआईएसटीआई रायपुर

4.मयंक मिश्रा, देवभोग

5.मांगेन्द्र, बिलासपुर

6.मनोज कुमार सिन्हा, जशपुर

7.साजिद अली, नर जिला कबीरधाम

8.शिरिष पाण्डेय, गरियाबंद

9.देवन कुमार साहू, विशेष प्र. पु. ग्रे. रायपुर

10.संतोष सिंह, महासमुंद

11.विनोद कुमार लावनिया, कबीरधाम

12.मोहम्मद रिजवान, सुकमा

13.बालुदत्त मणिकपुरी, रायपुर

14.भूषण चन्द्राकर, राजनांदगांव

15.तारणेश कुमार साहू, विशेष प्र. पु. ग्रे. रायपुर

16.अरुण कुमार दुबेवंशी, जांजगीर-चांपा

17.देवेंद्र सिंह देवांगन, विशेष प्र. पु. ग्रे. रायपुर

18.नवीन सिंह राजपूत, दुर्ग

19.पारस पटेल, जांजगीर-चांपा

20.रमेश कुमार साहू, एसआईयू प्र. पु. ग्रे. रा

21.तारकेश्वर, रायपुर

22.सरिता तिवारी, पुलिस कार्यालय बिलासपुर

23.विनोद कुमार क्षत्रिय, महासमुंद

24.कमलेश भूषण पटेल, कोरबा

25.भावेश बंधे, बिलासपुर

26.भुवनेश्वरी साहू

27.कमल किशोर पटेल, (विभागीय जांच)

महासमुंद/ग्राम भलेसर में सड़क हादसा, युवक घायल

महासमुंद/ग्राम भलेसर में सड़क हादसा, युवक घायल

महासमुंद/ वार्ड नं. 12 नयापारा बेमचा निवासी युवक के साथ ग्राम भलेसर में सड़क हादसा हो गया। पीड़ित ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पीड़ित ने बताया कि वह कक्षा 10वीं तक पढ़ाई किया है और ग्राम भलेसर के FCI वेयरहाउस गोदाम में हमाली का काम करता है। रोज की तरह वह अपने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NA 3268 से काम करने गया था और काम निपटाकर शाम करीब 6 बजे घर लौट रहा था।

ग्राम भलेसर के गौशाला के आगे पहुंचने पर महासमुंद की ओर से आ रही तेज रफ्तार बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PA 2028 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी। हादसे में उसके दाहिने हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

घटना की सूचना उसने अपने बड़े भाई शंकर यादव को फोन पर दी। इसके बाद शंकर यादव और उनके साथी मेघनाथ महानंद मौके पर पहुंचे और उसे मोटरसाइकिल से इलाज के लिए बरोंडा चौक स्थित चोपड़ा अस्पताल महासमुंद भर्ती कराया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए सोहम अस्पताल महासमुंद में भर्ती किया गया।

पीड़ित ने ठीक होने के बाद 20 अगस्त 2025 को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला धारा 125(ए)-BNS एवं 281-BNS के तहत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

महासमुंद/थाना खल्लारी क्षेत्र से नाबालिक युवती 10 माह से लापता, अपराध दर्ज

महासमुंद/थाना खल्लारी क्षेत्र से नाबालिक युवती 10 माह से लापता, अपराध दर्ज

 

महासमुंद / खल्लारी अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी निवासी 16 वर्षीय नाबालिक युवती 10 माह से लापता है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवती उम्र 16 वर्ष 08 माह, दिनांक 27 अक्टूबर 2024 को सुबह करीब 11 बजे घर से नहाने जा रही हूं कहकर निकली थी, लेकिन उसके बाद से आज दिनांक तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों और परिचितों में तलाश की, किंतु कोई पता नहीं चल सका।

सूचना पर थाना खल्लारी पुलिस ने मामले की जांच की और नाबालिक को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की आशंका पर अपराध धारा 137(2) बीएनएस के तहत कायम कर विवेचना में लिया है।

लापता युवती का हुलिया –

ऊंचाई: 4 फीट 6 इंच

रंग: गोरा

चेहरा: गोल

बाल: छोटे घुंघराले

परिधान: स्कूल ड्रेस

गहने: कान में बाजारू टाप, गले में सोने की लॉकेट

भाषा: हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी बोलती है

शिक्षा: कक्षा 10वीं तक पढ़ी हुई

सूचना के अनुसार मामला गुम इंसान क्रमांक 28/25 में दर्ज कर लिया गया है तथा रिपोर्ट डीसीआरबी शाखा महासमुंद को भी भेजी गई है।

सरायपाली/गांव दर्राभाठा में विवाद, पिता-पुत्र पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप

सरायपाली/गांव दर्राभाठा में विवाद, पिता-पुत्र पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप

 

महासमुंद। थाना सरायपाली क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। दर्राभाठा निवासी पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दिनांक 20 अगस्त 2025 की शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच गांव के कुबेर दुकान के पास उसकी अशोक बारिक और उसके पिता ईश्वर बारिक से कहासुनी हो गई।

पीड़ित के अनुसार उसका 12 वर्षीय पुत्र  ने एक दिन पहले उसे बताया था कि 19 अगस्त को रास्ते में अशोक बारिक ने उसे रोककर “बांस का करील चोरी करने” का आरोप लगाते हुए मां-बहन की गंदी-गंदी गाली देकर मारपीट की थी। इसी बात को लेकर जब पीड़ित ने अशोक बारिक से सवाल किया तो वह अश्लील गाली-गलौज करने लगा और अपने पिता ईश्वर बारिक को भी मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि दोनों बाप-बेटे ने मिलकर पीड़ित को मां-बहन की गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का से मारपीट की। मारपीट के दौरान अशोक बारिक के हाथ में पहना स्टील का चूड़ा (कड़ा) लगने से पीड़ित के सिर में चोट आई।

घटना को गांव के नंदसाय बरिहा और बोधीराम चौहान ने देखा-सुना।

थाना सरायपाली पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अशोक बारिक और ईश्वर बारिक के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली ही बार के विधायक से सीधे मंत्री… राजेश ने पंचायत, गजेंद्र ने कॉलेज से की शुरूआत, खुशवंत ने पिता से सीखी राजनीति

पहली ही बार के विधायक से सीधे मंत्री… राजेश ने पंचायत, गजेंद्र ने कॉलेज से की शुरूआत, खुशवंत ने पिता से सीखी राजनीति

 

CG: अंबिकापुर जिले के लखनपुर निवासी राजेश अग्रवाल ने गांव के पंच से राजनैतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उप सरपंच, नगर पंचायत अध्यक्ष के बाद विधायक निर्वाचित हुए। इन्होंने विधानसभा चुनाव- 2023 में तत्कालीन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को पराजित किया था। इनकी पहचान एक सेवाभावी राजनेता की है। पिता स्व. चांदीराम अग्रवाल की भांति हर किसी के सुख-दुख में सहभागी होते हैं।

सहज, सरल और आत्मीय भाव से परिपूर्ण राजेश अग्रवाल और उनका पूरा परिवार वनांचल क्षेत्रों में जरूरतमंद ग्रामीणों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता है। इन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की दिशा में भी काम किया है। वर्ष 2014 में जब पहली बार नगर पंचायत लखनपुर के अध्यक्ष निर्वाचित हुए तो सामाजिक क्षेत्र में एक ऐसा निर्णय लिया, जिसने बालिका सुरक्षा और शिक्षा को आगे बढाने में मील का पत्थर साबित हुआ।

नगर पंचायत क्षेत्र के ऐसे दंपती जिनके यहां बेटी का जन्म हुआ, उन्हें दो हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की सेवाभावी सोच को वे आज भी मूर्तरूप दे रहे हैं। बेटी के जन्म पर वे आर्थिक सहायता राशि देते है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा लखनपुर के शासकीय स्कूलों में हुई। सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय सहभागिता रहती है। ये विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी जुड़े हुए हैं।

वार्ड अध्यक्ष से विधायक और अब मंत्री बने गजेंद्र यादव

दुर्ग के विद्युत नगर के एक छोटे से मकान में रहने वाले गजेंद्र यादव ने छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रख दिया था। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ व पूर्व मुख्यमंत्री अरुण वोरा को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। वार्ड अध्यक्ष से शुरुआत करने वाले गजेंद्र यादव नगर निगम पार्षद, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव और स्काउट गाइड के राज्य आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली है।

गजेंद्र यादव का राजनीतिक सफर वर्ष 1996 में दुर्ग के साइंस कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ। उस समय वे दिवंगत सांसद ताराचंद साहू के लोकसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय थे। उनकी सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने वर्ष 1998 में उन्हें वार्ड अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। वर्ष 1999 में भाजपा ने उन्हें दुर्ग नगर निगम चुनाव में कचहरी वार्ड से उम्मीदवार बनाया था। इन्हाेंने पांच बार के पार्षद और पूर्व उप महापौर खेमलाल सिन्हा को हराया था।

पिता रहे हैं, आरएसएस के प्रांच प्रचारक

गजेंद्र यादव के पिता बिसरा राम यादव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक रहे। परिवार का मूल व्यवसाय कृषि है। उनके बड़े भाई नरेंद्र यादव दिसंबर 2004 से 2009 तक अहिवारा नगर पंचायत अध्यक्ष थे। वहीं, उनकी भाभी मंजूलता यादव वर्ष 2014 से 2019 तक अहिवारा नगर पंचायत अध्यक्ष रहीं और क्षेत्र की जनता की सेवा की।

डहरिया को हराकर पहली बार विधायक बने खुशवंत अब मंत्री

आरंग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिव डहरिया को 16,538 मतों से हराकर मंत्रिमंडल में अपनी जगह बनाई। ग्राम भंडारपुरी धाम निवासी खुशवंत साहेब सतनामी समाज के धर्मगुरु बाल दास साहेब के पुत्र हैं। बाल दास पूर्व में कांग्रेस में थे, लेकिन 2023 में भाजपा में लौट आए।

36 वर्षीय खुशवंत साहेब अविवाहित हैं और उन्होंने मैट्स यूनिवर्सिटी, आरंग से वर्ष 2017 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और टर्बो मशीनरी में मास्टर डिग्री ली है। राजनीति में आने से पहले वे कृषि और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े रहे। वे अखिल भारतीय सतनाम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भंडारपुरी गद्दी के उत्तराधिकारी भी हैं

CG: थम नहीं रहा कुत्तों का आतंक… भिलाई में एक बच्ची को कई जगह नोचा

CG: थम नहीं रहा कुत्तों का आतंक… भिलाई में एक बच्ची को कई जगह नोचा

 

CG: भिलाई चरोदा निगम क्षेत्र में डॉग बाइट (कुत्ता द्वारा काटने) के मामले थम नहीं रहे हैं। वहीं निगम प्रशासन बेपरवाह बना हुआ है, जिसकी वजह से लोगों में आक्रोश की स्थिति बनने लगी है। बुधवार को बिजली नगर कॉलोनी में रहने वाली आठ वर्षीय बच्ची किरण को आवारा कुत्ता ने हाथ व पैर में कई जगह नोचा। मोहल्ले के लोगों ने उसे किसी तरह बचाया। सुपेला अस्पताल में उपचार के लिए बच्ची को जब लेकर स्वजन पहुंचे तो उसकी आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे।

निकाय के पास कुत्तों को पकड़ने का संसाधन नहीं

भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों का बधियाकरण कोरोनाकाल के दौरान से ही बंद है। नगर निगम क्षेत्र में अब तक डॉग हाउस का निर्माण भी नहीं किया गया है। 40 वार्ड वाले इस निकाय के पास आवारा कुत्तों को पकड़ने स्वयं का कोई भी संसाधन नहीं है और न ही इसके लिए कोई प्रयास जमीनी स्तर पर किया गया। यही वजह है कि शहर की मुख्य सड़कों से लेकर वार्ड में गली मोहल्ले तक में आवारा कुत्तों का आतंक नजर आ रहा है।

ढाई वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने किया हमला

स्थिति यह है कि रात में दोपहिया सवार भी इनसे सुरक्षित नहीं रहते। वहीं भिलाई-तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में औसतन हर दिन पांच से छह मामले आने लगे हैं। बीते 12 जून को गांधी नगर भिलाई-तीन निवासी ढाई वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था। बच्चे के कूल्हे, पेट, दोनों पैर में कई जगहों पर कुत्ता ने नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद सिरसा गेट चौक के पास आवारा कुत्ता ने 10 से अधिक लोगों को काट चुका। इसमें बच्चे, महिला व बुजुर्ग शामिल हैं।

CG: बिलासपुर में आंगनबाड़ी में खेल रही बच्ची के सिर पर गिरा लोहे का पाइप, लापरवाही ने छीन ली मासूम की जिंदगी

CG: बिलासपुर में आंगनबाड़ी में खेल रही बच्ची के सिर पर गिरा लोहे का पाइप, लापरवाही ने छीन ली मासूम की जिंदगी

 

CG: बिलासपुर सिविल लाइन क्षेत्र के तालापारा स्थित घोड़ादाना स्कूल परिसर में रखे डीजे का पाइप तीन साल की मासूम के सिर पर गिर गया। इस हादसे में मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा स्कूल व आंगनबाड़ी परिसर में डीजे संचालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक लोहे का पाइप और अन्य उपकरण रख देने से हुआ। पुलिस ने आरोपी डीजे संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि तालापारा में रहने वाली तीन साल की मुस्कान महिलांगे प्रतिदिन घोड़ादाना स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी जाती थी। हालांकि उसका नाम आंगनबाड़ी में दर्ज नहीं था, लेकिन वह रोजाना खेलने के लिए स्कूल आती थी। स्कूल परिसर चारों ओर से बाउंड्री से घिरा हुआ है और भीतर प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी दोनों संचालित हैं।

सिम्स में इलाज के दौरान मौत

इसी परिसर में डीजे संचालक रोहित देवांगन ने अपने डीजे का सामान और लोहे के पाइप रख दिए थे। 14 अगस्त को करीब 11:15 बजे मुस्कान अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी लोहे का एक पाइप अचानक उसके सिर पर गिर गया। गंभीर चोट आने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने तुरंत सिम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान ही बच्ची की मौत हो

आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज

सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। आसपास रहने वालों के बयान और पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत सिर में चोट से हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि परिसर के भीतर डीजे संचालक रोहित देवांगन ने लापरवाहीपूर्वक अपना सामान व पाइप रख छोड़ा था, जिससे यह हादसा हुआ। बयान और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी डीजे संचालक रोहित देवांगन और उसके सहयोगियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106, 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर जारी, 16 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर जारी, 16 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

 

छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर से गति पकड़ ली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा और बारिश की संभावना है।

धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। विभाग ने किसानों और आमजनों को सचेत रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश पर बना कम दबाव क्षेत्र बुधवार सुबह कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके बावजूद दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास का क्षेत्र चक्रवाती घेरे की चपेट में है।

बिजली गिरने का अलर्ट

बिजली गिरने का अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए चेतावनी दी है कि कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। लोगों को खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। राज्य में मानसून की सक्रियता बरकरार है।

मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश में बना कम दबाव क्षेत्र कमजोर हो गया है, लेकिन इसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का दौर प्रदेशभर में जारी रहेगा। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव सहित मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में गुरुवार की शाम तक कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं, बस्तर संभाग में भी कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

राजधानी समेत कई जगह झमाझम

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। दुर्ग, धमतरी और बस्तर क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कम दबाव क्षेत्र कमजोर होने के बावजूद चक्रवाती घेरा सक्रिय है, जिससे लगातार बौछारें पड़ रही हैं।