CG Liquor Scam: आबकारी आयुक्त रहे Retired IAS निरंजन दास गिरफ्तार, घोटाले का प्लान बनाने का आरोप

CG Liquor Scam: आबकारी आयुक्त रहे Retired IAS निरंजन दास गिरफ्तार, घोटाले का प्लान बनाने का आरोप

 

रायपुर: 3,200 करोड़ के शराब घोटाले में लंबे समय से जांच एजेंसियों की रडार पर रहे रिटायर्ड आइएएस अधिकारी निरंजन दास को राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

निरंजन दास पर यह है आरोप

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान आबकारी आयुक्त रहे निरंजन दास पर शराब घोटाले की पूरी रूपरेखा बनाने और उसे लागू कराने का आरोप है। विभाग प्रमुख के तौर पर उन्होंने विभाग में सक्रिय सिंडीकेट का सहयोग करते हुए, शासकीय शराब दुकानों में अन एकाउंटेंड शराब की बिक्री, अधिकारियों के ट्रांसफर, टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर, दोषपूर्ण शराब नीति लाये जाने में सहयोग, अन्य तरीकों से सिंडीकेट को लाभ पहुंचाते हुए उसके एवज में करोड़ों का लाभ अर्जित किया था।

दास को शुक्रवार कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट ने नौ मई तक गिरफ्तारी से राहत दी थी। सूत्रों के मुताबिक ईओडब्ल्यू के अधिकारी नितेश पुरोहित, यश पुरोहित को गिरफ्तार करने गिरिराज होटल गई थी,जहां से दोनों फरार हो गए।

कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी की छापेमारी

वहीं 140 करोड़ के कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन राशि घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने भिलाई समेत प्रदेश के दस ठिकानों में छापेमारी की। गुरुवार की सुबह छह बजे ईडी की चार सदस्यीय टीम ने भिलाई के तालपुरी इलाके में रिटायर्ड आइएएस डॉ.आलोक शुक्ला और हुड़को में सुधाकर राव घर दबिश दी। टीम ने घर की घेराबंदी कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों,लेनदेन से जुड़े कागजों को खंगालकर छानबीन की।

छापेमारी के दौरान आलोक शुक्ला घर पर नहीं थे। उनके मप्र जाने की जानकारी दी गई थी। ईडी ने घर पर नोटिस चस्पा कर उन्हें तलब किया है। बताया जा रहा है कि आलोक शुक्ला सरेंडर करने ईडी की विशेष कोर्ट पहुंचे थे,लेकिन सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं होने पर उन्हें वापस भेज दिया गया।

सरायपाली पुलिस की कार्रवाई : ग्राम दर्राभांठा अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली पुलिस की कार्रवाई : ग्राम दर्राभांठा अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

 

सरायपाली। थाना सरायपाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 सितंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल HF डिलक्स (क्रमांक CG 06 GP 1560) में ग्राम पलसापाली की ओर से सरायपाली की ओर अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना पर प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में आरक्षक 394, 197 तथा गवाहों को साथ लेकर पुलिस दल रवाना हुआ। ग्राम दर्राभांठा मोड़ पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कमलेश बेहरा पिता राजेन्द्र बेहरा उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम पलसापाली (केदुंवा), थाना सरायपाली जिला महासमुंद के रूप में हुई। आरोपी की मोटरसाइकिल के हैंडल से लटक रहे सफेद रंग के प्लास्टिक थैले की जांच करने पर उसमें एक 05 लीटर क्षमता की प्लास्टिक जरीकेन मिली, जिसमें करीबन 04 लीटर (4000 ML) देशी हाथ भट्टी महुआ शराब रखी हुई थी।

पुलिस ने मौके पर ही गवाहों के समक्ष बरामदगी पंचनामा तैयार किया और उक्त शराब को सीलबंद कर जप्त किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50,000 रुपये बताई जा रही है, को भी जप्त किया गया। कुल मिलाकर पुलिस ने लगभग 50,800 रुपये का माल जब्त किया।

आरोपी का कृत्य धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसे 18 सितंबर 2025 की रात 00:35 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। चूंकि मामला जमानतीय था, इसलिए सक्षम जमानतदार पेश करने पर आरोपी को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की रोकथाम हेतु इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

पिथौरा शहीद भगत सिंह मैदान से युवक गिरफ्तार, धारदार गुप्ती सहित पकड़ा गया

पिथौरा शहीद भगत सिंह मैदान से युवक गिरफ्तार, धारदार गुप्ती सहित पकड़ा गया

 

पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर शुक्रवार 18 सितंबर 2025 को कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध धारदार गुप्तीनुमा चाकू सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कमलेश चौहान पिता रामधारी चौहान उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम कौहाकुडा थाना पिथौरा जिला महासमुंद के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना पिथौरा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक सिकंदर भोई को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई थी कि शहीद भगत सिंह खेल मैदान पिथौरा में एक युवक अवैध रूप से धारदार चाकू रखे हुए है। सूचना पर तत्काल हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 907 एवं 733 को लेकर गवाह राहुल निषाद और राजकुमार उपाध्याय को धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस तामिल कर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम कमलेश चौहान बताया।

तलाशी लेने पर उसके कमर के पीछे से एक स्टील का गुप्तीनुमा धारदार चाकू म्यान सहित बरामद हुआ। गवाहों की उपस्थिति में पुलिस ने पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की। आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत वैध कागजात प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वह किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं दे सका।

बरामद हथियार का विवरण इस प्रकार है— गुप्ती की कुल लंबाई 13.4 इंच, फल की लंबाई 7.5 इंच, चौड़ाई 0.8 इंच तथा लोहे का म्यान लंबाई 10.2 इंच व गोलाई 3.5 इंच। पुलिस ने आरोपी से हथियार जब्त कर कब्जे में ले लिया।

आरोपी का कृत्य धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर मौके पर ही उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके पिता रामधारी चौहान को दी गई। आरोपी के खिलाफ थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 0/25 धारा 25 आर्म्स एक्ट कायम कर आगे की विवेचना में लिया गया है।

पिथौरा : ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में मछली तालाब विवाद पर माटीदरहा युवक पर हमला, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

पिथौरा : ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में मछली तालाब विवाद पर माटीदरहा युवक पर हमला, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

महासमुंद/सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में 16 सितम्बर की रात तालाब विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सांकरा क्षेत्र के पीड़ित ग्राम माटीदरहा का निवासी है, जिसने पुलिस में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना में गांव के तीन लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन पर पिथौरा पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार, उसका चाचा अनंत राम निषाद ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में रहता है और गांव के दमांत तालाब को मछली पालन के लिए ठेके पर लिया है। दिनांक 16.09.2025 को उसके चाचा के यहां पितर कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में शामिल होने वह स्वयं गांव गया हुआ था।

बताया गया है कि अनंत राम निषाद ने तालाब में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला था। उस जाल को देखने के लिए पीड़ित रात करीब 11.30 बजे अपने चाचा के साथ तालाब की ओर गया। इसी दौरान गांव के शिवा जोशी, अंजोर जोशी और राहुल जोशी वहां मौजूद थे।

आरोप है कि तीनों ने पीड़ित से गांव आने पर आपत्ति जताई और विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर अंजोर जोशी और राहुल जोशी ने पीड़ित को पकड़ लिया और शिवा जोशी ने हाथ में रखी कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। साथ ही आरोपियों ने धमकी भी दी।

घटना को चाचा अनंत राम निषाद और भाई राजेश निषाद ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। घायल युवक ने तुरंत थाना सांकरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर पिथौरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत मामला कायम किया है। इनमें हत्या के प्रयास, धमकी, मारपीट और गंभीर अपराध से जुड़ी धाराएँ शामिल हैं

बसना ग्राम रसोड़ा में अवैध शराब पिलाने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा

बसना ग्राम रसोड़ा में अवैध शराब पिलाने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा

 

बसना। थाना बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए ग्राम रसोड़ा, जगदीशपुर रोड किनारे पीपल पेड़ के पास से एक युवक को अवैध रूप से शराब पिलाते हुए गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 सितम्बर 2025 को थाना बसना में पदस्थ सउनि को सूचना मिली कि ग्राम रसोड़ा में एक व्यक्ति लोगों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देशानुसार हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ पुलिस टीम शासकीय वाहन से मौके पर पहुँची। पुलिस को देखकर शराब पीने वाले अन्य लोग भाग खड़े हुए, वहीं एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शैलेश भोई पिता जगन्नाथ भोई उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम रसोड़ा थाना बसना जिला महासमुंद बताया।

पुलिस ने आरोपी से शराब पिलाने एवं सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में वैध कागजात प्रस्तुत करने हेतु धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस दिया, किन्तु उसके पास कोई लाइसेंस अथवा परमिट नहीं पाया गया। मौके से आरोपी के कब्जे से 02 नग देशी प्लेन शराब की खाली शीशी एवं 02 नग डिस्पोजल गिलास, जिनमें शराब की गंध आ रही थी, को गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी का कृत्य धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाते हुए उसे दिनांक 18 सितम्बर 2025 की रात 10:10 बजे गिरफ्तार किया। चूंकि मामला जमानतीय था, इसलिए सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपी को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया।

CG: सरायपाली ओम हॉस्पिटल में 20 सितम्बर को किडनी व मूत्र रोग पर विशेष परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर

CG: सरायपाली ओम हॉस्पिटल में 20 सितम्बर को किडनी व मूत्र रोग पर विशेष परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर

सरायपाली। ओम हॉस्पिटल सरायपाली में 20 सितम्बर 2025, शनिवार को किडनी एवं मूत्र रोग से संबंधित मरीजों के लिए विशेष परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट एवं किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश अग्रवाल मरीजों का परामर्श देंगे।

किडनी व मूत्र रोग विभाग में गुर्दे की पथरी, गुर्दे की सूजन व इंफेक्शन, मूत्रनली की पथरी, पेशाब में रुकावट, पेशाब में खून आना, पेशाब की नली की सिस्ट तथा मूत्राशय से जुड़ी बीमारियों का आधुनिक तरीकों से इलाज एवं ऑपरेशन उपलब्ध है। यहां लेज़र तकनीक, एंडोस्कोपी (दूरबीन विधि), पीसीएनएल (Percutaneous Nephrolithotomy) और यूरेटरॉस्कोपी जैसी नवीनतम शल्य तकनीकों का उपयोग किया जाता है, जिससे मरीज को कम दर्द, कम समय में रिकवरी और बेहतर परिणाम मिलते हैं।

डॉ. अग्रवाल ने देश-विदेश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में सेवाएं दी हैं और जटिल मामलों में उनका अनुभव बेहद समृद्ध है।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस शिविर में ऑपरेशन हेतु इच्छुक मरीज अपनी सभी जांच रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों। इसके लिए अग्रिम पंजीयन अनिवार्य है। अस्पताल में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और इंश्योरेंस कार्ड से उपचार की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही बीजू कार्ड धारक मरीजों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

ओम हॉस्पिटल का उद्देश्य है कि ग्रामीण अंचलों तक भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं पहुंच सकें ताकि लोग समय पर जांच और उपचार करा सकें। अस्पताल में प्रत्येक गुरुवार को नि:शुल्क परामर्श की भी सुविधा दी जाती है।

अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि किडनी व मूत्र रोग से पीड़ित मरीज इस अवसर का लाभ उठाएं और समय रहते अपना इलाज एवं आवश्यकतानुसार आधुनिक तकनीकों से ऑपरेशन कराएं। अधिक जानकारी के लिए अस्पताल के फोन नंबर 07725-299360 तथा मोबाइल 83700-08558 पर संपर्क किया जा सकता है।

महासमुंद कलेक्टर श्री लंगेह ने गढ़फूलझर में पाथवे, चौपाटी एवं उद्यान निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण सभी कार्यों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश

महासमुंद कलेक्टर श्री लंगेह ने गढ़फूलझर में पाथवे, चौपाटी एवं उद्यान निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण सभी कार्यों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश

 

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज गढ़फूलझर पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाथवे निर्माण, चौपाटी एवं उद्यान विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विकास कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएँ जनता की आकांक्षाओं से जुड़ी हुई हैं और प्रशासन की यह प्राथमिकता है कि उनका लाभ समय पर आमजन तक पहुँचे।

श्री लंगेह ने अधिकारियों से कहा कि कार्यों की सतत निगरानी करें और जिन बिंदुओं पर गति धीमी है, वहाँ तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम श्री मनोज कुमार खांडे, जनपद सीईओ श्री पीयूष ठाकुर, तहसीलदार श्री कृष्ण कुमार साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक गण मौजूद थे।

महासमुंद कलेक्टर श्री लंगेह ने सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

महासमुंद कलेक्टर श्री लंगेह ने सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 

महासमुंद/ सेवा पखवाड़ा, रजत जयंती वर्ष एवं पोषण माह के अंतर्गत आज कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट परिसर में सुपोषण रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। सुपोषण रथ जिले के सभी विकासखण्डों के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर सुपोषण के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री जटवार, पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकरी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर की बेहतरी के उद्देश्य से इस वर्ष भी सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य पोषण सेवाओं में अभिसरण को मजबूत करना है। पूरे छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद ज़िले में में 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास ने बताया कि यह रथ जिले के पांचों विकासखण्डों में 01 अक्टूबर तक भ्रमण करेगी। पोषण माह अंतर्गत महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता को सुदृढ़ बनाना है। पोषण माह का उद्देश्य जन-जन तक संतुलित आहार, एनीमिया मुक्त, स्तनपान के महत्व, स्कूल जाने वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा परिवार स्तर पर पोषण थाली और मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देना है।

इस अभियान के तहत पूरे माह जिलेभर में आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं पंचायत स्तर पर पोषण मेले, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जनजागरूकता रैली और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

महासमुंद राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बिरकोनी में पोषण दिवस एवं खट्टी में बाल संदर्भ शिविर आयोजित

महासमुंद राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बिरकोनी में पोषण दिवस एवं खट्टी में बाल संदर्भ शिविर आयोजित

महासमुंद/ सेवा पखवाड़ा, रजत जयंती वर्ष एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत बिरकोनी में पोषण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गर्भवती, शिशुवती महिलाएँ और किशोरी बालिकाएँ सहित 65 महिलाएँ उपस्थित रहीं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री अजय साहू ने महिलाओं को कुपोषण और एनीमिया से बचाव संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शिशु जन्म लेने के लिए महिलाओं का एचबी स्तर 11 ग्राम से अधिक होना आवश्यक है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन, आयरन, कैल्शियम एवं फोलिक एसिड की गोलियाँ समय पर लेने और आंगनवाड़ी से मिलने वाले रेडी टू ईट का उपयोग करने पर बल दिया गया। सेक्टर पर्यवेक्षक अपर्णा श्रीवास्तव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उपलब्ध 36 प्रकार की भाजी का नियमित सेवन एनीमिया की 70 प्रतिशत समस्या को दूर कर सकता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मौसमी फल व सब्जियों के महत्व को बताया गया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत खट्टी में आज राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बाल संदर्भ शिविर आयोजित किया गया। इसमें 25 गंभीर कुपोषित बच्चों की जाँच की गई और 5 बच्चों को बेहतर उपचार हेतु पोषण पुनर्वास केंद्र रेफर किया गया। इसके साथ ही सुपोषण चौपाल में गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुए।

बच्चों की ऊँचाई और वजन की जाँच की गई तथा महिलाओं को चीनी, तेल और जंक फूड से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राजीव पाण्डेय, परियोजना अधिकारी अपर्णा श्रीवास्तव, पर्यवेक्षक दीपमाला तारक, अफसरी कुरैशी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा खट्टी और लभराखुर्द की महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

महासमुंद आदि योगी केन्द्रों में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

आदि योगी केन्द्रों में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

 

महासमुंद/ सेवा पखवाड़ा अंतर्गत महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान जिले में 2 अक्टूबर 2025 तक लगातार संचालित होगा। इसी क्रम में आज जिले के आदि योगी केन्द्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचे तथा उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ लिया।

विकासखण्ड बागबाहरा अंतर्गत बुंदेली, बसना अंतर्गत बिलखण्ड, पिथौरा अंतर्गत मुढ़ीपार एवं सरायपाली अंतर्गत खैरमाल आदि योगी केन्द्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में मुख्य रूप से महिलाओं का ब्लड प्रेशर, डायबिटीज़ एवं कैंसर की जांच, खून की कमी (एनीमिया), टी.बी. एवं सिकल सेल की जांच, साथ ही गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। बच्चों को भी टीकाकरण सेवाएं प्रदान की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही पोषण संबंधी जागरूकता भी फैलाई जा रही है, ताकि परिवार और समाज को सशक्त बनाया जा सके।