बागबाहरा/चंडी मंदिर रोड पर युवक से लूट: धारदार हथियार से धमकाकर मोबाइल, घड़ी और हेडफोन लूटे रिपोर्ट दर्ज

बागबाहरा/चंडी मंदिर रोड पर युवक से लूट: धारदार हथियार से धमकाकर मोबाइल, घड़ी और हेडफोन लूटे रिपोर्ट दर्ज

 

बागबाहरा। थाना बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम वार्ड नं. 11 बाजारपारा निवासी एक युवक के साथ चंडी मंदिर रोड पर लूट की वारदात हुई है। पीड़ित युवक, जो कक्षा 12वीं में अध्ययनरत है, ने पुलिस को बताया कि वह 10 अगस्त को अपने स्कूटी (क्रमांक CG 06 HC 0183) से चंडी मंदिर दर्शन के लिए गया था।

 

दर्शन के बाद लौटते समय व्यायामशाला के पास बाथरूम करने के लिए रुका, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक आए। पहले वे आगे निकल गए, लेकिन थोड़ी दूर जाकर वापस लौटे और धारदार हथियार से धमकाते हुए उसके गले पर रख दिया।

 

आरोपियों ने पीड़ित के पास से iPhone 14 Pro Max, OLEVS कंपनी की घड़ी और Redmi कंपनी का हेडफोन, जिसकी कुल कीमत करीब ₹35,000 बताई गई है, छीन लिए। उसी दौरान पीछे से आती एक मोटरसाइकिल को देखकर आरोपी सामान लेकर चंडी मंदिर की ओर फरार हो गए।

 

पीड़ित ने घर जाकर घटना की जानकारी अपने मामा को दी और फिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

महासमुंद जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु  27 अगस्त तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन

महासमुंद जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु  27 अगस्त तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन

 

महासमुंद/ नवोदय विद्यालय समिति द्वारा सत्र 2026-27 में जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन के लिए अंतिम तिथि में वृद्धि करते हुए 27 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। समिति से मिली जानकारी अनुसार आवेदन के लिए वे ही छात्र-छात्राएं पात्र होंगे जिनका जन्म 01 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के मध्य हुआ है।

पात्र अभ्यर्थी वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs. पर ऑनलाइन आवेदन एवं अधिक जानकारी के लिए अवलोकन कर सकते हैं। पंजीयन से संबंधित समस्या हेतु अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 93405-03117 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

बलौदाबाजार/ इको पर्यटन के साथ कृषि पर्यटन को जोड़ने वन विभाग की पहल 

बलौदाबाजार/ इको पर्यटन के साथ कृषि पर्यटन को जोड़ने वन विभाग की पहल

देवहिल नेचर रिसॉर्ट के साथ परंपरागत खेती को बढ़ावावन विभाग द्वारा बलौदाबाजार के  कसडोल ब्लॉक के  वनांचल क्षेत्र  में स्थित ग्राम अचानकपुर में  कृषि को ईको पर्यटन के साथ जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस पहल के अंतर्गत अचानकपुर ग्राम में संचालित देवहिल नेचर रिसॉर्ट  के साथ गांव के कृषकों को परंपरागत फसल जैसे कोदो , सुगंधित धान की वैरायटी– विष्णुभोग एवं दुबराज की खेती के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है l

वनमंडल अधिकारी  गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में एसीएफ (प्रशिक्षु) गजेन्द्र वर्मा, परिक्षेत्र अधिकारी श्री संतोष कुमार पैकरा एवं बीएफओ  योगेश सोनवानी  द्वारा ग्रामीणों को इस पहल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैl संयुक्त वन प्रबंधन समिति के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को जैविक खेती की ओर प्रेरित किया गया जिससे न केवल वनों के संरक्षण बल्कि स्थानीय आजीविका और पोषण सुरक्षा को भी बल मिलेगा।साथ ही यह क्षेत्र अब कृषि पर्यटन के रूप में विकसित हो रहा है, जहाँ आने वाले पर्यटक परंपरागत कृषि पद्धतियों को प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे, समझ सकेंगे और अनुभव भी कर सकेंगे। इससे न केवल जैविक उत्पादों की माँग बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय संस्कृति और कृषि विरासत का भी प्रचार प्रसार होगा l जैविक खेती से जहां एक ओर मिट्टी की उर्वरता में वृद्धि होती है, वहीं रासायन मुक्त फसलें मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होती हैं। इन जैविक उत्पादों से तैयार खाद्य पदार्थों को देव हिल नेचर रिसॉर्ट पर्यटन में उपयोग किया जाएगा, जिससे कृषि-पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्राम अचानकपुर के कृषक रामसिंह बरिहा, पानसिंह बरिहा, फूलसिंह बरिहा, रामायण बरिहा सहित कई कृषकों द्वारा विष्णुभोग, दुबराज, कोदो, देसी अरहर की खेती करना प्रारंभ किया है l किसानों ने विशेष उत्साह के साथ बीजों की बुवाई शुरू की और जैविक पद्धति को अपनाते हुए खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन और पारंपरिक खेती को पुनर्जीवित करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाए हैं।

महासमुंद जिले के 700 से अधिक छात्रों ने एक घंटे में टिंकरिंग का बनाया रिकॉर्ड डीईओ ने किया निरीक्षण एटीएल स्कूलों में हुआ आयोजन

महासमुंद जिले के 700 से अधिक छात्रों ने एक घंटे में टिंकरिंग का बनाया रिकॉर्ड डीईओ ने किया निरीक्षण एटीएल स्कूलों में हुआ आयोजन

 

महासमुंद / भारत सरकार के नीति आयोग और अटल इनोवेशन मिशन के निर्देशानुसार 12 अगस्त को देश भर के 722 जिलों के 9467 अटल टिंकरिंग लैब के 4,73,358 स्कूली छात्रों ने एक साथ सुबह 10 बजे से 11 बजे तक में ऑनलाइन जूम में प्राप्त तकनीकी मार्गदर्शन से वैक्यूम क्लीनर बनाने का प्रयोग प्रदर्शन किया। इसमें महासमुंद जिले के जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरें एवं एडीपीओ सतीश नायर के नेतृत्व में जिले के सभी एटीएल में 700 से भी ज्यादा बच्चों ने इस आयोजन में भाग लिया। जिसमें एटीएल महासमुंद, बेलसांडा, पटेवा, खट्टी, बिरकोनी, पैकिन, भंवरपुर, गोड़बहाल, गांजर, मांगरापाली, मुनगासेर, कुटेला सहित जिले के सभी एटीएल में आयोजित हुआ। वैक्यूम क्लीनर के निर्माण के लिए एटीएल लैब में उपलब्ध सामग्रियों डीसी मोटर, प्रोपेलर, फिल्टर, बैटरी तथा प्लास्टिक बोतल की सहायता से स्कूली छात्रों ने सोल्डरिंग, कटर, ग्लू आदि का उपयोग एवं उपकरणों के सर्किट जोड़ना सीखकर वैक्यूम क्लीनर बनाया एवं लैब में तत्काल उपयोग कर इसकी उपयोगिता भी करके देखा गया।

देश भर में दस हजार अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना के माध्यम से स्कूली छात्रों में इनोवेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अटल इनोवेशन मिशन द्वारा समय समय पर विविध आयोजनों के लिए निर्देश जारी किया जाता है। निर्देशानसार जिलावार कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। देश में एक साथ एक समय पर टिंकरिंग एक्टिविटी के आयोजन से छात्रों में टिंकरिंग और इनोवेशन के प्रति उत्साहित है।

महासमुंद सामान्य प्रशासन समिति एवं सामान्य सभा की बैठक 21 अगस्त को

महासमुंद सामान्य प्रशासन समिति एवं सामान्य सभा की बैठक 21 अगस्त को

 

महासमुंद / जिला पंचायत महासमुंद की सामान्य प्रशासन समिति एवं सामान्य सभा की बैठक 21 अगस्त 2025 को दोपहर 01ः00 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। उक्त बैठक का एजेंडा यथावत रहेगा।

सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे बैठक में अपने विभाग की अद्यतन जानकारी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

महासमुंद/स्वतंत्रता, तिरंगा एवं स्वच्छता दौड़ में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने लगाई दौड़ दिलाई स्वच्छता की शपथ, तिरंगे के सम्मान में दौड़े 900 से अधिक प्रतिभागी

महासमुंद/स्वतंत्रता, तिरंगा एवं स्वच्छता दौड़ में उमड़ा देशभक्ति का जज्बा कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने लगाई दौड़ दिलाई स्वच्छता की शपथ, तिरंगे के सम्मान में दौड़े 900 से अधिक प्रतिभागी

महासमुंद, स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार सुबह मिनी स्टेडियम महासमुंद से स्वतंत्रता दौड़ / तिरंगा दौड़ एवं स्वच्छता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी एवं श्री येतराम साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया।

दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेड क्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग और मीडिया प्रतिनिधियों सहित 900 से अधिक प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनीया चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक होते हुए पुनः मिनी स्टेडियम में संपन्न हुई, जहां प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

 

इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि

तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक है। आज की यह दौड़ केवल खेल का आयोजन नहीं, बल्कि हमारे दिलों में देश के प्रति सम्मान और स्वच्छता के संकल्प को मजबूत करने का एक प्रयास है।

 

स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का दिन है। तिरंगा दौड़ ने नगर में देशभक्ति की अलख जगा दी है।दौड़ के समापन पर कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। आयोजन को सफल बनाने में वन, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, पीएचई, नगर पालिका, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड एवं विभिन्न विभागों का सहयोग रहा।

 

कार्यक्रम में पार्षद मनीष शर्मा,पीयूष साहू, महेंद्र सिक्का, आनंद साहू,राहुल चंद्राकर ,पंकज चंद्राकर, सीईओ जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, एसडीएम हरिशंकर पैकरा,जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस आयोजन में अंजली बरमाल, हिना ढालेन, सेवन दास मानिकपुरी, भीषम माण्डले, अंजनी साहू, छन्नू साहू, इमरान अली, सोनिया बांधे, लता वैष्णव, तुलेंद्र सागर का विशेष सहयोग रहा।

मंच संचालन हिरेंद्र साहू ने किया एवं आभार प्रदर्शन खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने किया।

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आह्वान – हर घर तिरंगा से गूंजे छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आह्वान – हर घर तिरंगा से गूंजे छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का एक महान अनुष्ठान है, जो भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है, इसकी रक्षा और मान-सम्मान के लिए हर नागरिक को दृढ़संकल्पित होना चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हर घर तिरंगा फहराएगा और भारत आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘भारत माता की जय’ और ‘छत्तीसगढ़ महतारी की जय’ के उद्घोष के साथ जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत एक सशक्त और सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुए कायराना हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हमारे वीर जवानों द्वारा दिखाए गए साहस और पराक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, जिसने तिरंगे की शान को और ऊंचा किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार एरिया डॉमिनेशन कर नक्सलियों का प्रभुत्व समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि जहाँ कभी नक्सलियों का लाल झंडा लहराता था, आज वहां तिरंगा शान से लहरा रहा है।  कई संवेदनशील गांवों में बरसों बाद गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुनः तिरंगा फहराया गया है, जो शांति, विकास और सुरक्षा का नया संदेश दे रहा है।

विकसित भारत 2047 और ‘छत्तीसगढ़ अंजोर’ विजन

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तिरंगे की असली गरिमा तब और बढ़ेगी जब देश आर्थिक रूप से मजबूत होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ ने भी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर’ विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है, जिसमें प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों का स्मरण करें।

भव्य तिरंगा यात्रा – एकता और उत्साह का अद्भुत संगम

उल्लेखनीय है कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत रायपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। रायपुर के शहीद स्मारक भवन से तेलीबांधा तक निकली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं शामिल हुए और हजारों नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।

इस अवसर पर रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमारा मान, अभियान और पहचान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रगति और खुशहाली की ओर अग्रसर है। यह तिरंगा यात्रा उन वीर सैनिकों को समर्पित है जिन्होंने इसकी रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। कार्यक्रम में विभिन्न सैन्य अभियानों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।

विधायक श्री किरण सिंह देव  ने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान और हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यह हमें एकजुट करता है और हमें याद दिलाता है कि हम सब एक भारत हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।

तिरंगा यात्रा में विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नंद कुमार साहू, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

NH-53 पर हादसा: लापरवाह बाइक सवार ने बच्चे को मारी टक्कर, पैर और सिर में चोट

NH-53 पर हादसा: लापरवाह बाइक सवार ने बच्चे को मारी टक्कर, पैर और सिर में चोट

 

महासमुंद। पिथौरा से राखी छुड़ाकर लौट रहे परिवार के साथ सड़क किनारे खड़े एक बच्चे को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। घटना 7 अगस्त को NH-53 पर चिरको पड़ाव के पास हुई।

 

वार्ड नं. 4, शारदा मंदिर के पीछे देवारपारा निवासी पीड़ित के चाचा ने बताया कि वे अपनी भतीजी गणेशी देवार और भतीजे आशिक कुमार के साथ पिथौरा से लौट रहे थे। इसी दौरान झलप की ओर से आ रही बजाज प्लेटिना (क्रमांक CG 06 HB 8520) के चालक ने नियंत्रण खोते हुए सड़क किनारे खड़े आशिक कुमार को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे के दाएं पैर और सिर में गंभीर चोट आई, जिसका इलाज अकाल पूरख अस्पताल, महासमुंद में चल रहा है।

 

घटना के प्रत्यक्षदर्शी पीड़ित के चाचा और भतीजी हैं। मामले में आज 13 अगस्त को थाना पटेवा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने 125(ए)-BNS और 281-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद/गायों की तस्करी करते दो आरोपी पकड़े, वाहन समेत चार मवेशी जप्त

महासमुंद/गायों की तस्करी करते दो आरोपी पकड़े, वाहन समेत चार मवेशी जप्त

 

महासमुंद। थाना सिंघोडा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम गनियारीपाली चौक में अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन कर उड़ीसा राज्य ले जा रहे दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से चार गायों सहित एक छोटा हाथी वाहन (महिंद्रा सुप्रो) और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

 

जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त को सउनि लक्ष्मण साहू हमराह स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गनियारीपाली चौक में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक वध करने के लिए छत्तीसगढ़ से उड़ीसा ले जाया जा रहा है। थाना प्रभारी के निर्देश पर गवाहों को साथ लेकर पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और वाहन क्रमांक OD 27 B 5885 को रोका। जांच में वाहन के डाला से दो सफेद और दो लाल रंग की गायें बरामद हुईं।

 

वाहन चालक ने अपना नाम रमेश मेहर (28 वर्ष), निवासी मेहरपारा लोहराचट्टी, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) बताया, जबकि मोटरसाइकिल क्रमांक OD 31 L 8405 सवार का नाम विकास नाग (35 वर्ष), निवासी रोथ, जिला बलांगीर (उड़ीसा) मिला। दोनों ने मवेशियों को उड़ीसा वध के लिए ले जाने की बात स्वीकार की, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।

 

पुलिस ने मौके पर ही मवेशियों को जब्त कर मां भगवती बहुउद्देशीय गौशाला सोनपुरी को सुपुर्द किया और मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। कार्रवाई के दौरान पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी की गई।

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य

 

🕉श्री हरिहरो विजयतेतराम🕉

🌄सुप्रभातम🌄

🗓आज का पञ्चाङ्ग🗓

🌻गुरुवार, १४ अगस्त २०२५🌻

सूर्योदय: 🌄 ०६:०२

सूर्यास्त: 🌅 ०७:०१

चन्द्रोदय: 🌝 २२:००

चन्द्रास्त: 🌜१०:४४

अयन 🌘 दक्षिणायणे (उत्तरगोलीय)

ऋतु: ⛈️ वर्षा

शक सम्वत: 👉 १९४७ (विश्वावसु)

विक्रम सम्वत: 👉 २०८२ (सिद्धार्थी)

मास 👉 भाद्रपद

पक्ष 👉 कृष्ण

तिथि 👉 षष्ठी (२६:०७ से सप्तमी)

नक्षत्र 👉 रेवती (०९:०६ से अश्विनी)

योग 👉 शूल (१३:१२ से गण्ड)

प्रथम करण 👉 गर (१५:१५ तक)

द्वितीय करण 👉 वणिज (२६:०७ तक)

॥ गोचर ग्रहा: ॥

सूर्य 🌟 कर्क

चंद्र 🌟 मेष (०९:०५ से)

मंगल 🌟 कन्या (उदित, पूर्व, मार्गी)

बुध 🌟 कर्क (उदय, पूर्व, मार्गी)

गुरु 🌟 मिथुन (उदित, पूर्व, मार्गी)

शुक्र 🌟 मिथुन (अस्त, पश्चिम, मार्गी)

शनि 🌟 मीन (उदय, पूर्व, वक्री)

राहु 🌟 कुम्भ

केतु 🌟 सिंह

शुभाशुभ मुहूर्त विचार

अभिजित मुहूर्त 👉 ११:५५ से १२:४८

अमृत काल 👉 ०६:५० से ०८:२०

सर्वार्थ सिद्धि योग 👉 पूरे दिन

रवि योग 👉 ०९:०६ से २९:४४

विजय मुहूर्त 👉 १४:३४ से १५:२७

गोधूलि मुहूर्त 👉 १८:५९ से १९:२१

सायाह्न सन्ध्या 👉 १८:५९ से २०:०४

निशिता मुहूर्त 👉 २४:०० से २४:४३

राहुकाल 👉 १४:०१ से १५:४०

राहुवास 👉 दक्षिण

यमगण्ड 👉 ०५:४३ से ०७:२३

दुर्मुहूर्त 👉 १०:०९ से ११:०२

होमाहुति 👉 गुरु

दिशा शूल 👉 दक्षिण

अग्निवास 👉 पृथ्वी

भद्रावास स्वर्ग (२६:०७ से)

चन्द्रवास 👉 उत्तर (पूर्व ०९:०६ से)

शिववास 👉 भोजन में (२६:०७ से श्मशान में)

☄चौघड़िया विचार☄

॥ दिन का चौघड़िया ॥

१ – शुभ २ – रोग ३ – उद्वेग ४ – चर

५ – लाभ ६ – अमृत ७ – काल ८ – शुभ

॥रात्रि का चौघड़िया॥

१ – अमृत २ – चर ३ – रोग ४ – काल

५ – लाभ ६ – उद्वेग ७ – शुभ ८ – अमृत

नोट👉 दिन और रात्रि के चौघड़िया का आरंभ क्रमशः सूर्योदय और सूर्यास्त से होता है। प्रत्येक चौघड़िए की अवधि डेढ़ घंटा होती है।

शुभ यात्रा दिशा

उत्तर-पूर्व (दही का सेवन कर यात्रा करें)

तिथि विशेष

हल चन्दन षष्ठी, बलदेव जन्मोत्सव, पंचक समाप्त ०९:०३ पर, विवाहादि मुहूर्त (केवल हिमाचल, हरियाणा, पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर के लिये) सिंहल० (प्रातः ०६:१२ से प्रातः ०८:१७ तक), व्यवसाय आरम्भ मुहूर्त प्रातः १०:५३ से दोपहर १२:३८ तक, वाहन क्रय-विक्रय मुहूर्त प्रातः १०:५३ से दोपहर ०३:४७ तक, देवप्रतिष्ठा मुहूर्त प्रातः ०६:०२ से ०७:३७ तक आदि।

आज जन्मे शिशुओं का नामकरण

आज ०९:०६ तक जन्मे शिशुओ का नाम रेवती नक्षत्र के चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (चि) नामाक्षर से तथा इसके बाद जन्मे शिशुओ का नाम अश्विनी नक्षत्र के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (चू, चे, चो, ला) नामाक्षर से रखना शास्त्र सम्मत है।

उदय-लग्न मुहूर्त

कर्क – २७:३८ से ०५:५९

सिंह – ०५:५९ से ०८:१८

कन्या – ०८:१८ से १०:३६

तुला – १०:३६ से १२:५७

वृश्चिक – १२:५७ से १५:१६

धनु – १५:१६ से १७:२०

मकर – १७:२० से १९:०१

कुम्भ – १९:०१ से २०:२७

मीन – २०:२७ से २१:५०

मेष – २१:५० से २३:२४

वृषभ – २३:२४ से २५:१९+

मिथुन – २५:१९+ से २७:३४+

पञ्चक रहित मुहूर्त

शुभ मुहूर्त – ०५:४३ से ०५:५९

रज पञ्चक – ०५:५९ से ०८:१८

शुभ मुहूर्त – ०८:१८ से ०९:०६

चोर पञ्चक – ०९:०६ से १०:३६

शुभ मुहूर्त – १०:३६ से १२:५७

रोग पञ्चक – १२:५७ से १५:१६

शुभ मुहूर्त – १५:१६ से १७:२०

मृत्यु पञ्चक – १७:२० से १९:०१

अग्नि पञ्चक – १९:०१ से २०:२७

शुभ मुहूर्त – २०:२७ से २१:५०

मृत्यु पञ्चक – २१:५० से २३:२४

अग्नि पञ्चक – २३:२४ से २५:१९+

शुभ मुहूर्त – २५:१९+ से २६:०७+

रज पञ्चक – २६:०७+ से २७:३४+

शुभ मुहूर्त – २७:३४+ से २९:४४+

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज के दिन आपका व्यक्तित्त्व निखरा हुआ रहेगा सार्वजनिक क्षेत्र पर आज आप जैसी छवि बनाएंगे उसका उसी अनुसार फल आने वाले समय मे किसी न किसी रूप में मिलेगा। काम-काज सामान्य रहेगा धन की आमद होगी लेकिन भौतिक सुखों की कामना हाथ मे रुकने नही देगी। बोला चाल एवं व्यवहारिकता के बल पर अपने बिगड़े काम बना लेंगे लेकिन जिद्दी स्वभाव भी रहने के कारण आपके संपर्क में आने वालों को परेशानी होगी लेकिन निजी स्वार्थ निकालने के लिये किसी बात की परवाह नही करेंगे। धर्म कर्म में व्यवहारिकता मात्र रहेगी। सेहत में कुछ कमी अनुभव करेंगे।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज के दिन आपको आर्थिक व्यावसायिक एवं घरेलू संबंधित विविध समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। जिस कार्य को करने का मन बनायेगे वही पहले आलस बाद में किसी कमी के चलते विलम्ब से शुरू होगा तथा आधा होने के बाद मानसिक स्थिति बदलने से छोड़ने का मन करेगा आपकी यही मानसिकता सभी कार्यो के प्रति रहेगी जिसके कारण खर्च निकालना भी भारी पड़ेगा। धन संबंधित कोई भी जोखिम बहुत आवश्यक होने पर ही लें धन नाश के प्रबल योग है। घर का वातावरण उथलपुथल रहेगा। सेहत भी नरम गरम बनी रहेगी

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन लाभदायक रहेगा सोचा हुआ लाभ पाने के लिये प्रातः काल से ही योजना बनाकर कार्यो में लगना पड़ेगा। मध्यान तक कि परिश्रम दिन के अंतिम भाग में फल देने लगेगी धन लाभ नियत के अलावा आकस्मिक भी होगा लेकिन दिखावे के कारण खर्च अधिक बढ़ने से हाथ मे नही रुकेगा। कार्य क्षेत्र पर सहकर्मी अथवा घर के लोगो से अहम को लेकर ठनेगी। भूमि भवन का सुख कम मिलेगा उल्टे इनपर खर्च ही करना पड़ेगा। महिलाओ को पुरुषों की तुलना में अधिक क्रोध आएगा परन्तु हाद होने पर ही प्रदर्शन करेंगी। सेहत ठीक ही रहेगी।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा आज दिन भर बीच बीच मे किसी की उद्दंडता पर क्रोध भी आएगा लेकिन इससे बचने का प्रयास करें अन्यथा सार्वजनिक क्षेत्र पर सम्मान में कमी आएगी। कार्य व्यवसाय में जोखिम वाले कार्यो को करने से डरेंगे धन संबंधित कार्यो में भी निर्णय लेने में दुविधा होगी किसी वरिष्ठ व्यक्ति के सहयोग से इससे पार पा ही लेंगे। धन की आमद निश्चित ना होकर अकस्मात ही होगी लेकिन होगी जरूर। पराक्रम में वृद्धि का प्रयोग गलत जगह ना हो इसका ध्यान रखें स्वभाव का उखड़ापन स्नेहीजन से वैर करा सकता है।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा धर्म कर्म आध्यात्म में रुचि बढ़ेगी। परोपकार के लिये भी तैयार रहेंगे लेकिन परिस्थिति इन सबको करने में बाधक बनेगी आज जोभी कार्य करे उसके प्रति दृढ़ रहने पर ही पूरा कर सकेंगे अन्यथा अधूरा ही रह जायेगा। दिन के आरंभ से मध्यान तक का समय इधर उधर की बातों में खराब होगा मध्यान बाद कार्य क्षेत्र से लाभ की संभावना बनेगी धन की आमद होगी भी लेकिन साथ ही साथ खर्च भी हो जाएगा हाथ कुछ नही लगेगा। माता से लाभ की संभावना है अंत समय मे टल भी सकता है। सेहत की अनदेखी आगे भारी पड़ सकती है।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आप दिन भर शारीरिक कारणों से परेशान रहेंगे शरीर मे कोई ना कोई व्याधि लगी रहेगी एक को ठीक करेंगे तो दूसरी समस्या उभर आएगी सेहत ठीक भी रहे तो मानसिक तनाव निर्णय लेने मे व्यवधान डालेगा। मध्यान बाद ही कार्य करने में थोड़े बहुत सक्षम होंगे। काम धंधा सामान्य रहेगा लाभ -हानि बराबर रहने से तालमेल बना रहेगा अकस्मात खर्च आज परेशान करेंगे इसलिये सोच समझ कर ही कही धन फसाये। उधारी के व्यवहार गलती से भी ना करें अन्यथा वापसी की आशा ना रखें। शत्रु पक्ष आज निर्बल रहेगा घर मे असुविधा के कारण मन कम लगेगा।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन पिछले दिनों की तुलना में अच्छा रहेगा लेकिन मानसिक क्लेश आज भी किसी न किसी कारण से लगा ही रहेगा। कोई भी काम बिना झंझट में पड़े सफल नही हो सकेगा। व्यवसायी वर्ग को भी जोखिम लेने के बाद ही सफलता मिल सकेगी। मध्यान तक का समय दौड़ धूप भरा रहेगा इसके बाद भी परिश्रम करना पड़ेगा लेकिन पहले की तुलना में कम और लाभ अधिक मिलेगा। पुराने कार्य पूर्ण होने अथवा उधारी की वापसी पर भी धन की आमद होगी। उधार किसी को ना दे अन्यथा वापसी में परेशानी आएगी। घर का वातावरण एवं सेहत दोनो बदलते रहेंगे।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन मानसिकभ रूप से उठा पटक वाला रहेगा। दिमाग मे आज कुछ न कुछ खुरापात लगी ही रहेगी लेकिन मन के भेद आज किसी से बताना पसंद नही करेंगे। मध्यान तक का समय सोच विचार में नष्ट होगा इसके बाद ही कोई महात्त्वपूर्ण कार्य मे व्यस्तता आएगी। कार्य क्षेत्र पर गरमा गरमी से बचे वर्ना धन अथवा अन्य लाभ हाथ आते आते निकल सकता है। घर मे स्त्री वर्ग विशेष कर माता से भावनात्मक संबंध रहेंगे छोटी मोटी कहासुनी के बाद संबंध और प्रगाढ़ होंगे। आरोग्य उत्तम रहेगा।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज के दिन आपकी दिनचार्य में सुधार आयेगा। दिन के आरंभ में किसी कारण से व्यर्थ की उलझन रहेगी परन्तु धीरे धीरे स्थिति सामान्य हो जाएगी। मध्यान का समय आज विशेष रहेगा किसी बहुप्रतीक्षित कार्य को लेकर बेचैन रहेंगे लेकिन नतीजा आपके पक्ष में आने से उत्साह वृद्धि होगी। सरकारी कार्य अथवा व्यावसायिक कागजी कार्य आज करना शुभ है सफलता निश्चित मिलेगी। परिवार में वातावरण तनावग्रस्त रहेगा मतभेद के चलते बोल चाल भी प्रभावित होगीं। व्यसन से दूर रहें अन्यथा धन एवं शरीर हानि होगी।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपको आज का दिन सावधानी से बिताने की सलाह है दिमाग तो आज बात बात पर गर्म रहेगा ही किसी से अनजाने में कुछ ऐसा बोल देंगे जिसका बाद में पश्चाताप होगा लड़ाई होने पर प्रेम संबंध खराब होंगे वह अलग। कार्य व्यवसाय से भी ज्यादा उम्मीद न रखे धन की आमद होगी लेकिन उधारी अथवा अन्य खर्चो के लिये भी पूरी नही पड़ेगी। सहकर्मी तथा अधिकारी भी किसी न किसी कारण से नाराज रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर व्यवस्था रखने के लिये मामूली गलतियों व हानि को नजरअंदाज करना ही ठीक रहेगा। सरदर्द बदन दर्द की शिकायत रहेगी।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका पराक्रम बढ़ा हुआ रहेगा किसी भी काम मे जल्दी से हार नही मानेंगे। लेकिन कार्य व्यवसाय में अन्य के ऊपर निर्भर रहने के कारण चाहते हुए भी कुछ नही कर पाएंगे। भाग दौड़ करने पर भी कम चलाऊ धन की प्राप्ति ही हो सकेगी। भाई बंधुओ से संबंध असामान्य रहने पर भी किसी ना किसी रूप में लाभ होने की संभावना है बीच मे थोड़ा बहुत क्रोध आएगा लेकिन आज वाणी एवं व्यवहार के बल पर ही सफलता पाई जा सकती है इसलिए छोटी बातों पर व्यवहार खराब करने से बचें। सेहत सामान्य रहेगी।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज दिन के आरंभ में आप परिश्रम करने से बचेंगे लेकिन जितना इससे दूर भागेंगे उतने ही काम बढ़ेगे। दिन को लाभदायक बनाने के लिये मेहनत करनी ही पड़ेगी अन्य दिनों की तुलना में अतिरिक्त कार्य भी करना पड़ सकता है लेकिन जिस कार्य को एक बार आरम्भ करेंगे उसे पूरा करके ही मानेंगे। धन के कारण मन मे बेचैनी रहेगी लेकिन इसके लिये ज्यादा झंझट में नही पढ़ेंगे। आध्यात्म क्षेत्र से जुड़े जातकों अथवा साधको के सम्मान में वृद्धि होगी। पारिवारिक वातावरण भी शांत ही रहेगा। शारीरिक रूप से ठीक रहेंगे क्रोध के समय किसी से बात ना करें।

〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️