सरायपाली/ग्राम बैतारी बहु के साथ देवर और ससुर द्वारा मारपीट, गला दबाकर जान से मारने की धमकी रिपोर्ट दर्ज 

सरायपाली/ग्राम बैतारी बहु के साथ देवर और ससुर द्वारा मारपीट, गला दबाकर जान से मारने की धमकी रिपोर्ट दर्ज

 

सरायपाली। ग्राम बैतारी थाना सरायपाली में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, 11 अगस्त 2025 को उसके देवर राकेश यादव ने उनके घर में लगे बिजली के वायर को काटकर अपने घर की बिजली से जोड़ दिया। आपत्ति जताने पर देवर राकेश यादव और ससुर सुरेश यादव ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए उसका गला दबाया। किसी तरह उसने खुद को छुड़ाया।

 

मारपीट से महिला के सिर और गले में चोट आई है। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति और दादा-ससुर मुनु यादव को दी। पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन 12 अगस्त की सुबह भी देवर और ससुर ने गाली-गलौज कर बंटवारे से निकालने की धमकी दी।

 

पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS और 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद/तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

महासमुंद/तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

 

कोमाखान (महासमुंद)। ग्राम नवागांव (सोहागपुर) निवासी गणेश राम साहू (पिता शिवचरण साहू) गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनकी मोटरसाइकिल को एक तेज और लापरवाहीपूर्वक चल रही बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी।

 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 9 बजे हिमांशु पेट्रोल पंप के आगे पोल्ट्री फार्म के पास मोड़ पर हुई। गणेश राम साहू बागबाहरा से सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-DS-7632 के चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से वे सड़क पर गिर पड़े और उनके बाएं पैर की हड्डी टूट गई। इस हादसे में रास्ते में रखी सारी सब्जी भी बिखर गई, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ।

 

परिजनों के अनुसार, आरोपी चालक घायल को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को महासमुंद अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी खिलेश साहू (मोंगरापाली) और नीलांबर बघेल (बांसकांटा) बताए गए हैं।

 

शिवचरण साहू ने थाना कोमाखान में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी चालक के खिलाफ BNS की धारा 125(ए) और 281 के तहत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य

 

🕉श्री हरिहरो विजयतेतराम🕉  

🌄सुप्रभातम🌄

🗓आज का पञ्चाङ्ग🗓

🌻बुधवार, १३ अगस्त २०२५🌻

सूर्योदय: 🌄 ०६:०१ सूर्यास्त: 🌅 ०७:०२

चन्द्रोदय: 🌝 २१:२६ चन्द्रास्त: 🌜०९:३८

अयन 🌘 दक्षिणायणे (उत्तरगोलीय)

ऋतु: ⛈️ वर्षा ,शक सम्वत: 👉 १९४७ (विश्वावसु)

विक्रम सम्वत: 👉 २०८२ (सिद्धार्थी)

मास 👉 भाद्रपद ,पक्ष 👉 कृष्ण 

तिथि 👉 चतुर्थी (०६:३५ से पञ्चमी, २८:२३ से षष्ठी)

नक्षत्र 👉 उत्तराभाद्रपद (१०:३२ से रेवती)

योग 👉 धृति (१६:०५ से शूल)

प्रथम करण 👉 बालव (०६:३५ तक)

द्वितीय करण 👉 कौलव (१७:३० तक)

॥ गोचर ग्रहा: ॥ 

सूर्य 🌟 कर्क ,चंद्र 🌟 मीन 

मंगल 🌟 कन्या (उदित, पूर्व, मार्गी)

बुध 🌟 कर्क (उदय, पूर्व, मार्गी)

गुरु 🌟 मिथुन (उदित, पूर्व, मार्गी)

शुक्र 🌟 मिथुन (अस्त, पश्चिम, मार्गी)

शनि 🌟 मीन (उदय, पूर्व, वक्री)

राहु 🌟 कुम्भ ,केतु 🌟 सिंह

शुभाशुभ मुहूर्त विचार

अभिजित मुहूर्त 👉 ❌❌❌

अमृत काल 👉 ०६:०० से ०७:३१

विजय मुहूर्त 👉 १४:३४ से १५:२७

गोधूलि मुहूर्त 👉 १९:०० से १९:२२

सायाह्न सन्ध्या 👉 १९:०० से २०:०४

निशिता मुहूर्त 👉 २४:०६ से २४:४३

राहुकाल 👉 १२:२१ से १४:०१

राहुवास 👉 दक्षिण-पश्चिम

यमगण्ड 👉 ०७:२२ से ०९:०२

दुर्मुहूर्त 👉 ११:५५ से १२:४८

होमाहुति 👉 मंगल (१०:३२ से गुरु)

दिशाशूल 👉 उत्तर

अग्निवास 👉 पृथ्वी (०६:३५ तक)

चन्द्र वास 👉 उत्तर

शिववास 👉 कैलाश पर (०६:३५ से नन्दी पर, २८:२३ से भोजन में)

☄चौघड़िया विचार☄

॥ दिन का चौघड़िया ॥ 

१ – लाभ २ – अमृत ३ – काल ४ – शुभ

५ – रोग ६ – उद्वेग ७ – चर ८ – लाभ

॥रात्रि का चौघड़िया॥ 

१ – उद्वेग २ – शुभ ३ – अमृत ४ – चर

५ – रोग ६ – काल ७ – लाभ ८ – उद्वेग

नोट👉 दिन और रात्रि के चौघड़िया का आरंभ क्रमशः सूर्योदय और सूर्यास्त से होता है। प्रत्येक चौघड़िए की अवधि डेढ़ घंटा होती है। 

शुभ यात्रा दिशा

उत्तर-पश्चिम (गुड़ अथवा दूध का सेवन कर यात्रा करें)

तिथि रक्षा पंचमी, पंचमी तिथि क्षय, विवाहादि मुहूर्त (केवल हिमाचल, हरियाणा, पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर के लिये) मेष-कर्क ल० (रात्रि १०:३३ से अंतरात्रि ०५:५० तक), उद्योग (मशीनरी आरम्भ) मुहूर्त+वाहन क्रय-विक्रय मुहूर्त प्रातः १०:४३ से दोपहर १२:३० तक, व्यवसाय आरम्भ मुहूर्त प्रातः ०६:३६ से ०९:५३ तक आदि।

आज जन्मे शिशुओं का नामकरण 

आज १०:३२ तक जन्मे शिशुओ का नाम उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (ञ) नामाक्षर से तथा इसके बाद जन्मे शिशुओ का नाम रेवती नक्षत्र के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (दे, दो, च, चि) नामाक्षर से रखना शास्त्र सम्मत है।

उदय-लग्न मुहूर्त

कर्क – २७:४२ से ०६:०३,सिंह – ०६:०३ से ०८:२२

कन्या – ०८:२२ से १०:४०,तुला – १०:४० से १३:०१

वृश्चिक – १३:०१ से १५:२०,धनु – १५:२० से १७:२४

मकर – १७:२४ से १९:०५,कुम्भ – १९:०५ से २०:३१

मीन – २०:३१ से २१:५४,मेष – २१:५४ से २३:२८

वृषभ – २३:२८ से २५:२३+,मिथुन – २५:२३+ से २७:३८+

पञ्चक रहित मुहूर्त

रोग पञ्चक – ०५:४३ से ०६:०३

शुभ मुहूर्त – ०६:०३ से ०६:३५

मृत्यु पञ्चक – ०६:३५ से ०८:२२

अग्नि पञ्चक – ०८:२२ से १०:३२

शुभ मुहूर्त – १०:३२ से १०:४०

रज पञ्चक – १०:४० से १३:०१

शुभ मुहूर्त – १३:०१ से १५:२०

चोर पञ्चक – १५:२० से १७:२४

शुभ मुहूर्त – १७:२४ से १९:०५

रोग पञ्चक – १९:०५ से २०:३१

शुभ मुहूर्त – २०:३१ से २१:५४

शुभ मुहूर्त – २१:५४ से २३:२८

रोग पञ्चक – २३:२८ से २५:२३+

शुभ मुहूर्त – २५:२३+ से २७:३८+

शुभ मुहूर्त – २७:३८+ से २८:२३+

मृत्यु पञ्चक – २८:२३+ से २९:४३+

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य एम ए संस्कृत हस्तरेखा वास्तु शास्त्र भूमि भवन में वास्तु दोष निवारण पारिवारिक जीवन में तनाव बच्चों को पढ़ाई में मन नहीं लगता विवाह विलम्ब राज़ योग भाग्योदय व्यापार व्यवसाय में वृद्धि जन्म कुंडली निर्माण कालसर्प योग मांगलिक योग पितृ दोष निवारण भविष्य में होने वाले घटनाक्रम की जानकारी विदेश यात्रा पति-पत्नी में मतभेद प्रेम प्रसंग में सफलता ज्योतिष परामर्श ज्योतिष कार्यालय जोगनीपाली तहसील पोस्ट थाना सरायपाली जिला महासमुंद 9926826570

फोन पेय 8889391334

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन भी कुछ ना कुछ हानि कराएगा अथवा पूर्व में हुई हानि की भरपाई में ही बीतेगा। दिन के आरंभ से मध्यान तक परिश्रम में कमी नही रखेंगे फिर भी कुछ लाभ ना मिलने पर क्रोध आएगा। जिससे सहयोग की उम्मीद रखेंगे वही अंत समय मे टालमटोल करेगा। किसी अन्य के ऊपर निर्भर ना रहे अन्यथा निराश ही होना पड़ेगा। कार्य व्यवसाय की स्थिति डांवाडोल रहेगी। लाभ के सौदे हाथ लगेंगे लेकिन किसी ना किसी कमी के कारण आज इनका फायदा नही उठा सकेंगे। पारिवारिक वातावरण भी अस्त व्यस्त रहेगा। महिलाए सारा बोझ अपने ऊपर आने से चिड़चिड़ी रहेंगी 

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन विविध समस्याए खड़ी होंगी। जिस कार्य को सुधारने पर जोर देंगे उसे छोड़ अन्य बिगड़ेगा इसी आपाधापी में मानसिक संतुलन खराब रहेगा। कार्य क्षेत्र पर व्यवसाय मंदा रहेगा मध्यान एवं संध्या का समय ही थोड़ा बहुत लाभ दिलायेगा इसके अतिरिक्त समय मे खाली दिमाग रहने के कारण उलजुलूल विचार आएंगे। पैतृक करणो से कोई न कोई समस्या लगी रहेगी अथवा पैतृक संसाधनों की कमी के कारण भाग्य को कोसेंगे। धर्म कर्म में निष्ठा कल की तुलना में कम रहेगी। परिजनों से भी बात बात पर टोका टाकी के कारण नाराजगी होगी। संध्या बाद राहत भरे समाचार मिलेंगे।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन बीते कल की तुलना में थोड़ा अस्त व्यस्त फिर भी लाभदायक ही रहेगा। दिन के आरंभ में जिस काम मे जुट जाएंगे उसे मध्यान तक पूर्ण करके ही दम लेंगे। भाग्य का साथ भी अन्य दिनों की तुलना में अधिक रहने से ज्यादा मशक्कत नही करनी पड़ेगी। लेकिन सभी सोचे कार्य भी पूर्ण करना सम्भव नही होगा एक आध में ही पूर्ण सफलता मिल सकेगी। धर्म कार्य परोपकार की भावना रहेगी लेकिन इसके लिये समय मुश्किल से ही निकलेगा। परिवार में आकस्मिक खर्च बढ़ने से असुविधा होगी फिर भी तालमेल बना लेंगे।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन दामपत्य जीवन एवं व्यावसायिक उलझनों की कठिनायों को लेकर परेशान रहेंगे। दिन का आरंभ किसी अशुभ समाचार अथवा कहासुनी से होगा इसका असर मध्यान तक बेचैन रखेगा। कार्य व्यवसाय में भी आज नियमितता नही रहेगी धन लाभ के लिये बाजार का मुह ताकना पड़ेगा लेदेकर जो होगा वही भी ना काफी। पिता के सहयोग से बिगड़े काम बन सकते है लेकिन किसी ना किसी कारण से पैतृक सुख की कमी रहेगी। परिवार में बीमारी के कारण उदासीनता आएगी। संध्या तक धर्य से काम लें इसके बाद स्थिति में सुधार आने लगेगा।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन मानसिक बेचैनी में बीतेगा। दिन के आरंभ से मध्यान तक मजबूरी में कहा सुनी के बाद ही काम के लिये तैयार होंगे बाद में जिस कार्य को करने लगेंगे उसी में तल्लीन हो जाएंगे। आज आप अन्य लोगो के सामने संतोषी होंने का दिखावा करेंगे लेकिन मन मे कुछ और ही लगा रहेगा। आर्थिक कारणों से मनकी इच्छा अधूरी रहेंगी। कार्य व्यवसाय में भी विचारे कार्य धनाभाव के चलते अधूरे रहेंगे। परिश्रम मध्यान तक व्यर्थ होता दिखेगा लेकिन संध्या बाद अकस्मात धन लाभ होने से राहत मिलेगी। आरोग्य मानसिक चिन्ता को छोड़ ठीक ही रहेगा।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन भी आशानुकूल रहेगा आज आपको पुराने कार्यो अथवा पुराने परिचितों के मार्गदर्शन से लाभ होगा। कार्य क्षेत्र अथवा प्रतियोगिता में उतारचढ़ाव के बाद भी अन्य प्रतिस्पर्धी की तुलना में आपको अधिक सफलता मिलेगी। धन लाभ के लिये अनैतिक मार्ग भी अपना सकते है। सरकार संबंधित कार्य खर्च करने के बाद ही पूर्ण होंगे। परिजन एवं बाहरी लोग आपकी व्यवहारिकता से प्रसन्न रहेंगे लेकिन अकस्मात क्रोध आने पर आस पास का वातावरण कुछ समय के लिये खराब भी होगा। संध्या बाद आत्म संतोष रहेगा।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका मन व्यर्थ के कार्यो में रहने के कारण अपने उद्देश्य से भटक सकते है। बुद्धि विवेक रहने के बाद भी स्वार्थ सिद्धि के लिये निषेधात्मक कार्य करने से भी परहेज नही करेगे। व्यावसायिक क्षेत्र पर अधूरे कार्यो को पूर्ण करने में मध्यान निकल जायेगा धन लाभ के लिये जल्दबाजी करेंगे लेकिन होगा संध्या के आस-पास ही संध्या बाद अनुकूलता आने लगेगी अकस्मात धन लाभ होगा अथवा होनी की संभावना पक्की होगी। महिलाए पैतृक बातो को बढ़ा चढ़ाकर पेश करेंगी। सर्दी जुखाम से सेहत नरम बनेगी।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज के दिन से आपको मिला जुला फल मिलेगा। दिन के आरंभ में चुस्ती रहेगी लेकिन कार्य केवल अपने स्वार्थ वाले ही करेंगे या अपनी पसंद के ही। कार्य व्यवसाय में आज अन्य दिनों की तुलना में अधिक परिश्रम करना पड़ेगा परन्तु लाभ आशा से कम मिलने की संभावना है धन लाभ व्यवहारिकता के बल पर ही काम चलाऊ होगा इसलिए जिद्दी स्वभाव से बचे। घर के सदस्य आपके व्यवहार से परेशान होंगे। सरकारी अथवा कागजी कार्य अधूरे रहेंगे व्यर्थ में समय बर्बाद ना करें। सेहत कुछ समय के लिये खराब होगी।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन भी प्रतिकूल फलदायी रहेगा। महिलाओं को आज बर्ताव में विशेष सावधान रहने की आवश्यकता है ईर्ष्यालु स्वभाव के कारण अन्य लोगो से दूरी बढ़ेगी। आज आपको राहदिखाने वाले भी नाराज होंगे। कार्य क्षेत्र पर धन संबंधित लेन देन के कारण कहासुनी होने की सम्भावना है। विरोधी प्रबल रहेंगे किसी परिजन से भी व्यवसाय संबंधित बात ना बताये अन्यथा नई मुसीबत खड़ी होगी। मध्यान बाद तक का समय व्यर्थ भागदौड़ में बीतेगा संध्या बाद विवेक जाग्रत होने पर थोड़ी राहत मिलेगी। धन लाभ की संभावना बहुत कम है।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन धन लाभ वाला है दिन के आरंभ से ही इसके प्राप्ती के लिये योजनाए बनाएंगे होगा अवश्य लेकिन थोड़े विलम्ब से एवं रोकना भी असंभव ही रहेगा आते ही जाने के रास्ते बना लेगा। कार्य व्यवसाय से कुछ समय के लिये ही लाभ मिल सकेगा अधिकांश समय खाली जाएगा। नौकरी वालो को भागदौड़ का आशाजनक परिणाम मिल सकेगा। विरोधी वर्ग शांत रहेंगे लेकिन सांध्य के आसपास किसी ना किसी से व्यर्थ की बातों पर तकरार होने की संभावना है। घर के बुजुर्ग एवं बच्चे एक मत रहेंगे। कामना पूर्ति ना होने पर क्रोध में अनाप शनाप बोलेंगे।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा दिन के आरंभिक भाग में घरेलू व्यस्तता के चलते अन्य कामो में फेर बदल करना पड़ेगा। आज मध्यान तक का समय लगभग व्यर्थ में ही खराब होगा इसके बाद से संध्या तक कार्य व्यवसाय में अकस्मात तेजी आएगी। जोखिम वाले कार्यो अथवा जिन कमो को करने से डरेंगे उन्ही से लाभ की संभावना अधिक रहेगी। धन लाभ असमय होने पर अधिक महत्त्व नही रखेगा। विद्यार्थियो को अध्ययन अथवा प्रतियोगी परीक्षा में परेशानी आएगी। सेहत छोटी मोटी बातो को छोड़ सामान्य रहेगी।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपके ऊपर चंचलता हावी रहेगी। बोलने से पहले विचार करें अन्यथा अवश्य ही किसी न किसी से बिना बात का झगड़ा मोल लेंगे। कार्य क्षेत्र पर आज लाभ हानि की परवाह किये बिना जल्दबाजी एवं मनमर्जी से निर्णय लेंगे फिर भी आज धन लाभ अवश्य ही होगा लेकिन सहकर्मियों को परेशान करने के बाद ही। नौकरी वाले लोग भाग दौड़ के पक्ष में नही रहेंगे इस कारण अधिकारियो से कहा सुनी हो सकती है। परिजन आपके बिगड़े कार्यो को सुधारने में सहयोग करेंगे। ठंडी वस्तुओ से परहेज करें।

〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️〰️

CG Crime : रायपुर की बड़ी लूट के मामले में 700 कैमरों की जांच, संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज

CG Crime : रायपुर की बड़ी लूट के मामले में 700 कैमरों की जांच, संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज

 

राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में बोरवेल पार्ट्स कारोबारी चिराग जैन से दिनदहाड़े 15 लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लूटने की वारदात ने पुलिस को अलर्ट कर दिया है। घटना की जांच के लिए क्राइम ब्रांच और पुलिस की 6 टीमें शहरभर में सक्रिय हैं। अब तक 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिनमें कुछ संदिग्धों की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कई इलाकों में नाकेबंदी और तलाशी अभियान चलाया है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 देवेंद्र नगर स्थित श्री इंटरप्राइजेज के संचालक चिराग जैन अपने मित्र प्रफुल्ल के साथ जा रहे थे, तभी लुटेरों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान पीड़ित द्वारा दिए गए बयानों में विरोधाभास मिला है। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़: बस्तर जिला मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता की ओर किसानों की आय में हो रही वृद्धि

छत्तीसगढ़: बस्तर जिला मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता की ओर किसानों की आय में हो रही वृद्धि

 

छत्तीसगढ़/प्रदेश में मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्रों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मछली पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस प्रगति से स्थानीय मछुआरों और किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है तथा किसान मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बस्तर जिले में मछली बीज उत्पादन के लिए दो प्रमुख केंद्र मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बालेंगा और मोती तालाब मत्स्य बीज प्रक्षेत्र, जगदलपुर में संचालित हैं। दोनों केंद्रों ने उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बालेंगा केंद्र ने वर्ष 2024-25 में 8 करोड़ स्पान और 60 लाख 32 हजार स्टैंडर्ड फ्राय का उत्पादन कर लक्ष्य को पार किया। वहीं वर्ष 2025-26 में अब तक 8 करोड़ 32 लाख स्पान और 2 लाख 32 हजार स्टैंडर्ड फ्राय का वितरण किया जा चुका है। इसी तरह मोती तालाब केंद्र ने वर्ष 2024-25 में  2 करोड़ 6 लाख 2 हजार 860 स्टैंडर्ड फ्राय का उत्पादन कर 1 करोड़ 80 लाख के लक्ष्य को पार किया, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक 60 लाख स्टैंडर्ड फ्राय का वितरण किया जा चुका है।

मत्स्य पालन विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं न केवल मछली उत्पादन बढ़ा रही हैं बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त भी कर रही हैं। मौसमी तालाबों में मत्स्य बीज संवर्धन योजना के तहत निजी मत्स्य बीज उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु किसानों को 100 प्रतिशत अनुदान पर स्पान और अनुपूरक आहार सामग्री प्रदान की जाती है। वर्ष 2024-25 में इस योजना से 15 कृषक लाभान्वित हुए, जबकि 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 17 हो गई, योजना की बढ़ती लोकप्रियता दर्शाती है।

इसी तरह, मत्स्य अंगुलिका क्रय कर संचयन पर आर्थिक सहायता योजना के तहत 1 से 10 हेक्टेयर तक के तालाब वाले सभी वर्ग के मछुआरों को प्रति वर्ष 4 हज़ार रुपये व्यय पर 2 हज़ार रुपये का अनुदान दिया जाता है, जबकि शेष राशि कृषक द्वारा वहन की जाती है। योजना के अंतर्गत पैकिंग सहित प्रति कृषक 5,000 नग मछली बीज उपलब्ध कराए जाते हैं। वर्ष 2024-25 में 796 मत्स्य पालकों को 1 करोड़ 5 लाख 96 हजार मछली बीज प्रदान किए गए, जबकि 2025-26 में 1,000 इकाई वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इन प्रयासों से बस्तर जिला न केवल मछली बीज उत्पादन में अग्रणी बन रहा है बल्कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

 

महासमुंद/मवेशियों को सड़क से हटाने की कार्रवाई सतत जारी 1923 पशुओं को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया

महासमुंद/मवेशियों को सड़क से हटाने की कार्रवाई सतत जारी 1923 पशुओं को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया

महासमुंद, गौधाम संचालन हेतु इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के मुख्य मार्ग एवं सड़को पर घूमंतू पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं पशुधन एवं जनहानि को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले के सभी राष्ट्रीय राजमार्गो से मवेशियों को सड़क से हटाने की कार्रवाई प्रतिदिन की जा रही है। साथ ही टैग लगे पशुओं की पहचान कर संबंधित पशु मालिकों को पशुओं को सड़क पर खुला न छोड़ने की समझाईश दी जा रही है तथा न मानने पर जुर्माना भी लिया जा रहा है। जिलें में विकासखण्ड महासमुंद से राशि 1500, बागबाहरा से 10000, पिथौरा से 15000, बसना से 7900 एवं सरायपाली से 6750 रुपए कुल राशि 49150 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके अतिरिक्त सड़क पर घूमने वाले कुल 1923 पशुओं को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, 810 पशुओं में रेडियम बेल्ट लगाये गए है तथा 313 घुमन्तु पशुओं में टैगिंग की गई है।

इसी कड़ी में छ.ग शासन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने एवं पशुधन संरक्षण को नई दिशा देने के लिये गौधाम योजना की शुरूआत करने जा रही है। गौधाम योजना का उद्देश्य गौवंशी पशुओं का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण एवं संर्वधन करना, गौ उत्पादों को बढ़ावा देना, चारा विकास कार्यक्रम को प्रोत्साहित करना, गौधाम को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करना, रोजगार उपलब्ध करना, जनमानस को गौसेवा के लिए प्रेरित करना तथा फसलों के नुकसान एवं सड़क दुर्घटनाओं में पशु एवं जनहानि से बचाव सुनिश्चित करना है।

गौधाम की स्थापना हेतु ऐसे शासकीय भूमि जिसमें सुरक्षित बाड़ा, पशु शेड, पर्याप्त पानी एवं बिजली की सुविधा हो, में गौधाम की स्थापना की जाएगी, जैसे स्थापित गौठान जहां पूर्व से अधोसंरचना विकसित है। गौधाम में उपलब्धता अनुसार गौठान से संलग्न चारागाह की भूमि को हरा चारा उत्पादन के लिए दिया जाएगा। जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर गौधाम स्थापित किए जाएंगे जो पंजीकृत गौशालाओं से भिन्न होगे। प्रथम चरण में जिले के मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे गौठानों को चयनित कर गौधाम स्थापित किये जाएंगे। जिसका संचालन निकटस्थ/आस-पास की पंजीकृत गौशाला की समिति, स्वयंसेवी संस्था, ट्रस्ट तथा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी सहकारी समिति द्वारा, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड द्वारा किया जा सकेगा।

गौधाम संचालन हेतु इच्छुक आवेदक/संस्था कार्यालय उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें कचहरी चौक, कॉलेज रोड, महासमुन्द से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र में आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। प्राप्त आवेदनों में से जिला स्तरीय समिति द्वारा उचित संस्था का चयन कर छ.ग. गौ सेवा आयोग को मंजूरी के लिये प्रस्ताव भेजेंगी तत्पश्चात चयनित संस्था एवं आयोग के मध्य अनुबंध होगा जिसके बाद गौधाम का संचालन चयनित संस्था को सौंपा जाएगा।

महासमुंद/नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 13 अगस्त को जन जागरूकता कार्यक्रम

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 13 अगस्त को जन जागरूकता कार्यक्रम

 

महासमुंद/ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश के सभी जिलों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और समाज में नशा मुक्त वातावरण तैयार करना है। वर्ष 2020 से प्रारंभ यह अभियान इस वर्ष अपने पाँच वर्ष पूर्ण कर रहा है। गत पाँच वर्षों में यह अभियान देश के विभिन्न वर्गों विशेष रूप से युवा वर्ग, स्वयंसेवी संगठन, शिक्षण संस्थान, समुदाय और जनसामान्य को जोड़ते हुए एक सशक्त जन आंदोलन के रूप में उभरा है।

इसी कड़ी में 13 अगस्त 2025 को प्रातः 10ः30 बजे जिला कार्यालय परिसर, कलेक्ट्रेट महासमुंद में नशामुक्ति के पक्ष में जनजागरूकता विकसित करने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नशामुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा तथा उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति हेतु शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही, http://pledge.mygov.in/nasha-mukti-sankalp वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन शपथ भी ली जाएगी।

कार्यक्रम में जिला कार्यालय स्तर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इस कार्यक्रम में सहभागिता कर नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

महासमुंद कलेक्टर ने जन चौपाल में सुनी आम जनों की समस्याएं, अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश  

महासमुंद कलेक्टर ने जन चौपाल में सुनी आम जनों की समस्याएं, अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

 

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में जिले के विभिन्न स्थानों से आए जनसामान्य की समस्याएं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना। जनदर्शन में आज 52 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से जनसामान्य यहां आते हैं, उनकी समस्याओं का निराकरण करते उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित करना है। आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा।

जन चौपाल में शासकीय माध्यमिक शाला बम्हनी, विकासखंड पिथौरा में पदस्थ शिक्षक के विरुद्ध ग़लत आचरण एवं शराब पीकर शाला आने के संबंध में ग्रामवासियों ने आवेदन किया जिस पर कलेक्टर ने डीईओ को जांच कर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम कोलदा बागबाहरा निवासी बृजबिहारी साहू द्वारा कृषि उपज की लंबित बोनस राशि दिलाने हेतु आवेदन किया, रानी बानो कोमाख़ान ने नर्सिंग की पढ़ाई की फीस माफ़ी हेतु आवेदन, टेकराम ध्रुव बिलाईदादर द्वारा जाति प्रमाण पत्र हेतु आवेदन, अलेख राम नायक द्वारा शासकीय भूमि अतिक्रमण हेतु आवेदन, रामलाल सिन्हा द्वारा केसीसी लोन के संबंध में आवेदन, ग्राम नर्रा कोमाख़ान सरपंच द्वारा शासकीय राशि का दुरुपयोग कर आहता निर्माण के संबंध में आवेदन, ग्राम फिरगी बागबाहरा के ग्रामवासियों ने अवैध शराब की बिक्री के संबंध में आवेदन किए।

कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा एवं श्री रवि कुमार साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

महासमुंद/हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिले में तिरंगा यात्रा से तिरंगामय हुआ वातावरण

महासमुंद/हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिले में तिरंगा यात्रा से तिरंगामय हुआ वातावरण

महासमुंद / 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज जिले के स्कूलों और ग्राम पंचायतों में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता – स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” रखी गई है।

द्वितीय चरण के अंतिम दिन जिले के स्कूलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण, स्काउट एवं गाइड कैडेट्स उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति नारों और तिरंगे की शान के गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा। जिससे पूरा वातावरण तिरंगामय हुआ। इस अवसर पर कई बच्चों ने साहसिक प्रदर्शन करते हुए गेड़ी में ध्वज बांधकर गेड़ी चालन, डंडा नृत्य एवं कब बुलबुल बच्चों का प्रदर्शन तथा देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए गए। प्रतिभागियों के जोश और उमंग ने कार्यक्रम में देशभक्ति की अद्भुत छटा बिखेरी गई।

इसी तरह जिले के विभिन्न पंचायतों में महिला समूह द्वारा तिरंगा का स्टॉल लगाया गया। साथ ही रैली निकालकर देशभक्ति की भावना का संचार किया गया। इसी तरह जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत ग्राम खैरा, पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम नरसिंहपुर में तिरंगा रैली निकाली गई। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, महिला समूह एवं नागरिकों ने तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। साथ ही शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद की अलुमनी समिति द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत महाविद्यालय में उपस्थित होकर तिरंगा अभियान में सहभागिता प्रस्तुत की। ज्ञात हो कि हर घर तिरंगा अभियान तीन चरणों में संचालित हो रहा है। द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त तक आयोजित किया गया, जबकि तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त 2025 तक होगा।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में तिरंगा यात्रा को पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल उत्सव का नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को प्रदर्शित करने का भी है। इसी क्रम में “हर घर तिरंगा – आज़ादी का महोत्सव” अभियान के तहत 15 अगस्त 2025 तक स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश दें, स्वच्छता के साथ आज़ादी का जश्न मनाएं और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनें। तिरंगा यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम को harghartiranga.com में रजिस्टर्ड भी कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़: न्यायमूर्ति श्री रविन्द्र कुमार अग्रवाल होंगे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने दिलाई शपथ

छत्तीसगढ़: न्यायमूर्ति श्री रविन्द्र कुमार अग्रवाल होंगे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने दिलाई शपथ

 

छत्तीसगढ़/न्यायमूर्ति श्री रविन्द्र कुमार अग्रवाल ने आज सुबह छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण किया। छत्तीसगढ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा द्वारा अपने न्यायालय कक्ष मे उन्हें शपथ दिलाई गयी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के समस्त न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि विधि एवं विधायी कार्य विभाग नई दिल्ली द्वारा 07 अगस्त 2025 को न्यायमूर्ति श्री रविन्द्र कुमार अग्रवाल को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किए जाने हेतु अधिसूचना जारी की गई है।

इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में महाधिवक्ता श्री प्रफुल्ल एन. भारत, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल श्री रमाकान्त मिश्रा, अध्यक्ष उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, श्री उमाकांत चंदेल, वरिष्ठ अधिवक्तागण, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री न्यायिक एकेडमी एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।