CG: मोबाइल गेम में डूबे थे दो किशोर, हादसे में एक की दर्दनाक मौत

सक्ती जिले के ग्राम सकरेलीभाठा में रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे दो 14 वर्षीय किशोर मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नवीन खाण्डे गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद जांजगीर-चांपा जिला रेफर किया गया है। इधर, बाराद्वार पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, सकरेलीभाठा निवासी 14 वर्षीय टिकेश साहू और 14 वर्षीय नवीन खाण्डे रात करीब 8 बजे रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे थे। इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी आ गई। दोनों किशोर गेम खेलने में व्यस्त थे और समय रहते पटरी से हट नहीं सके। मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घायल नवीन को तत्काल बाराद्वार अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जांजगीर चांपा जिला रेफर कर दिया।

CG : तालाब में डूबने से 3 सहेलियों की मौत

कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में कल तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह तीनों नहाने के लिए तालाब गयी थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सूचना में मिलने के बाद पुलिस ने तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद किए। तीनों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया , 8 वर्षीय राखी (पिता मलखम) और 9 वर्षीय साधना (पिता सुखसिंह) के रूप में हुई है.​

सरायपाली में निजी बैंक के अधिकारियों पर गंभीर आरोप, ग्राहक ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

सरायपाली/महासमुंद। इंडसइंड बैंक की सरायपाली शाखा के प्रबंधक सुजीत शनिकर, कैशियर गुणसागर और रायगढ़ रेपो एजेंसी से जुड़े भरत यादव के खिलाफ ग्राहक लोकनाथ पटेल ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कथित रिश्वत मांगने, दस्तावेजों में गड़बड़ी, धमकी देने और वाहन की कथित रूप से नियम विरुद्ध जब्ती सहित कई आरोप लगाए गए हैं। ग्राहक ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लोन बंद कराने की प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप शिकायत के मुताबिक, बस्ती सरायपाली निवासी लोकनाथ पटेल के इंडसइंड बैंक से दो ट्रक फाइनेंस थे। इनमें से एक ट्रक CG 06 GT 3467 को बेचकर उसका लोन बंद कराने तथा दूसरे ट्रक CG 06 HA 7227 का लोन जारी रखने की प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान शाखा प्रबंधक ने वाहन के खरीदार को लेकर हस्तक्षेप किया और ग्राहक को सीधे बातचीत करने से रोका।

ग्राहक का आरोप है कि फोरक्लोजर राशि के संबंध में बैंक सिस्टम से अलग कैशियर के ई-मेल के माध्यम से कथित रूप से संशोधित PDF उपलब्ध कराई गई, जिसमें वास्तविक देय राशि से करीब 3 लाख रुपये अधिक दर्शाए गए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस राशि पर छूट दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगी गई।

सीसीटीवी के सामने विरोध के बाद राशि लौटाने का दावा शिकायतकर्ता के अनुसार, रिश्वत देने से इनकार करने पर उसे वाहन के संबंध में कार्रवाई की धमकी दी गई। बाद में सीसीटीवी के सामने उसने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, जिसके बाद कथित रूप से राशि वापस कराई गई। ग्राहक ने शाखा प्रबंधक पर वाहन जब्त करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

दूसरे ट्रक की जब्ती को लेकर भी सवाल शिकायत में कहा गया है कि 6 अगस्त 2026 को ग्राहक के दूसरे ट्रक CG 06 HA 7227 को शाखा प्रबंधक और रायगढ़ के रेपो एजेंट भरत यादव सहित कुछ लोगों द्वारा जब्त किया गया। ग्राहक का आरोप है कि जब्ती से पहले उसे NPA नोटिस या पर्याप्त पूर्व सूचना नहीं दी गई और वाहन को कथित रूप से बलपूर्वक कब्जे में लिया गया।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि वाहन जब्त किए जाने के बाद बैंक रिकॉर्ड में खाते को NPA दर्शाया गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

20 अगस्त को क्षेत्रीय प्रबंधक को दी शिकायत लोकनाथ पटेल ने 20 अगस्त 2026 को बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, रायपुर को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की। शिकायत में सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, बैंक की विजिलेंस टीम से जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बाद भी अब तक उसे अपेक्षित कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। इसी को लेकर उसने बैंक के उच्च अधिकारियों से मामले में शीघ्र जांच कराने की मांग की है।

बैंक प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बैंक शाखा प्रबंधन एवं संबंधित कर्मचारियों का पक्ष इस संबंध में सामने नहीं आया है। आरोपों की वास्तविकता जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

बसना : घर से निकली 21 वर्षीय युवती अचानक लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता

महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती के घर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार युवती 16 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। इसके बाद परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।बताया गया कि युवती की तलाश के लिए परिजनों ने अपने स्तर पर संपर्क और खोजबीन के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 17 सितंबर को परिजन बसना थाना पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

 

पुलिस के अनुसार लापता युवती की उम्र 21 वर्ष है। वह करीब 5 फीट लंबी, सामान्य शरीर, लंबे चेहरे और काले बालों वाली है। घटना के समय उसने सफेद रंग की कुर्ती पहन रखी थी। वह छत्तीसगढ़ी, हिंदी और उड़िया भाषा बोलती है तथा कक्षा 11वीं तक पढ़ी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 140(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।

CG: मां ने एक साथ दिया तीन बेटों को जन्म

 

 

दंतेवाड़ा जिला अस्पताल के प्रसव कक्ष में बुधवार को एक साथ तीन किलकारियां गूंजीं। कटेकल्याण क्षेत्र की हाई रिस्क गर्भवती ने सामान्य प्रसव से तीन बेटों को जन्म दिया। दोपहर करीब 3 से 3.30 बजे के बीच हुए प्रसव में तीनों नवजातों का वजन 1870, 1875 और 1750 ग्राम रहा। जन्म के बाद तीनों की स्थिति स्थिर बताई गई है। कम वजन को देखते हुए उन्हें विशेष निगरानी के लिए एसएनसीयू में भर्ती किया गया है।

इस मामले में गर्भावस्था के दौरान ही महिला की स्थिति को हाई रिस्क के रूप में चिन्हांकित कर लिया गया था। कटेकल्याण की स्वास्थ्य टीम महिला के नियमित संपर्क में रही। समय-समय पर सोनोग्राफी कराई गई और मितानिन के माध्यम से फॉलोअप किया गया। साथ ही आयरन और कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन के लिए भी महिला को प्रेरित किया गया। प्रसव का समय नजदीक आने पर स्वास्थ्य टीम ने महिला को समय रहते दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया। अस्पताल पहुंचने के बाद Obstetrics एवं Gynaecology टीम ने प्रसव की जिम्मेदारी संभाली। तीनों नवजातों के जन्म के बाद Pediatrics एवं SNCU टीम ने तत्काल उनकी देखभाल शुरू कर दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने कहा कि यह मामला हाई रिस्क गर्भावस्था की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप, उचित रेफरल और अस्पताल में विशेषज्ञ टीमों के समन्वय का उदाहरण है। उन्होंने कटेकल्याण स्वास्थ्य टीम सहित जिला अस्पताल की Obstetrics एवं Gynaecology, Pediatrics और SNCU टीम को बधाई दी। तीनों नवजात पुत्र हैं। बच्चों के पिता दुर्गाराम वेट्टी, बांदीपारा, ग्राम परचेली, विकासखंड कटेकल्याण, जिला दंतेवाड़ा के निवासी हैं। एक साथ तीन बेटों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है।

 

बागबाहरा: ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से किसान गौरव कुठारे की बढ़ी आमदनी

महासमुन्द, 17 सितम्बर 2026।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के दौरान कृषि क्षेत्र के विकास, किसानों की आय में वृद्धि तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी दिशा में केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं से लाभान्वित होकर महासमुन्द जिले के किसान पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में बागबाहरा विकासखण्ड के ग्राम गुलझर के कृषक श्री गौरव कुठारे ने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती को अपनाकर बेहतर आमदनी अर्जित की है।कृषक श्री गौरव कुठारे बताते हैं कि वे पारंपरिक धान की खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को भी अपना रहे हैं। अपने 1.60 हेक्टेयर प्रक्षेत्र में वे वर्षभर टमाटर, बैंगन, सेम और गेंदा जैसी फसलों की खेती कर रहे हैं। खेती में ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उन्हें उत्पादन लागत को नियंत्रित करने के साथ बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिल रही है।श्री गौरव कुठारे ने बताया कि पूर्व में वे मुख्य रूप से धान की खेती करते थे। उद्यानिकी फसलों की खेती शुरू करने के बाद उन्हें उत्पादन के साथ-साथ बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिले। वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के घटक ‘ग्राफ्टेड बैंगन, टमाटर सीडलिंग प्रदर्शन’ के अंतर्गत उन्हें एक एकड़ में ग्राफ्टेड बैंगन की फसल के लिए 30 हजार रुपए का अनुदान डीबीटी के माध्यम से प्राप्त हुआ।कृषक श्री गौरव कुठारे के अनुसार, ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से उन्हें करीब 23 टन उत्पादन प्राप्त हुआ। उत्पाद को लगभग 20 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचने पर उन्हें करीब 2 लाख 65 हजार रुपए की सकल आमदनी प्राप्त हुई। ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग और कृषि यंत्रों के उपयोग से उत्पादन लागत को नियंत्रित करने में भी सहायता मिली।ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से मिली यह सफलता आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है। श्री गौरव कुठारे स्वयं भी अन्य कृषकों को पारंपरिक धान की खेती के साथ सब्जी एवं अन्य उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आधुनिक तकनीक, विविधीकृत खेती और शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

महासमुंद में 6 लाख दीपों की रोशनी, सरायपाली-बसना सहित पांचों विकासखंडों में दिखी जनभागीदारी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ प्रज्ज्वलित किए लाखों दिया

महासमुंद में 6 लाख दीपों की रोशनी, सरायपाली-बसना सहित पांचों विकासखंडों में दिखी जनभागीदारी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ प्रज्ज्वलित किए लाखों दिया

जनभागीदारी, गरीब कल्याण, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी  – सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी
महासमुंद 17 सितम्बर 2026/ सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत आज महासमुंद जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर में शाम 7 बजे एक साथ 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिकों ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जुड़े इस आयोजन में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली।अटल परिसर में मुख्य आयोजन, 8 हजार दीयों से जगमगाया परिसरकार्यक्रम का जिला स्तरीय मुख्य आयोजन महासमुंद के अटल परिसर में किया गया। यहां करीब 8 हजार दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। सर्वप्रथम शहीद वीर नारायण सिंह एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन किया गया।

 

साथ ही शहर में चौक-चौराहों में दीप जलाए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी शामिल हुईं। कार्यक्रम में छ.ग. राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डाॅ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, छ.ग. राज्य स्काउट गाईड के मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, भारतीय रेडक्राॅस सोसायटी के सभापति श्री संदीप दीवान, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चैधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासकीय जिम्मेदारी संभालने के बाद से वे निरंतर जनता की सेवा और देश के विकास के लिए कार्य करते आ रहे हैं। विषम परिस्थितियों के बावजूद विकास की गति को बनाए रखने, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा एवं क्षमता को अवसर देने के लिए अनेक पहल की गई हैं। ‘लखपति दीदी’ जैसे प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य हो रहा है।

ड्रोन दीदी जैसी पहल के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसी तरह स्वच्छता, किसान कल्याण, युवा शक्ति और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों के माध्यम से विकास को व्यापक सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया गया है।श्रीमती चैधरी ने कहा कि आज महासमुंद जिले में हजारों स्थानों पर एक साथ प्रज्ज्वलित हो रहे दीप सेवा, समर्पण, आशा और संकल्प के प्रतीक हैं। जब शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के साथ समाज की सक्रिय सहभागिता जुड़ती है, तो विकास का संकल्प जनआंदोलन का रूप ले लेता है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी इसी सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक दीप से दूसरे दीप का प्रकाश जिस तरह फैलता है, उसी तरह सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश भी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याण के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।छ.ग. बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम जिलेवासियों के सामूहिक संकल्प, एकजुटता और जनभागीदारी का प्रतीक है। एक साथ प्रज्ज्वलित किए जा रहे दीप सेवा, समर्पण, सुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए हमें भी समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए। श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना प्रमुख रही है। इस अवसर पर प्रज्ज्वलित प्रत्येक दीप उस सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचता है, जब उसमें समाज की सक्रिय भागीदारी जुड़ती है। महासमुंद जिले में बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किया जाना इसी जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प की भावना को दर्शाता है।जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू ने अभियान के 12 पहलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम सेवा, अनुशासन, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। युवाओं और विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। आशीर्वाद का दीया इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा लेते हुए हम सभी को अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहना चाहिए।शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित स्थलों-शहरी  चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की सामूहिक रोशनी ने जिलेभर में सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश प्रसारित किया। अनेक स्थानों पर नागरिकों ने अपने घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इससे गांवों में भी उत्सव और सामूहिक सहभागिता का वातावरण बना रहा।इस अवसर पर विकासखंड महासमुंद में लगभग 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार तथा सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5 लाख 51 हजार दीपों से सेवा संकल्प की रोशनी बिखरी। इसी तरह नगरीय क्षेत्रों में महासमुंद में रेलवे स्टेशन, अस्पताल, अंबेडकर चौक एवं दीनदयाल उपाध्याय चौक खैरा में एक-एक हजार कुल 4000 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं बसना, पिथौरा, तुमगांव एवं सरायपाली सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया

महासमुंद/7 करोड़ के अवैध जप्त रेत बनी सरकार की कमाई का जरिया, महासमुंद में नीलामी से ₹7 करोड़ से ज्यादा राजस्व

महासमुंद में जप्त रेत की नीलामी से सरकार को मिला 7 करोड़ से अधिक का राजस्व

2.53 लाख घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत की हुई नीलामी, जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई

महासमुंद, 17 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन महासमुंद और खनिज विभाग द्वारा अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ शासन के राजस्व हितों के संरक्षण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बरबसपुर, बड़गांव, बिरकोनी और घोड़ारी में अवैध रूप से भंडारित रेत के खिलाफ कार्रवाई की थी।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 2,53,303 घन मीटर रेत जप्त की गई थी। जप्त रेत के सुरक्षित संरक्षण, उचित प्रबंधन और शासन को राजस्व प्राप्त कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार बंद लिफाफे के माध्यम से इसकी नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई।

नीलामी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रतिस्पर्धात्मक और नियमों के अनुरूप संपादित किया गया। इसमें पात्र निविदाकारों ने भाग लिया। नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जप्त की गई लगभग 2,53,303 घन मीटर रेत का विक्रय किया गया, जिससे शासन को 7 करोड़ 19 हजार 566 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई केवल राजस्व सृजन तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। जप्त रेत की नीलामी से शासन को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिला और अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के बीच कानून के पालन को लेकर स्पष्ट संदेश गया।

महासमुंद जिले में जप्त रेत की यह नीलामी सुशासन, पारदर्शिता और खनिज संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन का उदाहरण मानी जा रही है। जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

तुमगांव/ पिता ने बेटे और उसके दोस्तों पर लगाया चोरी का आरोप, दुकान से ₹5 हजार और घर से गहने गायब होने का मामला

 

महासमुंद/तुमगांव। ग्राम खैरझिटी में घर की किराना दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे ₹5 हजार नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने चोरी का आरोप अपने ही बेटे शिवम साहू पर लगाया है। वहीं, इससे पहले घर से सोने का नेकलेस और सोने का झुमका चोरी होने के मामले में भी बेटे शिवम साहू और उसके दोस्तों पर संदेह जताया गया है। मामले में थाना तुमगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए लिखित आवेदन के अनुसार, ग्राम खैरझिटी थाना तुमगांव जिला महासमुंद निवासी मानिकलाल साहू, पिता श्रीराम सजीवन साहू, उम्र लगभग 59 वर्ष, कक्षा 10वीं तक पढ़े हैं और खेती-किसानी के साथ किराना दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 2026, दिन सोमवार को सुबह करीब 8 बजे वे अपने घर की दुकान के कमरे में ताला लगाकर खेत में काम करने चले गए थे।

मानिकलाल साहू के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे जब वे खेत से वापस घर लौटे और दुकान के कमरे का ताला खोलने के लिए चाबी लगाने लगे तो देखा कि कमरे का ताला पहले से ही टूटा हुआ लटका था। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर जाकर जांच की तो गल्ले में रखे ₹5,000 नकद गायब मिले। इससे उन्हें दुकान में चोरी होने का पता चला।

शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के समय उनका बेटा शिवम साहू घर में ही मौजूद था। इस संबंध में उससे पूछताछ करने पर वह पहले गोलमोल जवाब देने लगा। इसके बाद शिकायत के अनुसार शिवम ने बताया कि उसने दुकान के गल्ले में रखे ₹5,000 चोरी किए हैं।

मानिकलाल साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी बताया कि इससे पूर्व उनके घर से सोने का नेकलेस और सोने का झुमका भी चोरी हो चुका है। उन्होंने पूर्व में हुई इस चोरी के पीछे भी अपने बेटे शिवम साहू और उसके दोस्तों का हाथ होने का पूरा संदेह जताया है। हालांकि पूर्व की जेवर चोरी के संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से चोरी गई नकदी एवं पूर्व में चोरी हुए सामान की बरामदगी कराने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के अवलोकन के बाद थाना तुमगांव पुलिस ने आरोपी शिवम साहू एवं अन्य के विरुद्ध धारा 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों, चोरी के घटनाक्रम और पूर्व में चोरी हुए जेवरों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

CG बागबाहरा-तुमगांव में लूटकांड, गर्ल्स हॉस्टल और कृषि मंडी के पास वारदात; 13 आरोपी शामिल, 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर

CG बागबाहरा-तुमगांव में लूटकांड, गर्ल्स हॉस्टल और कृषि मंडी के पास वारदात; 13 आरोपी शामिल, 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर

महासमुंद। जिले के बागबाहरा और तुमगांव थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर लूट और लूट के प्रयास की घटनाएं सामने आई हैं। एक घटना में जियो कंपनी के आरबी टेक्नीशियन को कृषि उपज मंडी के आगे बरगद के पेड़ के पास 7-8 अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर रोका और मोबाइल व नकदी लूट ली। वहीं दूसरी घटना में ग्राम भोरिंग स्थित गर्ल्स हॉस्टल के पास डीजे डांस प्रतियोगिता देखने जा रहे दो युवकों को पांच लोगों ने घेरकर चाकू, पेचकस और लोहे का मोटा रॉड दिखाते हुए लूटने की कोशिश की।

दोनों शिकायतों में बताए गए आरोपियों की संख्या को जोड़ने पर 13 आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आती है। वहीं सूत्रों के अनुसार दोनों मामलों में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई खुलासा नहीं किया है।

कृषि उपज मंडी के पास जियो टेक्नीशियन को घेरा

बागबाहरा मामले में शिकायतकर्ता दिनेश कुमार सूर्यवंशी पिता गणेश राम सूर्यवंशी, उम्र 24 वर्ष, निवासी मेहंदा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब छह माह से बागबाहरा में रहकर जियो कंपनी में आरबी टेक्नीशियन का काम कर रहा है। आवेदन में उसका हाल पता महावीर काम्प्लेक्स, झलप चौक, बागबाहरा बताया गया है। शिकायतकर्ता ने अपने बारे में कक्षा 12वीं तक पढ़ाई करने तथा श्री गणेश ज्वेलर्स का संचालक होने की जानकारी भी दी है।

दिनांक 15 सितंबर 2026 को वह ग्राम घुंचापाली स्थित जियो टॉवर को चेक करने गया था। टॉवर चेक करने और PMTT का काम पूरा करने के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे वह मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-BP-0890 से बागबाहरा वापस लौट रहा था। इसी दौरान कृषि उपज मंडी के आगे बरगद के पेड़ के पास 7-8 अज्ञात लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल रोक ली।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसकी पैंट की दाहिनी जेब में रखा Realme Y15 5G मोबाइल फोन, कीमत करीब 28,000 रुपये, तथा उसी जेब में रखे 200 रुपये, 100-100 रुपये के दो नोट, लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की और धमकी देते हुए वहां से भागने को कहा। मारपीट के कारण उसके नाक और मुंह में चोट लगी तथा खून निकलने की बात आवेदन में कही गई है।

गर्ल्स हॉस्टल के पास पांच लोगों ने घेरा

दूसरी घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भोरिंग की है। शिकायतकर्ता छगन साहू पिता उत्तर साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम भोरिंग, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद ने बताया कि 14 सितंबर 2026 की रात वह अपने दोस्त देवप्रकाश साहू के साथ मोटरसाइकिल से तुमगांव में आयोजित DJ डांस प्रतियोगिता देखने जा रहा था।

रात करीब 11:45 बजे गर्ल्स हॉस्टल, भोरिंग के पास एक व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए हाथ देकर मोटरसाइकिल रुकवाई। मोटरसाइकिल रुकने के बाद उसके चार अन्य साथी झाड़ियों के पीछे से रोड किनारे बाहर आए और दोनों युवकों को घेर लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार पांचों लोगों ने धारदार चाकू, पेचकस और लोहे का मोटा रॉड दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा मोटरसाइकिल, मोबाइल और जेब में रखे पैसे लूटने की कोशिश की।

ग्रामीण पहुंचे तो तीन भागे, दो पकड़े गए

छगन साहू के अनुसार उसी समय पीछे से उनके गांव के खिलेश बघेल, प्रमोद कौल, विनोद सिंह कौल तथा जोबा के नीलकंठ डहरिया, ओंकार डहरिया, चंद्रप्रकाश ढीढी और राहुल चेलक वहां से आ रहे थे। छगन ने आवाज देकर उन्हें रोक लिया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर पांच आरोपियों में से तीन लोग भाग गए, जबकि दो लोगों को पकड़ लिया गया।

इसके बाद 112 वाहन को फोन कर सूचना दी गई। 112 वाहन के मौके पर पहुंचने पर पकड़े गए दोनों व्यक्तियों को पुलिस के सुपुर्द किया गया। साथ ही मौके पर मौजूद उनकी मोटरसाइकिलें TVS RIDER क्रमांक CG 25 Q 0237 और TVS STAR SPORTS क्रमांक CG 25 R 7427 भी सुपुर्द की गईं।

दोनों मामलों में अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज

बागबाहरा मामले में पुलिस ने लिखित आवेदन के अवलोकन के बाद प्रथम दृष्टया अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 126(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

वहीं तुमगांव मामले में छगन साहू के लिखित आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 126(2), 312 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

बागबाहरा में 4 और तुमगांव में 2 गिरफ्तारी की चर्चा

इस बीच सूत्रों के अनुसार बागबाहरा लूटकांड में 4 आरोपियों और तुमगांव की घटना में 2 आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। इस तरह दोनों मामलों में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक गिरफ्तारियों को लेकर आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही गिरफ्तार आरोपियों के नाम, उनकी भूमिका, संभावित बरामदगी और दोनों घटनाओं के बीच किसी कनेक्शन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों मामलों की विवेचना जारी है।