पटेवा: शौच जाने की बात कहकर निकली 15 वर्षीय किशोरी, घंटों बाद भी नहीं लौटी घर; जांच में जुटी पुलिस

महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी 31 अगस्त 2026 की दोपहर घर से शौच जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटी। परिजनों के मुताबिक, शाम तक किशोरी के घर नहीं लौटने पर आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पटेवा थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुम इंसान क्रमांक 57/2026 दर्ज किया। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस द्वारा किशोरी की तलाश के साथ मामले से जुड़े संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस खबर में नाबालिग की पहचान और उसके परिवार से संबंधित व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी गई है।

CG : 29 मौतों पर कोर्ट का बड़ा फैसला, 10 को फांसी की सजा

झीरम घाटी में कांग्रेस नेताओं समेत 29 लोगों की हत्या के मामले में जगदलपुर NIA कोर्ट ने 10 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है। 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले पर नक्सली हमला हुआ था। इसमें कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 29 लोगों की मौत हुई थी। करीब 13 साल चली सुनवाई में 101 गवाहों के बयान और दस्तावेज दर्ज किए गए। जज ने अपने फैसले में कहा है कि आदेश की पुष्टि हाईकोर्ट करेगा। 30 दिन के अंदर हाईकोर्ट में अपील कर सकते हैं। अभियोजन पक्ष ने फांसी की मांग की थी, जबकि बचाव पक्ष ने दलील में सजा कम करने की मांग की थी।

प्रमिला मोडियम – मिलिट्री कंपनी नंबर-2 के कैडरों के साथ झीरम पहुंची और हमले में शामिल हुई। घायलों पर हमला करने और हथियार लूटने का भी आरोप । चैतू लेकाम – PLGA का सेक्शन कमांडर। पिड़िया से झीरम पहुंचा और हमले में शामिल हुआ। FSL और अन्य सबूतों से बरामद विस्फोटकों का हमले से संबंध मिला। सुमित्रा पुनेम मोडियम – अन्य कैडरों के साथ झीरम पहुंची और हमले में शामिल हुई। मुक्का मंडावी – हथियार के साथ हमले में शामिल हुआ और पुलिसकर्मियों के हथियार लूटे। बरामद विस्फोटक घटनास्थल से मिले सामान से मेल खाए। कवासी कोसा – झीरम हमले में शामिल हुआ और पुलिसकर्मियों के हथियार लूटे। आयता मरकाम – कोलेंग और कंडानार से चावल व अन्य लॉजिस्टिक सामग्री जुटाई और उसे झीरम पहुंचाने की व्यवस्था की।

मड़कामी देवा – दरभा डिवीजन कमेटी का सदस्य। हमले के लिए लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने में भी। जोगा मड़कम – झीरम हमले में शामिल हुआ और पुलिसकर्मियों के हथियार लूटे। बंजामी सन्ना – दरभा डिवीजन कमेटी की सदस्य। हमले के लिए चावल और अन्य लॉजिस्टिक सामग्री जुटाई। फंड के लिए वसूली करने का भी आरोप । महादेव नाग – धारा 164 CRPC के तहत दर्ज बयान में घटनास्थल पर मौजूदगी और हमले में उसकी भूमिका का उल्लेख है।

दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री

केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी आज और कल सत्रह सितंबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे आज राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वहीं कल सुबह रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित “सशक्त नारी-समृद्ध परिवार अभियान एवं सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे रायपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।

CG : कांग्रेस पार्टी की परिवर्तन यात्रा पर हमले मामले में आज 10 दोषियों को सुनाई जाएगी सजा

झीरम घाटी हमले मामले में आज दस दोषियों को सजा सुनाई जाएगी। जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत सजा सुनाएगी । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा पेश किए गए तमाम सबूतों, गवाहों के बयानों और दोनों पक्षों की लंबी और तीखी बहसों को सुनने के बाद विशेष एनआईए कोर्ट ने 5 सितंबर को सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दिया. गौरतलब है कि 25 मई,वर्ष 2013 को कांग्रेस पार्टी की परिवर्तन यात्रा पर झीरम् घाटी में हमला हुआ था। इस हमले में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं साहित उनतीस लोगों की मौत हुई थी। कई अन्य लोग घायल भी हुए थे ।

किसान सावधान! धान में भूरा माहू तो अरहर में स्टेम ब्लाइट का खतरा

आगामी दिनों में मध्यम बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र, बालोद ने किसानों को धान एवं अरहर की फसल में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। केन्द्र ने किसानों से कहा है कि कीटनाशक एवं कवकनाशी का छिड़काव मौसम साफ रहने पर ही करें। साथ ही दवाओं का उपयोग फसल में रोग-कीट की वास्तविक स्थिति और आर्थिक क्षति स्तर के आधार पर करने की सलाह दी गई है।
धान की फसल में इन बातों का रखें ध्यान
वर्तमान में धान की फसल गभोट एवं बाली निकलने की अवस्था में है। गभोट अवस्था में नत्रजन की तीसरी मात्रा के रूप में 50 किलोग्राम यूरिया प्रति हेक्टेयर की दर से टॉप ड्रेसिंग की जा सकती है। धान में भूरा माहू का प्रकोप दिखाई देने पर पाइमेट्रोजिन 50 डब्ल्यू.जी. 300 ग्राम अथवा थायामेथोक्साम 25 प्रतिशत डब्ल्यू.जी. 100 ग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से 500 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
गंधी बग के नियंत्रण के लिए इमिडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत एस.एल. 125 मिलीलीटर अथवा थायामेथोक्साम 25 प्रतिशत डब्ल्यू.जी. 100 ग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से 500 से 600 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव किया जा सकता है।

तना छेदक की निगरानी के लिए 2 से 3 फेरोमोन ट्रैप प्रति एकड़ लगाने की सलाह दी गई है। अधिक प्रकोप की स्थिति में 8 से 10 फेरोमोन ट्रैप प्रति एकड़ तक लगाए जा सकते हैं। प्रकोप होने पर कार्टाप हाइड्रोक्लोराइड 50 डब्ल्यू.पी. 1 किलोग्राम अथवा क्लोरेन्ट्रानिलीप्रोल 150 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
पत्ती मोड़क (चितरी) का प्रकोप होने पर जब एक से दो पत्तियां प्रति पौधा प्रभावित हों, तब फिप्रोनिल 5 एस.सी. 800 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
धान में झुलसा रोग (ब्लास्ट) के लक्षण दिखाई देने पर ट्राइफ्लॉक्सीस्ट्रोबिन 25 प्रतिशत, टेबुकोनाजोल 50 प्रतिशत 200 ग्राम अथवा एजॉक्सीस्ट्रोबिन 11 प्रतिशत, टेबुकोनाजोल 18.3 प्रतिशत, एस.सी. 750 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की अनुशंसित मात्रा में 500 लीटर पानी के साथ किसी एक कवकनाशी का छिड़काव करें। आवश्यकता होने पर 12 से 15 दिन के अंतराल पर दोबारा छिड़काव किया जा सकता है।

अरहर की फसल में जल निकासी पर दें विशेष ध्यान

अरहर की फसल में वर्तमान समय में तना अंगमारी (स्टेम ब्लाइट) रोग की निगरानी करने की सलाह दी गई है। रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर ताम्रयुक्त कवकनाशी 1.25 किलोग्राम अथवा मेटालेक्सिल एम.जेड. 750 ग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव किया जा सकता है। आवश्यकता के अनुसार 10 से 12 दिन के अंतराल पर 2 से 3 बार छिड़काव किया जा सकता है।
आगामी दिनों में वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को अरहर के खेत में अतिरिक्त पानी के निकास की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है। कवकनाशी का छिड़काव केवल मौसम साफ रहने पर ही किया जाए।
दवाओं के उपयोग में बरतें सावधानी
कृषि विज्ञान केन्द्र, बालोद ने किसानों से अपील की है कि किसी भी कीटनाशक या कवकनाशी का उपयोग फसल में रोग-कीट की वास्तविक स्थिति एवं आर्थिक क्षति स्तर को ध्यान में रखकर ही करें। कृषि दवाओं का उपयोग करते समय उनके लेबल पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। वर्षा की संभावना को देखते हुए छिड़काव से पहले मौसम की स्थिति अवश्य देख लें। कृषि विज्ञान केन्द्र, बालोद ने किसानों के हित में जारी इस सलाह के माध्यम से फसल की सुरक्षा के साथ-साथ अनावश्यक दवा के उपयोग से बचने और कृषि लागत को नियंत्रित रखने पर भी जोर दिया है।

CG : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के पद पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित

एकीकृत बाल विकास परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया है। परियोजना अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र तरईगांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए 30 सितम्बर तक तथा आंगनबाड़ी केंद्र सरिसताल में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए 22 सितम्बर 2026 तक ई-भर्ती पोर्टल https://aww.e-bharti.in के माध्यम से आमंत्रित किया गया है। अधिक जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है।

CG OD सीमा पर गांजा के बदले वन्य जीव पैंगोलिन के 352 खाल बरामद 6 आरोपी गिरफ्तार छत्तीसगढ़ ओडिसा और उत्तरप्रदेश तक फैला नेटवर्क अदला बदली का खेल अब जारी

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर अंतरराज्यीय नारको-वाइल्डलाइफ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 दिन में 8 तस्कर गिरफ्तार

79 किलो गांजा और 1.47 किलो प्रतिबंधित पैंगोलिन स्केल जब्त; ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद से नबरंगपुर में कार्रवाई, मलकानगिरी के गोविंदपल्ली तक पहुंचा नेटवर्क

धमतरी। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR), डीआरआई तथा छत्तीसगढ़ और ओडिशा वन विभाग की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय नारको-वाइल्डलाइफ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने तीन दिनों के भीतर तीन बड़े ऑपरेशन चलाकर 79 किलो गांजा और 1.47 किलो प्रतिबंधित पैंगोलिन स्केल जब्त किए हैं। कार्रवाई में कुल 8 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के अनुसार, कार्रवाई की शुरुआत 10 सितंबर 2026 को USTR की बोराई जांच चौकी से हुई। ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को टीम ने रोका। तलाशी के दौरान बाइक से 31 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बाइक सवार आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। जब्त गांजा और बाइक को आगे की कार्रवाई के लिए धमतरी पुलिस को सौंपा गया।

पहले ऑपरेशन में 31 किलो गांजा बरामद

पहली कार्रवाई से मिले इनपुट के आधार पर टीम ने ओडिशा में तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर संयुक्त टीम ने अगले दिन 11 सितंबर को नबरंगपुर में घेराबंदी की। इस कार्रवाई में ड्रोन और डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई।

नबरंगपुर में 48 किलो गांजा और स्कूटी जब्त

नबरंगपुर में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान टीम ने 48 किलो गांजा और एक स्कूटी बरामद की। मौके से प्रहलाद हरिजन और बिमल माझी को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर जांच टीम तस्करी नेटवर्क की अगली कड़ी तक पहुंची।

गोविंदपल्ली में पैंगोलिन स्केल के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

इसके बाद संयुक्त टीम ने मलकानगिरी के गोविंदपल्ली में दबिश दी। यहां कार्रवाई के दौरान 1.47 किलो पैंगोलिन स्केल, तीन बाइक और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए। मामले में रामा कृष्ण गडबा (35), पूर्णा भूमिया (30), ईश्वर भूमिया (24), कुमा बिसोई (31) सभी मलकानगिरी निवासी तथा सुशांत खिल्ला (25) और लक्ष्मण सिलपड़िया (23) दोनों कोरापुट निवासी को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को रिमांड पर भेजा गया है।

नारकोटिक्स और वन्यजीव अंगों की अदला-बदली का खुलासा

जांच में यह बात सामने आई है कि तस्करी नेटवर्क में नारकोटिक्स और वन्यजीव अंगों की अदला-बदली यानी बार्टर ट्रेड किया जा रहा था। टीम को प्रतिबंधित पैंगोलिन स्केल और पैंगोलिन तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

छत्तीसगढ़-ओडिशा-महाराष्ट्र बॉर्डर तक नेटवर्क की जांच

USTR प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव कॉरिडोर को तस्करों का ट्रांजिट रूट नहीं बनने दिया जाएगा। अब पुलिस, DRI, WCCB और वन विभाग की टीमें छत्तीसगढ़-ओडिशा-महाराष्ट्र बॉर्डर पर सक्रिय बताए जा रहे पूरे सिंडिकेट की कड़ियां खंगाल रही हैं। तीन दिनों में हुई लगातार कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

महासमुंद : तीजा के लिए मायके जाने निकली महिला रास्ते से लापता, तलाश जारी

महासमुंद। तीजा पर्व के लिए मायके जाने निकली एक महिला के रास्ते से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने महिला के लापता होने की शिकायत महासमुंद थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला 12 सितंबर 2026 की शाम करीब 4 बजे अपने बेटे के साथ महासमुंद बस स्टैंड पहुंची थी। बेटे ने अपनी मां को तीजा पर्व के अवसर पर मायके जाने के लिए बस स्टैंड पर छोड़ा और वापस घर लौट गया।

इसके बाद परिजनों ने महिला से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। मायके पक्ष से जानकारी लेने पर पता चला कि महिला वहां भी नहीं पहुंची थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के स्थानों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों के अनुसार, महिला तीजा पर्व के लिए अपने मायके जा रही थी। काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर 14 सितंबर 2026 को महासमुंद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

महासमुंद : खेत में खाद डालने गए, लौटे तो बाइक गायब

महासमुंद। शहर के नयापारा क्षेत्र में खेत में खाद डालने गए एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले में वाहन मालिक ने अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, वार्ड नंबर 12, पिटियाझर महासमुंद निवासी ओम प्रकाश साहू 9 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे फुटहा बांधा के पास नयापारा स्थित अपने खेत में खाद डालने के लिए गए थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि खेत में खाद डालने के बाद जब वह वापस आया तो वहां खड़ी उसकी हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG06A5038 गायब थी। बाइक की पुरानी इस्तेमाल की हुई कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत में मोटरसाइकिल का इंजन नंबर 02M21M26893 और चेचिस नंबर 02M21C28780 भी दर्ज कराया गया है। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चल सका। इसके बाद वाहन मालिक ने 14 सितंबर 2026 को थाना पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सरायपाली : रास्ते को लेकर विवाद, युवक पर डंडे से किया वार

सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम माधोपाली में रास्ता देने की बात को लेकर विवाद के बाद एक युवक से गाली-गलौच और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने दो लोगों पर हाथ-मुक्के से मारपीट करने और डंडे से सिर पर वार करने का आरोप लगाया है। घटना में युवक के सिर में चोट लगने की बात कही गई है। थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम माधोपाली निवासी गोपीकिशन बरिहा अपने दोस्त संदीप यादव की दुकान, कुटेला ओवरब्रिज के पास सरायपाली गया था। वहां से दोनों मोटरसाइकिल से वापस ग्राम माधोपाली लौट रहे थे।

शिकायत के मुताबिक, रात करीब 9 बजे डीपापारा रोड के किनारे ग्राम माधोपाली में कन्हैया दास मानिकपुरी और हेमशंकर मानिकपुरी के बीच विवाद चल रहा था। रास्ता रोकने पर गोपीकिशन ने दोनों से रास्ता देने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, गाली-गलौच करने से मना करने पर हेमशंकर मानिकपुरी ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जबकि कन्हैया दास मानिकपुरी ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। शिकायत में बताया गया है कि वार से उसके सिर में चोट लगी और खून निकल आया। मामले में पुलिस ने आरोपी कन्हैयादास मानिकपुरी और हेमशंकर मानिकपुरी के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध कायम किया है.