बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक, सुशासन शिविरों को सफल बनाने का आह्वान

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ-विधायक डॉ. संपत अग्रवाल

सुशासन दिवस शिविरों को लेकर बसना विधायक कार्यालय में रणनीति तैयार, विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा अनुरूप जनसमस्याओं का मौके पर होगा निराकरण: विधायक डॉ संपत अग्रवाल

बसना। प्रदेश की साय सरकार द्वारा राज्य में सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सुशासन दिवस जनसमस्या निवारण शिविर’ की तैयारियों को लेकर बसना विधायक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की, जिसमें क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सुशासन दिवस जनसमस्या निवारण शिविर में कहा कि इन शिविरों का आयोजन केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह सीधे जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनका निराकरण करने का एक सशक्त माध्यम है। हमारा लक्ष्य है कि किसी भी ग्रामीण को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास है। साय सरकार ने सत्ता संभालते ही गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सुशासन का अर्थ ही यही है कि सरकारी तंत्र संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करे।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हों। आप सुनिश्चित करें कि शिविरों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं का आवेदन दे सकें और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। हम सभी को मिलकर बसना विधानसभा को विकास के मामले में आदर्श क्षेत्र बनाना है।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों की कड़ी मॉनिटरिंग की जाए, ताकि व्यवस्था सुचारू रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन जैसी प्रमुख योजनाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शिविरों में आने वाली जनता की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन और कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे ‘सुशासन’ का वास्तविक लाभ आम जन तक पहुँच सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि बसना कैलाशचंद्र अग्रवाल,वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र अग्रवाल,जिला उपाध्यक्ष भाजपा पिरदा हरप्रसाद पटेल,जिला उपाध्यक्ष भाजपा कृष्ण कुमार साहू, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल,महासमुंद जिला भाजपा प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, बसना नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,जिला महामंत्री भाजयुमो कामेश बंजारा,विधायक प्रतिनिधि निर्मल दास,जनपद उपाध्यक्ष बसना मोहित पटेल, उपाध्यक्ष नगर पंचायत पिथौरा ब्रह्मानंद पटेल,विधायक प्रतिनिधि सांकरा खेमराज अग्रवाल,बसना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, पिथौरा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, सांकरा मंडल अध्यक्ष हलधर साहू, गढ़फुलझर मंडल अध्यक्ष नरहरि पोर्ते , मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान,महामंत्री उर्मिला सरोज पटेल,महामंत्री दीपक शर्मा, महामंत्री भाजपा गढ़फुलझर प्रहलाद साहू,मंडल महामंत्री जतिन ठक्कर,जिला संयोजक आई टी सेल एवं महामंत्री नवीन कुमार साव, मंडल महामंत्री मनोज बारिक, मंडल महामंत्री झाडूराम परमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष पिरदा विमला बेहरा,मंडल युवा मोर्चा बसना आकाश सिन्हा, जनपद सदस्य जन्मजय साय, कोषाध्यक्ष भाजपा बसना अमृत चौधरी, युवा मोर्चा सांकरा अध्यक्ष विजय चौधरी, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे,युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विजय नायक,कार्यालय प्रभारी सांकरा कमल साहू, जनपद सभापति गढ़फुलझर राजेश गढ़तिया , कार्यालय प्रभारी गढ़फुलझर हरजिंदर सिंह हरजू,कार्यालय प्रभारी गढ़फुलझर महेंद्र प्रधान, विधायक प्रतिनिधि सुमित अग्रवाल,विधायक प्रतिनिधि विजयराज पटेल,सौरभ अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ ली।

प्रतिभा का परचम: ईशा गुप्ता ने ISC 12वीं में हासिल किया विद्यालय में तीसरा स्थान

बसना :-

मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर सेंट स्टीफेंस मॉडल स्कूल जगदीशपुर की छात्रा ईशा गुप्ता ने आईएससी कक्षा 12वीं परीक्षा 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते 87.3 प्रतिशत के साथ विद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

कला संकाय की छात्रा ईशा की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे नगर में खुशी का माहौल है। ईशा गुप्ता बचपन से ही पढ़ाई के साथ नेतृत्व क्षमता के लिए भी जानी जाती रही हैं।लगातार दो वर्षों तक स्कूल कैप्टन रहकर उन्होंने विद्यालय में अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। यही कारण है कि शिक्षक भी उन्हें एक मेहनती, विनम्र और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा मानते हैं। ईशा की सफलता इसलिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने हर कक्षा में निरंतर मेहनत करते हुए खुद को बेहतर बनाया।

कक्षा 10वीं में 65 प्रतिशत और 11वीं में 69 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी, बल्कि लगातार मेहनत कर 12वीं में 87.3 प्रतिशत के साथ उल्लेखनीय प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि लगन और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। ईशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता शीत गुप्ता, माता आशा गुप्ता, परिवारजनों, विद्यालय के प्राचार्य विजय दास तथा सभी शिक्षकों को दिया है।

उन्होंने कहा कि माता-पिता के विश्वास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। ईशा का सपना आगे चलकर साइकोलॉजिस्ट बनना है। उनका कहना है कि आज के दौर में मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे लोगों को सही मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग की जरूरत है। वे भविष्य में इसी क्षेत्र में कार्य कर समाजसेवा करना चाहती हैं। ईशा की बड़ी बहन साक्षी गुप्ता भी इसी विद्यालय की छात्रा रह चुकी हैं और वर्तमान में हाईकोर्ट बिलासपुर में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। परिवार की इस शैक्षणिक परंपरा ने भी ईशा को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

तालाब मेड़ में दो आरोपियों से 55 लीटर महुआ शराब जप्त

बसना  :- बसना पुलिस ने 30 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम तोषगांव में दानी तालाब मेड़ में दो आरोपियों से अवैध महुआ शराब जप्त किया है। दोनों आरोपियों पर अलग – अलग मामले में कार्रवाई की गई है. जिनसे कुल 55 लीटर महुआ शराब जप्त किया गया है.

जिसमें आरोपी अशोक रात्रे पिता जगतु रात्रे उम्र 35 साल डिपापारा तोषगांव निवासी के कब्जे से दो 15 लीटर वाली पीला रंग की प्लास्टिक डीब्बा में भरी करीबन 15–15 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब कुल 30 लीटर कीमती 6000 रूपया को जप्त कर आरोपी अशोक रात्रे को गिरफ्तार कर उसके विरूध्द धारा 34(2) आबकारी एक्ट दर्ज किया गया.

इसी तरह उत्तरा रात्रे पिता जगतु रात्रे उम्र 59 साल, डिपापारा तोषगांव निवासी के कब्जे से दो नग 15 लीटर वाली पीला रंग की प्लास्टिक डीब्बा में भरी करीबन 25 लीटर महुआ शराब कीमत 5000 रूपया जप्त कर आरोपी उत्तरा रात्रे के विरूध्द अपराध धारा 34(2) आबकारी एक्ट की कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया.

हरी खाद, नील हरित काई एवं वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने दिए निर्देश

महासमुंद / कृषि विभाग महासमुंद में आज संयुक्त संचालक कृषि श्री गयाराम की अध्यक्षता में रबी वर्ष 2025-26 तथा खरीफ वर्ष 2026 के कार्यक्रम निर्धारण एवं तैयारियों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं खरीफ सीजन की तैयारियों की एजेंडावार समीक्षा की गई।
बैठक में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को वितरित किए जाने वाले बीज एवं उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित नमूना जांच कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लंबित फार्मर आईडी (एग्रीस्टैक) प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के लिए सुशासन तिहार एवं शिविरों के माध्यम से शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को ऑनलाइन माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा हो सके।

खरीफ वर्ष 2026 के लिए रासायनिक उर्वरकों के वैकल्पिक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरी खाद, मूंग, ढेंचा, सनई, नील हरित काई एवं नैनो उर्वरकों के उपयोग एवं उनके लाभों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान शासकीय कृषि प्रक्षेत्र बरंतुगा के प्रक्षेत्र प्रबंधक द्वारा जानकारी दी गई कि 22 टैंकों में नील हरित काई उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। वहीं, विकासखंड बसना के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने प्रगतिशील कृषक अर्तयामी प्रधान द्वारा स्वयं के दो टैंकों में नील हरित काई उत्पादन किए जाने की जानकारी दी।

संयुक्त संचालक कृषि ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करते हुए किसानों के बीच हरी खाद एवं नील हरित काई के उपयोग को अधिक से अधिक बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने बीज उत्पादन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 वर्ष के भीतर विकसित उन्नत किस्मों के चयन एवं अधिकाधिक बीज उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में खरीफ वर्ष 2026 हेतु जिले में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण, वितरण एवं शेष स्टॉक की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसानों को अग्रिम उर्वरक उठाव एवं डीएपी खाद के वैकल्पिक उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश मैदानी अमले को दिए गए। इसके अलावा महासमुंद जिले के प्रगतिशील कृषकों द्वारा उत्पादित सुगंधित एवं फोर्टिफाइड चावल की पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं निर्यात को बढ़ावा देने पर भी विशेष चर्चा की गई। बैठक में उप संचालक कृषि महासमुंद, अनुविभागीय कृषि अधिकारी महासमुंद, सरायपाली, सहायक मृदा परीक्षण अधिकारी महासमुंद, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी एवं संबंधित शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

रामपुर: कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में माता-पिता को लहूलुहान किया, आरोपी भाई के खिलाफ मामला दर्ज

भटगांव/रामपुर | 2 मई 2026/ ग्राम रामपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेरोजगार युवक ने शराब के नशे में धुत होकर अपने ही वृद्ध माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग पिता के सिर और माँ के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

पैसे न देने पर डंडे और पीढ़हा से हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी जो भटगांव में निजी नौकरी करते हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा भाई डिग्रीलाल कोसरिया कोई काम नहीं करता और अक्सर घर में विवाद करता है। कल रात (1 मई) करीब 8:00 बजे आरोपी शराब पीकर घर पहुँचा और माता-पिता से पैसों की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने पर उसने पिता जगदीश कोसरिया और माता गणेशी बाई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए पास रखे डंडे और लकड़ी के पाटा (पीढ़हा) से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में पिता जगदीश के सिर पर गहरी चोट आई है, वहीं माता गणेशी बाई के सिर, दोनों हाथों और दाहिने पैर में चोटें आने से वे खून से लथपथ हो गईं।

ग्रामीणों ने किया बीच-बचाव

चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले त्रिलोचन कोसरिया, तेजराम कोसरिया और आनंद कोसरिया ने मौके पर पहुँचकर बीच-बचाव किया, जिससे बुजुर्गों की जान बच सकी।

पुलिस कार्यवाही की मांग

पीड़ित बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी भाई के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और उन्होंने बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की है।

3 शहीद जवानों को CM साय ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। 3 शहीद जवानों को CM साय ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में डीमाइनिंग अभियान के दौरान IED विस्फोट में DRG के तीन वीर जवानों के शहीद होने तथा एक जवान के घायल होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकसंतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। प्रदेश सरकार शहीद परिवारों और घायल जवान के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं दृढ़ता से खड़ी है। उनका साहस, समर्पण और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

MOBILE SIREN ALERT : फोन में सायरन क्यों बजा?

रायपुर। अगर आज आपके मोबाइल पर अचानक तेज सायरन बजा, स्क्रीन पर इमरजेंसी अलर्ट पॉप हुआ और आप घबरा गए, तो रुकिए… मामला हैरान करने वाला जरूर है, लेकिन डरने वाली बात नहीं है। यह अलर्ट भारत सरकार की तरफ से भेजा गया टेस्ट मैसेज था। सरकार ने देशभर में मोबाइल-बेस्ड डिजास्टर कम्युनिकेशन सिस्टम की टेस्टिंग की, ताकि भूकंप, बाढ़, चक्रवात या किसी बड़ी आपदा के वक्त लोगों तक सेकेंडों में जरूरी सूचना पहुंचाई जा सके।

केंद्रीय मंत्री Jyotiraditya Scindia ने बताया कि यह सिस्टम एक साथ करीब 12 करोड़ मोबाइल यूजर्स तक पहुंचा। वहीं Amit Shah की मौजूदगी में इस नई आपदा अलर्ट टेक्नोलॉजी को लॉन्च किया गया। सरकार का साफ संदेश है सतर्क नागरिक, सुरक्षित देश।

CM साय ने दिए निर्देश, वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मध्य प्रदेश में हाल ही में हुई क्रूज हादसे की दुखद घटना के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ में संचालित सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों का सुदृढ़ता से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जन सुरक्षा के विषय में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही पूर्णतः अस्वीकार्य होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी और कोरबा सहित अन्य सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिन स्थलों पर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां सुरक्षा मानकों का तत्काल परीक्षण (सुरक्षा ऑडिट) सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन कराया जाए।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित वाटर स्पोर्ट्स स्थलों पर उपयोग में लाए जा रहे उपकरणों का नियमित तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन की तैनाती की जाए, तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु समुचित आपातकालीन प्रबंधन तंत्र सक्रिय रखा जाए। इसके साथ ही रेस्क्यू उपकरणों, लाइफ जैकेट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता एवं कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।उन्होंने कलेक्टरों को यह भी निर्देशित किया कि वे इन व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें तथा किसी भी स्तर पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों/संचालकों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करता है। इस दृष्टि से यह आवश्यक है कि वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं मानक अनुरूप संचालित हों, जिससे संभावित जोखिमों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्देश दिए कि इन सभी व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए और समय-समय पर इसकी रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सतर्कता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए ही हम जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

 

रेलवे ट्रैक किनारे लाश मिली, कोरबा की घटना

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिला। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चलती ट्रेन से खंभे से टकराने के कारण यह हादसा हुआ होगा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर उरगा पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात की है। जांच में यह संभावना व्यक्त की गई है कि युवक रात के समय किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने पर वह खंभे से टकरा गया। मृतक युवक की उम्र लगभग 24 साल बताई जा रही है। उसने काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते पहने हुए थे। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में मुनादी कराने के साथ-साथ व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से मृतक की पहचान कराने में जुटी है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। थाना प्रभारी ने कहा कि पहचान होने के बाद ही मृतक की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

CG न्यूज़ : बस्तर में ग्रामीण की हत्या” वारदात को दो भाइयों ने दिया अंजाम… जाने क्या है मामला

बस्तर। जिले में जादू-टोना के शक में एक ग्रामीण का मर्डर कर दिया गया. दो भाइयों ने मिलकर चाकू से गोदकर उसे बेरहमी से मार डाला. मामला जिले के दरभा थाना क्षेत्र के पखनार गांव का है. वारदात गुरुवार (30 अप्रैल) के दोपहर की है. मृतक की पहचान मंगलू मंडावी के रूप में हुई है. आरोपी उसी गाँव के दो भाई आयतु मड़कामी और सुखराम मड़कामी है. दोनों ने जादू टोने के शक में मंगलू मंडावी की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक़, दोनों भाइयों आयतु मड़कामी और सुखराम मड़कामी को शक था मंगलू मंडावी जादू टोना करता है. वारदात वाले दिन मृतक अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे बैठा था. तभी शराब के नशे में दोनों आरोपी आये और जादू टोने को लेकर झगड़ने लगे. देखते देखते विवाद इतना बढ़ा कि आयतु ने चाकू से मंगलू के सीने पर हमला कर दिया. इतना ही नहीं इसके बाद बड़े भाई सुखराम ने चाकू से मंगलू कला गला रेत दिया. जिससे मंगलू की तड़प तड़प कर मौत हो गया. वारदात के बाद दोनों फरार हो गए. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गयी. मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. साथ ही घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया. दोनों आरोपियों को पकड़ कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल आगे की कार्रवाई की जारी है.