सरायपाली:आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संबंध बनाकर छोड़ा, महिला और बेटी को अपनाने से इंकार आरोपी पर अपराध दर्ज

सरायपाली:आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संबंध बनाकर छोड़ा, महिला और बेटी को अपनाने से इंकार
आरोपी पर अपराध दर्ज

 

सरायपाली (महासमुंद), 25 अप्रैल 2026।
थाना सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माधोपाली में रहने वाली श्रीमती रिन्दू महानंद (पिता – गोपाल महानंद), जो कि कक्षा 12वीं तक शिक्षित हैं और ग्राम माधोपाली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत हैं, ने अभय जायसवाल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी सरायपाली को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है।
आवेदिका ने अपने आवेदन में बताया है कि वह पिछले लगभग 2 वर्षों से ग्राम माधोपाली निवासी अभय जायसवाल के साथ रिलेशनशिप में थी और दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे। इस दौरान उनके संबंध से एक बेटी का जन्म भी हुआ है, जिसका अभी तक नामकरण नहीं किया गया है।

श्रीमती रिन्दू महानंद के अनुसार, वर्तमान में अभय जायसवाल उसे अपनाने से इंकार कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। दिनांक 25.04.2026 को आरोपी अभय जायसवाल द्वारा आवेदिका के साथ गाली-गलौज (गाली गुप्तार) करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सरायपाली पुलिस द्वारा आवेदिका के लिखित आवेदन पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जांच के दौरान घटना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) का घटित होना पाया गया, जिसके आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
आवेदिका द्वारा प्रस्तुत आवेदन की प्रति थाना प्रभारी को दी गई है, जिसमें आरोपी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्यवाही करने की मांग की गई है।

महासमुंद/महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 1 लाख 57 हजार 359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य

महासमुंद/महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 1 लाख 57 हजार 359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य

महासमुंद/ जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का ई-केवाईसी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ इस अभियान के तहत जिले में कुल 3 लाख 3 हजार 808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना निर्धारित है। अब तक 1 लाख 57 हजार 359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, शेष 1 लाख 46 हजार 449 हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जटवार ने बताया कि शेष हितग्राहियों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चयनित ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालय भवनों में वीएलई के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही सुविधाजनक तरीके से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर सकें। उन्होंने बताया कि जिन हितग्राहियों के आधार से संबंधित त्रुटियां थीं, उनका निराकरण राज्य स्तर पर ऑटो करेक्शन के माध्यम से कर दिया गया है। अब किसी भी हितग्राही को त्रुटि सुधार के लिए परियोजना या जिला कार्यालय जाने अथवा आवेदन पत्र भरने की आवश्यकता नहीं है।

हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी के आधार पर कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अपने नजदीकी शिविर में जाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं। यदि किसी हितग्राही का ई-केवाईसी रिजेक्ट हो जाता है, तो वे दो दिन बाद पुनः प्रयास करें, क्योंकि इस अवधि में प्रोफाइल स्वतः अपडेट हो जाती है। उन्होंने बताया कि त्रुटि सुधार केवल उन्हीं मामलों में किया जाएगा, जिनमें जेंडर (लिंग) संबंधी त्रुटि पाई जाती है। जेंडर सुधार के बाद संबंधित हितग्राही को पुनः ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराना आवश्यक होगा।

बसना लोहड़ीपुर पंचायत भवन पर लटका रहता ताला, सचिव का ‘शहर से अपडाउन’, ग्रामीण बोले – बिल पास कराने में तेजी, काम कराने में देरी

बसना लोहड़ीपुर पंचायत भवन पर लटका रहता ताला, सचिव का ‘शहर से अपडाउन’, ग्रामीण बोले – बिल पास कराने में तेजी, काम कराने में देरी

 

बसना। प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के बड़े-बड़े दावों के बीच महासमुंद जिले की बसना जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत लोहड़ीपुर में जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

पंचायत भवन बंद, सचिव नदारद ग्रामीणों के अनुसार, लोहड़ीपुर पंचायत भवन में अक्सर ताला लटका रहता है। पंचायत में पदस्थ सचिव मुख्यालय में निवास नहीं करतीं और अन्य जगह से अपडाउन करती हैं। इस कारण कार्यालय नियमित रूप से नहीं खुलता। प्रमाण पत्र, योजनाओं के आवेदन और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीणों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।

कागजों में उपस्थिति, जमीन पर गायब स्थानीय लोगों का आरोप है कि कर्मचारियों की मौजूदगी केवल कागजों तक सीमित है। समस्याओं के समाधान को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई देती। पूरी पंचायत व्यवस्था लचर नजर आ रही है।

बिलों का भुगतान फटाफट, जनता का काम लटका ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अन्य कार्यों के बिलों का भुगतान सचिव के हस्ताक्षर से समय पर हो जाता है। मगर आम लोगों के जरूरी कामों में लगातार देरी और अनदेखी की जाती है। यह स्थिति प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ग्रामीणों में आक्रोश, चेतावनी लगातार हो रही लापरवाही से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

सिर्फ कागजों तक सीमित पंचायत?

लोहड़ीपुर की यह स्थिति दर्शाती है कि तमाम दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर प्रशासनिक ढांचा कमजोर है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं।

पिथौरा/गौधाम कप के चौथे दिन बिट्टू इलेवन की शानदार जीत, नूतन कार को 39 रनों से दी शिकस्त, मैदान में हारा इंसान जीत सकता है, मन से हारा नहीं: परमीत सिंह माटा

पिथौरा/गौधाम कप के चौथे दिन बिट्टू इलेवन की शानदार जीत, नूतन कार को 39 रनों से दी शिकस्त, मैदान में हारा इंसान जीत सकता है, मन से हारा नहीं: परमीत सिंह माटा

पिथौरा: नगर के स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल मैदान में आयोजित श्री गोविंद कमला गौधाम कप रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच अपने चरम पर है। मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस स्पर्धा के चौथे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा (निशू), अध्यक्षता कुलजीत आजमानी (जनसेवा 24 न्यूज) एवं विजय गुप्ता (नवभारत) की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। मंच पर सतीश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल एवं मेहर सलूजा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सौरभ अग्रवाल ने किया।

सेवा और खेल का अद्भुत संगम

कार्यक्रम मे बतौर मुख्य अतिथि पत्रकार परमीत सिंह माटा ने अपने ओजस्वी संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा: “पत्रकारिता की कलम और खिलाड़ी का बल्ला, दोनों में एक बात समान है—दोनों ही अनुशासन और सटीक निशाने की मांग करते हैं। जैसे एक गलत खबर समाज को गुमराह कर सकती है, वैसे ही खेल भावना के बिना खेला गया खेल सिर्फ मनोरंजन बनकर रह जाता है। यह प्रतियोगिता सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि गौ-सेवा और खेल प्रतिभाओं के निखार का एक पावन संकल्प है। याद रखिएगा, मैदान में हारा हुआ इंसान फिर से जीत सकता है, लेकिन मन से हारा हुआ इंसान कभी नहीं जीत सकता।”

कार्यक्रम दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया 

मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा द्वारा टॉस उछालकर मैच की शुरुआत की गई। चौथे दिन का मुख्य मुकाबला बिट्टू इलेवन बनाम नूतन कार के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिट्टू इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 136 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नूतन कार की टीम बिट्टू इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 97 रनों पर सिमट गई। इस तरह बिट्टू इलेवन ने यह मैच 39 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। बिट्टू इलेवन की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए फहद दयाला ने 5 विकेट चटकाए, जिन्हें उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ से नवाजा गया।

*समिति का प्रयास सराहनीय*

अध्यक्षता कार रहे अतिथि कुलजीत आजमानी ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद रात्रिकालीन आयोजन कर MCA ने पिथौरा का मान बढ़ाया है। मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोज राज डाडसेना ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है कार्यक्रम सफल बनाने मे मुख्य रूप से मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य व्यक्ति भोजराज डडसेना राहुल यादव दिनेश कालसा मुक्कु सेन तुषार राजपूत समीर मिरि राजगोपाल रोतीय डिगेश पटेलरामेश्वर ध्रुव गीतेश ध्रुव दिनेश सिन्हा का सहयोग मिला हैं

महासमुंद/शिक्षा विभाग द्वारा की गई सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा 

महासमुंद/शिक्षा विभाग द्वारा की गई सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशानुसार आज कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुंद में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आवश्यक तैयारियों, विभागीय योजनाओं की समीक्षा तथा लंबित प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों के त्वरित निराकरण हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा, विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों को समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सभी कार्यालयीन अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखना रहा। बैठक का संचालन संभागीय संयुक्त संचालक रायपुर श्री संजीव श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे एवं जिला मिशन समन्वयक श्री रेखराज शर्मा द्वारा किया गया।

बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 01 मई 2026 से 10 जून 2026 तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जाना है, जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी ग्रामों में पहुंचकर जनभावनाओं की समीक्षा करेंगे तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण करेंगे। इस दृष्टि से शिक्षा विभाग की सभी तैयारियों को पूर्ण रूप से अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

संभागीय संयुक्त संचालक रायपुर श्री संजीव श्रीवास्तव ने निर्देशित किया कि सभी शैक्षणिक एवं कार्यालयीन अभिलेख पूर्ण, अद्यतन एवं व्यवस्थित रखें जाएं। सभी बीईओ एवं एबीईओ को हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा शैक्षणिक गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग करने पर विशेष जोर दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे द्वारा बैठक एजेंडा के सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सुशासन तिहार को ध्यान में रखते हुए सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने, आवश्यक नवीन प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने तथा शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित निरीक्षण तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। विशेष रूप से विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति से संबंधित ऑनलाइन प्रविष्टियां, आधार आईडी, अपार आईडी, भवन जानकारी पोर्टल में प्रविष्टि, आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल की स्थिति, लंबे समय से अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों की जानकारी, सेवापुस्तिका, पासबुक तथा अन्य कार्यालयीन अभिलेखों की पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अनिवार्य रूप से पेयजल व्यवस्था, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण अंतर्गत बची पुस्तकों की जानकारी तथा आवासीय विद्यालयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय स्तर पर किसी भी प्रकार की जानकारी लंबित न रहे तथा सभी अभिलेख समय-सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं।विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि वितरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रत्येक विद्यार्थी तक शासन की सुविधाएं समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

जिला मिशन समन्वयक श्री रेखराज शर्मा द्वारा अपार आईडी एवं आधार संबंधी कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी तत्काल बनाई जाए तथा पोर्टल में सुधार विकल्प खुलने पर सभी विद्यार्थियों का अपार क्रिएट सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में डीईओ श्री विजय लहरे द्वारा निर्देशित किया गया कि आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर लंबित रजिस्ट्रेशन, प्रशिक्षण मॉड्यूल एवं अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए। लंबे समय से अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों की जानकारी संकलित कर आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में समस्त अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने भी समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा, टी.सी. पटेल, बी.व्ही. जोल्हे, रामता मन्नाडे, श्रीमती लक्ष्मी डड़सेना, बीआरसी जागेश्वर सिन्हा,भुपेश्वरी साहू, अनिल पटेल, देवानंद नायक, अकील खान, डिगेश ठाकुर सहित समस्त संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में मनाया गया विश्व मलेरिया दिवस 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में मनाया गया विश्व मलेरिया दिवस

महासमुंद/ स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में आज खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.कुणाल नायक व खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी आर धृतलहरे के संयुक्त तत्वधान में विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया। इस अवसर परपर डॉ. नायक द्वारा बताया गया कि मलेरिया बुखार मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होता है जो ठहरे हुए गंदा पानी में पनपता है मादा एनाफिलीज मच्छर संक्रमित व्यक्ति को काटने की पश्चात स्वस्थ व्यक्ति को काटने से मलेरिया फैलता है। भारत में प्लाज्मोडियम फैल्सीफेरम व प्लाज्मोडियम वायवेक्स दो प्रकार के मलेरिया पैरासाइट मुख्य रूप से पाया जाता है इसमें प्लाज्मोडियम फैल्सीफेरम खतरनाक मलेरिया है जिसे मस्तिष्क मलेरिया के नाम से भी जाना जाता है। मलेरिया बुखार के प्रमुख लक्षण है ठंड लगकर कंपकपी के साथ बुखार, तेज़ सिरदर्द, उल्टी होना, किसी किसी को चक्कर आना व पसीना के साथ बुखार का उतर जाना है। जिससे मरीज को कमजोरी लगता है लंबे समय तक के मलेरिया बुखार से पीड़ित होने पर मरीज को खून की कमी, पीलिया और किडनी फेल भी हो सकता है। इसी कड़ी में टी आर धृतलहरे ने बताया कि मलेरिया परजीवी के बारे में सर्वप्रथम सर रोनाल्ड रॉस ने 1897 में विस्तृत जानकारी दिया था, मलेरिया से बचाव हेतु हमें मच्छर दानी का उपयोग, घर के आस पास पानी का जमाव नहीं होने देना, घरों में नीम के पत्ती का धुआं देना तथा बुखार आने पर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में अपना खून का जांच कराना है, क्योंकि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के द्वारा पूरे विश्व में जॉर्जिया देश को मलेरिया मुक्त घोषित किया है तथा नाइजीरिया में सबसे ज्यादा मलेरिया का केस मिलता है भारत सरकार का वर्ष 2026 केलिए थीम मलेरिया उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध “अब हम कर सकते हैं अब हमें करना ही होगा” तय किया गया है।

कार्यक्रम में डॉ. जनक कुमार जेरी, डॉ. स्मृति चौधरी, डॉ. दुतकामड़ी, डोलचंद पटेल, समीर पटेल परमेश्वर सेन, रूपचंद साहू, रेखा सिंह व मितानिन कार्यक्रम से माधुरी पंडा इत्यादि उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील किया गया है कि घर, गांव, गली, मोहल्ला व शहर को स्वच्छ रखकर मलेरिया उन्मूलन में सहयोग प्रदान करें।

सरायपाली तहसील अंतर्गत विशेष ग्राम सभा में जनगणना 2027 संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

सरायपाली तहसील अंतर्गत विशेष ग्राम सभा में जनगणना 2027 संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

महासमुंद/ भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। अभी स्वगणना की प्रक्रिया जारी है तथा आगामी 01 मई 2026 से मकान सूचीकरण का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। इसी कड़ी में 24 अप्रैल 2026 को तहसील सरायपाली के अंतर्गत सभी ग्रामों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनगणना सुपरवाइजरों द्वारा आगामी जनगणना हेतु स्वगणना की प्रक्रिया का विस्तृत वर्णन किया गया तथा समस्त प्रक्रिया बताई गई। विभिन्न ग्रामों में जनगणना पर्यवेक्षकों के द्वारा आगामी मकान सूचीकरण चरण के सभी 33 प्रश्नों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सभी ग्रामवासियों को जनगणना कार्य में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। तहसीलदार सरायपाली एवं चार्ज जनगणना अधिकारी श्रीधर पंडा ग्राम पंचायत घाटकछार में ग्राम सभा में सम्मिलित रहे तथा उनके द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया गया एवं सभी प्रक्रियाओं को पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से विस्तार से समझाया गया। उन्होंने आमजनता से अपील किया कि सभी व्यक्ति जनगणना कार्मिकों को समुचित सहयोग प्रदान करते हुए सही जानकारी प्रदान करें एवं आगामी जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू एवं सफल संपादित करने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

 

महासमुंद/प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/ प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने के लिए इच्छुक व्यक्तियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महाप्रबंधक जिला व्यापार एव उद्योग केन्द्र ने बताया कि इस योजना के तहत राइस मिल, दाल मिल, आटा, बेसन, मैदा निर्माण, मसाला, बेकरी उत्पाद, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, पापड़-बड़ी, नमकीन-मिक्चर, अचार, सॉस, जैम, जेली, गुड़, चॉकलेट, कन्फेक्शनरी, मिठाई उत्पाद, आइसक्रीम, पशु आहार, मछली आहार, मशरूम उत्पाद, मुर्गी आहार, चटनी, जूस, साबुदाना, घी, पोहा निर्माण, लहसुन-प्याज एवं अदरक पेस्ट, पेठा, तिलकुट सहित अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं।

योजना अंतर्गत सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए नवीन इकाई की स्थापना के साथ-साथ पूर्व में स्थापित इकाइयों के विस्तार एवं अपग्रेडेशन भी पात्र होंगे। व्यक्तिगत सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को मान्य परियोजना लागत का 35 प्रतिशत की दर से क्रेडिट लिंक्ड पूंजीगत अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये होगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। लाभार्थी को परियोजना लागत का न्यूनतम 10 प्रतिशत अंशदान स्वयं करना होगा, जबकि शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से प्राप्त की जाएगी।

इकाई स्थापित करने के इच्छुक व्यक्ति योजना की वेबसाइट https://pmfme.mofpi.gov.in/pmfme/#/login पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बीटीआई रोड, इंदिरा गांधी महिला जिम के सामने, जे.के. सीमेंट के बाजू गली, पंचवटी विहार, महासमुंद में संपर्क किया जा सकता है। साथ ही मोबाइल नंबर 9806387523, 7587724731 एवं 7987379574 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिले के डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन सौरभ जैन (महासमुंद) मोबाइल 9444424220, चिराग गंडेचा मोबाइल 9039915011, योगेश कुमार पटेल मोबाइल 8982815220 (बागबाहरा), मनीष सोनी (बसना) मोबाइल 7697973720 तथा सचिन अग्रवाल (सरायपाली) मोबाइल 7509447771 से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है।

 

बसना अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में त्वचा एवं यौन रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार का विशेष परामर्श शिविर 26 अप्रैल सुबह 10 से दोपहर 1बजे तक

बसना अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में त्वचा एवं यौन रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार का विशेष परामर्श शिविर 26 अप्रैल सुबह 10 से दोपहर 1बजे तक

बसना। क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है कि प्रसिद्ध त्वचा, सौंदर्य एवं यौन रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार द्वारा 26 अप्रैल 2026, दिन रविवार को विशेष परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना (जिला महासमुंद) में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगा।

डॉ. अजीत कुमार (एमबीबीएस, एमडी – स्किन एंड वीडी, बीएचयू) लेज़र एवं कॉस्मेटिक सर्जरी विशेषज्ञ हैं तथा AIIMS, KGMU और मेकाहारा जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दे चुके हैं। शिविर के दौरान त्वचा और बालों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का उपचार एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।

इस शिविर में स्किन एलर्जी, संक्रमण, मुंहासे व दाग-धब्बे, बाल झड़ना व गंजापन, फंगल इंफेक्शन सहित सभी प्रकार के त्वचा रोगों का इलाज किया जाएगा। साथ ही यौन रोगों से संबंधित समस्याओं पर भी विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध रहेगा।

अस्पताल प्रबंधन ने अधिक से अधिक लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 84618-11000 एवं 77730-86100 पर संपर्क किया जा सकता है।

महासमुंद/जिला स्तरीय गठित संयुक्त टीम द्वारा बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण अनियमितता पर नोटिस जारी

महासमुंद/जिला स्तरीय गठित संयुक्त टीम द्वारा बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण अनियमितता पर नोटिस जारी

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के आदेश के परिपालन में जिला स्तरीय गठित संयुक्त टीम द्वारा मनोरमा इण्डस्ट्रीज लिमिटेड परसवानी रोड बिरकोनी इन्डस्ट्रीयल एरिया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री रामकुमार ध्रुव जिला परिवहन अधिकारी, श्री दिनेश कंवर प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, श्री डी०एन० पात्र श्रम पदाधिकारी श्रम विभाग, श्रीमती नीलिमा सोनकर मुख्य रसायनज्ञ पर्यावरण विभाग, श्री सिद्धार्थ दुबे निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान विभाग, श्री बेलारसन बघेल श्रम उप निरीक्षक श्रम विभाग उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग की जांच में कोई अनियमितता नहीं पाई। उद्योग विभाग की जांच में कोई अनियमितता नहीं पाई गई। पर्यावरण विभाग की जांच में प्लांट सुचारू रूप से संचालित पाया गया। निरीक्षण के दौरान स्थिति सामान्य पाई गई। विधिक माप विज्ञान विभाग की जांच में माप तौल संबंधित प्रक्रिया सही व तौल यंत्र सत्यापित पाए गए, सामान्य निर्देशों का पालन करना पाया गया। श्रम विभाग द्वारा संविदा श्रमिक अधिनियम, 1970, न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, समान पारिश्रमिक अधिनियम 1976, वेतन भुगतान अधिनियम 1936, के अन्तर्गत जांच / निरीक्षण किया गया। फैक्ट्री रोल में कुल 262 कर्मचारी स्थानीय निवासी नियोजित पाये गये एवं 148 अति उच्च कुशल कर्मचारी अन्य प्रदेश के निवासी नियोजित पाए गए तथा ठेकेदारों के नियोजन 222 कर्मचारी कार्यरत पाए गए जो कि स्थानीय निवासी है।

जांच में कर्मचारियों से संबंधित रिकार्ड संधारित होना बताया गया। समक्ष में प्रस्तुत नहीं किया गया। ठेकेदारों द्वारा ओवर टाईम लिया जाना पाया गया। ओवर टाईम से संबंधित रिकार्ड प्रस्तुत नहीं किया गया। सूचना बोर्ड प्रदर्शित पाया गया। परन्तु वांछित जानकारी का प्रदर्शन नहीं पाया गया। इस संबंध में प्रबंधन एवं ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। आंतरिक परिवाद समिति का गठन किया जाना पाया गया।