महासमुंद/ विकासखंड स्तरीय सामुदायिक सहभागिता योजना अंतर्गत।शिक्षक-पालक सम्मेलन सह माता उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न – विधायक श्री सिन्हा

महासमुंद/ विकासखंड स्तरीय सामुदायिक सहभागिता योजना अंतर्गत।शिक्षक-पालक सम्मेलन सह माता उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न – विधायक श्री सिन्हा

महासमुंद/ समग्र शिक्षा महासमुंद के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय सामुदायिक सहभागिता योजना अंतर्गत शिक्षक-पालक सम्मेलन सह माता उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य सांस्कृतिक भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिशा रामस्वरूप दीवान, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी जितेंद्र चंद्राकर तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवी चंद राठी शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में पालक, बालक, शिक्षक एवं समुदाय की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की वास्तविक सफलता के लिए पालक को जागरूक होना आवश्यक है। विधायक श्री सिन्हा ने पालकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने, विद्यालय से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा बच्चों के नैतिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पालकों की जागरूकता ही शिक्षा व्यवस्था की मुख्य धुरी है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है।

इस अवसर पर अतिथियों ने सामुदायिक सहभागिता को शिक्षा की गुणवत्ता सुधार का आधार बताते हुए सभी पालकों एवं शिक्षकों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उपस्थित पालकों ने भी विद्यालय विकास एवं बच्चों की शैक्षणिक उन्नति में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) श्री रेखराज शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लीलाधर सिन्हा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती तारिका कुंजाम तथा बीआरसीसी महासमुंद श्री जागेश्वर सिन्हा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, संकुल समन्वयक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षिक विषयों पर नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। श्री ओम नारायण शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख प्रावधानों, नई शैक्षणिक संरचना, कौशल विकास एवं मातृभाषा आधारित शिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रीमती कविता देवांगन ने नवाजतन कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं विद्यार्थियों में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी। श्रीमती भारती सोनी ने अंगना म शिक्षा अभियान के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा में समुदाय एवं माताओं की सहभागिता की भूमिका को रेखांकित किया। श्री के.आर. सोनवानी ने कठपुतली प्रदर्शन के माध्यम से शैक्षिक संदेश प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को जागरूक किया। श्री नीलकंठ यादव ने सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता, स्कूल प्रबंधन समिति की भूमिका एवं जनसहयोग से विद्यालय विकास के आयामों पर विस्तार से जानकारी दी। श्रीमती दुर्गा यादव ने बालवाड़ी संचालन एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के महत्व को समझाया। श्री बलराम नेताम ने आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफ.एल.एन.) के लक्ष्यों और रणनीतियों पर प्रकाश डाला, वहीं श्री रामनाथ यादव ने गतिविधि आधारित शिक्षा के माध्यम से शिक्षण को आनंदमय एवं प्रभावी बनाने के उपाय साझा किए।

इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा निर्मित शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) की प्रदर्शन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें संकुल तुमगांव के शिक्षक श्री बलराम नेताम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, श्री देवेंद्र दीवान द्वितीय तथा श्रीमती हेमवतीन तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में श्री राधेश्याम साहू एवं श्री खेमराज साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री खेमिन साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक श्री अशोक साहू, श्री पवन साहू, श्री सुरेश कुमार पटेल, श्री आशीष साहू, श्री नीरज साहू, श्री सुरेंद्र चंद्राकर, श्री ईश्वर कमार, श्री ललित किशोर बया, श्री फानेंद्र बंजारे, श्री टाकेश्वर साहू एवं श्री केशव साहू का विशेष योगदान रहा।

महासमुंद/ मुख्यमंत्री ने सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए दी शुभकामनाएं सिरपुर में 1 से 3 फरवरी के मध्य आयोजित होगा सिरपुर महोत्सव

महासमुंद/ मुख्यमंत्री ने सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए दी शुभकामनाएं सिरपुर में 1 से 3 फरवरी के मध्य आयोजित होगा सिरपुर महोत्सव

महासमुंद/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को मंत्रालय महानदी भवन में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने जिले के ऐतिहासिक महत्व के स्थल सिरपुर में 1 से 3 फरवरी के मध्य आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सिरपुर महोत्सव छत्तीसगढ़ की प्राचीन सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को संरक्षित करने और उसे जनसामान्य तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष भव्य एवं गरिमामय स्वरूप में आयोजित किया जाता है। यह आयोजन न केवल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करता है, बल्कि उसे राष्ट्रीय फलक पर स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सिरपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को प्रोत्साहन मिलता है तथा स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होते हैं। उन्होंने सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को अग्रिम शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धम्मशील गणवीर तथा श्री धर्मेंद्र महोबिया उपस्थित थे।

महासमुंद/ स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन अंतर्गत जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने जिला मितानिन भवन का किया शुभारंभ

महासमुंद/ स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन अंतर्गत जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने जिला मितानिन भवन का किया शुभारंभ

महासमुंद/ स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन के अंतर्गत टाउन हॉल, महासमुंद में 22 जनवरी को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, पार्षद श्री राजू चंद्राकर, श्री संदीप घोष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें। अतिथियों का स्वागत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने जिला मितानिन भवन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिला मितानिन भवन को जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण एवं शहरी अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे सशक्त और भरोसेमंद कड़ी हैं। वे घर-घर जाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता, परिवार नियोजन तथा विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर आमजन को जागरूक करती हैं।

उन्होंने कहा कि मितानिन बहनों का कार्य केवल सेवाभाव तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रही हैं। कठिन परिस्थितियों में भी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए वे शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि मितानिन बहनों के योगदान को सम्मान और सशक्तिकरण देना पूरे समाज का दायित्व है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की नींव है। शासन की स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए जनसंवाद जैसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने मितानिन बहनों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, जो घर-घर तक जागरूकता का कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों की मितानिन बहनों का सम्मान किया गया तथा यह भी घोषणा की गई कि 23 नवंबर को प्रतिवर्ष मितानिन दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

जनसंवाद में स्वास्थ्य विभाग से बीएमओ डॉ. विकास चंद्राकर ने क्षेत्र की प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर बीपीएम सुरेंद्र, श्री मुकुंद एवं डॉ. गिरीश भी उपस्थित रहे और विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किलकारी योजना, मानसिक स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों को आवश्यक सूचना सामग्री का वितरण भी किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर जोर दिया। सखी वन स्टॉप सेंटर से संबंधित जानकारी अधिवक्ता सुश्री दुर्गा ज्योति राव द्वारा दी गई। उन्होंने महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श एवं संरक्षण से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही उपभोक्ता फोरम की जानकारी साझा कर नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बिहान समूह की योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिससे स्व-सहायता समूहों की भूमिका को सुदृढ़ किया जा सके।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिससे उनके मनोबल में वृद्धि हुई। इस अवसर पर जिला समन्वयक जागृति बरेठा, एसपीएस हेमवती यादव, ममता यादव, एमटी रानी शर्मा, चमेली निर्मलकर, छत्ररानी धुरु, समस्त मितानिन बहनें, वीएचसी सदस्य एवं बिहान समूह के सदस्य उपस्थित रहे। सम्मेलन में लगभग 450 महिलाएं शामिल हुए।

तेन्दूकोना/महासमुंद धान उपार्जन केन्द्र में बड़ा घोटाला, 2149 कट्टा धान गायब, 26.64 लाख की आर्थिक क्षति

तेन्दूकोना/महासमुंद धान उपार्जन केन्द्र में बड़ा घोटाला, 2149 कट्टा धान गायब, 26.64 लाख की आर्थिक क्षति

तेन्दूकोना/महासमुंद। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित तेन्दूकोना (पंजीयन क्रमांक 1127) के धान उपार्जन केन्द्र तेन्दूकोना में धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई है। भौतिक सत्यापन में ऑनलाईन रिकार्ड की तुलना में 2149 कट्टा (बोरा) धान कम पाया गया है, जिससे शासन को लगभग 26 लाख 64 हजार 760 रुपये की आर्थिक क्षति होने की बात सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं जिला महासमुंद के पत्र के परिपालन में दिनांक 26 जनवरी 2026 को नायब तहसीलदार बागबाहरा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा धान उपार्जन केन्द्र तेन्दूकोना में भौतिक सत्यापन किया गया। ऑनलाईन रिपोर्ट के अनुसार केन्द्र में 1,44,794 कट्टा धान उपलब्ध होना दर्शाया गया था, जबकि मौके पर केवल 1,42,645 कट्टा धान पाया गया। इस प्रकार कुल 2149 कट्टा (859.60 क्विंटल) धान कम मिला।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर, शाखा तेन्दूकोना के शाखा प्रबंधक द्वारा थाना तेन्दूकोना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर खरीदी प्रभारी श्री जोइधा राम साहू के विरुद्ध FIR दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला अपराध धारा 316(5) बीएनएस के अंतर्गत पाया गया है।

पुलिस द्वारा आवेदन के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

👉 इस घटना से सहकारी समितियों में पारदर्शिता एवं निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 पौवा देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 पौवा देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

कोमाखान। थाना कोमाखान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अवैध शराब बिक्री करते एक युवक को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 50 पौवा देशी प्लेन शेरा शराब एवं बिक्री रकम बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोमाखान में पदस्थ प्रधान आरक्षक 180 चैतराम ध्रुव ने हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 583 एवं 958 के साथ शासकीय वाहन स्कॉर्पियो CG 04 Q 5648 में पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम गोयनाबाहरा से सुवरमाल जाने वाले मार्ग पर रोड किनारे नीम पेड़ के नीचे घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजीव कुमार पिता सिकन्दर शाह उम्र 19 वर्ष, निवासी नर्रा रोड शराब दुकान के पास, कोमाखान बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक काले रंग के थैले में रखे देशी प्लेन शेरा नामक शराब के 50 पौवा (प्रत्येक 180 एमएल), कुल 9000 एमएल शराब कीमती 4000 रुपये तथा बिक्री रकम 400 रुपये, कुल जुमला 4400 रुपये बरामद किए गए। आरोपी शराब रखने व बिक्री करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस द्वारा मौके पर देहाती नालसी कायम कर अपराध क्रमांक 0/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। जप्तशुदा शराब को सीलबंद कर विवेचना में लिया गया है।

👉 कोमाखान पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ

पटेवा /ग्राम रूमेकेल में पंच से मारपीट, गाली-गलौच और धमकी का मामला दर्ज

पटेवा /ग्राम रूमेकेल में पंच से मारपीट, गाली-गलौच और धमकी का मामला दर्ज

पटेवा। थाना पटेवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रूमेकेल में वार्ड क्रमांक 05 के पंच के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) एवं 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रूमेकेल निवासी पीड़ित, जो वार्ड क्रमांक 05 का पंच है और खेती किसानी का कार्य करता है, 28 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे अपने घर से बाहर निकला था। इसी दौरान गांव के ही क्रांति महानंद ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

मारपीट के दौरान पीड़ित के दाहिने कान में चोट आई, जिससे उसे दर्द हो रहा है। घटना को मौके पर मौजूद बीरसिंग ध्रुव एवं दुलेश ठाकुर ने देखा तथा बीच-बचाव किया।

पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2)-BNS एवं 296-BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पिथौरा पुलिस की कार्रवाई, 06 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

पिथौरा पुलिस की कार्रवाई, 06 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखागढ़ क्षेत्र से एक युवक को 06 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पिथौरा में पदस्थ उप निरीक्षक बिसालीराम ध्रुव 28 जनवरी 2026 को हमराह स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लाखागढ़ निवासी शिवा साहू संजय पेट्रोल पंप के पास अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

आरोपी शिवा साहू पिता स्व. अभिराम साहू उम्र 22 वर्ष, निवासी टिकरापारा लाखागढ़ थाना पिथौरा जिला महासमुंद के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक झोले में रखी 10 लीटर क्षमता की जरीकेन में भरी 06 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1200 रुपये बताई गई है।

आरोपी शराब रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर गवाहों के समक्ष शराब को जब्त कर सीलबंद किया गया। मामले को अजमानतीय पाए जाने पर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

बसना/ग्राम गढ़फुलझर में शराबखोरी पर पुलिस की कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

बसना/ग्राम गढ़फुलझर में शराबखोरी पर पुलिस की कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

बसना। थाना बसना में पदस्थ सउनि द्वारा दिनांक 27 जनवरी 2026 को हमराह स्टाफ के साथ टाऊन/देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि शहीद चौक, ग्राम गढ़फुलझर में कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं।

सूचना पर तत्काल पुलिस टीम गवाह प्रमोद कुमार बरिहा एवं पटवारी बरिहा के साथ मौके पर पहुंची, जहां कुछ व्यक्ति शराब का सेवन करते पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इस प्रकार बताया—

जगधर राणा पिता भगवानो राणा, उम्र 53 वर्ष, ग्राम गढ़फुलझर

राकेश बरिहा पिता कमलेश बरिहा, उम्र 23 वर्ष, ग्राम नानकसागर

हृदय बरिहा पिता अमृत बरिहा, उम्र 40 वर्ष, ग्राम अखराभांठा

नरेन्द्र राणा पिता जलधर राणा, उम्र 26 वर्ष, ग्राम गढ़फुलझर

पुनीत बरिहा पिता लालकुमार बरिहा, उम्र 25 वर्ष, ग्राम नानकसागर

कैलाश बरिहा पिता शौकीलाल बरिहा, उम्र 30 वर्ष, ग्राम नानकसागर

चुडामणी बरिहा पिता पटवारी बरिहा, उम्र 25 वर्ष, ग्राम नानकसागर

(सभी थाना बसना, जिला महासमुंद निवासी)

सभी आरोपियों को सीएचसी बसना में चिकित्सकीय परीक्षण हेतु ले जाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा शराब सेवन करना प्रमाणित किया गया।

आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करना पाए जाने से उनके विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 28 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। अपराध जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर सभी आरोपियों को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया।मामले में विवेचना जारी है।

सरायपाली अग्रवाल नर्सिंग होम में बड़ी स्वास्थ्य सौगात, न्यूरो एक्सपर्ट व चेस्ट फिजिशियन की विशेष ओपीडी  29 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध  

सरायपाली अग्रवाल नर्सिंग होम में बड़ी स्वास्थ्य सौगात, न्यूरो एक्सपर्ट व चेस्ट फिजिशियन की विशेष ओपीडी  29 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध

सरायपाली। क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब सरायपाली में ब्रेन व नसों से जुड़ी सभी प्रकार की समस्याओं की जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित विशेष ओपीडी के अंतर्गत प्रसिद्ध न्यूरो एक्सपर्ट डॉ. वैभव धवलि (MBBS, MS, MCh – Neurosurgery) प्रत्येक गुरुवार को मरीजों का परीक्षण एवं उपचार करेंगे।

यह सेवा 29 जनवरी 2026 से दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रारंभ होगी। डॉ. धवलि को मिनिमली इनवेसिव एवं एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी में विशेष फेलोशिप प्राप्त है, जिससे मरीजों को आधुनिक एवं सुरक्षित उपचार का लाभ मिलेगा। बताया गया कि इस ओपीडी के माध्यम से सिरदर्द, ब्रेन ट्यूमर, नसों की कमजोरी, रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याएं, स्लिप डिस्क, साइटिका सहित अन्य न्यूरो संबंधी रोगों का परामर्श व उपचार किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

यह सुविधा अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक, मेन रोड IDBI बैंक के पास, सरायपाली में उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी एवं अपॉइंटमेंट के लिए मोबाइल नंबर 9303623130, 7773086100, 9174335366 पर संपर्क किया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी और सरायपाली में ही विशेषज्ञ उपचार मिलेगा।

सरायपाली में चेस्ट फिजिशियन डॉ. श्री रजनी की विशेष ओपीडी 29 जनवरी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ,खांसी, दमा व सांस रोगों का मिलेगा विशेषज्ञ उपचार

सरायपाली। क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक और अच्छी पहल की गई है। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से अब सरायपाली में हर गुरुवार को प्रसिद्ध चेस्ट फिजिशियन डॉ. श्री रजनी (MD – Respiratory Medicine) मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान करेंगी।

यह सेवा 29 जनवरी 2026 से दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी। डॉ. श्री रजनी हैदराबाद की प्रसिद्ध चेस्ट फिजिशियन हैं और श्वसन रोगों के उपचार में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। इस विशेष ओपीडी में फेफड़ों की समस्या, दमा, एलर्जी, सीओपीडी, सांस की तकलीफ, सीने में दर्द, लंबी खांसी, छाती में पानी भरना, निमोनिया, टीबी (क्षय रोग), नींद विकार, खर्राटे और कैंसर जैसी बीमारियों का परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा।

यह सुविधा अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक, मेन रोड, IDBI बैंक के पास, सरायपाली में उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी एवं अपॉइंटमेंट के लिए 9303623130, 7773086100, 9174335366 पर संपर्क किया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों ने इस सुविधा को सरायपाली क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसका स्वागत किया है, जिससे अब सांस एवं फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याओं के लिए बाहर जाना कम होगा।

आज का राशिफल : जानिए किस राशि की चमकेगी किस्मत, किसे रहना होगा सतर्क

आज का राशिफल : जानिए किस राशि की चमकेगी किस्मत, किसे रहना होगा सतर्क

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। सम्मान व कीर्ति में वृद्धि होगी। व्यापार में नए प्रस्तावों से लाभ मिलने के योग हैं। संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। यात्रा व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। कानूनी मामलों में लापरवाही न करें।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो):;स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। पारिवारिक जिम्मेदारी का पूर्ण ध्यान रखें। रचनात्मक कार्यों का प्रतिफल प्राप्त होगा। व्यापार में उन्नति होगी। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। कानूनी विवादों का निपटारा होगा।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): मकान व जमीन संबंधी कार्य बनेंगे। संतान पर अनावश्यक रोक न लगाएँ। धन लाभ होने की भी संभावना है। बुरी खबर मिल सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दौड़धूप अधिक होगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। सामाजिक कार्यों में सीमित रहें।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): प्रतिष्ठा बढ़ेगी। निवेश, यात्रा व नौकरी लाभ देंगे। अपने प्रयासों से उन्नति पथ प्रशस्त करेंगे। इच्छित काम पूर्ण हो सकेंगे। मेहनत का फल मिलेगा। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। स्वास्थ्य की समस्या सुलझेगी। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): प्रसन्नता रहेगी। स्वाभिमान रहेगा। अतिथियों का आगमन होगा। उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। आय-व्यय में असंतुलन की स्थिति बन सकती है। प्रमाद न करें। बुद्धि चातुर्य से कठिन कार्य भी आसानी से बनेंगे। वैवाहिक अड़चनें समाप्त होंगी। विरोधी परास्त होंगे।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। भौतिक विकास के कार्यों को बल मिलेगा। फालतू खर्च होगा। भागीदारी के प्रस्ताव आएँगे। दिनचर्या नियमित रहेगी। यात्रा, निवेश व नौकरी मनोनुकूल रहेंगे। रिश्तेदारों से भेंट हो सकेगी। दूसरों की आलोचना, निंदा से दूर रहें।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): नई योजनाओं का सूत्रपात होगा। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। व्यावसायिक समस्याओं का हल आपके माध्यम से हो सकेगा। क्रोध पर नियंत्रण रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। दूसरों पर अतिविश्वास न करें। दूसरों से व्यर्थ में न उलझें।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। लेन-देन में सावधानी रखें। पुरानी लेनदारी वसूल होगी। यात्रा सफल रहेगी। व्यवहार-कुशलता से समस्या का समाधान संभव है। व्यापारिक निर्णय लेने में देरी नहीं करना चाहिए। लाभ होगा।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): प्रसन्नता रहेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। अधूरे पड़े कार्य पूरे होंगे। जीवनसाथी से संबंधों में मधुरता आएगी। प्रयास व सहयोग से अनुकूलता आएगी। योजना फलीभूत होगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। पिता से मतभेद हो सकते हैं।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। नए प्रस्ताव प्राप्त होंगे। सुखद यात्रा के योग हैं। रचनात्मक काम होंगे। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। सत्संग का लाभ मिलेगा। आलस्य को त्यागें। अपने कार्यों को समय पर करने से सफलता प्राप्त हो सकती है।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यापार लाभप्रद रहेगा। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। विवाद समाप्त होने से शांति एवं सुख बढ़ेगा। व्यापार अच्छा चलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। सोच-समझकर व्यय करें। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रेम-प्रसंग में सफलता मिलेगी। कानूनी बाधा दूर होगी। प्रसन्नता रहेगी। परोपकारी स्वभाव होने से दूसरों की मदद कर पाएँगे। काम के प्रति लापरवाही न करें। प्रयत्न एवं दूरदर्शिता से सहयोग व समर्थन मिलेगा। लाभ होगा।

राशि फलादेश