30 किलो गांजा के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार कोमाखान पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई
महासमुंद थाना कोमाखान एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 30 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है, जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशानुसार जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 09 जनवरी 2026 को एंटी नारकोटिक्स एवं थाना कोमाखान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा महासमुंद के रास्ते हरियाणा की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर टीम द्वारा टेमरी नाका के पास बैरिकेटिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की टोयोटा कार क्रमांक DL 10 CE 1640 को रोका गया। वाहन में सवार तीनों व्यक्ति संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए, जिस पर वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में सफेद प्लास्टिक की तीन बोरियों में कुल 30 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के भवानी पटना से लाकर हरियाणा के रोहतक जिले स्थित सीसरखास ले जाना स्वीकार किया।
जब्ती विवरण
30 किलो गांजा – कीमत लगभग ₹15,00,000
टोयोटा कार – कीमत ₹3,00,000
05 मोबाइल फोन – कीमत ₹37,000
कुल जप्ती मूल्य – ₹18,37,000
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
विकास सिंह, पिता दलबीर सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी सीसरखास, थाना महम, जिला रोहतक (हरियाणा)
प्रमोद माहोर, पिता मूलचंद माहोर, उम्र 28 वर्ष, निवासी सोनारोवाला जोहाड़ सिटी, थाना भिवानी, हरियाणा
प्रशांत डागा, पिता सतीश डागा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ईशापुर, थाना जाफरपुर नजफगढ़, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



