CG : थाने में आत्मदाह की कोशिश – मां ने बच्चों पर डाला पेट्रोल, दबंगों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
राजनांदगांव/
जिले के मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में रविवार को एक परिवार ने पुलिस थाने के भीतर आत्मदाह की कोशिश कर सनसनी फैला दी। ग्राम पंचायत पांगरी के रहने वाले परिवार का आरोप है कि गांव के दबंगों ने उनकी निजी जमीन पर बनी दुकान को जबरन बंद करवा दिया है और पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया है। यही नहीं, बच्चों को स्कूल और मंदिर जाने से भी रोका जा रहा है।
पीड़ित परिवार न्याय के लिए बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो शनिवार को थाने पहुंचकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। घटना के दौरान थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर ज्वलनशील पदार्थ और माचिस छीनकर बड़ा हादसा टाल दिया।
परिवार का आरोप
पीड़िता केशरिया साहू ने बताया कि उनकी निजी जमीन पर बने होटल को बंद कराने के लिए गांव के कुछ दबंग लगातार दबाव बना रहे हैं। पंचायत द्वारा दुकान बंद करने का नोटिस भी थमा दिया गया है। परिवार का कहना है कि पूरे गांव ने मीटिंग कर उनके परिवार से सामाजिक संबंध तोड़ दिए हैं। जो कोई उनसे बात करता है, उस पर एक हजार रुपये का दंड रखा गया है। यहां तक कि दो छोटे बच्चों से भी स्कूल में कोई बात नहीं करता और उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
परिवार का कहना है कि वे SP ऑफिस और महिला आयोग तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर आत्मदाह का कदम उठाना पड़ा।
घटना के बाद हालात
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया। आत्मदाह की कोशिश करने वालों में निर्मला बाई साहू, उनकी बेटी केशरिया साहू, बहू तानेश्वरी साहू और दो बच्चे शामिल थे। घटना में परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई, जिनका इलाज जारी है।
रायपुर में भी सामने आई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि दो दिन पहले रायपुर में पुरानी बस्ती थाने के सामने पति की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने खुद को आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी महिला की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।



