घर में छिपाकर रखे 200 लीटर डीजल के साथ आरोपी गिरफ्तार, सांकरा पुलिस की कार्रवाई
महासमुंद, थाना सांकरा क्षेत्र में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ (डीजल) रखने और बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 200 लीटर डीजल तथा उससे जुड़े उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सांकरा निवासी देवानंद साव अपने घर में भारी मात्रा में डीजल बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के अवैध रूप से रखे हुए है तथा ट्रक ड्राइवरों से चोरी का डीजल खरीदकर बेचता है। सूचना पर थाना सांकरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां घर में बड़ी मात्रा में डीजल भंडारित पाया गया।
इस पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जब्त सामग्री में शामिल —
200 लीटर डीजल (कीमत लगभग ₹19,600)
मोटे पाइप (1 इंच व आधा इंच)
प्लास्टिक चाड़ियां
1 लीटर एवं 500 मिली क्षमता के एल्युमिनियम मापक
10 लीटर क्षमता वाले खाली प्लास्टिक जेरकिन (4 नग)
ढक्कन सहित एल्युमिनियम टब
जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹23,050 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवानंद साव (61 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



