बसना/लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल बनी हादसे की वजह, परिवार में पसरा मातम नरसिंगपुर गांव की घटना, पुलिस ने दर्ज किया मामला
महासमुंद जिले के ग्राम नरसिंगपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना 20 मार्च की रात की बताई जा रही है, जब दोनों खाना खाने के बाद सड़क पर टहलने निकले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंगपुर निवासी मृतक रविन्द्र मिर्धा अपने मामा लेकरू मांझी के साथ रात में भोजन के बाद गांव में ही पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HG0489 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना पड़ोसी डमरू यादव द्वारा मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रविन्द्र मिर्धा सड़क पर गंभीर हालत में पड़े थे। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह रहा था। वहीं, उनके साथ मौजूद लेकरू मांझी को भी पीठ और पैर में चोटें आईं।
दोनों घायलों को तत्काल निजी एम्बुलेंस की मदद से सेवा भवन अस्पताल, जगदीशपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रविन्द्र मिर्धा को मृत घोषित कर दिया, जबकि लेकरू मांझी का इलाज जारी है।
🚨 पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(a) और 281 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
🟨 गांव में शोक की लहर
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



