महासमुंद/धान खरीदी अवधि में ESMA लागू : खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश

महासमुंद/धान खरीदी अवधि में ESMA लागू : खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश

महासमुंद/ राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू एवं निर्बाध रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संपूर्ण धान खरीदी अवधि में छत्तीसगढ़ अत्यावश्यक सेवा संधारण तथा विच्छिन्नता निवारण अधिनियम (ESMA) लागू कर दिया है।

आदेश के अनुसार 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक धान खरीदी कार्य में संलग्न सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अत्यावश्यक सेवाओं के अंतर्गत माने जाएंगे। इस अवधि में किसी भी प्रकार की कार्य से इंकार, हड़ताल अथवा कार्य बाधित करने वाली गतिविधि प्रतिबंधित रहेगी।राज्य सरकार ने अधिनियम 1979 की धारा 4(1) एवं 4(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया है।

जिला कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के सभी अधिकारियों–कर्मचारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को भी धान खरीदी केंद्रों में अधिनियम का अक्षरशः पालन कराने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।सरकार का यह निर्णय खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी कार्य को बिना व्यवधान संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद के कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए 

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद के कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए – 1) मंत्रिपरिषद द्वारा खरीफ एवं रबी विपणन मौसम में दलहन-तिलहन फसल के उपार्जन हेतु पूर्व वर्ष की भांति ‘‘प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान‘‘ प्राईस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के तहत उपार्जन किए जाने का निर्णय लिया गया।

यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान अंतर्गत खरीफ विपणन मौसम में अरहर, मूंग, उड़द, मंूगफली एवं सोयाबीन तथा रबी मौसम में दलहन-तिलहन फसल जैसे चना, सरसों, मसूर का उपार्जन समर्थन मूल्य पर किया जाता है। दलहन-तिलहन का समर्थन मूल्य पर उपार्जन की व्यवस्था प्रदेश की मंडियों में होने से बाजार में प्रतिस्पर्धा बनी रहती है, जिसके कारण कृषकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होने की संभावना होती है।

2)    मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन करते हुए सार्वजनिक उपक्रम विभाग को वाणिज्य और उद्योग विभाग में और बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग का संविलियन योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

यह निर्णय शासकीय कार्य में सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य ‘‘मिनिमम गवर्मेंट मैक्सिमम गवर्नेंस‘‘ का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

3)    मंत्रिपरिषद ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु बैंकों तथा वित्तीय संस्थाओं हेतु स्वीकृत 15 हजार करोड़ रूपए की शासकीय प्रत्याभूति को खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए पुनर्वेधीकरण करने के साथ ही विपणन संघ को अतिरिक्त शासकीय प्रत्याभूति राशि रूपये 11,200 करोड़ प्रदाय किए जाने का निर्णय लिया।

4)    मंत्रिपरिषद द्वारा राज्य प्रवर्तित दीनदयाल आवास योजना, अटल आवास योजना, अटल विहार योजना एवं नवा रायपुर मुख्यमंत्री आवास योजना हेतु पूर्व में जारी नियम एवं शर्तों में पात्रता हेतु निम्नलिखित अतिरिक्त प्रावधानों का समावेश कर विक्रय की अनुमति  प्रदान की गई।

अ) ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी भवनों, फ्लैटों के विक्रय हेतु 03 बार विज्ञापन होने के पश्चात अविक्रित भवनों को, पात्र हितग्राही के अतिरिक्त किसी भी आय वर्ग के हितग्राही को विक्रय किया जा सकता है, परन्तु ऐसे हितग्राहियों को शासन द्वारा स्वीकृत अनुदान की पात्रता नही होगी। अनुदान की पात्रता केवल निर्धारित आय वर्ग के हितग्राही को ही होगी।

ब) ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी भवनों, फ्लैटों के विक्रय हेतु 03 बार विज्ञापन होने के पश्चात अविक्रित भवनों को एकल व्यक्ति या शासकीय/अर्धशासकीय अथवा निजी संस्थाओं द्वारा एक से अधिक संपत्ति क्रय करने का (Bulk Purchase) प्रस्ताव दिया जाता है, तो एकल व्यक्ति या शासकीय/अर्धशासकीय अथवा निजी संस्था के नाम पर एक से अधिक भवनों को मांग अनुसार विक्रय किया जा सकेगा, परन्तु इन्हें शासन द्वारा स्वीकृत अनुदान की पात्रता नही होगी। इस निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को इसका लाभ मिले।

5)    शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम नवा रायपुर अटल नगर को दीर्घ कालीन पूर्णतः संचालन और विकास कार्याें हेतु छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को अनुबंध के अनुसार लीज पर देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस निर्णय से राज्य के उदीयमान क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण और तकनीकी सुविधाएं प्राप्त होगी। इस निर्णय से  छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के और अधिक क्रिकेट मैच का आयोजन सुनिश्चित होगा।

 

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति का विशेष राशिफल—आज कौन रहेगा ग्रहों के प्रभाव में? जानिए क्या कहती हैं आपकी राशि

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति का विशेष राशिफल—आज कौन रहेगा ग्रहों के प्रभाव में? जानिए क्या कहती हैं आपकी राशि

आज का पञ्चाङ्ग🌻शनिवार, १५ नवम्बर २०२५🌻सूर्योदय:०६:५०,सूर्यास्त:०५:५२,चन्द्रोदय:२७:०४,चन्द्रास्त: १४:३३,अयन दक्षिणायणे (दक्षिण गोले),ऋतु: 🌳 हेमन्त

शक सम्वत: 👉 १९४७ (विश्वावसु) विक्रम सम्वत: 👉 २०८२ (सिद्धार्थी) मास 👉 मार्गशीर्ष ,पक्ष 👉 कृष्ण ,तिथि 👉 एकादशी (२६:३७ से द्वादशी) नक्षत्र 👉 उत्तराफाल्गुनी (२३:३४ से हस्त),योग 👉 विष्कुम्भ (पूर्ण रात्रि)  प्रथम करण 👉 बव (१३:४० तक) द्वितीय करण 👉 बालव (२६:३७ तक)

गोचर ग्रहा: ॥ सूर्य 🌟 तुला ,चंद्र 🌟 कन्या ,मंगल 🌟 वृश्चिक (अस्त, पश्चिम , मार्गी),बुध 🌟 वृश्चिक (अस्त, पश्चिम, वक्री),गुरु 🌟 कर्क (उदित, पूर्व, वक्री),शुक्र 🌟 तुला (उदित, पश्चिम, मार्गी),शनि 🌟 मीन (उदय, पूर्व, वक्री) राहु 🌟 कुम्भ ,केतु 🌟 सिंह

शुभाशुभ मुहूर्त विचार: अभिजित मुहूर्त 👉 ११:४० से १२:२३,अमृत काल 👉 १५:४२ से १७:२७,विजय मुहूर्त 👉 १३:४८ से १४:३०,गोधूलि मुहूर्त 👉 १७:२१ से १७:४७,सायाह्न सन्ध्या 👉 १७:२१ से १८:४१,निशिता मुहूर्त 👉 २३:३५ से २४:२८,राहुकाल 👉 ०९:२२ से १०:४१,राहुवास 👉 पूर्व,यमगण्ड 👉 १३:२१ से १४:४१,दुर्मुहूर्त 👉 ०६:४२ से ०७:२५,होमाहुति 👉 राहु (२३:३४ से केतु),दिशा शूल 👉 पूर्व,नक्षत्र शूल 👉 उत्तर (२३:३४ तक),अग्निवास 👉 पाताल (२६:३७ से पृथ्वी),चन्द्र वास 👉 दक्षिण,शिववास 👉 कैलाश पर (२६:३७ से नन्दी पर)

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य एम ए संस्कृत हस्तरेखा वास्तु शास्त्र भूमि भवन में वास्तु दोष निवारण पारिवारिक जीवन में तनाव बच्चों को पढ़ाई में मन नहीं लगता विवाह विलम्ब राज़ योग भाग्योदय व्यापार व्यवसाय में वृद्धि जन्म कुंडली निर्माण कालसर्प योग मांगलिक योग पितृ दोष निवारण भविष्य में होने वाले घटनाक्रम की जानकारी विदेश यात्रा पति-पत्नी में मतभेद प्रेम प्रसंग में सफलता ज्योतिष परामर्श ज्योतिष कार्यालय जोगनीपाली तहसील पोस्ट थाना सरायपाली जिला महासमुंद 9926826570 फोन पेय 8889391334

चौघड़िया विचार☄॥ दिन का चौघड़िया ॥ १ – काल २ – शुभ ३ – रोग ४ -उद्वेग ५ -चर ६ – लाभ ७ – अमृत ८ – काल।॥रात्रि का चौघड़िया॥ १ – लाभ २ – उद्वेग ३ – शुभ ४ – अमृत ५_चर ६ – रोग ७ – काल ८ – लाभ नोट👉 दिन और रात्रि के चौघड़िया का आरंभ क्रमशः सूर्योदय और सूर्यास्त से होता है। प्रत्येक चौघड़िए की अवधि डेढ़ घंटा होती है।

शुभ यात्रा दिशा: दक्षिण-पूर्व (वाय विन्डिंग अथवा तिल मिश्रित चावल का सेवन कर यात्रा करें) तिथि विशेष: उत्पति (उत्पन्ना-वैतरणी), एकादशी (सबका), पद्म प्रभु मोक्ष (जैन), नींव खुदाई एवं गृहारम्भ मुहूर्त+गृह प्रवेश मुहूर्त+व्यवसाय आरम्भ मुहूर्त प्रातः ०८:०९ से ०९:३० तक आदि।

आज जन्मे शिशुओं का नामकरण :आज २३:३४ तक जन्मे शिशुओ का नाम उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र के द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (टो, प, पी) नामाक्षर से तथा इसके बाद जन्मे शिशुओ का नाम हस्त नक्षत्र के प्रथम एवं द्वितीय चरण अनुसार क्रमशः (पू, ष) नामाक्षर से रखना शास्त्र सम्मत है।

उदय-लग्न मुहूर्त: तुला – २८:३१ से ०६:५,वृश्चिक – ०६:५१ से ०९:११,धनु – ०९:११ से ११:१४,मकर – ११:१४ से १२:५५,कुम्भ – १२:५५ से १४:२१,मीन – १४:२१ से १५:४५,मेष – १५:४५ से १७:१९,वृषभ – १७:१९ से १९:१३,मिथुन – १९:१३ से २१:२८,कर्क – २१:२८ से २३:५०,सिंह – २३:५० से २६:०९+,कन्या – २६:०९+ से २८:२७+

पञ्चक रहित मुहूर्त: शुभ मुहूर्त – ०६:४२ से ०६:५१,रोग पञ्चक – ०६:५१ से ०९:११,शुभ मुहूर्त – ०९:११ से ११:१४,मृत्यु पञ्चक – ११:१४ से १२:५५,अग्नि पञ्चक – १२:५५ से १४:२१,शुभ मुहूर्त – १४:२१ से १५:४५,मृत्यु पञ्चक – १५:४५ से १७:१९,अग्नि पञ्चक – १७:१९ से १९:१३,शुभ मुहूर्त – १९:१३ से २१:२८,रज पञ्चक – २१:२८ से २३:३४,शुभ मुहूर्त – २३:३४ से २३:५०,चोर पञ्चक – २३:५० से २६:०९+,शुभ मुहूर्त – २६:०९+ से २६:३७+,रोग पञ्चक – २६:३७+ से २८:२७+,शुभ मुहूर्त – २८:२७+ से ३०

आज का राशिफल: मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज दिन के आरंभिक भाग में पेट संबंधित संमस्या परेशान करेंगी। खानपान में असंतुलन बरतने से पेट में दर्द, गैस, पेट का फूलना, कमर दर्द की शिकायत हो सकती है। आज पूर्व में किए किसी गलत आचरण अथवा किसी के साथ किए विश्वासघात के कारण मन में संताप होगा। बदनामी का डर अंदर ही अंदर सताएगा। कार्य व्यवसाय से दिनभर लाभ की आशा लगाए रखेंगे। लाभ होगा भी लेकिन अकस्मात और आशा से एकदम कम। घरेलू वातावरण में तालमेल की कमी रहेगी परिजन किसी न किसी कारण से आपको शक की अथवा निम्न दृष्टि से देखेंगे। मन में मध्यांन तक यात्रा की योजना लगी रहेगी लेकिन अंत समय में किसी कारण से टालनी पड़ सकती है। संध्या बाद का समय ज्यादा परिश्रम ना करने के बाद भी थकान वाला रहेगा बड़े बुजुर्गों की बातों की अवहेलना ना करें अन्यथा बाद में पछताना पड़ेगा।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज के दिन आप अपनी बुद्धि विवेक का आवश्यकता से अधिक ही उपयोग करेंगे प्रत्येक कार्य में मीनमेख निकालना परिजनों के साथ बाहरी लोगों को भी अखरेगा। आज भी स्वाभाव में थोड़ी बहुत जीद रहेगी लेकिन कल जैसे कोई आपकी बातों को सहन नही करेगा अपना विरोध होते देख तुरंत बाद से पलट जाएंगे। कार्य क्षेत्र पर अव्यवस्था रहने के कारण उचित लाभ नहीं उठा पाएंगे फिर भी कार्य क्षेत्र के अतिरिक्त बाहरी संपर्कों में से किसी की खुशामद करने पर धन की आमद हो ही जाएगी। मध्यान्ह के बाद मन मनोरंजन की ओर भटकेगा दुर्व्यसनों पर खर्च करेंगे। मित्र मंडली में बैठते समय मौन ही रहने का प्रयास करें अन्यथा आपस की छोटी मोटी मजाक भी किसी के दिल को लगने पर गंभीर विवाद खड़ा कर सकती है। संध्या बाद घर में भी कलह होने की संभावना है। अपना आचरण मर्यादित रखें स्वयं की ही किसी गलती से सेहत खराब होगी।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज के दिन आपको शांत रहने का सुझाव है। आज परिजन से कोई मनोकामना पूर्ण ना होने पर क्रोध आएगा जिस पर संयम ना रहने पर किसी से हाथापाई की भी नौबत आ सकती है। परिजन फिर भी धैर्य रखेंगे लेकिन बाहर आपका ऐसा आचरण अवश्य ही किसी बड़ी मुश्किल में डाल सकता है। कार्य क्षेत्र पर भी आप के अभद्र व्यवहार के कारण हंगामा होने के आसार हैं। सहकर्मियों को शक की निगाह से देखना आपके लिए ही हानि करेगा। धन की आमद बिना किसी की सिफारिश अथवा चापलूसी के होना मुश्किल ही है। थोड़ी बहुत आय होगी भी लेकिन सुख के साधनों पर खर्च हो जाएगी। किसी दुर्व्यसन पर भी खर्च करेंगे इसके लिए संचित धन को खर्च करने में भी संकोच नहीं करेंगे। आकस्मिक दुर्घटना के योग हैं सतर्क रहें।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): आज मध्यान तक का समय आपको विभिन्न सुखों की प्राप्ति कराएगा। दिन के आरंभ में आलस्य प्रमाद फैलाएंगे जिससे किसी महत्वपूर्ण कार्य में विलंब होगा परिजन भी इस कारण नाराज हो सकते हैं। आज मन ना होने पर भी प्रलोभन में आकर व्यवसायिक दौड़-धूप करेंगे परंतु धन लाभ होने पर की गई दौड़-धूप अखरेगी नहीं। सार्वजनिक क्षेत्र पर वरिष्ठ व्यक्ति से मिलने के अवसर प्राप्त होंगे परंतु इसका कोई व्यक्तिगत लाभ नहीं उठा पाएंगे। घर में किसी परिजन के द्वारा सामर्थ्य से अधिक वस्तु की मांग मुश्किल में डालेगी इसे टालने का प्रयास करेंगे लेकिन सफल नहीं हो पाएंगे। झूठे वादे किसी से ना करें अन्यथा सम्मान हानि हो सकती है। माता का व्यवहार आज शत्रु तुल्य लगेगा लेकिन यह आपके लिए हितकर ही होगा। मधुमेह अथवा असंयमित रक्तचाप के मरीजों को कुछ समय के लिए मूर्छा अथवा शारीरिक शिथिलता बनेगी।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज के दिन आपका किसी भी कार्य को करने में मन नहीं लगेगा मध्यान्ह तक का समय व्यर्थ की कल्पनाओं में खराब करेंगे। घरेलू कार्य एक साथ सर पर आने पर बेमन से करने ही पड़ेंगे अपने कार्य अन्य किसी के ऊपर डालने पर नोकझोंक होगी। दैनिक उपभोग की वस्तुओं से जुड़े व्यवसाइयों के अतिरिक्त अन्य कोई भी कार्य क्षेत्र से मनचाही सफलता की आशा न रखें। मध्यान्ह के बाद का समय आनंद मनोरंजन में व्यतीत होगा इसके लिए अपने आवश्यक कार्यों को भी अनदेखा करेंगे। मित्र परिचितों के साथ किसी रमणीय स्थल की यात्रा होगी धार्मिक क्षेत्र पर आज चोरी होने का भय है सतर्क रहें। संतानों के ऊपर आज विशेष नजर रखें जाने अनजाने कोई गलती कर सकते हैं। जिसका पारिवारिक प्रतिष्ठा पर विपरीत असर पड़ेगा। रात्रि के समय उत्तम भोजन सुख मिलेगा।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज के दिन आप सुनेंगे सबकी लेकिन करेंगे अपने मन की दिन का कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं रहेगा। जैसी परिस्थितियां मिलेंगी स्वयं को उसके विपरीत चलाने का प्रयास करेंगे। दिन के आरंभ में ही किसी परिजन की बात को अनदेखा करने पर कलह होने की संभावना है। विशेषकर आज माता से बचकर ही रहे आपके ऊपर नजर बनाए हुए हैं पिता भी बाहरी रूप से माता का ही समर्थन करेंगे लेकिन अंदर से आप के प्रति नरम रहेंगे बाद में कामनापूर्ति माता के द्वारा ही होगी। व्यवसायी वर्ग कार्य क्षेत्र के आर्थिक व्यवहारों को लेकर चिंतित रहेंगे उधारी बढ़ने के कारण मन में बेचैनी रहेगी लेकिन आपकी समझ से बाहर की बात होने के कारण बेबस ही रहेंगे। दोपहर बाद आपका मन अनर्गल प्रपंचों भटकेगा सार्वजनिक क्षेत्र पर किसी की हंसी उड़ाना मानहानि करा सकता है। ऊंट पटांग भोजन के कारण सेहत में विकार आने की संभावना है।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन आपके लिए व्यर्थ की मानसिक परेशानियों वाला रहेगा। खर्च अनियंत्रित होने के कारण मानसिक तनाव बढ़ेगा। हाथ में पैसा ना होने पर मजबूरी में किसी से उधार लेने की नौबत आ सकती है। कार्यक्षेत्र पर लाभ की संभावना भी बनते-बनते अंत समय में टलने से मन निराश होगा। घर परिवार में किसी शुभ आयोजन की खरीदारी होगी। अन्य कार्यों की व्यस्तता के चलते कार्यक्षेत्र पर कम ही समय दे पाएंगे फिर भी दैनिक खर्चों की पूर्ति थोड़े ही समय में हो जाएगी। भागीदारों अथवा जीवन साथी से आर्थिक मामलों को लेकर कहासुनी होने की संभावना है। धैर्य से काम लें अन्यथा आगे के लिये समस्या बनेगी। जब भी मेहनत करने का मौका मिले इससे पीछे ना हटे निकट भविष्य में इसका फल अवश्य ही आपके लिए हितकर रहेगा। पारिवारिक वातावरण छोटी-छोटी बातों में गर्म होने से मन बेचैन रहेगा फिर भी बीच-बीच में दिमाग ठंडा करने के प्रसंग बनते रहेंगे। पेट संबंधित शिकायत आज भी रहेगी।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज का दिन वैसे तो आपके लिए सुख शांति दायक रहेगा लेकिन फिर भी मन में आर्थिक विषयों को लेकर उथल पुथल लगी रहेगी। किसी से उधार दिया पैसा अथवा सामान वापस मांगने पर आपसी संबंधों में खटास आने की संभावना है। कार्य क्षेत्र से अवकाश लेकर मित्र परिजनों के साथ समय बिताने में अधिक रुचि लेंगे। धन लाभ कुछेक मार्गो से जरुरत के अनुसार हो जाएगा। दोपहर बाद का अधिकांश समय मनोरंजन के साथ पारिवारिक दायित्व की पूर्ति में बीतेगा। परिवार के सभी सदस्यों को एक साथ प्रसन्न रखना असंभव होगा एक को मनाने पर दूसरा नाराज होगा जिससे दुविधा की स्थिति बनेगी। संध्या के समय किसी मनचाही वस्तु की प्राप्ति होने पर प्रसन्नता होगी लेकिन किसी परिजन का विपरीत व्यवहार रंग में भंग डालेगा। अति आवश्यक कार्य संध्या से पहले पूर्ण करें इसके बाद प्रत्येक कार्य में व्यवधान आने लगेगा। सेहत कमजोरी एवं सरगर्मी को छोड़ ठीक ही रहेगी।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे): आज का दिन आपके लिए मनोकामना पूर्ति वाला रहेगा कई दिनों से मन में चल रही कामना पूर्ति किसी परिचय अथवा निकटस्थ संबंधी की सहायता से पूरी कर पाएंगे। कार्य क्षेत्र हो अथवा परिवार कोई भी आप का विरोध नहीं करेगा शत्रुओं को भी अपने वश में कर लेंगे।किसी बड़े बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझा कर स्वार्थ सिद्धि करेंगे इस कारण बाद में इनकी नाराजगी भी देखनी पड़ेगी लेकिन मामला हल्के में ही निपट जाएगा। नौकरीपेशा जातक भी बीते कुछ समय से जिस प्रसंग को लेकर भयग्रस्त थे आज उससे मुक्ति मिल जाएगी। दोपहर के बाद विपरीतलिंगी लिंगीय प्रति अधिक आकर्षित होगा मित्र मंडली में बैठते समय कोई अनुचित कार्य करने के योजना बनेगी इस पर अनर्गल खर्च भी करेंगे निकट भविष्य में पश्चाताप ना हो इसलिए आज इससे बचना ही बेहतर रहेगा। आंखों में जलन एवं जोड़ों में दर्द की समस्या हो सकती है।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी): आज भाग्य के भरोसे बैठने के कारण अपनी क्षमताओं को खुलकर प्रदर्शित नहीं कर पाएंगे। कल की तुलना में आज परिस्थितियों में थोड़ा सुधार आएगा परंतु फिर भी बनते कार्यों में कोई ना कोई अड़चन भी आएगी कार्य व्यवसाय से आज असंतुष्ट ही रहेंगे बड़े व्यवसायियों की तुलना में छोटे व्यापारी फिर भी परिस्थिति अनुसार समझौता करने को तैयार रहेंगे जिसके फलस्वरूप अल्प लाभ से भी संतोष हो जाएगा। मध्यान्ह के बाद परिस्थिति में बदलाव आने लगेगा लेकिन फिर भी आर्थिक लेन-देन में अधिक स्पष्टता रखें अन्यथा कल पर टालना ही बेहतर है ।परिवार में भी आज परिस्थिति वश कठोर निर्णय लेने पर परिजनों से मतभेद होने की संभावना है। आज कार्यों को सहज रूप से ही होने दें जोर-जबर्दस्ती मामले को अधिक बिगाड़ सकती है। संध्या बाद से मन को राहत देने वाले प्रसंग बनने लगेंगे।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): बीते कल की तुलना में आज आपका स्वभाव एवं व्यवहार एकदम विपरीत रहेगा अध्यात्म एवं धार्मिक कार्यों में व्यवहारिकता मात्र रहेगी देखा देखी में धर्म के कार्य करेंगे। इसके विपरीत मनोरंजन के अवसर किसी भी हाल में हाथ से नहीं जाने देंगे। कार्य व्यवसाय को लेकर आज गंभीरता नहीं रहेगी फिर भी मध्यान्ह तक थोड़े समय में दिनभर का कोटा पूर्ण कर लेंगे। धन कि आमद आवश्यकता से अधिक ही होगी खर्च भी इसके अनुसार ही होंगे। किसी परिजन को अथवा किसी परिजन से आपको मनमर्जी के लिए दबाव डाला जाएगा। जीवनसाथी से आर्थिक लाभ होगा लेकिन हाथ में आते ही तुरंत खर्च भी हो जाएगा। शत्रु पक्ष आपके सामने नहीं आएंगे फिर भी पीठ पीछे आपका अहित करने की योजना अवश्य बनाएं लेकिन चाह कर भी कोई आपका बुरा नहीं कर पाएगा। सेहत लगभग सामान्य ही रहेगी लेकिन गिरने अथवा कटने का भय है सावधान रहें।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन भी आपके लिए बेहतर रहने वाला है लेकिन आज आलस्य प्रमाद अधिक रहने के कारण जल्दी से किसी कार्य को करने के लिए तैयार नहीं होंगे। काम धंधे के प्रति आज पूरी तरह से लापरवाही रहेंगे बैठे-बिठाए लाभ कमाने की मानसिकता आर्थिक लाभ में कमी करेगी। वैसे तो आपकी पराक्रम शक्ति बढ़ी रहेगी लेकिन इसका प्रयोग आवश्यक कार्यों में ना कर व्यर्थ के कार्यों में करेंगे आज के दिन सरकारी कार्यों को छोड़ अन्य जिस भी कार्य में अपना दिमाग लगाएंगे उसमें अन्य लोगों की अपेक्षा तुरंत सफलता मिल सकती है। कुटुंब की आवश्यकता एवं सुख सुविधा बढ़ाने पर अत्यधिक खर्च होगा पर्यटक स्थल पर सैर-सपाटे के प्रसंग बनने से मन रोमांचित रहेगा। संध्या से सेहत में गिरावट दर्ज होने लगेगी समय रहते उपचार करें अन्यथा आगे स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है।

महासमुंद/कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री चंद्रवंशी ने ली कृषि एवं समवर्गी विभागों की समीक्षा बैठक

महासमुंद/कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री चंद्रवंशी ने ली कृषि एवं समवर्गी विभागों की समीक्षा बैठक

महासमुंद/ छ.ग. कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार चन्द्रवंशी ने जिले के कृषि विज्ञान केन्द्र भलेसर महासमुंद में कृषि विभाग, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन एवं कृषि विज्ञान केन्द्र में संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की एवं कृषकों को ज्यादा से ज्यादा योजना का लाभ प्राप्त हो सके इस संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। कृषि विभाग में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनांतर्गत गोदाम निर्माण को पुनः प्रारंभ करने के लिए शासन से पत्राचार करने के संबंध में निर्देश दिये एवं रबी में रागी, दलहन, तिलहन फसलों के समर्थन मूल्य पर खरीदी उचित व्यवस्था करने निर्देश दिये। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनांतर्गत पैक हाउस निर्माण योजना को पुनः प्रारंभ करने शासन से पत्राचार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

श्री चन्द्रवंशी ने कहा कि विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ कृषकों तक अनिवार्यतः पहुंचे उन्होने कृषि विज्ञान केन्द्र में संचालित बटेर पालन योजना एवं अजोला टेंक का भी निरीक्षण किया। आज की बैठक में उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक, श्री आर.एल. शर्मा, सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती पायल साव, मत्स्य अधिकारी श्री एल.आर. साहू, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ कोसरे, एवं जिले के प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहें।

महासमुंद जिले के 1269 प्राथमिक शालाओं में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मेला का आयोजन 

महासमुंद जिले के 1269 प्राथमिक शालाओं में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मेला का आयोजन

महासमुंद/ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में निर्धारित बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला महासमुंद की 1269 प्राथमिक शालाओं में दिनांक 14 नवंबर को FLN मेला का आयोजन किया गया। इस वर्ष का थीम “करके देखबो, सीख के रहीबो” था। मेले का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2027 तक प्रत्येक बच्चे को भाषाई एवं गणितीय दक्षता से पूर्णत: निपुण बनाना है तथा शिक्षा को गतिविधि-आधारित, रोचक और बाल-केंद्रित बनाना है।

जिला स्तर पर यह आयोजन कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह तथा सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत कुमार नंदनवार के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान जिले के प्रत्येक विद्यालय में कुल 48 गतिविधि आधारित काउंटर स्थापित किए गए, जिनमें गणित – 15 काउंटर, हिंदी – 17 काउंटर, अंग्रेजी – 11 काउंटर, बालवाड़ी – 05 काउंटर सभी काउंटरों का संचालन बच्चों द्वारा स्वयं किया गया। शिक्षक पूरे समय मार्गदर्शक एवं पर्यवेक्षक की भूमिका में रहे। बच्चों ने रोचक खेल, भाषा एवं गणितीय गतिविधियाँ, प्रायोगिक मॉडल, TLM सामग्री के माध्यम से अपनी समझ और दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।

जिले में आयोजित FLN मेले का निरीक्षण डीईओ श्री विजय कुमार लहरे, डीएमसी श्री रेखराज शर्मा, एपीसी श्री डी.एन. जांगड़े, विद्या साहू, सम्पा बोस, प्रियंका पटेल, संजय पटेल , जय यादव एवं विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा पीएम श्री विद्यालय तुमगांव, प्राथमिक शाला सम्हर, कसहीबाहरा, कन्या पिथौरा, भलेसर, बृजराज, कुर्मीपारा विद्यालय का अवलोकन किया गया। इस दौरान पालकगण, एसएमसी सदस्य और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। FLN मेला महासमुंद जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह मेला बच्चों की सीखने की क्षमता, शिक्षकों की रचनात्मकता और स्कूल–समुदाय की सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। हर बच्चा सीख सकता है, समझ सकता है और निपुण बन सकता है।

महासमुंद: सरायपाली बसना सहित धान खरीदी से पूर्व प्रशासन की कड़ी कारवाई 557 कट्टा/बोरी धान जब्त किया गया। 

महासमुंद: सरायपाली बसना सहित धान खरीदी से पूर्व प्रशासन की कड़ी कारवाई 557 कट्टा/बोरी धान जब्त किया गया।

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशानुसार आज जिले में विभिन्न स्थानों पर संयुक्त टीम द्वारा अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 557 कट्टा/बोरी धान जब्त किया गया। जिसमें ग्राम कोमाखान में एक किराना दुकान से 100 कट्टा धान जब्त किया गया। ग्राम टेमरी (तह. कोमाखान) में 100 कट्टा अवैध धान की जब्ती की गई।नर्रा चेकपोस्ट में 40 कट्टा अवैध धान बरामद जप्त किया गया। ग्राम गनेकेरा में 105 पॉकेट अवैध धान जप्त किया गया तथा तहसील सराईपाली के ग्राम मोहन्दा में फुटकर व्यापारी के गोदाम से 212 बोरी अवैध धान जब्त किया गया। इस तरह कुल जब्त धान: 557 कट्टा/बोरी जप्त किया गया। समस्त जप्त धान को संबंधित थाना में सुपुर्द किया गया। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी से पूर्व अवैध धान के क्रय–विक्रय एवं भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सरायपाली: महाविद्यालय में विशेष आयोजन के साथ मनाया गया बाल दिवस: बच्चों ने जमकर दिखाई प्रतिभा

सरायपाली: महाविद्यालय में विशेष आयोजन के साथ मनाया गया बाल दिवस: बच्चों ने जमकर दिखाई प्रतिभा

सरायपाली/महाविद्यालय परिसर में आज बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ बाल दिवस (Children’s Day) मनाया गया। पूरे दिन महाविद्यालय में बच्चों की हंसी, उनकी रचनात्मकता, कला और उमंग की सुगंध फैली रही। विविध सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों से सजा यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय बना।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री राजेंद्र कुमार चौधरी ने की। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर और उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने बच्चों को ईमानदारी, अनुशासन एवं मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि बच्चों की प्रतिभा, ऊर्जा और कल्पनाशीलता का सम्मान है।

समस्त कार्यक्रम का संचालन अत्यंत गरिमामयी ढंग से रमा रवानी द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। संचालिका की मधुर वाणी और उत्साह ने पूरे माहौल को जीवंत बनाए रखा।

कार्यक्रम में विशेष योगदान तोष कुमारी पटनायक का रहा, जिन्होंने बच्चों के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन किया। उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने गीत, नृत्य, समूह प्रस्तुति, कविता पाठ और नाट्य मंचन जैसी प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

बाल दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत डांस और गीत कार्यक्रम रहे। बच्चों ने विभिन्न पारंपरिक, आधुनिक एवं बाल-गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। समूहगान तथा प्रेरणादायक गीतों ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। दर्शक दीर्घा से उठती तालियों ने बच्चों का मनोबल और भी ऊँचा कर दिया।

बच्चों के लिए अनेक रोचक गेम्स एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएँ भी आयोजन का हिस्सा रहीं। इनमें कुर्सी दौड़, रस्साकूद, गेंद संतुलन, पहेली प्रतियोगिता, दौड़ प्रतियोगिता और अन्य मजेदार गतिविधियाँ शामिल थीं। इन खेलों ने बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना एवं उत्साह का वातावरण तैयार किया।

पूरे कार्यक्रम की समन्वयक भूमिका कार्यक्रम संयोजक श्री समीत कुमार बारिक ने संभाली । उन्होंने सभी गतिविधियों की योजना, संचालन और व्यवस्था को सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया। उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण आधार सिद्ध हुई।

साथ ही, मीडिया प्रभारी श्रीमती दामयंती पटेल के द्वारा उक्त कार्यक्रम से संबंधित संपूर्ण जानकारी मीडिया तक पहुँचाई गई। उन्होंने सभी प्रमुख गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और बच्चों की सहभागिता के विवरण को सुव्यवस्थित रूप से संकलित कर सूचना दी।

महाविद्यालय परिसर में आज का दिन उत्सव, सीख और आनंद का अनोखा मिश्रण रहा। बच्चों ने पूरे मनोयोग के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं शिक्षकों और आयोजकों ने उनके उत्साह को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी बच्चों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन उपहार प्रदान किए गए। प्राचार्य श्री राजेंद्र कुमार चौधरी ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन श्री विजय प्रकाश प्रधान के द्वारा किया गया। उन्होंने प्राचार्य महोदय, शिक्षकों, अभिभावकों, अतिथियों, मीडिया प्रभारी, कार्यक्रम इंचार्ज तथा सभी विद्यार्थियों को कार्यक्रम की सफलता में सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।

बाल दिवस 2025 का यह आयोजन सभी के लिए यादगार रहा और बच्चों के मन में सीख, प्रेरणा और आनंद की एक नई चमक छोड़ गया। महाविद्यालय प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

“बच्चे हैं देश की नई सुबह की किरण — DLSA महासमुंद ने बाल दिवस पर दिया जागरूकता का संदेश”

“बच्चे हैं देश की नई सुबह की किरण — DLSA महासमुंद ने बाल दिवस पर दिया जागरूकता का संदेश”

महासमुंद/ नालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के स्टेट प्लान आफ एक्शन के तहत विशेष राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय दिवसों के अवसर पर आयोजित होने वाले शिविर व कार्यक्रम के तहत आज 14 नवंबर ’’बाल दिवस’’ के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अनिता डहरिया के मार्गदर्शन पर शिविर आयोजित किया गया। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आफरीन बानो द्वारा शासकीय मिडिल स्कूल बरोंडा बाजार और व्यवहार न्यायालय बागबाहरा के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री अविनाश टोप्पो द्वारा कार्मेल स्कूल बागबाहरा में कानून के जागरूकता विषयों पर अधारित शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महासमुंद की सचिव श्रीमती आफरीन बानो द्वारा बाल दिवस के अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि प्रतिवर्ष देशभर में 14 नवंबर के दिन बाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। यह दिन देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन के मौके पर मनाया जाता है क्योकि उन्हें बच्चे बेहद प्रिय थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य होते है। वह अक्सर कहा करते थे कि बच्चे उन कलियो की तरह होते है जिन्हे पुरी तरह से खिलने के लिए देखभाल और पोषण की आवश्यकता होती है। बच्चे ही देश का कल है, बच्चो राष्ट्र का निर्माता होते है। बाल दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि एक अवसर है जब हमें बच्चों के अधिकारों उनके कल्याण और उनके भविष्य की सुरक्षा के बारे में सोचने हेतु प्रेरणा मिलता है। बच्चे देश और दुनिया का भविष्य हैं, ऐसे में उन्हें संवारना और आने वाले कल के लिए तैयार करना, पूरे समाज की जिम्मेदारी है। बाल दिवस का मकसद बच्चों को उनके अधिकारों, उनके कल्याण और उनकी खुशहाली के बारे में समाज को जागरूक करने का है। इसके अलावा बच्चों के साथ कानून से संबंधित सामान्य जानकारियों पर तर्कसंगत चर्चा की गई।

बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बच्चों से संबंधित होने वाले अपराधों के बारे में बच्चों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी साथ ही नालसा हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से भी विधिक सलाह एवं सहायता पाने की जानकारी प्रदान की गई। इसी प्रकार आरक्षी केन्द्रों में पदस्थ अधिकार मित्रों के द्वारा अपने अपने थाना क्षेत्रों के स्कूलों में जाकर बाल दिवस के अवसर पर शिविर आयोजित किया गया।

महासमुंद जिला पंचायत संसाधन केन्द्र में संविदा पदों पर भर्ती हेतु चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी

महासमुंद जिला पंचायत संसाधन केन्द्र में संविदा पदों पर भर्ती हेतु चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी

महासमुंद/ ग्राम स्वराज अभियान योजना अंतर्गत जिला पंचायत संसाधन केन्द्र में जिला स्तर के दो स्वीकृत रिक्त संविदा पदों पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिसमें समन्वयक एवं संकाय सदस्य के एक-एक पद शामिल है। जिला स्तरीय चयन समिति के परीक्षण, अनुमोदन पश्चात प्रारंभिक सूची पात्र-अपात्र का निर्धारण करते हुए 21 मई 2025 को दावा-आपत्ति आमंत्रित किया गया था। तत्पश्चात 18 अगस्त 2025 को पात्र अभ्यर्थियों का मूल दस्तावेज का सत्यापन एवं कम्प्यूटर कौशल परीक्षा आयोजित किया गया था। जिसके उपरांत अर्जित अंकों की सूची, प्रावधानिक चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन किया गया है। जिसका अवलोकन जिला कार्यालय के सूचना पटल एवं जिले के वेबसाइट www.mahasamund.gov.in पर किया जा सकता है

बसना: रसोड़ा में फैंसी ड्रेस से लेकर मटका फोड़ तक सृजन, खेल और मुस्कान… विद्यालय में अनोखे अंदाज़ में मना बाल दिवस

सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा में बाल दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

 

 

रसोड़ा। सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा विद्यालय में आज बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता,

प्राकृतिक सामग्री से रंगोली निर्माण, थाल सज्जा, बाल सज्जा, गुब्बारा फोड़, मटका फोड़, तर्क शक्ति, पहाड़ा प्रतियोगिता, तथा अभिनय कार्यक्रम से हुई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सभी गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रसोड़ा ग्राम पंचायत की उप सरपंच श्रीमती किरण नायक और विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री लोकेश प्रधान उपस्थित रहे। विद्यालय के संयोजक श्री महादेव मेहर, प्रधानाचार्य श्रीमती अनुपमा साहू, तथा सभी आचार्य दीदी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

बाल दिवस के महत्व पर विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य श्री लक्ष्मी प्रसाद चौहान द्वारा बच्चों को विशेष मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और बच्चों के प्रति उनके प्रेम का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर बसना संकुल के संकुल समन्वयक श्री संतराम बंजारा, गणमान्य नागरिक एवं पालकगण भी उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने बच्चों के उत्साह और रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।