महासमुंद कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक स्कूल, छात्रावास, आंगनवाड़ी केन्द्रांे में दी जाने वाली भोजन गुणवत्तापूर्ण हो, सफाई का रखे विशेष ध्यान

महासमुंद कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक स्कूल, छात्रावास, आंगनवाड़ी केन्द्रांे में दी जाने वाली भोजन गुणवत्तापूर्ण हो, सफाई का रखे विशेष ध्यान

 

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा एवं रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, सभी विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वीसी के माध्यम से जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित सभी ब्लाॅक स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने 02 अक्टूबर तक चलने वाले रजंत जयंती वर्ष एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान पखवाड़ा के आयोजन तथा आदिकर्मयोगी अभियान अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विविध गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों एवं जनपद सीईओ को निर्देशित किया है कि अभियान की महत्ता को ध्यान में रखते हुए सभी गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा करते हुए अब ग्राम एक्शन प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं। जो पूरी तरह सहभागी नियोजन के आधार पर बने। कलेक्टर ने आगामी त्यौहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत मॉनिटरिंग और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। खाद्य एवं औषधि प्रसाधन विभाग को सभी मिठाई दुकानों में मिठाई एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को पूर्ण करने एवं विभिन्न प्राधिकरण अंतर्गत अपूर्ण निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने सांसद खेल महोत्सव में अधिक से अधिक पंजीयन करने कहा है। उन्होंने बताया कि अब पंजीयन की तिथि 01 अक्टूबर कर दी गई है। सभी विधानसभा में कम से कम 10-10 हजार प्रतिभागियों का पंजीयन हो। जिले में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। जो शिक्षक अभी तक स्कूलों में ज्वाइन नहीं किए है उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए हैं। साथ ही कहा कि स्कूलों और अन्य संस्थानों में पकने वाले भोजन की गुणवत्ता बनाए रखें तथा छात्रों को खिलाने से पहले अवश्य चखें। इसी तरह साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा में डिजिटल क्राॅप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं मैन्युअल गिरदावरी के लिए सभी राजस्व अधिकारियों को फील्ड में जाकर सर्वे प्रारम्भ करने के निर्देश दिए हैं। किसान पंजीयन के लिए शत प्रतिशत किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल संबंधी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत शेष आवासों को पूर्ण करने निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आवास का कार्य प्रतिदिन प्रगतिरत रहें। कलेक्टर ने जनमन की समीक्षा में पूर्ण सिच्युएशन के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए हैं। बैठक में समय-सीमा में प्राप्त पत्रों की समीक्षा, जनशिकायत निवारण एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम, न्यायालयीन प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बसना : गढ़ फुलझर माँ रामचंडी में करीब 3100 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कलश स्थापना एवं चुनरी यात्रा के साथ नवरात्र का शुभारंभ

बसना : गढ़ फुलझर माँ रामचंडी में करीब 3100 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कलश स्थापना एवं चुनरी यात्रा के साथ नवरात्र का शुभारंभ

 

गढ़फुलझर स्थित मां रामचंडी मंदिर में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज की कुल देवी के रूप में माँ रामचंडी विराजित है जो आस्था और श्रद्धा का मुख्य केंद्र बनता जा रहा है। सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध गढ़फुलझर के प्राचीन दुर्ग पर विराजित मां रामचंडी मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। रामचंडी मंदिर समिति अध्यक्ष चंद्रकांत भोई     ने बताया कि नवरात्र का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ कलश ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। इस बार मां के दरबार में करीब 3100 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित किए गए हैं।    मनोकामना ज्योत जलाने के लिए बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित हुए। संभागीय अध्यक्ष गिरधारी साहू ने बताया कि प्रतिदिन संध्याकालीन आरती के पश्चात भजन कीर्तन एवं जस गीत का आयोजन रखा गया है तथा प्रत्येक दिन भक्तों के लिए भोग भंडारा भी रखा गया है। भोग भंडारा के लिए ठाकुरपाली शाखा सभा के साथ-साथ सभी शाखा सभाओं को अलग-अलग तिथियों में जिम्मेदारी दी गई है।

चुनरी यात्रा रहा आकर्षण का केंद्र
शाम 4 बजे रणेश्वर रामचंडी सेवा समिति द्वारा लगातार आठवां वर्ष भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई है। छत्तीसगढ़िया कटप्पा एवं उसकी टीम इस चुनरी यात्रा का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। दीपक प्रधान ने बताया कि यह यात्रा नानकसागर से तोषगाँव चौक होते हुए गढ़फुलझर की मुख्य बस्ती का भ्रमण करते हुए मां रामचंडी परिसर में समाप्त हुई    जहां मां की चरणों में चुनरी समर्पित की गई। इस वर्ष माता को नौ दिनों के लिये नौ चुनरी के साथ-साथ आभूषण एवं श्रृंगार सामग्री भी अर्पित की गई।

चुनरी यात्रा के साथ कर्मा, जसगीत, डीजे के साथ-साथ छत्तीसगढ़ कटप्पा के रूप में मशहूर अविनाश दास की नृत्य पार्टी भी सम्मिलित हुई। विभिन्न वेशभूषा पहने कलाकारों द्वारा दिखाये गये हैरतअंगेज करतब से श्रद्धालु अचंभित थे। विशाल चुनरी यात्रा को देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच कर संध्या आरती में भाग लिये। भव्य  आतिशबाजी के साथ यात्रियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुल कार्यकारिणी सभा, आंचलिक सभा, ग्राम सभा एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी गण के साथ-साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं आसपास के ग्रामीण उपस्थित थे।

महासमुंद राज्य स्तरीय महतारी सदन लोकार्पण कार्यक्रम जिले में प्रभारी मंत्री ने किया खट्टी में महतारी सदन का लोकार्पण किया- मंत्री श्री बघेल

महासमुंद राज्य स्तरीय महतारी सदन लोकार्पण कार्यक्रम जिले में प्रभारी मंत्री ने किया खट्टी में महतारी सदन का लोकार्पण किया- मंत्री श्री बघेल

 

महासमुंद/ राज्य स्तरीय महतारी सदन लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेलीबाड़ी धमतरी से वर्चुअल रूप से जुड़कर 51 महतारी सदनों को मातृशक्ति को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से महतारी सदन का निर्माण किया गया है। उन्होंने 17 जिलों के 51 महतारी सदनों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया तथा सभी महिलाओं को बधाई दी।

इस अवसर पर महासमुंद जिले के ग्राम खट्टी में आयोजित महतारी सदन लोकार्पण कार्यक्रम में राज्य खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा श्री बघेल ने फीता काटकर महतारी सदन का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात उन्होंने महतारी सदन का अवलोकन भी किया। इस दौरान महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक श्री सम्पत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट एवं गाइड जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष श्री भीखम ठाकुर, जनपद पंचायत महासमुंद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर,नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री जागेश्वर चंद्राकर, श्री महेन्द्र सिक्का, श्री प्रकाश शर्मा, श्री आनंद साहू, श्री दिग्विजय साहु, खट्टी की सरपंच श्रीमती अनिता मेहरा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार ने जो महतारी सदन की परिकल्पना की है, वह वास्तव में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मील का पत्थर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व से आज हमारी बहन-बेटियों को न सिर्फ काम करने का अवसर मिल रहा है, बल्कि उन्हें सामूहिक निर्णय लेने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का भी मौका मिल रहा है। महतारी सदन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और सामाजिक समरसता बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगा। छत्तीसगढ़ सरकार हर कदम पर महिलाओं के साथ खड़ी है।

विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि आज का यह शुभ अवसर महिलाओं की उन्नति और ग्राम पंचायतों की प्रगति दोनों को एक साथ जोड़ने वाला है। महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि यह हमारी बहन-बेटियों के सपनों को साकार करने का केन्द्र बनेगा। यहाँ से महिलाएँ स्वावलंबन की दिशा में नए आयाम तय करेंगी और गांव की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाई पर ले जाएँगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत अभियान और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की प्रतिबद्धता से यह पहल महिलाओं के जीवन में नये उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करेगी। उन्होंन सभी ग्रामवासियों से अपील किया कि वे इस महतारी सदन को अपनी साझा शक्ति और सहयोग का केन्द्र बनाएं।

बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों से प्रदेश में महिलाओं के लिए यह विशेष पहल संभव हो सकी है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और संवेदनशील सोच के कारण ही मातृशक्ति को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में ऐसा ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। यह सदन उनके संकल्प और महिलाओं के सम्मान, संस्कार तथा प्रगति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। महतारी सदन के माध्यम से हमारी माताओं और बहनों को बैठकर अपनी बात कहने, सीखने, सिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम को श्री चंद्रहास चंद्राकर,श्री येतराम साहू, श्री भीखम साहू ने भी संबोधित किया।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने बताया कि दूसरे चरण में महासमुंद जिले में कुल 17 महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक महतारी सदन की लागत राशि 24 लाख 70 हजार रुपए है। पहले चरण में 08 एवं द्वितीय चरण में 09 महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।जिसमें महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरकोनी व भोरिंग में, बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हारिया और खल्लारी में, बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़फुलझर, सिंघनपुर और भंवरपुर तथा सरायपाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केंदुआ और तोषगांव में महतारी सदन का निर्माण होगा। आज के कार्यक्रम में लखपति दीदियों को चेक वितरण किया गया। साथ ही पंचायतों में क्यूअर कोड का जारी किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला समूह के सदस्य, ग्रामीण महिलाएं, नागरिक मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक महतारी सदन का क्षेत्रफल लगभग 2500 से 2507 वर्गफुट होता है, जिससे महिलाओं को पर्याप्त जगह मिलती है। इसमें हॉल, कमरा, किचन, स्टोर रूम, दुकान, बरामदा, सामुदायिक शौचालय, और ट्यूबवेल की व्यवस्था होती है।

सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल बनाई जाती है। महिलाओं के लिए उत्पादों के निर्माण व बिक्री हेतु किचन और दुकान की सुविधा उपलब्ध रहती है। विशेष रूप से हस्तशिल्प, घरेलू सामान, लोक कला आदि विक्रय की सुविधा उपलब्ध है जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिले। प्रत्येक सदन में पानी के लिए ट्यूबवेल, स्वास्थ्य सुविधाएं और सीमित अवधि के लिए कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था जाएगी। सामुदायिक समरसता एवं महिला सक्रियता को बढ़ावा देने के लिए ये सदन सामूहिक बैठकों के केंद्र के रूप में भी उपयोग किए जाएंगे।

कैट सरायपाली में स्वावलंबी भारत अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

कैट सरायपाली में स्वावलंबी भारत अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

 

स्वावलंबी भारत अभियान – स्वदेशी से स्वाभिमान तक,उद्योग रोजगार, रोजगार से विकास ,सरायपाली बनेगा आत्मनिर्भरता का केंद्र, क्लस्टर से लेकर इंडस्ट्रियल स्टेट तक

कैट सरायपाली में स्वावलंबी भारत अभियान के तहत एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कैट संरक्षक मदन लाल अग्रवाल और इकाई अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने की। इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत पूर्णकालिक श्री शंकर जी त्रिपाठी तथा स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत सह-समन्वयक श्री संजय चौबे ने अपने विचार रखे।

बैठक में स्वालंबन, स्वदेशी और क्लस्टर योजना की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री त्रिपाठी ने स्वदेशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोगों को विदेशी वस्तुओं से परहेज कर भारतीय उत्पादों को अपनाने हेतु जागरूक करना ही सच्चे आत्मनिर्भर भारत की दिशा है।

इस दौरान श्री संजय चौबे ने बताया कि सरायपाली का भौगोलिक व आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यहां निजी औद्योगिक इंडस्ट्रियल स्टेट स्थापित कर युवाओं और महिलाओं के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जा सकता है। 5000 ,10,000 एवं 20000 वर्गफुट तक के प्लाट काटकर उपलब्ध कराए जाने से स्थानीय स्तर पर उद्योगों की स्थापना होगी इसमें 5 करोड़ तक की सब्सिडी का लाभ निजी औद्योगिक इंडस्ट्रियल स्टेट स्थापना करने वाले को मिल सकता है । साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा MSME क्लस्टर योजना से 30 करोड़ रुपये तक के अनुदान का लाभ भी लिया जा सकेगा।

बैठक में संजय चौबे ने यह भी रेखांकित किया कि सरायपाली से रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर, संबलपुर, झारसुगुड़ा और अंगुल जैसे औद्योगिक नगर पास हैं। साथ ही 300 से अधिक नज़दीकी गांवों से स्किल्ड वर्कर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इससे रोजगार सृजन होगा और युवाओं का पलायन भी रुकेगा।

बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष गुञ्जन अग्रवाल, अभाष अग्रवाल, उमंग अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, मनोज अग्रवाल और महेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे। अंत में श्री शंकर त्रिपाठी ने आगामी माह में एक बड़ी बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा सके।

CG News: रायपुर में दक्षिण अफ्रीकी छात्र की संदिग्ध मौत, 3 दिन तक परिजनों से नहीं हो पाया था संपर्क

CG News: रायपुर में दक्षिण अफ्रीकी छात्र की संदिग्ध मौत, 3 दिन तक परिजनों से नहीं हो पाया था संपर्क

छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर में पढ़ाई के लिए आए दक्षिण अफ्रीका के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सेनजेलवे सिसोनके निकमबुले (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रायपुर की मेट्स यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने आया था।

जानकारी के अनुसार, छात्र का बैग मुंबई एयरपोर्ट पर चोरी हो गया था, जिसमें उसकी मानसिक रोग की दवाइयां रखी हुई थीं। पिछले तीन दिनों से उसने अपने परिजनों के फोन कॉल्स भी रिसीव नहीं किए। बताया जा रहा है कि मुंबई में छात्र के मानसिक रोगी जैसी हरकतों के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

इस पूरे मामले में साउथ अफ्रीकन एंबेसी ने हस्तक्षेप किया और यूनिवर्सिटी प्रबंधन की मदद से छात्र को 19 सितंबर को आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 22 सितंबर को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना एंबेसी को दे दी गई है। वहीं, देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है

Accident: ट्रक पलटने से ड्राइवर रातभर स्टेरिंग में फंसा, ग्रामीणों ने गैस कटर की मदद से बचाई जान

Accident: ट्रक पलटने से ड्राइवर रातभर स्टेरिंग में फंसा, ग्रामीणों ने गैस कटर की मदद से बचाई जान

 

राजनांदगांव: रायपुर से हैदराबाद लोहा लेकर जा रही ट्रक मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में अंबागढ़ चौकी-महाराष्ट्र को जोड़ने वाले स्टेट हाइवे पर ओटेबांधा गांव के पास देर रात अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक मोहम्मद रसूल, निवासी हैदराबाद, रातभर स्टेरिंग में फंसा रहा।

ड्राइवर को झपकी लगने से अनियंत्रित हुआ

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर सीजी 04 H X 7579 सोमवार रात करीब एक बजे हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी लगने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के बाद चालक का पैर स्टेरिंग में बुरी तरह फंस गया और आधा शरीर ट्रक के बाहर लटक गया। ट्रक में लोहा भरा हुआ था, जिससे लोहे की छड़ें बाहर निकल आईं। गनीमत रही कि छड़ें चालक के शरीर से नहीं टकराईं, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही चिल्हाटी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे चालक को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान अंबागढ़ चौकी से गैस कटर मंगाकर ट्रक की बॉडी के कुछ हिस्से को काटना पड़ा। घायल चालक को तत्काल अंबागढ़ चौकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान चल रहा था सट्टेबाजी का खेल, छत्तीसगढ़ में 4 आरोपितों को रंगेहाथ पकड़ा

भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान चल रहा था सट्टेबाजी का खेल, छत्तीसगढ़ में 4 आरोपितों को रंगेहाथ पकड़ा

 

छत्तीसगढ़ भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयंती स्टेडियम के पास एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के मध्य खेले गए मैच में लगाए गए सट्टे का चार सटोरिए हिसाब कर रहे थे।

सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों आरोपितों को पकड़ लिया। आरोपितों के पास से साढ़े सात हजार रुपये नगद रकम सहित चार मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले में चारों आरोपितों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई।

22 सितंबर की शाम करीब 5.20 बजे पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि जयंती स्टेडियम के पास सिविक सेंटर मैदान में चार व्यक्ति बैठकर भारत पाकिस्तान के बीच चल रहे क्रिकेट मैच में आनलाइन सट्टा खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि वहां पर चार व्यक्ति बैठे थे, जिन्होंने अपना नाम अनिल सिंह साही उर्फ झुमरु (32) निवासी रुआबांधा बस्ती, मंयक गावंडे(32) सेक्टर-5,सत्यम साहू (24) निवासी रिसाली और निखिल साहू(22) निवासी रुआबांधा यादव चौक बताया।

पुलिस चारों संदेही को थाना लेकर पहुंची। पूछताछ में अनिल सिंह ने पुलिस को बताया कि आईफोन मोबाइल में क्रिकेट लाइन गुरु जिसमें सट्टे का भाव दिखाता है वह एप के माध्यम से एवं 21 सितंबर को हर्ष देवांगन, रवि सोनकर व भुनेश्वर चंद्राकर से यूएनसीएलईबीइटीजी एप्लीकेशन 10,000 रुपये में उधार खरीदकर मयंक गावंडे को दिया ।

मंयक गावंडे द्वारा 21 सितंबर को इसी एप्लीकेशन के माध्यम से भारत पाकिस्तान के बीच एशिया कप क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा खेलना एवं खिलाना स्वीकार किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने अनिल सिंह, सत्यम साहू, निखिल साहू और मयंक गावड़े के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधीनियम 2022 कि धारा 6,7 धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन व 7500 रुपये नगद रकम की जब्ती बनाई है।

सरायपाली : कम खर्च में मिलेगा बेहतर इलाज, ‘नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल’चिवराकुटा, सिंघोड़ा

सरायपाली : कम खर्च में मिलेगा बेहतर इलाज, ‘नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल’चिवराकुटा, सिंघोड़ा

सरायपाली/महासमुंद।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अब सरायपाली और आसपास के ग्रामीण अंचलों के मरीजों को बड़े शहरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। चिवराकुटा, सिंघोड़ा (जिला महासमुंद) में नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की शुरुआत हो गई है, जहां अनुभवी डॉक्टरों और आधुनिक मशीनों के जरिए कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

हॉस्पिटल में जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. जय प्रकाश वर्मन, मेडिसिन एवं इंटेंसिविस्ट डॉ. नेलन लुगुन, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट एवं पेन फिजिशियन डॉ. रश्मि वर्मन तथा माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. लक्ष्मी वर्मन अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सभी डॉक्टर बड़े मेडिकल कॉलेजों और प्रतिष्ठित संस्थानों से अनुभव प्राप्त कर चुके हैं।

सस्ती दरों पर इलाज

यहाँ नॉर्मल डिलीवरी मात्र ₹10,000, ऑपरेशन डिलीवरी ₹15,000 + टैक्स व मेडिसिन, पाइल्स व फिस्टुला ऑपरेशन ₹15,000 + टैक्स, हाइड्रोसील ऑपरेशन ₹10,000, जबकि लैप्रोस्कोपिक गॉल ब्लाडर ऑपरेशन ₹25,000 + टैक्स व मेडिसिन में उपलब्ध है। हॉस्पिटल में 4D सोनोग्राफी की सुविधा भी है और अब तक 15,000 से अधिक सर्जरी का अनुभव डॉक्टरों की टीम के पास है।

उपलब्ध इलाज व ऑपरेशन

यहां पेट दर्द, सीने का दर्द, जोड़ और मांसपेशियों की समस्या, अस्थमा, शुगर, ब्लड प्रेशर, एलर्जी, संक्रमण, टी.बी., मलेरिया, माइग्रेन सहित तमाम बीमारियों का इलाज उपलब्ध है। इसके अलावा सभी प्रकार के हड्डी, स्त्री रोग, कैंसर, थायराइड, ट्यूमर, बवासीर, फिस्टुला, फिशर, हर्निया, अपेंडिक्स व पित्त की थैली जैसे जटिल ऑपरेशन भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में किए जा रहे हैं।

आपातकालीन व निःशुल्क सुविधा

नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 24×7 आपातकालीन इलाज उपलब्ध है। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों को सूचीबद्ध बीमारियों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा।

संपर्क के लिए:
☎️ 94241-84383, 83310-15859

सरायपाली : जवाहर नवोदय विद्यालय में कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह

सरायपाली : जवाहर नवोदय विद्यालय में कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सरायपाली में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत भव्य कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली की सहायक प्राध्यापिका डॉ. चंद्रिका चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रृंखला साहित्य मंच के अध्यक्ष प्रवीण प्रवाह उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्री लोकनाथ कैवर्त ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर दोनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

14 से 28 सितंबर तक हिंदी विभाग के वरिष्ठ शिक्षक अनिल कुमार के निर्देशन में हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है , जिसके अंतर्गत निबंध लेखन, कहानी वाचन, कविता वाचन, पोस्टर निर्माण, सुलेख लेखन, श्रुतलेखन और कवि सम्मेलन जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इन सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक समूहगान प्रस्तुत किया। कला शिक्षक अधिकल्प यदु एवं विज्ञान शिक्षिका नीता थवाइत ने भी अपनी कविताओं का वाचन कर सभी को भावविभोर कर दिया। विशिष्ट अतिथि प्रवीण प्रवाह ने अपनी ग़ज़ल-पाठ द्वारा विद्यार्थियों को साहित्य साधना के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएँ दीं। मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रिका चौधरी ने अपने संबोधन में मुंशी प्रेमचंद की कहानियों और उपन्यासों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य पठन-पाठन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने काव्य पाठ प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया।

प्राचार्य श्री लोकनाथ कैवर्त ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को शॉल भेंटकर सम्मानित किया और विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ शिक्षक मुनीश कुमार भोई ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया । समस्त विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

महासमुंद नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत सेवा मैराथन दौड़ कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना विजेताओं को किया गया सम्मानित रास्ता बदल सकते है मंजिल को नहीं – विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत सेवा मैराथन दौड़ कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना विजेताओं को किया गया सम्मानित रास्ता बदल सकते है मंजिल को नहीं – विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा

 

महासमुंद/ जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा रजत जयंती समारोह एवं सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आज नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सेवा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ की शुरुआत आयुष कार्यालय परिसर संजय कानन से हुई, जो कलेक्ट्रेट परिसर तक संपन्न हुई। मैराथन में युवा, बच्चे, दिव्यांग, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतिभागियों में जोश और उमंग का माहौल देखने को मिला। दौड़ समाप्ति पर प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आज सुबह 8 बजे कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने कार्यक्रम का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं में नशे का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसे रोकने जागरूकता आवश्यक है। स्वस्थ्य रहेंगे तभी स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। मैराथन एक माध्यम है कि हम स्वस्थ्य रहकर समाज को भी संदेश दे सकते हैं।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि युवा ही राज्य के विकास की असली ताकत हैं। सबसे पहले हमें नशा मुक्त होने का संकल्प लेना चाहिए। संकल्प और एकता ही जीत की कुंजी है। नारी शक्ति का सम्मान कर हमें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में आगे बढ़ना होगा। युवा गतिशील होता है, वह रास्ता बदल सकता है पर मंजिल नहीं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ के युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

इस अवसर पर स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि स्वस्थ्य रहना आज सबसे ज्यादा जरूरी है। जब हम स्वस्थ रहेंगे तभी राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी अच्छे से निभा सकेंगे। आज की मैराथन इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनी है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, महेंद्र सिक्का, राजू चंद्राकर, आनंद साहू, राहुल चंद्राकर, समाज सेवी डॉ. एकता लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्रीमती संगीता सिंह, आयुष के डॉ. ज्योति गजभिए, डॉ. सर्वेश दुबे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति का शपथ लिया। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस सेवा मैराथन ने स्वास्थ्य, एकता और समाज में नशामुक्ति का सशक्त संदेश दिया।

पुरस्कार प्राप्त करने वालों में ओपन वर्ग मैराथन दौड़ अंतर्गत पुरूष प्रतिभागी में बलराम बरिहा ने प्रथम एवं सत्येन्द्र कुमार तेन्दुलकर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा महिला प्रतिभागी में प्रथम स्थान हसिना एवं द्वितीय स्थान ज्योति ने हासित की। इसी तरह 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के मध्य मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में बंदन बाई चैहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोटराईज्ड ट्रायसाकल मैराथन में लाकेश कुमार प्रथम स्थान पर एवं मानिक लाल चतुर्वेदी द्वितीय स्थान पर रहे। साथ ही ट्रायसाकल मैराथन में संजय परमार ने प्रथम स्थान एवं तेजस्वी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 2100 रुपए की प्रोत्साहन राशि एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 1100 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।