रायपुर : मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण आज से प्रारंभ सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ने घर-घर जाकर बांटे गणना प्रपत्र

रायपुर : मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण आज से प्रारंभ सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ने घर-घर जाकर बांटे गणना प्रपत्र

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (BèLO) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित किए जा रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने इस पुनरीक्षण के लिए पात्रता तिथि 1 जनवरी 2026 निर्धारित की है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री यशवंत कुमार ने सभी पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिहीन बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए प्रत्येक नागरिक अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदाताओं से अपने नाम का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने का आग्रह किया।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म जमा किए जा सकेंगे मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से ऑफलाइन गणना प्रपत्र भरकर जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन भरने की सुविधा भी उपलब्ध है।

ECINET Mobile App voters.eci.gov.in वेबसाइट फॉर्म भरने में परेशानी होने पर टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही ECINET ऐप में उपलब्ध “Book a Call with BLO” सुविधा से मतदाता सीधे अपने बीएलओ से संपर्क करने का अनुरोध भी कर सकते हैं।

हेल्प डेस्क और आईटी डेस्क बनाए गए मतदाताओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए जिला एवं तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क तथा आईटी डेस्क स्थापित किए गए हैं। कार्यालयीन समय में अधिकारी-कर्मचारी लगातार सहायता हेतु उपलब्ध रहेंगे।

छत्तीसगढ़ में एसआईआर कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल

4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 – गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरना

9 दिसम्बर 2025 – मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन

9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 – दावा-आपत्ति अवधि

9 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 – दावा-आपत्तियों का सत्यापन व निराकरण

7 फरवरी 2026 – अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पुनरीक्षण अभियान आगामी एक माह तक चलाया जाएगा।

महासमुंद/पिथौरा लालच और धमकी देकर मजदूरों की तस्करी—श्रम उपनिरीक्षक की शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज

महासमुंद/पिथौरा लालच और धमकी देकर मजदूरों की तस्करी—श्रम उपनिरीक्षक की शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज

महासमुंद/पिथौरा बिना अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के मजदूरों को ईंट-भट्ठों में ले जाने वाले दलालों पर श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रम उप निरीक्षक बेलारसन बघेल के लिखित आवेदन पर ग्राम मुढीपार निवासी गंगाराम प्रजापति और रामदास दीवान के खिलाफ मानव तस्करी सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

श्रम पदाधिकारी जिला महासमुंद के निर्देशानुसार बिना पलायन पंजी और बिना लाइसेंस के मजदूरों को बाहर ले जाने वाले लेबर ठेकेदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के क्रम में श्रम विभाग की टीम—दानेश्वर साहू (श्रम कल्याण निरीक्षक), राकेश प्रधान (सहायक ग्रेड-3), मुकेश साहू (सहायक ग्रेड-3) और हिमालय चंद्राकर (लेखापाल, BOC)—ग्राम मुढीपार पहुंची।

यहां कुछ मजदूर अपने परिवार सहित उत्तर प्रदेश के ईंट-भट्ठे में काम के लिए ले जाए जाने के इंतजार में खड़े मिले। पूछताछ में मजदूरों—राजेन्द्र झरेका, डॉक्टर झरेका, नवीन झरेका और गोविंद झरेका—ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें अधिक मजदूरी राशि का लालच दिया, एडवांस रकम दी और धमकी देकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना पिथौरा में धारा 143, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

 

महासमुंद में चोरी और सड़क हादसे से हड़कंप — लाखों के जेवरात पार, युवक गंभीर घायल”

“महासमुंद में चोरी और सड़क हादसे से हड़कंप — लाखों के जेवरात पार, युवक गंभीर घायल”

समाचार 1 : नयापारा वार्ड 06 में ताला तोड़कर लाखों की चोरी :महासमुंद। नयापारा वार्ड नंबर 06 में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए मेन दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश कर लाखों के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित असलम खान पिता स्व. याकूब खान, उम्र 35 वर्ष ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत के अनुसार घटना 04 नवंबर की रात्रि 1 से 3 बजे के बीच की है, जब चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी।

चोरी गए सामान में—02 नग कंगन, 01 नग गले का हार, 02 नग पायल, 02 नग मेंहदी छल्ला, 01 नग काला पोत, 02 नग चांदी के सिक्के, 02 नग पुरानी बिछिया,  कुल जेवरात कीमत लगभग 3 लाख रूपये नकद 1.5 लाख रुपये पुलिस ने मामले में धारा 331(4), 305(A) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

समाचार 2 : सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, अस्पतालों के चक्कर में बीता महीना/ महासमुंद। ग्राम परसवानी वार्ड 07 निवासी एक महिला ने अपने पुत्र पोखराज साहू के सड़क हादसे की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई है।जानकारी के अनुसार 08 अक्टूबर 2025 को पोखराज साहू मजदूरी कर घर लौटने के बाद अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से घूमने निकला था।

परवानी मोड़ के पास सड़क पार करते समय कार क्रमांक CG 04 MJ 2805 के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को—जबड़े में, दाएं घुटने में, सिर, तथा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना उसके भांजे गजेंद्र साहू ने दी, जिसके बाद घायल को पहले जिला अस्पताल महासमुंद, फिर डीकेएस रायपुर, उसके बाद मेकाहारा रायपुर, और अंततः बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पोखराज 16 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपचाररत रहा। सुधार के बाद उसे डिस्चार्ज किया गया। घटना के लगभग एक महीने बाद, पीड़िता ने 05 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई है और उचित कार्रवाई की मांग की है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, रात का तापमान दो से तीन डिग्री गिरने के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, रात का तापमान दो से तीन डिग्री गिरने के आसार

छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अभी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम जारी रहेगा, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। शुष्क और ठंडी हवा के प्रभाव से रात का तापमान गिर सकता है और ठंड बढ़ेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, जिसके बाद भी सूखा मौसम जारी रह सकता है।

रायपुर का तापमान सामान्य से अधिक रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। दिनभर आसमान साफ रहा और हवा में नमी का स्तर सुबह 70 प्रतिशत तथा शाम को 58 प्रतिशत रहा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का हाल माना एयरपोर्ट (रायपुर) में सर्वाधिक तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। बिलासपुर में 31.6 डिग्री, जगदलपुर में 32.2 डिग्री, दुर्ग में 30.2 डिग्री, और पेंड्रारोड में 30.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों का अनुमान रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। केवल एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की या नाममात्र की बारिश हो सकती है।

बसना/गांव बरबसपुर और छोटेडाभा में भीषण सड़क दुर्घटनाएं,अलग-अलग एक्सीडेंट में दो की मौत

बसना/गांव बरबसपुर और छोटेडाभा में भीषण सड़क दुर्घटनाएं,अलग-अलग एक्सीडेंट में दो की मौत

① बसना /बरबसपुर सड़क हादसा : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत :बरबसपुर। गाँव बरबसपुर में बुधवार सुबह काम कर रहे एक बुजुर्ग की सड़क किनारे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।

मजदूरी का काम करने वाले युवक ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे उसके भतीजे ने आकर सूचना दी कि उसके पिता का सड़क किनारे एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुँचने पर पाया कि बुजुर्ग पिता की वहीं मौत हो चुकी थी और पास में मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक CG06 GL 5415 क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी।परिजनों ने डायल-112 की सहायता से मृतक को सीएचसी बसना पहुँचाया। परिजनों के अनुसार बाइक चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बुजुर्ग को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।धारा : 184-LKS, 106(1)-BNS

②बसना छोटेडाभा सड़क हादसा : सामने से आई अज्ञात बाइक की टक्कर, 16 वर्षीय की मौत : बसना/छोटेडाभा। बसना-गढफुलझर मार्ग पर पेट्रोल पम्प के आगे छोटेडाभा के पास दोपहर में हुए सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर नमन दास मानिकपुरी की मौत हो गई। नमन दास अपने साथी राकेश दास के साथ बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल (CG06 GQ 3664) से चंदखुरी से गढफुलझर जा रहा था। दोपहर करीब 1:20 बजे सामने से आई अज्ञात मोटरसाइकिल ने तेज और लापरवाही से ओवरटेक करते हुए इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर गए। नमन दास को गंभीर हालत में CHC बसना ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथी राकेश दास के हाथ-पैर में चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।धारा : 184-LKS, 106(1)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS

बसना/अग्रवाल मल्टिस्पेशलिटी हॉस्पिटल, 9 नवम्बर को नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी — जांच व ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध

बसना/अग्रवाल मल्टिस्पेशलिटी हॉस्पिटल, 9 नवम्बर को नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी — जांच व ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध

बसना। अग्रवाल मल्टिस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना में नाक, कान, गला रोगों (ENT) से संबंधित मरीजों के लिए विशेष परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन रविवार, 9 नवम्बर 2025 को किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रसिद्ध नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राठी (MS – ENT) अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

शिविर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक परामर्श व ऑपरेशन की सुविधा रहेगी। मरीजों को समय पर जांच कराने हेतु अग्रिम पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।

शिविर में उपलब्ध प्रमुख उपचार सेवाएं:

कान के संक्रमण, पर्दे में छेद, कान की जन्मजात बीमारियों का इलाज

मुंह व गले के कैंसर की निदान व जांच

नाक की एलर्जी, श्वास संबंधी समस्या, खर्राटे, चक्कर आना

टॉन्सिल, एडिनॉयड, नाक की हड्डी टेढ़ापन (Deviated Septum)

नाक से खून आना, नाक में मस्से (Polyp)

आवाज़ व श्वासनली से जुड़ी बीमारियां

थायरॉइड की समस्या

नाक-कान-गले के पुराने बिगड़े ऑपरेशनों का सुधार

सुनने की जांच व Hearing-Aid मशीन की सुविधा

शिविर में ऑडियोमेट्री व बेड़ा टेस्ट की आधुनिक सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

स्थान: अग्रवाल मल्टिस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना, जिला महासमुंद (छ.ग.)📞 संपर्क: 84618-11000, 77708-68473, 77730-86100 🩺 आयोजक: अग्रवाल मल्टिस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना

— “नाक, कान, गला रोगों का सम्पूर्ण समाधान — अब बसना में।”

बसना में आज न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ की ओपीडी — मस्तिष्क रोगों की मिलेगी आधुनिक जांच व उपचार सुविधा

बसना में आज न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ की ओपीडी — मस्तिष्क रोगों की मिलेगी आधुनिक जांच व उपचार सुविधा

बसना। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर एवं अग्रवाल नर्सिंग होम बसना के संयुक्त तत्वावधान में मस्तिष्क रोग जांच व परामर्श शिविर का आयोजन आज गुरुवार, 6 नवम्बर 2025 को किया गया है। इस विशेष चिकित्सा शिविर में प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अर्पित अग्रवाल (MBBS, MD, DM — Consultant Neurologist) मरीजों का परीक्षण करेंगे।

ओपीडी आज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में संचालित होगी।

इस शिविर में निम्न रोगों की जांच व उपचार उपलब्ध रहेगा —

ब्रेन स्ट्रोक / मस्तिष्क आघात

मिर्गी (Epilepsy)

माइग्रेन व सिरदर्द

पार्किंसन

अल्जाइमर

ब्रेन ट्यूमर

मस्तिष्क संक्रमण

मस्तिष्क की धमनियों से संबंधित रोग

आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को शहर स्तरीय न्यूरोलॉजी सेवाएं नज़दीक में उपलब्ध कराना है, जिससे मरीजों को बड़े शहरों तक जाने की आवश्यकता न पड़े।

📍 स्थान: अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना, जिला महासमुंद (छ.ग.)

📞 संपर्क: 84618-11000, 77708-68473, 77730-86100

🩺 आयोजक: अग्रवाल मल्टिस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना

— “मस्तिष्क रोगों का संपूर्ण समाधान अब बसना में ही उपलब्ध।”

महासमुंद बसना सरायपाली विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से भरवा रहे हैं एन्यूमेरेशन फॉर्म !

महासमुंद बसना सरायपाली विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से भरवा रहे हैं एन्यूमेरेशन फॉर्म !

महासमुंद : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन में महासमुंद जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में होम-टू-होम एन्यूमेरेशन फॉर्म (गणना पत्रक) का वितरण बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा शुरू कर दिया गया है।

बुधवार से महासमुंद विधानसभा, खल्लारी विधानसभा, बसना विधानसभा तथा सरायपाली विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से एन्यूमेरेशन फॉर्म भरवा रहे हैं। यह अभियान 4 दिसम्बर 2025 तक संचालित रहेगा। प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना पत्रक उपलब्ध कराया जा रहा है जिसमें एक प्रति मतदाता के पास तथा दूसरी प्रति बूथ लेवल अधिकारी के पास सुरक्षित रखी जाएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में प्रत्येक मतदाता का नाम, पता एवं अन्य विवरणों को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों में यह कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुका है। इस कार्य के लिए कुल 4 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी एवं बी.एल.ओ. सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाता चाहें तो गणना पत्रक ऑनलाइन माध्यम से भी भर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर लॉगइन कर अपनी जानकारी एवं फोटो अपलोड करनी होगी। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

महासमुंद की प्रेमशीला बघेल रानी वीरांगना अवंती बाई लोधी सम्मान से सम्मानित जिले की पहली महिला जिन्हें ये पुरस्कार मिला राज्य अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने किया सम्मानित 

महासमुंद की प्रेमशीला बघेल रानी वीरांगना अवंती बाई लोधी सम्मान से सम्मानित जिले की पहली महिला जिन्हें ये पुरस्कार मिला राज्य अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने किया सम्मानित

महासमुंद /गांव की पगडंडियों से न्यूयॉर्क की सड़कों तक – प्रेमशीला की उड़ान संघर्ष से बदलाव की नई इबारत लिखती प्रेमशीला दो कमरों के मिट्टी के घर से शुरू हुआ सफर और मंज़िल बनी न्यूयॉर्क की सड़कों तक की यात्रा। यह कोई कहानी नहीं, बल्कि हकीकत है—छत्तीसगढ़ के छोटे से कस्बे महासमुंद की बेटी प्रेमशीला बघेल की।

शुरुआत वहीं से जहां सपने भी रुक जाते हैं महासमुंद में जन्मी प्रेमशीला का बचपन अभावों और संघर्षों में बीता। माता-पिता दिहाड़ी मजदूर थे, दो बहनों में छोटी बेटी के रूप में घर में पहचान बनी।घर में दो वक्त की रोटी भी कभी मयस्सर नहीं थी। शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास—तीनों ही उनके लिए एक सपना भर थे। पर जब 19 वर्ष की उम्र में बाबू जी ने उन्हें एक सामाजिक संस्था के काम से जोड़ा, तो उन्होंने उसी राह को अपनी मंज़िल मान लिया। एक बेटी ने जिस तरह खुद को और परिवार को सम्हाला ये कई बेटे भी नहीं कर पाते। यहीं से शुरू हुआ महिलाओं का सामाजिक जागरूकता का सिलसिला, जो आज तक जारी है।

संघर्ष नहीं, ध्येय बना जीवन :वर्ष 1996 से महिलाओं और वंचित समुदायों के हक की लड़ाई में सक्रिय प्रेमशीला ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। छत्तीसगढ़ महिला जागृति संगठन में 11 वर्षों तक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने हजारों महिलाओं को उनके अधिकार, स्वर और स्वाभिमान से जोड़ा। इस दौरान न्यूयॉर्क में आयोजित वर्ल्ड मार्च ऑफ वुमन वर्ष 2000 में महिलाओ पर बढ़ती हिंसा और गरीबी जैसे ज्वलंत मुद्दों को दुनिया के सामने रखने संयुक्त राष्ट्र संघ के कार्यालय के समक्ष एकजुट होकर दृढ़ता से संदेश पहुंचाया। भारत की 25 संघर्षरत महिलाओं के साथ छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

अभावों से आगे बढ़कर शिक्षा में रच डाली इबारत :जहां अभाव थे, वहीं उन्होंने अवसर तलाशे। शुरुआती पढ़ाई के बाद बीच में पढ़ाई छूट गई थी, लेकिन रुकना उन्हें मंज़ूर नहीं था। उन्होंने काम करते हुए एम.ए. समाज शास्त्र, मास्टर ऑफ सोशल वर्क और छत्तीसगढ़ी भाषा में स्नातक डिप्लोमा किया—जो बताता है कि ज़िंदगी में कभी भी देर नहीं होती, अगर इरादा मजबूत हो। विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं में काम करने के बाद खुद का संगठन चलाने कर अपने अनुभवों को जमीन में उतारने की जिजीविषा ने एक नए संस्था उन्नयन जन विकास समिति की जन्म दिया। वर्ष 2005 में इस एनजीओ की मुखिया बनकर कमान संभाली।

महिलाओं की आवाज बनीं प्रेमशीला :हर का सामाजिक कार्य सिर्फ भाषणों या सभाओं तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने जमीनी स्तर पर काम किया:_उन्होंने काम करते हुए अपनी संस्था को मजबूत किया।बहुत छोटे छोटे फंड की मदद से सामाजिक मुद्दों पर कार्य करना शुरू किया।

महासमुंद जिले में लगभग1500 महिला समूहों के बैंक खातों का डिजिटलीकरण करवाया।नाबार्ड, एनयूएलएम, जैसी योजनाओं के साथ ग्रामीण और शहरी 15000 महिलाओं के समूह को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा पहल की।

महिला हिंसा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल श्रम और लैंगिक भेदभाव जैसे मुद्दों पर सम्मेलन, प्रशिक्षण, नुक्कड़ नाटक और कानूनी जागरूकता अभियान के माध्यम से संदेश देती रही। किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य,शिक्षा के लिए नवा अंजोर जैसे बुनियादी शिक्षा से जुड़कर उनके लिए एक नई जमीन तैयार किया ।बाल विवाह के विरुद्ध अभियान में आगे बढ़कर न केवल महिलाओं को बल्कि पुरुषों को भी जागरूक किया। पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान में गांव गांव जाकर पर्यावरण मित्र बनाए।

कुष्ठ पीड़ितों और दिव्यांगों की बनी सहारा :वर्ष 2005 से 2008 तक राजनांदगांव जिले में कुष्ठ पीड़ितों और दिव्यांगों का समूह बनाकर उनके साथ आजीविका मूलक कार्य किया। उन्हें जीने का नया आत्मविश्वास दिया । ऐसे 100 समूह बनाकर वंचित और समाज के मुख्य धारा से कटे लोगों की आवाज बनी। इसके अलावा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बुनकर महिलाओं को हाथ करघा से जोड़ा ,साबुन निर्माण, कुम्हार महिलाओं को मिट्टी की आधुनिक कला से और बसोड महिलाओं को बांस शिल्प और घरेलू महिलाओं को महिला कैंटीन से जोड़कर आजीविका की नई परिभाषा गढ़ी।

नेतृत्व की वो मिसाल, जो हर महिला के भीतर रोशनी जगाए : उनका नेतृत्व किसी पद या पुरस्कार से नहीं, बल्कि सामुदायिक विश्वास और बदलाव के जज़्बे से उपजा है। सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को कई संगठनों ने सराहा, पर उन्होंने कभी उसका श्रेय नहीं लिया—बल्कि हर सफलता को ‘समूह की जीत’ कहा। फिर भी उनके इस सामाजिक बदलाव की पहल को समय समय पर पहचाना गया और अनेक पुरस्कारों से नवाजा गया। जिसमें शासकीय,और गैर सरकारी संस्था,बैंक समूह, तथा मीडिया समूह द्वारा प्रदत सम्मान है।

एक कहानी नहीं, एक आंदोलन :आज भी प्रेमशीला महासमुंद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक “सोशल चेंज एजेंट” के रूप में कार्य कर रही हैं। वे सिर्फ एक नाम नहीं, एक ‘सोशल वॉरियर’ हैं। उन्होंने महिलाओं को सिर्फ समूहों में नहीं जोड़ा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और आत्मबल से भी जोड़ा।

समाज को दिया खुद बदलकर संदेश :समाज को रास्ता दिखाने पहले खुद में बदलाव किया।आज भी ऐसे मुद्दों का डटकर सामना कर रही है। नशा के खिलाफ ऐसा जागरूकता चलाया की पहले अपने गांव से शुरूआत की। दारू भट्टी तोड़ा ,नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया और युवाओं को पर्यावरण,शिक्षा से जोड़ने की पहल की ।

लेकिन समुचित फंड के अभाव में अपने सपनों को वह रंग नहीं दे सकी जिसकी वो हकदार है।कार्य में निस्वार्थ भाव से लगी रही। उनकी टीम भी साथ है ।

संक्षिप्त जीवन परिचय – श्रीमती प्रेमशीला बघेल :जन्म 24 अप्रैल 1975 को महासमुंद के पंजाबी पारा में हुआ है। पिता श्री के.के. बघेल एवं माता श्रीमती बसंती बघेल है। इनके एक बहन है। इनकी स्कूली शिक्षा महासमुंद में सम्पन्न हुई तथा अपनी उच्च शिक्षा की पढ़ाई महासमुंद से की है। वे मात्र 19 वर्श की आयु से ही समाज कार्य में रूचि होने के कारण इन्होने सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना प्रारंभ किया तथा विभिन्न संगठनों के साथ सामाजिक उत्थान, जागरूकता के लिए कार्य किया। ग्रामीण और षहरी 15 हजार महिलाओं के समूह को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए पहल किया। महिला शिक्षा, हिंसा, बाल श्रम एवं लैंगिक भेदभाव जैसे मुद्दो पर प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान के माध्यम से सकारात्मक संदेश दिया। कुश्ठ पीड़ित दिव्यागों के स्व-सहायता समूह बनाकर वंचित एवं समाज से कटे हुये लोगो की आवाज बनी। इसके अलावा सन् 2000 में महिलाओं पर बढ़ते हिंसा एवं गरीबी जैसे ज्वलन्त मुद्दो को संयुक्त राष्ट्र संघ के माध्यम से वर्ड मार्च आफ वूमेन जैसे कार्यक्रम में भाग लिया। वर्तमान में महिलाओं के आजीविका पर कार्य कर रही है।

उन्होंने 19 वर्ष की उम्र में 1996 से 2005 तक महासमुंद स्थित सामाजिक संस्था से बालवाड़ी शिक्षिका से सामाजिक बदलाव की शुरुवात की। तब से आज तक अनवरत शासकीय और अशासकीय संस्थाओं के साथ मिलकर आवाज बुलंद कर रही है।

महासमुंद/तहसील पिथौरा में धान भंडारण पर कार्रवाई, 300 बोरी धान जप्त

महासमुंद/तहसील पिथौरा में धान भंडारण पर कार्रवाई, 300 बोरी धान जप्त

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही हैं।

इसी तारतम्य में तहसील पिथौरा अंतर्गत ग्राम भुरकोनी (जगदल्ला) में संदिग्ध धान भंडारण की सूचना प्राप्त होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिथौरा श्री बजरंग सिंह वर्मा के मार्गदर्शन में 4 नवंबर को जांच दल द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई। जांच टीम में नायब तहसीलदार पिथौरा श्री ललित सिंह, राजस्व निरीक्षक श्री शिव शंकर ठाकुर एवं पटवारी श्री विनय कुमार पटेल शामिल थे। दल द्वारा मौके पर पहुँचकर जांच की गई।

ग्राम में स्थित रंगमंच के कमरे में लगभग 300 बोरियों में धान का अवैध भंडारण पाया गया। तत्पश्चात धान को ताला बंद कर सील किया गया तथा संरक्षित रखने के लिए उपस्थित ग्राम कोटवार को जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही मंडी सचिव को भी इसकी सूचना दी गई। निर्देशानुसार आज मंडी सचिव एवं उनकी टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर मंडी अधिनियम के तहत उक्त धान को जप्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।