छत्तीसगढ़/रायगढ़ में नाबार्ड टेंडर का झांसा देकर महिला से 50 लाख की ठगी, आरोपी सुदीप मंडल गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/रायगढ़ में नाबार्ड टेंडर का झांसा देकर महिला से 50 लाख की ठगी, आरोपी सुदीप मंडल गिरफ्तार

 

छत्तीसगढ़/रायगढ़ चक्रधरनगर पुलिस ने धोखाधड़ी मामले के फरार आरोपी सुदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला ग्राम खोखरी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा की महिला अनिता साहू की लिखित शिकायत से जुड़ा है, जिसमें असीम कृपा फाउंडेशन के संचालक रंजीत चौहान और अन्य पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप दर्ज कराया गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, जो कृषि उत्पादों का व्यवसाय करती है का नवंबर 2024 में रंजीत चौहान ने नाबार्ड का 6 करोड़ रुपये का फर्जी टेंडर दिखाकर विश्वास दिलाया कि कंपनी को बड़ा फायदा होगा।

उसने भरोसा जताने के लिए टेंडर की नकली प्रति और 50 लाख रुपये का चेक दिखाया तथा ऑर्डर के पहले 50 लाख रुपये जमा करने की मांग की। इसके झांसे में आकर कंपनी के बोर्ड आफ डायरेक्टरों ने 27 लाख रुपये फाउंडेशन के खाते में और 23 लाख रुपये नकद दिए।

जांच में यह पूरा प्रकरण फर्जी पाया गया और आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में 21 मई को धारा 318 (4), 3 (5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आगे की विवेचना में नाबार्ड का टेंडर जाली दस्तावेज साबित होने पर धारा 336 (3), 338, 340 (2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

मुख्य आरोपित रंजीत चौहान को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सह-आरोपित सुदीप मंडल व अन्य फरार थे जिनकी लगातार पतासाजी की जा रही थी और कल 22 अगस्त को आरोपित सुदीप मंडल को पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित सुदीप मंडल (40) पिता अर्जुन मंडल निवासी सुभाष नगर बंगाली कालोनी चक्रधरनगर रायगढ़ को आज चक्रधरनगर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

CG: रामसेतु पुल पर युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा, नर्सिंग कॉलेज में सिलेक्शन नहीं हुआ तो सुसाइड करने पहुंची

CG: रामसेतु पुल पर युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा, नर्सिंग कॉलेज में सिलेक्शन नहीं हुआ तो सुसाइड करने पहुंची

छत्तीसगढ़/बिलासपुर नर्सिंग कॉलेज में सिलेक्शन नहीं होने पर तखतपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती आत्महत्या के लिए रामसेतु के रेलिंग पर चढ़ गई। युवकों ने बातचीत में उलझाकर उसे किसी तरह रेलिंग से खींच लिया। युवती को सरकंडा पुलिस के हवाले किया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

सिलेक्शन नहीं होने पर सुसाइड करने का सोचा

सरकंडा टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि तखतपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। युवती नर्सिंग कालेज में एडमिशन लेना चाहती थी। इसमें उसका सिलेक्शन नहीं हो पाया। इसके कारण युवती परेशान थी। इसी कारण वह शनिवार की देर रात रामसेतु के पास पहुंच गई।

युवती नदी में छलांग लगाने के लिए पुल के रेलिंग पर चढ़ गई। तभी वहां से गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी। युवकों ने उसे बातचीत में उलझाया। साथ ही इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान ही एक्टिवा सवार युवक वहां पहुंचा। उसने गाड़ी खड़ी कर पीछे से युवती को पकड़ लिया। उसे रेलिंग से उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में अब तक किसी गंभीर घटना की जानकारी नहीं मिली है।

टीआई पहुंचे मौके पर, युवती को बताया जीवन और परिवार का महत्व

घटना की जानकारी लगते ही टीआई निलेश पांडेय मौके पर पहुंचे। युवती को साथ लेकर वे थाने पहुंचे। टीआई ने युवती से मनोवैज्ञानिक तरीके से बातचीत की। इससे युवती ने उनसे खुलकर बातचीत की। इधर टीआई ने युवती को जीवन और परिवार का महत्व समझाया। बातचीत के दौरान युवती भावुक हो उठी। उसने अपनी गलती को स्वीकार करते हुए संघर्ष और मेहनत से आगे बढ़ने की बात कही है। घटना की जानकारी स्वजन को दी गई है। उनके आने पर युवती को स्वजन के हवाले किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में रेलवे लाइन से कॉपर वायर चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार, 1900 मीटर के तार और बाइक बरामद

छत्तीसगढ़ में रेलवे लाइन से कॉपर वायर चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार, 1900 मीटर के तार और बाइक बरामद

 

छत्तीसगढ़/रायगढ़ घरघोड़ा पुलिस ने नवनिर्मित रेलवे लाइन से कॉपर वायर और अन्य उपकरण चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 1900 मीटर से अधिक तांबे के तार, कैटनरी एवं कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन सहित ओएचई फिटिंग्स बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 88 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त बाइक, लोहे की आरी पत्ती और टांगी भी जब्त की गई।

तीन अलग-अलग चोरी का पर्दाफाश

इस कार्रवाई से थाना घरघोड़ा में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी का पर्दाफाश हुआ है। रेल संपत्ति चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मुखबिरों को सक्रिय कर लगातार जानकारी जुटाई। इसी कड़ी में 23 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नुनदरहा के कुछ युवक चोरी का कापर वायर छिपाकर रखे हैं और ग्राहक की तलाश में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुष्यंत यादव, गजानंद चौहान, सचित चौहान, लवकेशचंद्र चौहान और पुरन चौहान को पकड़ लिया।

आरोपियों ने कबूला जुर्म

पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने कबूल किया कि 30 जून की रात दुष्यंत, गजानंद और सचित ने घरघोड़ा-भालुमुड़ा के बीच रेलवे लाइन के खंभा नंबर जी-3/1 से जी-3/6 के बीच से तांबा कैटनरी तार कीमती 15 हजार रुपये, 23 जुलाई को दुष्यंत, लवकेश और पुरन ने ग्राम कंचनपुर क्षेत्र के खंभा नंबर 38/6 से 38/12 के बीच से कैटनरी और कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन, स्विवेल क्लिप, जम्पर व स्प्राइस कीमती 41 हजार रुपये तथा 30 जुलाई की रात पुनः दुष्यंत, लवकेश और पुरन ने घरघोड़ा-भालुमुड़ा के बीच से तांबा तार कीमती लगभग 32 हजार रुपये की चोरी की थी।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर तीनों अपराधों में प्रयुक्त औजार और चोरी किया गया सामान जब्त किया। इसमें विभिन्न लंबाई के तांबे के तार, ओएचई फिटिंग्स, कैटनरी क्लिप, कांटेक्ट क्लिप, जम्पर, आरीपत्ती और टांगी शामिल हैं। घटनाओं में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपितों में दुष्यंत (22) पिता लखनलाल यादव, गजानंद (21)पिता अमरसाय चौहान, सचित (20) पिता रामनाथ चौहान, पुरन (26) पिता मोहितराम चौहान ,लवकेशचंद्र (25) पिता सुखसाय चौहान सभी निवासी ग्राम नुनदरहा, थाना घरघोड़ा शामिल है।

पिता का कर्ज चुकाने का अनोखा अंदाज… नदी में खोज रही थी SDRF टीम, बिलासपुर में निकला युवक

पिता का कर्ज चुकाने का अनोखा अंदाज… नदी में खोज रही थी SDRF टीम, बिलासपुर में निकला युवक

 

छत्तीसगढ़/जिले के पामगढ़ क्षेत्र के कमरीद गांव से लापता जिस युवक को पुलिस चार दिन से शिवनाथ नदी में गिरने की आशंका पर तलाश कर रही थी, वह सकुशल मिल गया है। युवक दिल्ली चला गया था, जिसे दिल्ली से वापस आने पर पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा है।

जानकारी के अनुसार चार दिन पहले लोगों को शिवनाथ नदी के पुल पर एक बाइक चालू हालत में मिली थी। बाइक के साथ एक फोन भी मिला था। जिससे लोगों को शक हुआ कि शायद युवक नदी में गिर गया होगा और डूब गया होगा। इस शक में पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम पिछले 4 दिनों से युवक की तलाश नदी में कर रही थी।

 

कर्ज चुकाने के लिए रची कहानी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक ने खूद अपने डूबने की झूठी कहानी रची। युवक ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसके पिता पर लाखों रुपये का कर्ज था और उसके नाम पर 40 लाख का इंश्योरेंस था। युवक ने यह साजिश रची जिससे की युवक को मृत समझकर उसके घर वालोंं को इंश्योरेंस का पैसा मिल जाए।

 

पुलिस ने ऐसे खोज निकाला

लेकिन मामला गुम हुए युवक की कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसकी तलाश की। जिसमें 20 अगस्त को इंस्टाग्राम एकाउंट से उसके सलामत होने की जानकारी मिली। जिसके बाद शक होने पर पुलिस ने तलाश तेज कर दी। 23 को युवक ने एक राहगीर का फोन लेकर अपने भाई को फोन किया। जिसकी जांच करते हुए पुलिस को पता चला कि युवक बिलासपुर में छिपा हुआ है।

तनौद गांव का युवक कौशल श्रीवास, कमरीद गांव के पुल के पास बाइक, 1 मोबाइल और एक जूता छोड़कर चला गया था। बाइक के चालू हालत में मौके पर मिलने से पुल के नीचे शिवनाथ नदी में आशंका को लेकर एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम चार दिन से खोजबीन कर रही थी। आखिरकार युवक कौशल श्रीवास बिलासपुर में मिल गया है, वह दिल्ली चला गया था और पुलिस की टीम ने युवक को पामगढ़ थाना लाया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

छत्तीसगढ़/कलयुगी बेटी ने पिता को रास्ते से हटाया, प्रेमी और दोस्त को रुपये का लालच दिया और… जानिए 4 साल बाद कैसे खुला मामला

छत्तीसगढ़/कलयुगी बेटी ने पिता को रास्ते से हटाया, प्रेमी और दोस्त को रुपये का लालच दिया और… जानिए 4 साल बाद कैसे खुला मामला

 

छत्तीसगढ़/जांजगीर चांपा पिता के द्वारा शराब बेचने से मना करने और जमीन का बंटवारा नहीं देने पर चार साल पहले बेटी राजिम उर्फ रजनी बाई ने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर अपने पिता भुखल रोहिदास की शराब में चूहा मार दवा मिलाकर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं पहचान छिपाने के लिए सिर को पत्थर से कुचलकर शरीर में पेट्रोल डालकर आग लगाकर जला दी थी और शव को छाता जंगल में फेंक दिया था।

बलौदा पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मधईपुर निवासी सुरेन्द्र नारंग ने 8 नवंबर 2020 को चौकी पंतोरा में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था, कि बिछलवा नरवा और छाता जगंल के पुल नहर पार में किसी अज्ञात पुरूष की जली हालत में मृत अवस्था में शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया था। अज्ञात पुरूष के शव की पहचान ग्राम बगडबरी निवासी भूखल रोहिदास के रूप में स्वजन ने की थी।

आरोपियों ने ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

बलौदा पुलिस ने आरोपी राजाबाबू खुंटे को न्यायालय से रिमांड में लिया है। आरोपी राजाबाबू खुंटे, उसके दोस्त पुरूषोत्तम खुंटे और प्रेमिका राजिम बाई को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। जिस पर आरोपी राजिम बाई उर्फ रजनी ने बताया कि वह शराब अपनी रोजी रोटी चलाने के लिए शराब बेचती है और उसके पिता भूखल रोहिदास द्वारा जमीन का बंटवारा नहीं दे रहा था।

इससे परेशान होकर उसने अपने प्रेमी ग्राम कुरमा थाना बलौदा निवासी राजाबाबू खुंटे 24 वर्ष और उसके दोस्त पुरूषोत्तम खुंटे 28 वर्ष को अपने पिता को रास्ते से हटाने के लिए रूपये का लालच दिया था। पुरूषोत्तम खुंटे व राजाबाबू खुंटे ने अपनी बाइक से भुखल दास को बैठाकर बिछलवा नरवा और छाता जगंल के पुल नहर पार में बैठाकर भुखल रोहिदास के शराब में चुहा मार दवा मिलाकर पिलाया दिया। इसके बाद उसके सिर में पत्थर मारकर शरीर में पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

ऐसे हुआ हत्या का पर्दाफाश

बलौदा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी राजाबाबू खुंटे ने 17 जुलाई को चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिर्री माइंस में एक युवक की हत्या की थी। इस मामले में चकरभाठा पुलिस ने 24 जुलाई को उसे चार अन्य आरोपितों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उससे वहां पूछताछ की तो उसने बताया कि चार साल पहले भी उसने बलौदा थाना क्षेत्र में इसी तरह अपने दोस्त के साथ मिलकर बगडबरी निवासी भुखल रोहिदास की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।

चकरभांठा पुलिस से जानकारी मिलने पर बलौदा पुलिस ने चार साल पुरानी मर्ग की फाइल खंगाली और भादवि की धारा 303, 201, 120 बी, 34 कायम कर विवेचना में लिया गया हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपित राजाबाबू खुंटे को रिमांड में लेकर पूछताछ की।

महासमुंद खल्लारी : घर के अंदर हुआ खून-खराबा, मां के वार से बेटा लहूलुहान, रास्ते में तोड़ा दम

महासमुंद खल्लारी : घर के अंदर हुआ खून-खराबा, मां के वार से बेटा लहूलुहान, रास्ते में तोड़ा दम

महासमुंद। के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली में शनिवार 23 अगस्त 2025 की शाम पारिवारिक विवाद के दौरान खौफनाक घटना घट गई।

ग्राम निवासी राजेन्द्र सोरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह शाम के समय अपने घर पर मां रूखमणी सोरी, पत्नी आरती और छोटे भाई धनंजय के साथ मौजूद था। तभी बड़ा भाई सुरज सोरी घर आया और गाली-गलौज करते हुए मां को मारने-पीटने लगा। इस दौरान राजेन्द्र ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिससे उसके दाहिने हाथ में खरोंच आई।

रिपोर्ट के अनुसार, सुरज सोरी ने अपशब्द कहते हुए धमकी दी और “मां को डउकी (पत्नी) बनाऊंगा” कहकर गाली-गलौज करता रहा। इस पर गुस्से और आक्रोश में आकर मां रूखमणी सोरी ने घर में रखे टंगिया से सुरज पर हमला कर दिया। बताया गया है कि उन्होंने सिर और गर्दन पर तीन बार वार किया, जिससे सुरज लहूलुहान होकर कमरे के भीतर जमीन पर गिर पड़ा। खून कमरे की दीवार, प्लास्टिक कुर्सी और पलंग पर भी बिखर गया।

घायल सुरज को तत्काल डायल-112 की मदद से इलाज के लिए महासमुंद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। वहीं आरोपी मां रूखमणी सोरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़:जापान में JETRO के प्रतिनिधियों से मिले CM साय, राज्य को निवेश के लिए किया आमंत्रित

छत्तीसगढ़:जापान में JETRO के प्रतिनिधियों से मिले CM साय, राज्य को निवेश के लिए किया आमंत्रित

छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान दौरे से छत्तीसगढ़ में नए निवेश, नवाचार और प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में विस्तार की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री साय ने शनिवार को अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गनाइजेशन (जेट्रो) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों नाकाजो काज़ुया, एंडो युजी और हारा हारुनोबू से भेंट कर निवेश एवं औद्योगिक सहयोग के संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में आइटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री ने जेट्रो के प्रतिनिधियों को प्रदेश की तेज़ी से प्रगति कर रही अर्थव्यवस्था में निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। साय ने राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों, हाल के सुधारों तथा स्टार्टअप और नई पीढ़ी के उद्योगों को प्रदान किए जा रहे सशक्त सहयोग पर प्रकाश डाला।

उभरता औद्योगिक व निवेश गंतव्य छत्तीसगढ़ :सीएम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़, भारत के हृदय स्थल में स्थित एक उभरता हुआ औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य है। राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सुगम प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना के माध्यम से वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रही है। जेट्रो प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा से छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक सहयोग की नई संभावनाओं को बल मिलेगा।

साय ने विश्वास व्यक्त किया कि जापान प्रवास से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य प्रदेश को न केवल औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है बल्कि उसे अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से विश्व पटल पर एक सशक्त पहचान दिलाना भी है।

डीप स्पेश प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित ‘डीप स्पेश – टू द मून एंड बीओन्ड’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचारों की यह समृद्ध झलक, आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से विकसित किए जा रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को नई दिशा और प्रेरणा देगी।

जापान में बसे भारतीयों से किया संवाद

मुख्यमंत्री साय ने जापान में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी भेंट एवं संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें राज्य की हालिया नीतिगत पहल, छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति सकारात्मक माहौल तथा बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर केंद्रित प्रयासों से अवगत कराया। भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने मुख्यमंत्री साय को आश्वस्त किया कि वे छत्तीसगढ़ और जापान के बीच संबंधों को सशक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देंगे तथा जापानी व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ में निवेश अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

महासमुंद/ग्राम जोगनीपाली में ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव प्रदर्शन

महासमुंद/ग्राम जोगनीपाली में ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव प्रदर्शन

 

महासमुंद/ ग्राम जोगनीपाली में शनिवार को किसानों के बीच ड्रोन तकनीक के माध्यम से नैनो यूरिया का छिड़काव कर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सरायपाली श्री जितेंद्र पटेल ने किसानों को पारंपरिक यूरिया के विकल्प के रूप में नैनो यूरिया के लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

 

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषक श्री अमृत पटेल, भोगलाल चौधरी, नेहरू चौधरी, चुम्बन लाल, बाबूलाल चौधरी, फागु लाल, शिवप्रसाद, वासुदेव साहू, गणेश साहू सहित लगभग 30 किसान उपस्थित रहे। किसानों को नैनो यूरिया के प्रयोग से लागत में कमी, मिट्टी की उर्वरता में वृद्धि और पर्यावरणीय लाभों के बारे में अवगत कराया गया।

छत्तीसगढ़ में वित्त विभाग और परीक्षा एजेंसियों में अटकीं 10 हजार से अधिक भर्ती परीक्षाएं, नौकरी के लिए भटक रहे युवा

छत्तीसगढ़ में वित्त विभाग और परीक्षा एजेंसियों में अटकीं 10 हजार से अधिक भर्ती परीक्षाएं, नौकरी के लिए भटक रहे युवा

 

छत्तीसगढ़: सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया फाइलों में अटकी हुई है। इसके कारण 10 हजार से अधिक पदों की भर्ती परीक्षाएं लंबे समय से विलंबित हैं। कुछ प्रस्ताव विभागीय स्तर पर अटके हैं तो कुछ वित्त विभाग की स्वीकृति का इंतजार कर रहे हैं।

वहीं, कई भर्तियों की फाइलें परीक्षा एजेंसियों छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) और व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के पास लंबित पड़ी हैं। सबसे ज्यादा प्रस्ताव शिक्षा विभाग से जुड़े हुए हैं, जहां पांच हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति की घोषणा की थी, लेकिन फिलहाल यह प्रक्रिया फाइलों में ही उलझी हुई है।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर स्पेशल एजुकेटर की भर्ती

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने स्पेशल एजुकेटर के 100 पद भरने की तैयारी की है। राज्य सरकार ने दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई के लिए कुल 848 पदों के सेटअप को मंजूरी दी है, लेकिन शुरुआती चरण में केवल 100 पदों पर भर्ती होगी। ये पद कोंडागांव, महासमुंद, जशपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, कबीरधाम सहित कई जिलों में भरे जाएंगे। इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपर वाइजरों के 100 से अधिक पदों पर भर्ती हाेनी है। महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक पदुम सिंह एल्मा ने बताया कि राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा है। वित्त से अनुमति के बाद भर्ती होनी है।

जेल और जल संसाधन विभाग की स्थिति

प्रदेश की जेलों में 100 प्रहरियों की भर्ती को हरी झंडी मिल चुकी है। हालांकि, भर्ती नियमों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। इस बार लिखित परीक्षा को सरल और शारीरिक परीक्षण को कठिन बनाने पर विचार किया जा रहा है।

इसी तरह जल संसाधन विभाग में अमीन के 50 पदों की भर्ती पर फैसला अटका हुआ है। विभाग के प्रमुख अभियंता के मुताबिक परीक्षा की जिम्मेदारी व्यापमं या पीएससी को दी जाएगी, लेकिन अंतिम निर्णय शेष है।

उच्च शिक्षा विभाग की भर्ती प्रक्रिया

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार उच्च शिक्षा विभाग ने भी वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजा है, जिसमें 2160 असिस्टेंट प्रोफेसर, 130 ग्रंथपाल और 130 खेल अधिकारी के पदों की भर्ती शामिल है।

चिकित्सकों की भर्ती

इसी बीच स्वास्थ्य विभाग में 1080 पदों पर भर्ती प्रक्रिया फाइलों में चल रही है। इनमें से 650 पदों को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 1067 पदों का प्रस्ताव शासन के पास विचाराधीन है। इन पदों में चिकित्सा विशेषज्ञ, अधिकारी, दंत चिकित्सक और वैज्ञानिक शामिल हैं।

विश्वविद्यालयों में 2000 से अधिक पद खाली

राज्य के राजकीय विश्वविद्यालयों में भी दो हजार से ज्यादा पदों की भर्ती अटकी हुई है। विधानसभा में विधायक मोतीलाल साहू के प्रश्न पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फरवरी 2025 में यह जानकारी दी थी।

पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर – कुल 841 पद (249 शैक्षणिक, 592 अशैक्षणिक)

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग – 175 पद (35 शैक्षणिक, 140 अशैक्षणिक)

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर – 192 पद (55 शैक्षणिक, 137 अशैक्षणिक)

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा – 196 पद (41 शैक्षणिक, 155 अशैक्षणिक)

शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर – 395 पद (201 शैक्षणिक, 194 अशैक्षणिक)

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ – 62 अशैक्षणिक पद

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ – 227 पद (101 शैक्षणिक, 126 अशैक्षणिक)

पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर – 91 पद

मुक्त विश्वविद्यालय बिलासपुर – 76 पद

मुख्यमंत्री की घोषणाओं वाली भर्तियाें के कोई भी प्रस्ताव यहां नहीं अटके हैं। शिक्षकों की भर्ती की स्थिति उनके विभाग से पूछ सकते हैं। यहां कोई फाइल नहीं राेकते हैं।

मुकेश कुमार बंसल, सचिव, मुख्यमंत्री व वित्त विभाग।

रायपुर में MDMA Drug के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली से लाए थे नशे की खेप, पार्टियों में करते थे सप्लाई

रायपुर में MDMA Drug के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली से लाए थे नशे की खेप, पार्टियों में करते थे सप्लाई

रायपुर। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी लंबे समय से रायपुर शहर में होटल, क्लब और बड़ी पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई करते थे। गंज थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले में जल्द ही राजफाश करेगी।

जानकारी के अनुसार, कटोरा तालाब निवासी हर्ष आहूजा सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी कार से भागने का प्रयास करने लगे। सामने खड़े जवानों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। कार छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इस घटना में कुछ पुलिस जवान भी घायल हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। जब्त किया गया एमडीएमए ड्रग्स दिल्ली से लाया गया था, जिसे रायपुर में पार्टियों और क्लबों में खपाने की योजना थी। अब यह जांच की जा रही है कि दिल्ली से खेप किसके जरिए भेजी गई थी और तस्करी की सप्लाई चेन कहां तक फैली हुई है।

आरोपियों के पास से मिला 27.58 ग्राम MDMA

गंज थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक किआ कार, नगदी 85,300 रुपए और 27.58 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स (कीमत करीब दो लाख रुपए) जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष आहूजा, मोनु विश्नोई और दीप धनोरिया के रूप में हुई है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों के पास से कई अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस दिल्ली से जुड़ी सप्लाई लाइन को खंगाल रही है और जल्द ही अन्य आरोपितों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।