छत्तीसगढ़ भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए योजनाबद्ध हो रहा कार्य : वित्त मंत्री श्री चौधरी

छत्तीसगढ़ भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए योजनाबद्ध हो रहा कार्य : वित्त मंत्री श्री चौधरी

छत्तीसगढ़ में मिल रहे निवेश प्रस्ताव से रोजगार की संभावनाएं बढ़ी: उद्योग मंत्री श्री देवांगन

लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ की वार्षिक बैठक और उद्यमी सम्मेलन संपन्न

वित्त मंत्री श्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि पहली से 15 वीं सदी तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी और इसका श्रेय हमारे छोटे-छोटे उद्योगों को जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए योजनाबद्ध कार्य हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार उद्यमियों के सुझावों को गंभीरता से लेकर उन्हें अमल में लाने हेतु प्रतिबद्ध है। श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ राज्य की नई औद्योगिक नीति से रोजगार ओर स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ी है।

लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित वार्षिक बैठक एवं उद्यमी सम्मेलन में उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप, राज्य सरकार का लक्ष्य 2047 तक छत्तीसगढ़ को भी विकसित राज्य बनाना है। अब तक 6.5 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनसे हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली विकसित की जा रही है, और बजट में सब्सिडी के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

सम्मेलन में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र मुख्य वक्ता रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीगसढ राज्य औद्योगिक विकास निगम  के चेयरमैन श्री राजीव अग्रवाल एवं लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री समीर मुंदरा उपस्थित रहे। सी एस आई डी सी के चेयरमैन श्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति निवेश के लिए अत्यंत अनुकूल है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने लघु उद्योग भारती के प्रयासों की सराहना की और इसे छोटे उद्योगों के हित में एक प्रेरणादायक कदम बताया। संगठन की इस पहल से प्रदेश में लघु उद्योग क्षेत्र को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री समीर मुंदरा ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के सुझाव रखते हुए छत्तीसगढ़ में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने उद्यमियों के साथ अपने संवाद को अत्यंत सकारात्मक और प्रेरक बताया।

कार्यक्रम का प्रथम चरण संगठन की वार्षिक बैठक पर केंद्रित था, जिसमें प्रदेश भर की 22 पूर्ण इकाईयों एवं 14 संयोजक इकाईयों ने भाग लिया। सरगुजा से लेकर बस्तर तक की सभी इकाईयों ने अपने क्षेत्रीय उद्योगों से संबंधित मुद्दों और अनुभवों को साझा किया। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। लघु उद्योग भारती के संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र ने भारत के ऐतिहासिक औद्योगिक वैभव का उल्लेख करते हुए उद्यमियों को पुनः उस गौरव को प्राप्त करने के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश सिंघानिया ने स्वागत भाषण में संगठन की रीति-नीति पर प्रकाश डाला। प्रदेश महामंत्री डॉ श्रीमती सीपी दुबे ने दो वर्षों के कार्यकाल में संगठन द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री दीपक उपाध्याय ने वित्तीय जानकारी दी, और संयुक्त महामंत्री श्री कैलाश चंद्रवंशी ने नवचयनित पदाधिकारियों का परिचय कराया। कार्यक्रम में श्री ईश्वर पटेल, किशोर पटेल, रवि वर्मा, मोहन पटेल, योगेश पटेल सहित सभी इकाइयों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

 

छत्तीसगढ़: भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर: छत्तीसगढ़ के लिए नए अवसरों का द्वार

छत्तीसगढ़: भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर: छत्तीसगढ़ के लिए नए अवसरों का द्वार

मुख्यमंत्री श्री साय बोले – भारत-यूके एफटीए से किसानों, बुनकरों और युवाओं के लिए खुलेगा वैश्विक बाज़ार

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच मुक्त व्यापार समझौते को भारत की विकास यात्रा का नया अध्याय बताया है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह समझौता न केवल भारत के आर्थिक क्षितिज को विस्तार देगा, बल्कि विशेष रूप से ऐसे राज्य जो कृषि, शिल्प, लघु और कुटीर उद्योगों पर आधारित हैं – जैसे छत्तीसगढ़ – उन्हें वैश्विक व्यापार का हिस्सा बनने का ऐतिहासिक अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत-यूके एफटीए से भारत के 99% निर्यात उत्पादों को ब्रिटेन में शुल्क मुक्त पहुंच मिलेगी। इससे किसानों, एमएसएमई, हस्तशिल्पियों, बुनकरों और पारंपरिक उत्पादों को सीधे लाभ मिलेगा। इस समझौते से अनुमानित $23 अरब डॉलर के नए व्यापार अवसर खुलेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम छत्तीसगढ़ जैसे कृषि और श्रम प्रधान राज्यों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता छत्तीसगढ़ के लिए कृषि को बल, उद्योग को संबल और युवाओं को नए रोजगार के अवसर देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादकों को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए विशेष प्रशिक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण, और निर्यात सहायता केंद्रों की स्थापना पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को कोटिशः धन्यवाद देते हुए कहा कि यह उनके दूरदर्शी नेतृत्व, आर्थिक सुधारों और ‘वोकल फॉर लोकल’ को ग्लोबल स्तर पर पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

 

छत्तीसगढ़ : ‘कौशल तिहार 2025‘ लाइवलीहुड कॉलेज, गरियाबंद में 28 और 29 जुलाई को प्रतियोगिता का आयोजन

छत्तीसगढ़ : ‘कौशल तिहार 2025‘ लाइवलीहुड कॉलेज, गरियाबंद में 28 और 29 जुलाई को प्रतियोगिता का आयोजन

युवाओं को प्रशिक्षित और कौशल बनाकर रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ‘कौशल तिहार 2025‘ का आयोजन किया जा रहा है। कौशल विकास विभाग, गरियाबंद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम ‘इंडिया स्किल्स 2025‘ की राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए युवाओं को एक मंच भी प्रदान करेगा।

इसके तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 28 और 29 जुलाई 2025 को लाइवलीहुड कॉलेज, गरियाबंद में होगी। इसमें मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षित एवं प्रशिक्षणरत युवा भाग ले सकते हैं।

इसके तहत 28 जुलाई को ऑटोमेटिव टेक्नोलॉजी ट्रेड अंतर्गत टैक्सी ड्राइवर एवं ड्राइविंग अस्सिटेंट एवं रिन्यूएबल एनर्जी ट्रेड अंतर्गत सूर्यमित्र तथा 29 जुलाई को जल वितरण संचालक एवं जनरल ड्यूटी, असिस्टेंट ट्रेड संबंधी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए इच्छुक और पात्र उम्मीदवार सीएसएसडीए पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण स्वयं अथवा जिले के पंजीकृत बीटीपी संस्थाओं के माध्यम से कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 07706299295, 8871270706, और 7772895031 पर संपर्क कर सकते हैं।

पंजीकरण के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश सीएसएसडीए की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। ऐसे युवा, विशेषकर जो कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, वे भी इस अवसर का लाभ उठा सकते है।

 

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव 27 जुलाई को सरायपाली और बागबाहरा के दौरे पर रहेंगे विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव 27 जुलाई को सरायपाली और बागबाहरा के दौरे पर रहेंगे विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे

महासमुंद/छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव 27 जुलाई 2025 को महासमुंद जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। दौरा कार्यक्रम के अनुसार वे प्रातः 9:30 बजे नया रायपुर अटल नगर से प्रस्थान कर सरायपाली, जिला-महासमुंद हेतु रवाना होंगे।

उपमुख्यमंत्री श्री साव दोपहर 12:00 बजे घंटेश्वरी मंदिर,सरायपाली पहुंचेंगे, मंदिर के समीप वे अटल परिसर का लोकार्पण एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा।

इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे उपमुख्यमंत्री श्री साव

सरायपाली में नई मंडी प्रांगण पहुंचेंगे जहां विशाल सभा को संबोधित करेंगे।तत्पश्चात दोपहर 3 बजे बागबाहरा के लिए प्रस्थान करेंगे, वे यहां

सायं 4:30 बजे से कृषि उपज मंडी परिसर, बागबाहरा में आयोजित अटल परिसर का लोकार्पण एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे इसके उपरांत वे सायं 5:30 बजे बागबाहरा से प्रस्थान कर रायपुर लौटेंगे।

थाना सांकरा क्षेत्र ग्राम बंसुला में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत रिपोर्ट दर्ज

थाना सांकरा क्षेत्र ग्राम बंसुला में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

ग्राम पंडरीपानी निवासी तरुण कुमार सिदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पुत्र डिगम्बर सिदार (उम्र 21 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। प्रार्थी के अनुसार, दिनांक 24 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे डिगम्बर सिदार ग्राम पलसापाली निवासी अपने रिश्तेदार देवेंद्र नेताम की मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 GT 3511) लेकर निकला था।

पदमपुर रोड राइस मिल के पास, ग्राम बंसुला में किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में डिगम्बर सिदार को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों की सूचना पर प्रार्थी बसना के शासकीय अस्पताल पहुंचा, जहां उसने अपने पुत्र को मृत अवस्था में देखा। डिगम्बर सिदार के बाएं आंख, भौं, माथे और जबड़े में गंभीर चोटें आई थीं और खून बह रहा था।

सांकरा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 184-MOT, 106(1)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद वन परिक्षेत्र में चैनलिंक फेंसिंग चोरी, रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद वन परिक्षेत्र में चैनलिंक फेंसिंग चोरी, रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद। वन परिक्षेत्र महासमुंद में चोरी की घटना सामने आई है। परिसर रक्षी ने बताया कि उसके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत कक्ष क्रमांक 69, रकबा 20 हेक्टेयर में भारतमाला परियोजना के तहत क्षतिपूर्ति सिंचित मिश्रित वृक्षारोपण किया गया है, जिसकी सुरक्षा हेतु चैनलिंक फेंसिंग लगाई गई थी।

20 जुलाई 2025 की शाम 6 बजे निरीक्षण में सभी फेंसिंग तार सही-सलामत थे, लेकिन 21 जुलाई की सुबह 6 बजे पुनः निरीक्षण करने पर करीब ₹14,000 मूल्य के लोहे के 3 बंडल चैनलिंक फेंसिंग तार चोरी पाए गए। आसपास तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर 25 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने इस मामले में धारा 305(e)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोमाखान/खट्टी गांव में अतिक्रमण विवाद पर मकान तोड़फोड़, गाली-गलौज और धमकी – FIR दर्ज

कोमाखान/खट्टी गांव में अतिक्रमण विवाद पर मकान तोड़फोड़, गाली-गलौज और धमकी – FIR दर्ज

महासमुंद (कोमाखान)। ग्राम खट्टी में अतिक्रमण हटाने के विवाद में दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की घटना सामने आई है।

शिकायतकर्ता शिवचरण कुर्रे (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम खट्टी ने थाना कोमाखान में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि लगभग 5 माह पहले उसने शासकीय जमीन पर 12×15 का कच्चा मकान बनवाया था, जिस पर लगभग 50,000 रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि गांव के ही कौशिक राम पटेल और जोगेन्द्र पटेल लगातार उसे अतिक्रमण हटाने को लेकर धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि उसका मकान वे स्वयं तोड़ देंगे।

शिकायत के अनुसार, दिनांक 05 जुलाई 2025 की रात को उक्त दोनों व्यक्तियों ने जेसीबी से उसका मकान तोड़कर पूरी तरह नष्ट कर दिया। अगले दिन जब शिकायतकर्ता ने इस बारे में पूछताछ की तो दोनों ने अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना को शिकायतकर्ता के भाई गौकरण कुर्रे ने भी देखा और सुना।

घटना की लिखित रिपोर्ट थाना कोमाखान में दर्ज कराई गई है। पटवारी द्वारा भी इस प्रकरण की जांच रिपोर्ट तहसील कार्यालय में जमा की गई है। पुलिस ने मामले में कौशिक राम पटेल, जोगेन्द्र पटेल एवं जेसीबी ऑपरेटर के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है।

बागबाहरा शासकीय महाविद्यालय बागबाहरा में पत्रकारों द्वारा किया गया इंटर्नशिप प्रमाण -पत्र का वितरण

बागबाहरा शासकीय महाविद्यालय बागबाहरा में पत्रकारों द्वारा किया गया इंटर्नशिप प्रमाण -पत्र का वितरण

बागबाहरा – शासकीय खे.ल.कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय बागबाहरा में प्राचार्य डॉ.रश्मि मिंज के मार्गदर्शन में हिंदी विभाग के द्वारा इंटर्नशिप सफलता पूर्वक पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरण किया गया। इस अवसर पर रवि सेन अध्यक्ष प्रेस क्लब बागबाहरा मुख्य अतिथि एवं देवेंद्र साहू वरिष्ठ पत्रकार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

रवि सेन ने उपस्थित विद्यार्थियों से कहा कि भारतीय प्रेस की शुरुआत 1780 में बंगाल गजट से शुरू हुई। भारत में शुरुआती प्रेस को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा ।आजादी के बाद प्रेस लोकतंत्र को आकार देने में महत्वपूर्ण तत्व रहा है।इसने जनता को सरकारी कार्यों एवं नीतियों से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

समाचार पत्र एवं पत्रिकाएं चर्चा और बहस के मंच के रूप में कार्य कर रहे है,जिसमें नागरिकों को महत्वपूर्ण मुद्दों से जुड़ने का अवसर मिला है। आप सभी विद्यार्थियों का एक स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण के लिए सहभागिता आवश्यक है। विशेष अतिथि देवेंद्र साहू ने कहा कि भ्रष्टाचार ,सामाजिक अन्याय और मानवाधिकार उल्लंघन का उजागर प्रेस करती है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रेस एक प्रहरी के रूप में कार्य करती है,जो महत्वपूर्ण मुद्दों को जनता के ध्यान में लाती है और आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेरित करती है।

अवगत हो कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के एम ए हिंदी द्वितीय सेमेस्टर में इंटर्नशिप का पाठ्यक्रम शामिल है जिसमें विद्यार्थी प्रेस क्लब बागबाहरा के अधीन रहकर 30 घंटे का पत्रकारिता प्रशिक्षण प्राप्त किए जिसमें प्रिंट मीडिया में समाचार संकलन,साक्षात्कार,प्रेस विज्ञप्ति,सार्वजनिक दस्तावेज,प्रत्यक्ष निरीक्षण के माध्यम से समाचार लेखन शैलियों जैसे समाचार रिपोर्ट, फीचर लेख, संपादकीय आदि तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में रिपोर्टिंग की तकनीक, लाइव कवरेज, कैमरा फेसिंग, बाइट लेने की प्रक्रिया,और सोशल मीडिया की भूमिका की गहन जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का कार्य प्रेस क्लब बागबाहरा के अध्यक्ष रवि सेन, देवेंद्र साहू, महेश हरपाल वरिष्ठ पत्रकारों के द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन गजानंद बुडेक सहायक प्राध्यापक वाणिज्य एवं आभार प्रदर्शन डॉ.कृष्ण कुमार साहू विभागाध्यक्ष हिन्दी के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में हिंदी विभाग के विद्यार्थियों के साथ बीरेंद्र सिंह ठाकुर सहायक प्राध्यापक राजनीति एवं डॉ.लक्ष्मण सिंह साहू (प्रमुख ग्रंथपाल) सहित एम. ए. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र दिव्या साहू , रानी , नंदनी , प्रियंका , गुंजन , खिलेश्वरी , अंजली, कृष्ण कुमार देवांगन , देवकी दीवान , रूखमणि , रंजना साहू , आशीष कुमार , हेमपुष्पा , दिव्या साहू , शारदा कमार , दुर्गा सिंग , पूर्णिमा साहू , दामिनी , लता एवं ओमेश्वरी सिंग उपस्थित रहे ।

सिंघोडा: ग्राम खरखरी  गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

सिंघोडा: ग्राम खरखरी  गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

सिंघोडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरखरी निवासी प्रदीप विशाल (23 वर्ष) ने अपने पड़ोसी दुकानदारों चंद्रहास प्रधान एवं निखिल प्रधान पर अश्लील गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्रार्थी प्रदीप विशाल ने थाना सिंघोडा में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि दिनांक 19 जुलाई 2025 को वह सागरपाली चौक स्थित अपनी “डेली निड्स” दुकान में था। इसी दौरान चंद्रहास प्रधान और निखिल प्रधान दुकान जलाने के मुद्दे पर विवाद करने लगे और अचानक गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर प्रदीप के बड़े भाई संदीप विशाल और बंशीधर विशाल मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी गालियां दीं और धमकाया।

आवेदन के आधार पर थाना सिंघोडा पुलिस ने धारा 296-BNS, 351(2)-BNS और 3(5)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

महासमुंद/ग्राम बुन्देली भूरकोनी शराब भट्ठी के पास मारपीट और जान से मारने की धमकी रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद/थाना ग्राम बुन्देली भूरकोनी शराब भट्ठी के पास मारपीट और जान से मारने की धमकी रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद तेंदुकोंना ग्राम बुन्देली निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 24 जुलाई 2025 की रात करीब 9:30 बजे वह शराब लेने भूरकोनी स्थित शराब भट्ठी गया था। उसी समय शराब भट्ठी के सामने भूरकोनी के धन्नु ठाकुर और पोखराज यादव किसी व्यक्ति से विवाद कर रहे थे। जब उसने विवाद रोकने की कोशिश की, तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

रिपोर्ट में बताया गया है कि धन्नु ठाकुर ने बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और दाहिने हाथ की छोटी व अनामिका उंगली कट गई। पोखराज यादव ने भी उसके सीने और कंधे पर मुक्के और थप्पड़ मारे।

इस दौरान बीच-बचाव करने आए हरीराम सागर पर भी धन्नु ठाकुर ने बीयर की बोतल से हमला किया, जिससे उसके बाएं गाल और होंठ पर चोट आई और खून बहने लगा। पोखराज यादव ने भी हरीराम सागर की आंख के पास थप्पड़ मारा, जिससे वहां सूजन हो गई।

घटना के दौरान भानुराम ठाकुर और कमलेश साहू मौके पर पहुंचे और दोनों पीड़ितों को बचाया। पुलिस ने शिकायत पर धारा 296, 115(2), 351(2), 118, 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।