बलौदाबाजार- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्यायें गंभीरता एवं संवेदनशीलतापूर्वक सुनी और सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये। पिछले सप्ताह की भांति इस सप्ताह भी विभिन्न विकासखंड मुख्यालय से ग्रामीण ऑनलाइन जुड़कर अपनी समस्या रखे। कलेक्टर शर्मा ने विकासखण्ड सिमगा के जनपद कार्यालय से ऑनलाइन जुड़े ग्राम लिमतरा निवासी रामचंद्र के आवेदन की सुनवाई करते हुए उसके निराकरण के लिये जिला अंत्यावसायी अधिकारी को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिये। रामचंद्र पिता समारु राम ने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2017-18 में शिवकुमार टंडन पिता सोमनाथ टंडन निवासी ग्राम लिमतरा ने जिला अंत्याव्यवसायी सहकारी विकास समिति बलौदाबाजार से ट्रैक्टर के लिए ऋण प्राप्त किया था। शिवकुमार टंडन ने बिना अनुमति के उक्त ऋण में रामचंद्र को जमानतदार बनाया है। जमानत हेतु किसी भी दस्तावेज में कोई हस्ताक्षर नहीं किया गया है। अब हितग्राही द्वारा ऋण राशि नहीं चुकाने पर बैंक द्वारा जमानतदार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इसी तरह कई ग्रामीणों ने पीएम आवास, महतारी वंदन, पेंशन, राशन कार्ड एवं राजस्व सम्बंधित समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किये।
महासमुंद : कलेक्टर ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के दिए निर्देश
महासमुंद – कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक के पश्चात सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं जिला अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने निर्देशित किया कि स्कूलों में विद्यार्थियों के माध्यम से पालकों से संपर्क स्थापित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके। कलेक्टर ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात विभाग को निर्देशित किया गया कि हेलमेट न पहनने एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान की प्रभावी कार्रवाई करें।
रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु कलेक्टर ने एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग तथा नगरीय निकायों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मवेशियों को सड़कों से हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पशु मालिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) एवं नवीन ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया। साथ ही ओवरलोड संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रतीक शुक्ला ने बताया कि आगामी सत्र 2026-27 में प्रारंभ होने के पूर्व माह जून 2026 के प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह में जिले में संचालित समस्त स्कूल बसों का जांच किए जाने की कार्ययोजना तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 4 नवीन ब्लैक स्पॉट करणी कृपा प्लांट तुमगांव, बावनकेरा चौक थाना पटेवा, न्यू गिल ढाबा साल्हेतराई थाना बसना एनएच 53 एवं कांग्रेस भवन चौक महासमुंद एनएच 353 को चिन्हांकित किया गया है। जिसमें आवश्यक सुधारात्मक उपाय किया जाएगा। कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
महासमुंद : कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
महासमुंद – शासन के निर्देशानुसार समय-सीमा की बैठक आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ सहित जिला स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे एवं जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार एवं अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा व रवि साहू सभाकक्ष में मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जिन कार्यालयों में अभी तक आधार बेस्ड उपस्थिति लागू नहीं हुई है, वहां इसे अनिवार्य रूप से प्रारंभ किया जाए। सभी विभाग प्रमुखों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने कहा गया। कलेक्टर ने कहा कि आगामी 01 जून से ई-फाइल प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू की जाएगी। जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यालयों में आवश्यक तैयारी समय रहते पूर्ण कर ली जाए, ताकि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं गति लाई जा सके।
कलेक्टर ने किसानों द्वारा पराली जलाने की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि खेतों में पराली जलाने से आगजनी की बड़ी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जन-धन एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोटवारों के माध्यम से गांवों में लगातार मुनादी कराई जाए तथा किसानों को जागरूक किया जाए। एसडीएम एवं तहसीलदारों को इस संबंध में कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व अधिकारियों को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने कहा गया। उन्होंने कहा कि यह नियम निरंतर प्रभाव से लागू रहेगा। सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अब तक 31 शिविरों में कुल 22 हजार 648 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 11 हजार 723 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को शेष लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में खाद दुकानों के भौतिक सत्यापन के निर्देश देते हुए कहा गया कि स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानों को तत्काल सीज किया जाए। खाद विक्रय में किसी प्रकार की धांधली अथवा कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इस संबंध में सतत कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए तथा पीओएस मशीन के माध्यम से ही खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए एवं खाद वितरण का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों का एग्रीस्टैक में पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। कलेक्टर ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए आगामी तीन माह के लिए सभी राशन दुकानों में राशन भंडारण के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जल संरक्षण के लिए मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0 के तहत कलेक्टर ने अधिक से अधिक सोखता गड्ढे, डबरी, तालाब एवं अन्य जल संरचनाओं का निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए है। साथ ही इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। सभी विभागों को समन्वय के साथ अभियान का क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। जल संचयन भागीदारी में अभी तक 74 हजार संरचना का निर्माण हुआ है। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को अपने खेत अथवा बाड़ियों में सोख्ता गड्ढा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 के अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
इसी तरह कलेक्टर ने अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों एवं छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। रेत के अवैध उत्खनन के लिए संयुक्त टीम को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में रेत का अवैध परिवहन और उत्खनन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने राजस्व विभाग अंतर्गत विवादित एवं अविवादित प्रकरणों तथा स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, जनशिकायत, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
महासमुंद पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए ‘ऑन द स्पॉट’ कार्रवाई के निर्देश
महासमुंद। जन समस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू लगातार लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। साथ ही सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने व तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान के लिए निर्देशित भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को पालिका अध्यक्ष साहू ने पालिका कार्यालय में नगर वासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया।
पालिका अध्यक्ष साहू ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना पालिका का प्रथम दायित्व है। संबंधित शिकायतों, मांगों का समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कल साहू से मुलाकात करने पालिका कार्यालय में विभिन्न मोहल्लों और वार्डों से लोग पहुंचे थे। नागरिकों ने नाली में जलभराव, स्ट्रीट लाइट की खराबी, सफाई व्यवस्था, गलियों की मरम्मत और बोर खनन, आवास, पट्टा, पेंशन संबंधी मांग सहित अनेक समस्याएं उनके समक्ष रखी। अध्यक्ष श्री साहू ने सभी नागरिकों की बातें एक-एक कर सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इन शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भड़कीं सरायपाली विधायक चातुरी नंद, कहा- आम जनता की जेब पर डाका डाल रही केंद्र सरकार
महासमुंद। केंद्र सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में की जा रही बढ़ोतरी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और अव्यवस्थित प्रबंधन का खामियाजा आज देश की जनता भुगत रही है। कहा कि पेट्रोल में 3 रुपए 29 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए 11 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम जनता की जेबों में डाका डालने जैसा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ ईंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर माल ढुलाई, सार्वजनिक परिवहन,खेती किसानी और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर भी पड़ेगा।
उन्होंने कहा है कि डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ेगी, सिंचाई प्रभावित होगी और बाजार में खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक की कस्बों में और तेजी आएगी। देश पहले ही बढ़ती महंगाई, युवाओं में बेरोजगारी, छोटे व्यापारियों की आर्थिक परेशानी और घटती क्रय शक्ति जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने आर्थिक अस्थिरता का माहौल बन रहा है। बाजार में अनिश्चितता है, निवेश प्रभावित हो रहा है, रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और लगातार बढ़ती कीमतों से हर वर्ग परेशान है। इससे साफ है कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार हालात संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
विधायक नंद ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए, बाजार में आपूर्ति सामान्य की जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
भाजपा नेता दुलीकेशन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पिथौरा थाने का घेराव किया
महासमुंद । भाजपा नेता दुलीकेशन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कल पिथौरा थाने का घेराव किया।
एक विज्ञप्ति जारी कर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चंद्राकर, प्रदेश संयुक्त सचिव संजय यादव ने जानकारी दी है कि पूर्व निर्धारित सूचना के तहत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पिथौरा थाना पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी और नारेबाजी हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर पद का दुरुपयोग करने और आम जनमानस में पुलिस की छवि खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है।
आम आदमी पार्टी के जिला पदाधिकारियों का आरोप है कि भाजपा नेता दुलीकेशन साहू के खिलाफ एफआईआर होने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। इसी बात से नाराज होकर बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता पिथौरा थाने पहुंचे थे।
मामला यह है कि डोगरीपाली में पीडि़त थमबोध कोड़ाकू के अनुसार खरीफ सीजन के दौरान अपने परिवार के साथ खेत में धान की कटाई कर रहे थे। तभी आरोपी दुलीकेशन साहू और किरण साहू वहां पहुंचे और खेत को अपना बताते हुए धान की कटाई रोकने लगे। विरोध करने पर कथित रूप से जातिसूचक गाली-गलौच की गई तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
लगातार कार्रवाई की मांग के बाद लगभग छह महीने पश्चात 6 मई 2026 को थाना पिथौरा में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3-1, 3-2 अ तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351-2 एवं 3-5 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
आप नेताओं का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। आप पार्टी ने आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर ही कल थाने का घेराव किया था।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता थाने के मुख्य गेट से अंदर जाने की कोशिश करने लगे। पुलिस कर्मियों ने जब उन्हें रोका तो दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस के विरोध नारेबाजी तेज कर दी। थाने के सामने करीब 20 मिनट प्रदर्शन चलता रहा। जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया।
मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस पूरी तरह से दबाव में काम कर रही है। नामजद आरोपी भाजपा नेता दुलीकेशन साहू खुलेआम घूम रहा है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। यदि जल्द ही गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी और 7 जून को सीएम निवास का घेराव करेगी।
प्रदर्शन पश्चात आप कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को पुलिस अधीक्षक के नाम अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में पार्टी के यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष इमरान खान, प्रदेश सचिव संतोष चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण यादव, प्रदेश सचिव रुद्र सेन सिन्हा, लोक सभा क्षेत्र अध्यक्ष महेश यादव, संगठन मंत्री सकील खान, बसना पार्षद अमरीन इरफान इल्लू, प्रदेश संयुक्त सचिव संजय यादव, गरियाबंद जिला अध्यक्ष चमन यादव, यूथ विंग जिला अध्यक्ष खिरोद पटेलए, धमतरी जिला अध्यक्ष विनोद सचदेवा, यूथ विंग जिला अध्यक्ष ललित नागर्ची, जिला उपाध्यक्ष थानेश निर्मलकर, जिला महासचिव पुरोहित बंजारे, जिला महासचिव मधुराम यादव, जिला उपाध्यक्ष गोपालदास वैष्णव, पार्षद इरफान खान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मिलासिनी सिंह, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भुनेश्वर साहू, विकास दास मानिकपुरी, हरीश पटेल, पिथौरा ब्लॉक अध्यक्ष एमडी सागर, मीनाक्षी ठाकुर, संतोषी साहू, मोहन साहू, गुणसागर चौहान, अगेश्वर यादव, माधव सोना, मीना यादव, अजय टोन्द्रे, रामदास निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 167 ग्राम अफीम के साथ अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
बस्तर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बस चालक की आड़ में अफीम की सप्लाई करता था और ग्राहक को माल देने के लिए जगदलपुर पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 167.2 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस द्वारा की गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति रायपुर मुख्य मार्ग स्थित तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित कर मौके पर भेजी गई और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदीप सिंह पिता प्यारा सिंह (63), निवासी खुर्सीपार भिलाई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से अफीम बरामद हुई, जिसके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अफीम की सप्लाई करने के उद्देश्य से जगदलपुर आया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बस ड्राइवर के रूप में काम करता था और इसी आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे विशेष NDPS न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिथौरा को विकास की बड़ी सौगात: सुशासन तिहार पर ₹2.50 करोड़ के विभिन्न कार्यों का हुआ भूमिपूजन
पिथौरा। सुशासन तिहार के तहत नगर पंचायत पिथौरा में सोमवार को लगभग 2.50 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे। विकास कार्यों के शुभारंभ को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, पार्षद राम कुंवर सिन्हा, पार्षद पुष्पकांत पटेल, पार्षद कौशल मानिकपुरी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल, विक्की सलूजा तथा स्काउट के उपायुक्त लक्ष्मीकांत सोनी, किशोर पटेल, दीपक सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसडीएम, तहसीलदार एवं नगर पंचायत सीएमओ भी मंचासीन रहे।
भूमिपूजन के दौरान अतिथियों ने कहा कि नगर में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सडक़, नाली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा नगर का व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा। वक्ताओं ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किए जा रहे हैं और सुशासन दिवस इसी संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
कार्यक्रम में अतिथियों ने विकास कार्यों के लिए नगर पंचायत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील भी की। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पार्षदगण, समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। भूमिपूजन के पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 खाद दुकानों के लाइसेंस निलंबित
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 निजी खाद विक्रय केंद्रों के अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई। उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने सहकारी और निजी विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर दस्तावेजों और भंडारण व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों पर कार्रवाई की गई, उनमें मेसर्स दिलीप ट्रेडर्स हरदी, साहू कृषि केंद्र मल्दा अ, मेसर्स धनलक्ष्मी ट्रेडर्स जोरापाली, मेसर्स पुष्पराज केशरवानी भटगांव, मेसर्स आनंद ट्रेडर्स एवं कृषि केंद्र सरसीवां तथा मेसर्स साहू खाद भंडार पवनी शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अनुज्ञप्ति निलंबित की गई। कृषि विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान भंडारण व्यवस्था, बिक्री रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस अभियान में उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, बीटीएम मायाशंकर जोल्हे और प्रकाश कुमार थवाईत सहित संबंधित टीम के सदस्य शामिल रहे। अधिकारियों ने विकासखंड बिलाईगढ़ और सारंगढ़ क्षेत्र के विभिन्न खाद विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। विभाग ने सभी विक्रेताओं को नियमों का पालन करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
बसना : धान संग्रहण केंद्र गढ़फुलझर में आग लगने की घटना पर थाना बसना में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है
बसना : धान संग्रहण केंद्र गढ़फुलझर में आग लगने की घटना पर थाना बसना में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है
महासंमुद जिले के बसना स्थित धान संग्रहण केंद्र गढ़फुलझर में 25 मई को आग लगने की घटना में लगभग 90 हजार रूपए की क्षति हुई है। मामले में धान संग्रहण केंद्र बसना के केंद्र प्रभारी द्वारा थाना बसना में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराया गया है। थाना बसना द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
केन्द्र प्रभारी ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेत में लगाई गई आग तेज हवा के कारण फैलते हुए धान फड़ की बाउंड्री तक पहुंच गई, जिससे संग्रहण केंद्र के किनारे रखी अनुपयोगी सामग्री आग की चपेट में आ गई। इस घटना में लगभग 1 लाख 75 हजार नग अनुपयोगी एवं सड़ी-गली डनेज प्लास्टिक बोरियां जलकर नष्ट हो गईं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपए है। इसके अलावा लगभग 20 नग अनुपयोगी कैप कवर भी जल गए, जिनकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए है। इस प्रकार कुल लगभग 90 हजार रुपए की क्षति हुई है।
केन्द्र प्रभारी ने बताया कि आग लगने की सूचना पाली में कार्यरत चौकीदार द्वारा दोपहर लगभग 3 बजे दी गई। प्रारंभिक स्तर पर कर्मचारियों द्वारा बोर से पानी का छिड़काव कर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए सरायपाली से दमकल वाहन बुलाया गया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि खेतों में आग न लगाएं तथा सावधानी बरतें। ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
