बसना/बेलटिकरी में ‘श्री गोविंद भीमा गोपनाथ गौशाला’ का भव्य शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले — गौ-सेवा ही सनातन संस्कृति का आधार

बसना/बेलटिकरी में ‘श्री गोविंद भीमा गोपनाथ गौशाला’ का भव्य शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले — गौ-सेवा ही सनातन संस्कृति का आधार

बसना/बेलटिकरी। बसना ब्लॉक के ग्राम बेलटिकरी (बड़ेसाजापाली) में सोमवार को भक्ति, सेवा और संस्कारों के संगम के रूप में ‘श्री गोविंद भीमा गोपनाथ गौशाला’ का भव्य शुभारंभ विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि गौमाता केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आध्यात्मिक चेतना की आधारशिला हैं। यह गौशाला केवल ईंट-पत्थरों का भवन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को करुणा, सेवा और सनातन संस्कारों से जोड़ने का केंद्र बनेगी।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यदि गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है, तो गौ-संरक्षण को प्राथमिकता देनी होगी। जैविक खेती, प्राकृतिक चिकित्सा और पर्यावरण संतुलन में गौमाता की भूमिका अतुलनीय है। यह गौशाला क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में हम अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, लेकिन गौ-सेवा के माध्यम से ही प्रकृति और संस्कृति का संतुलन कायम रखा जा सकता है। उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र में गौ-सेवा की चेतना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विधिवत गौ-पूजन किया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने स्वयं गायों को गुड़ और चारा खिलाकर सेवा की शुरुआत की तथा गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संचालक समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरायपाली नवजीवन हॉस्पिटल के स्थापना दिवस पर होगा 15 जनवरी 2026 को भव्य रक्तदान शिविर

सरायपाली नवजीवन हॉस्पिटल के स्थापना दिवस पर होगा 15 जनवरी 2026 को भव्य रक्तदान शिविर

सरायपाली नवजीवन हॉस्पिटल द्वारा अपने स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर मानवता के इस महान कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है।

हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि रक्तदान शिविर पूरी तरह सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में आयोजित किया जाएगा, जहां अनुभवी डॉक्टरों एवं प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रक्त संग्रह किया जाएगा। रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं के लिए अल्पाहार की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

आयोजकों के अनुसार, यह शिविर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक सुनहरा अवसर है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।

हॉस्पिटल प्रबंधन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान जीवनदान है, एक छोटा सा प्रयास किसी के लिए नई जिंदगी बन सकता है।”

रक्तदान शिविर का आयोजन चीवराकुटा, सिंघोड़ा, सराईपाली क्षेत्र में किया जाएगा। अधिक जानकारी एवं सहभागिता के लिए संपर्क किया जा सकता है –📞 87709 03234 एवं 94241 84383

महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मचेवा की दिव्यांगता से आत्मनिर्भरता की ओर कु. तेजस्वी साहू

महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मचेवा की दिव्यांगता से आत्मनिर्भरता की ओर कु. तेजस्वी साहू

महासमुंद/ महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मचेवा की 24 वर्षीय कु.तेजस्वी साहू 90 प्रतिशत अस्थिबाधित दिव्यांग हैं। वर्ष 2020 में एक गंभीर दुर्घटना के कारण उनकी स्पाइनल कॉर्ड में चोट आई, जिससे उनके शरीर का निचला भाग लगभग पूर्णतः पैरालिसिस हो गया तथा दाहिना हाथ भी पूरी तरह से कार्य करने में असमर्थ हो गया। लंबे उपचार और ऑपरेशन के बाद वे बैठने की स्थिति में तो आ सकीं, लेकिन चलने-फिरने, आवागमन और रोजगार के अवसर उनके लिए अत्यंत कठिन हो गए थे। सीमित संसाधनों और शारीरिक अक्षमता के कारण उनका आत्मविश्वास भी प्रभावित हो रहा था।

उनकी स्थिति समाज कल्याण विभाग के संज्ञान में आने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत हुई। उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती संगीता सिंह उनके घर जाकर उनकी वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं को समझा तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। जिसके फलस्वरूप कु. तेजस्वी साहू को 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे वे अब अपने दैनिक कार्यों का निष्पादन स्वयं कर पा रही हैं और उनकी आत्मनिर्भरता में वृद्धि हुई है।

इसके अलावा कु. तेजस्वी साहू को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बहु दिव्यांग विशेष विद्यालय, महासमुंद में अंशकालीन शिक्षक के रूप में सेवा का अवसर भी प्रदान किया गया। इस पहल से उन्हें सम्मानजनक रोजगार मिला। आज कु. तेजस्वी साहू आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन जी रही हैं और अन्य दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है, जिनके प्रयासों से उन्हें आवागमन का साधन, आर्थिक सहयोग और रोजगार प्राप्त हुआ तथा उनके जीवन को नई दिशा मिली।

महासमुंद/जिला पंचायत सीईओ श्री नंदनवार ने ली समीक्षा बैठक वीबी-जी राम जी की दी गई विस्तृत जानकारी

महासमुंद/जिला पंचायत सीईओ श्री नंदनवार ने ली समीक्षा बैठक वीबी-जी राम जी की दी गई विस्तृत जानकारी

महासमुंद/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं व विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री नंदनवार ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की विशेषताओं और उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को वर्ष में 125 दिवस के रोजगार की गारंटी दी जाएगी, जो पूर्व में लागू मनरेगा की 100 दिवस की सीमा से अधिक है। इससे ग्रामीण परिवारों को अधिक स्थायी और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश श्रमिकों को कार्य उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी इस योजना में शामिल है। मिशन के तहत् जल सुरक्षा एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यो में आजीविका डबरी निर्माण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, सिंचाई सुविधा विस्तार तथा मौसमी आपदाओं से निपटने से जुड़े कार्य शामिल है। कार्यों की मजदूरी का भुगतान 07 दिवस के भीतर किया जाएगा। साथ ही अन्य शासकीय योजनाओं का अभिसरण कर ग्रामीण विकास को नई गति दी जाएगी। योजना के अंतर्गत रोजगार के अवसरों, जॉब कार्ड, कार्य स्वीकृति, मजदूरी भुगतान एवं श्रमिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन एवं लाभों से अवगत कराया गया।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लगेंह के निर्देशानुसार महत्वाकांक्षी योजना में सभी ग्राम पंचायतों में वीबी-जी राम जी अंतर्गत प्रगतिरत कार्य को प्राथमिकता से इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया, साथ ही ग्राम पंचायत में चल रहे आजीविका डबरी निर्माण कार्यो को गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने तथा हितग्राहियों को आजीविका से जोड़ने हेतु विभाग से समन्वय कर रूचि के आधार पर आजीविका संबंधित कार्य करने की जानकारी दी गई।

जिला में एनआरएम एवं एग्री अलायड के कार्य की स्थिति के संबंध में सभी सचिवों को अवगत कराया गया। जनपद पंचायत महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा एवं सरायपाली में एग्री अलायड एवं जनपद पंचायत बसना में एनआरएम के कार्य योजना अनुसार प्लान तैयार कर कार्य स्वीकृत कराने एवं सभी ग्राम पंचायतों में वीबी-जी राम जी के कार्यों को प्रारंभ करने निर्देश दिया गया।

महासमुंद/लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन 31 जनवरी तक आमंत्रित

महासमुंद/लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन 31 जनवरी तक आमंत्रित

महासमुंद/ संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन के आदेशानुसार आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र मार्च 2026 से जून 2026 के लिये 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 के मध्य की अवधि में आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इस तिथि के पूर्व एवं पश्चात प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र ही मान्य होगा।

प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला से मिली जानकारी के अनुसार लेखा प्रशिक्षण सत्र मार्च 2026 से जून 2026 के लिए 3 वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर चुके लिपिक वर्गीय कर्मचारी अपने कार्यालय प्रमुख के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में के आवेदन पत्र भेज सकते है। यह आवेदन शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, नगर घड़ी चौक रायपुर को 31 जनवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में प्राप्त हो जाना चाहिए।

लिपिक वर्गीय कर्मचारी से आशय ऐसे कर्मचारी से है जिनकी पदस्थापना लिपिकीय संवर्ग के पद पर हुई है न कि किसी तकनीकी संवर्गीय पद पर इसी प्रकार केवल सचिवालय, वन विभाग के ऐसे स्टेनो जो केम्प कलर्क के रूप में कार्य करते हो तथा संचालनालय कोष ,लेखा एवं पेंशन के स्टेनोग्राफर को छोड़कर अन्य विभागों के स्टेनोग्राफर्स प्रवेश के पात्र नही है।

मानक आवेदन पत्र पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन जिस सत्र के प्रशिक्षण हेतु किया गया है, उस सत्र के लिये ही मान्य होगा। पूर्व प्रचलित आवदेन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन पत्र के साथ अन्य आवश्यक सुसंगत दस्तावेज संलग्न होना चाहिए। आवेदन का निर्धारित प्रारूप एवं निर्देश रायपुर संभाग के समस्त जिला कोषालयों के सूचना पटल पर अवलोकन किये जा सकते हैं।

महासमुंद/कलेक्टर ने राईस मिलर्स की ली बैठक धान का उठाव तेजी से करने के दिए निर्देश

महासमुंद/कलेक्टर ने राईस मिलर्स की ली बैठक धान का उठाव तेजी से करने के दिए निर्देश

महासमुंद/ छत्तीसगढ़ में राज्य शासन द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत इस खरीफ सीजन में अभी तक पूरे राज्य में सर्वाधिक धान की खरीदी हुई है। धान खरीदी का सिलसिला 31 जनवरी 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राइस मिलर्स की बैठक लेकर तेजी से उठाव के निर्देश दिए, इसके अलावा कुल खरीदी और उठाव की जानकारी ली एवं उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी का कार्य अपने अंतिम पड़ाव की ओर है इस दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने जारी किए गए टोकन के अनुसार उठाव करने के निर्देश दिए हैं।

इस दौरान राईस मिलर्स ने शॉर्टेज, मिलर्स टैगिंग एवं अन्य तकनीकी समस्याओं को अवगत कराया जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इसके अलावा कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन की मंशानुरूप अतिशीघ्र धान उठाव कर लिया जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव, जिला विपणन अधिकारी श्री आशुतोष डड़सेना, उपायुक्त सहकारिता श्री द्वारिकानाथ एवं जिले के राइस मिलर्स मौजूद रहे।

महासमुंद गुडरूपारा में सैलून संचालक पर हमला, जान से मारने की धमकी — लकड़ी के डंडे से किया वार

महासमुंद गुडरूपारा में सैलून संचालक पर हमला, जान से मारने की धमकी — लकड़ी के डंडे से किया वार

महासमुंद।वार्ड क्रमांक 27 गुडरूपारा बजरंग चौक महासमुंद निवासी एक सैलून संचालक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित, जिसकी सतबहनीया चौक के पास “सुनील सैलून” नाम से दुकान है, दिनांक 11 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे अपने घर से दुकान जा रहा था। इसी दौरान गुडरूपारा हॉस्टल के पास कुटु यादव नामक व्यक्ति मिला और बीती रात गाली-गलौच करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित को दो-तीन थप्पड़ मार दिए। पीड़ित ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए विवाद शांत कराया और दुकान चला गया।

करीब 10 से 15 मिनट बाद आरोपी कुटु यादव पीड़ित की दुकान पर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे लकड़ी के डंडे से पीड़ित के बांए हाथ पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और तेज दर्द होने लगा।

घटना को मौके पर मौजूद सुनील सेन ने देखा और बीच-बचाव किया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। इसके बाद पीड़ित सीधे थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

बसना/NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, महिला की मौत, बच्ची घायल

बसना/NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, महिला की मौत, बच्ची घायल

बसना (महासमुंद)। वार्ड क्रमांक 10 बसना निवासी युवक द्वारा थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 09 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सईदा बेगम अपने पुत्र नईम बेग के परिवार के साथ मारुति सुजुकी XL6 कार क्रमांक CG04NE6614 में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बसना से पिथौरा जा रही थीं। जब वाहन NH-53 रोड पर ग्राम छांदनपुर के पास पहुंचा, तभी चालक ने कार को तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए नियंत्रण खो दिया।

अनियंत्रित वाहन सड़क से उतरकर खेत की मेड़ में लगे तार घेरा पोल से टकरा गया। दुर्घटना में सईदा बेगम को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जबकि भतीजी अमीमा फातिमा भी घायल हो गई।

दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना लाया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब 7:45 बजे सईदा बेगम की मृत्यु हो गई। वहीं अमीमा फातिमा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध धारा 184 एलकेएस, 106(1) बीएनएस, 125(ए) बीएनएस एवं 281 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

बागबाहरा/संतान न होने की प्रताड़ना बनी मौत की वजह, विवाहिता ने जहर खाकर दी जान — पति सहित चार पर अपराध दर्ज

बागबाहरा/संतान न होने की प्रताड़ना बनी मौत की वजह, विवाहिता ने जहर खाकर दी जान — पति सहित चार पर अपराध दर्ज

महासमुंद थाना बागबाहरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरनादादर निवासी 26 वर्षीय विवाहिता पदमनी देवांगन ने पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने पति, सास, ससुर एवं ननद के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जनवरी 2026 को थाना बागबाहरा में पदस्थ सउनि द्वारा थाना प्रभारी के मौखिक आदेशानुसार मर्ग क्रमांक 25/2025 धारा 194 बीएनएसएस की अग्रिम जांच हेतु डायरी का अवलोकन किया गया। मर्ग की कायमी प्रधान आरक्षक क्रमांक 127 रामप्रवेश घृतलहरे द्वारा की गई थी, जबकि मर्ग पंचनामा एवं सम्पूर्ण जांच कार्यवाही सउनि जनक पटेल द्वारा संपन्न की गई।

मर्ग जांच के दौरान मृतिका पदमनी देवांगन के परिजनों के कथन लिए गए, जिसमें उन्होंने बताया कि विवाह के बाद लगभग तीन वर्षों तक संतान न होने के कारण मृतिका को उसके पति ईश्वरलाल देवांगन, सास गंगाबाई देवांगन, ससुर शिवराय देवांगन एवं ननद संगीता देवांगन द्वारा लगातार ताने देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर मृतिका ने दिनांक 21 अप्रैल 2025 को जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली।

मृतिका को 21 अप्रैल 2025 को सुबह 3:20 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. प्रवेश अग्रवाल द्वारा उसे Brought Dead घोषित किया गया। अस्पताल द्वारा थाना बागबाहरा को लिखित मेमो प्रस्तुत किए जाने पर मर्ग सदर कायम कर जांच पंचनामा कार्यवाही में ली गई।

मर्ग जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस द्वारा चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस के अंतर्गत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण की प्रतिलिपि एसडीएम बागबाहरा को प्रेषित की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

बागबाहरा संग्रहण केंद्र में सूखत के संबंध में जानकारी

बागबाहरा संग्रहण केंद्र में सूखत के संबंध में जानकारी

महासमुंद जिले के बागबाहरा संग्रहण केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान संग्रहित धान में आई सूखत के संबंध में फैलायी जा रही भ्रामक एवं तथ्य से परे जानकारी का जिला विपणन अधिकारी द्वारा खंडन किया गया है।

जिला विपणन अधिकारी श्री आशुतोष कोसरिया ने इस संबंध में कहा कि संग्रहित धान के निराकरण में दर्शाई गई सूखत को चूहों, कीटों अथवा पतंगों द्वारा खाए जाने से जोड़ना पूर्णतः असत्य एवं भ्रामक है। उन्होंने बताया कि यह सूखत वास्तविक रूप से उपार्जन केंद्रों से धान के संग्रहण केंद्रों में भंडारण के पश्चात कस्टम मिलिंग के तहत मिलरों को प्रदाय किए गए धान के वजन में आई स्वाभाविक कमी की मात्रा है।

श्री कोसरिया ने जानकारी दी कि धान का भंडारण दिसंबर 2024 से किया गया था, जिसका अंतिम रूप से निराकरण अक्टूबर 2025 में हुआ। लंबे समय तक खुले में भंडारण के कारण धान की प्रकृति में परिवर्तन आना स्वाभाविक है, जिसके परिणामस्वरूप धान में सूखत की स्थिति उत्पन्न होती है। यह एक सामान्य एवं नियमित प्रक्रिया है, जो पूर्ववर्ती वर्षों में भी देखी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि जिले के अन्य संग्रहण केंद्रों में औसत सूखत की स्थिति लगभग इसी स्तर की रही है तथा राज्य के संग्रहण केंद्रों में सूखत का औसत प्रतिशत लगभग इसी मात्रा में रहता है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित प्रभारी को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। प्राप्त जवाब को परीक्षण उपरांत अग्रिम आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया है।