बसना को मिली बड़ी सौगात: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से 13.14 करोड़ से बनेगा नरसिंहपुर-सीतापुर-गनेकेरा मार्ग

बसना को मिली बड़ी सौगात: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से 13.14 करोड़ से बनेगा नरसिंहपुर-सीतापुर-गनेकेरा मार्ग

बसना। महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से नरसिंहपुर-सीतापुर-गनेकेरा मार्ग निर्माण के लिए 13 करोड़ 14 लाख 17 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। यह स्वीकृति लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बजट वर्ष 2024-25 के अंतर्गत प्रदान की गई है।

यह सड़क लगभग 7.50 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें आधुनिक डामरीकरण के साथ-साथ मार्ग में आने वाले नदी-नालों पर पुल एवं पुलियाओं का निर्माण भी शामिल रहेगा। इससे बारिश के दौरान आवागमन में आने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इसे क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग बताते हुए कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “गारंटी” और राज्य सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

इस सड़क के बनने से नरसिंहपुर, सीतापुर, गनेकेरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा, व्यापार को बढ़ावा और स्वास्थ्य व शिक्षा सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

विधायक ने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में बसना क्षेत्र में विकास के और भी बड़े कार्य देखने को मिलेंगे।

इस स्वीकृति के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है, वहीं ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है।

महासमुंद चाय सेंटर पर बवाल: सिगरेट के धुएं को लेकर विवाद, युवक पर पत्थर से हमला

महासमुंद चाय सेंटर पर बवाल: सिगरेट के धुएं को लेकर विवाद, युवक पर पत्थर से हमला

महासमुंद। शहर के बीटीआई रोड स्थित प्रेम आरोग्य अमृततुल्य चाय सेंटर में सोमवार शाम सिगरेट के धुएं को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि आयुष यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें एक युवक के सिर पर पत्थर से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 25 कुम्हारपारा निवासी युवक अपने दोस्त तेजेंद्र सिंह परिहार के साथ शाम करीब 6:40 बजे चाय पीने चाय सेंटर पहुंचा था। इसी दौरान तेजेंद्र सिगरेट पी रहा था, जिससे परेशान होकर आयुष यादव ने आपत्ति जताई और सिगरेट बाहर जाकर पीने को कहा। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आयुष यादव ने गाली-गलौज करते हुए तेजेंद्र का कॉलर पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसके साथियों ने भी मिलकर दोनों दोस्तों पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान आयुष यादव ने पास में पड़े पत्थर से तेजेंद्र के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

घटना के बाद घायल तेजेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना की सूचना पर थाना महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना चाय सेंटर संचालक और अन्य मौजूद लोगों ने देखी-सुनी है, जो इस मामले में अहम गवाह हो सकते हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

बसना अग्रवाल नर्सिंग होम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अर्पित अग्रवाल की विशेष ओपीडी 2 अप्रैल को सुबह 11 बजे से मिलेगी सेवाएं

बसना अग्रवाल नर्सिंग होम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अर्पित अग्रवाल की विशेष ओपीडी 2 अप्रैल को सुबह 11 बजे से मिलेगी सेवाएं

बसना (जिला महासमुंद) में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती देते हुए अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 2 अप्रैल 2026 को न्यूरोलॉजिस्ट डॉ.  अर्पित अग्रवाल की विशेष ओपीडी आयोजित की जा रही है। मरीज सुबह 11 बजे से परामर्श ले सकेंगे।

डॉ. अग्रवाल, जो बीएचयू व दिल्ली से न्यूरोलॉजी में विशेषज्ञता प्राप्त कर चुके हैं, मस्तिष्क एवं नसों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का उपचार करेंगे। इस दौरान सिरदर्द, माइग्रेन, लकवा (पैरालिसिस), हाथ-पैरों में कमजोरी, नसों की समस्या, झुनझुनी, चक्कर, याददाश्त की कमी, मिर्गी सहित अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का इलाज किया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र के मरीजों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टर की सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।

बसना/भंवरपुर में बड़ी कार्रवाई: 44 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त 

बसना/भंवरपुर में बड़ी कार्रवाई: 44 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवरपुर चौकी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 44 पौवा देशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

दिनांक 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:25 बजे मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने सरायपाली रोड स्थित श्याम अस्पताल के पास घेराबंदी कर आरोपी नरेश कुमार चौहान (39 वर्ष), निवासी कोदोपाली को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.92 लीटर देशी प्लेन शराब (कुल कीमत 3520 रुपये) बरामद की गई।

इसके अलावा आरोपी द्वारा उपयोग की जा रही एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG06GW6705) भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 15,000 रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती मूल्य 18,520 रुपये बताया गया है।

पूछताछ में आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

👉 इस कार्रवाई को भंवरपुर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार हुआ है।

बसना-सरायपाली क्षेत्र को बड़ी सौगात: 69 करोड़ से तीन सड़कों का निर्माण मंजूर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जताया आभार 

बसना-सरायपाली क्षेत्र को बड़ी सौगात: 69 करोड़ से तीन सड़कों का निर्माण मंजूर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जताया आभार

महासमुंद। बसना-सरायपाली क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रदेश सरकार ने तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए 69 करोड़ 31 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति क्षेत्र की सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की अनुशंसा पर मिली है।

 

 

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया है।

किन सड़कों को मिली स्वीकृति

लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार—

बसना-भंवरपुर से सागरपाली तक 17 किमी सड़क के लिए 31.69 करोड़ रुपये

सीतापुर-नरसिंगपुर 7 किमी मार्ग के लिए 13.14 करोड़ रुपये

सरायपाली-सरसीवां मार्ग के लिए 24.48 करोड़ 33 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं

विकास को मिलेगा नया आयाम

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बसना और सरायपाली के ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

किसानों और व्यापारियों में खुशी

स्थानीय किसानों और व्यापारियों ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से फसल को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

आर्थिक केंद्र बनने की दिशा में कदम

स्थानीय लोगों का मानना है कि ये सड़क परियोजनाएं क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगी और बसना-सरायपाली को एक उभरते आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।

बसना पुलिस की कार्रवाई 24 घंटे में चोरी का खुलासा: सूने मकान से लाखों की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बसना पुलिस की कार्रवाई 24 घंटे में चोरी का खुलासा: सूने मकान से लाखों की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।

मामला 27 मार्च का है, जब प्रार्थी घासी राम पटेल के घर में कोई नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 5.15 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर टीम गठित की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध सिलास सागर (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवर और नगदी सहित कुल 5.95 लाख रुपये का पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच से बड़ी चोरी का खुलासा होने पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास बढ़ा है।

आज का राशिफल: आपके लिए क्या खास लेकर आया है जानिए आज का दिन

आज का राशिफल: आपके लिए क्या खास लेकर आया है जानिए आज का दिन

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। निवेश के सुखद परिणाम आएंगे। किस्मत मेहरबान रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। किसी बड़ी बाधा के दूर होने से प्रसन्नता रहेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। पुराना रोग उभर सकता है। विवाद से क्लेश संभव है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखें। दूसरों से अपेक्षा पूर्ण नहीं होने से खिन्नता रहेगी। कार्य में विलंब होगा। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। व्यस्तता रहेगी।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह)::पुराने शत्रु परेशान कर सकते हैं। थकान व कमजोरी रह सकती है। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। भाग्य का साथ रहेगा। व्यापार में वृद्धि के योग हैं। निवेश शुभ रहेगा। आय होगी। प्रमाद न करें।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। कारोबार में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। नए व्यापारिक अनुबंध होंगे। धनार्जन होगा। लंबे समय से रुके कार्यों में गति आएगी। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। शत्रु परास्त होंगे। स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): कुसंगति से हानि होगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा। कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। परिवार के साथ समय अच्‍छा व्यतीत होगा। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। कारोबार अच्छा चलेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्नता रहेंगे। भाइयों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): वाहन व मशीनरी आदि के प्रयोग में सावधानी रखें, विशेषकर स्त्रियां रसोई में ध्यान रखें। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। किसी व्यक्ति से बेवजह विवाद हो सकता है। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। धनलाभ के अवसर प्राप्त होंगे। आय में निश्चितता होगी। ऐश्वर्य पर व्यय होगा।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): शत्रु परास्त होंगे। कोर्ट व कचहरी के कार्य मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। सुख के साधन जुटेंगे। कारोबार में वृद्धि होगी। निवेशादि शुभ रहेंगे। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। स्त्री पक्ष से लाभ होगा। अज्ञात भय रहेगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी अपरिचित पर अतिविश्वास न करें। आय में वृद्धि होगी। भूमि व भवन संबंधी योजना बनेगी। कोई बड़ा लाभ हो सकता है। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। भाग्य बेहद अनुकूल है, लाभ लें। चोट व रोग से बचें। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): किसी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। जल्दबाजी व लापरवाही न करें। अज्ञात भय सताएगा। पुराना रोग उभर सकता है। भागदौड़ रहेगी। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): पुराना रोग उभर सकता है। किसी बड़ी समस्या से सामना हो सकता है। लेन-देन में विशेष सावधानी रखें। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। दु:खद समाचार मिल सकता है। किसी व्यक्ति से बेवजह विवाद हो सकता है। व्यर्थ भागदौड़ होगी। कार्य में विलंब होगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। आय में निश्चितता रहेगी।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): प्रयास सफल रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पराक्रम बढ़ेगा। किस्मत मेहरबान रहेगी। आय में वृद्धि होगी। पराक्रम बढ़ेगा। किसी बड़े काम को करने में रुझान रहेगा। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रशंसा प्राप्त होगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से लाभ होगा। चोट व रोग से बचें। सुख के साधन जुटेंगे। घर में तनाव रह सकता है।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। विवेक से कार्य करें। विरोधी सक्रिय रहेंगे। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नौकरी में चैन रहेगा। आय में वृद्धि होगी। मित्रों के साथ समय मनोरंजक व्यतीत होगा। प्रमाद न करें।

राशि फलादेश

महासमुंद /कलेक्टर की पहल से ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत, बच्चों की राह होगी आसान जनभागीदारी से बनेगा नेशनल हाईवे से स्कूल तक पक्की सड़क

महासमुंद /कलेक्टर की पहल से ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत, बच्चों की राह होगी आसान जनभागीदारी से बनेगा नेशनल हाईवे से स्कूल तक पक्की सड़क

महासमुंद/ जिले में विकास कार्यों को गति देने और आमजन की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जनभागीदारी मॉडल के तहत महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ग्राम बेल्टुकरी में नेशनल हाईवे से स्कूल तक लगभग 3.50 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण का निर्णय लिया है।

ग्राम बेल्टुकरी में अब तक कच्चे मार्ग के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। कलेक्टर श्री लंगेह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जनसहभागिता और विभागीय समन्वय के जरिए इस सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी है। सड़क निर्माण के बाद बच्चों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर श्री लंगेह द्वारा ग्राम के बंधो तालाब के गहरीकरण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा में सुधार होगा। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मल्टीविलेज योजना के तहत क्षेत्र में शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जनपद सदस्य श्रीमती प्रियंका लवेश, सरपंच सुरेश्वरी बिस्वाल, ईई आरईएस आशीष कुलदीप, खनिज अधिकारी फागू लाल नागेश, एसडीओ पीडब्ल्यूडी, जनपद सीईओ बी.एस. मंडावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने ली छात्रावास-आश्रम अधीक्षकों की बैठक, दिए कड़े निर्देश

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने ली छात्रावास-आश्रम अधीक्षकों की बैठक, दिए कड़े निर्देश

महासमुंद/ आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सभी छात्रावासों और आश्रमों के अधीक्षकों की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। यह बैठक कलेक्टर श्री विनय लंगेह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने संस्थाओं के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शिल्पा साय और सभी विकासखंडों के खंड प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने निर्देशित किया कि सभी अधीक्षक छात्रावास में अनुशासन, स्वच्छता एवं सुरक्षा का ध्यान रखें। निवासरत विद्यार्थियों के लिए नियमित दिनचर्या सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर कहा कि छात्रावासों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की नियमित जांच की जाए।

छात्रावास और आश्रम बेहद संवेदनशील स्थल हैं, इसलिए सभी अधीक्षक बच्चों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करें। कलेक्टर ने दोटूक शब्दों में कहा कि बच्चों की देखभाल या व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधीक्षक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

महासमुंद जिला सूखा प्रभावित क्षेत्र होने के कारण गर्मी के मौसम में भूजल स्तर काफी नीचे चला जाता है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जल संचयन और संरक्षण के लिए विशेष निर्देश दिए। सभी छात्रावासों और आश्रमों में भूजल को रिचार्ज करने के लिए तत्काल अपने स्तर पर सोखता गड्ढों का निर्माण समय पर पूरा किए जाने कहा गया। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों और स्टाफ को पानी के सदुपयोग के प्रति जागरूक किया जाए ताकि जल संकट से बचा जा सके। संस्थाओं के माहौल को जीवंत और हरा-भरा बनाने के लिए कलेक्टर ने किचन गार्डन और वृक्षारोपण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी छात्रावासों और आश्रमों में अनिवार्य रूप से किचन गार्डन विकसित किए जाएं।

नियमित रूप से वृक्षारोपण का कार्य किया जाए। इससे न सिर्फ बच्चों और स्टाफ में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा, बल्कि बच्चों को ताजी और पौष्टिक सब्जियां भी उपलब्ध हो सकेंगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) और सभी विकासखंड प्रभारियों को भी सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी जिम्मेदार अधिकारी मैदानी स्तर पर जाकर छात्रावासों और आश्रमों का नियमित आकस्मिक निरीक्षण करें ताकि व्यवस्थाएं दुरुस्त बनी रहें।

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जनगणना कार्य और राजस्व पखवाड़ा की तैयारियों की समीक्षा की राजस्व पखवाड़ा अंतर्गत गांव गांव में मुनादी के निर्देश

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जनगणना कार्य और राजस्व पखवाड़ा की तैयारियों की समीक्षा की राजस्व पखवाड़ा अंतर्गत गांव गांव में मुनादी के निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनगणना 2026 की तैयारियों के संबंध में जिले के सभी जनपद पंचायतों, तहसीलों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जनगणना कार्य के लिए आवश्यक तैयारियों की प्रगति तथा कर्मचारी एंट्री की स्थिति पर समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी मौजूद थे। वीसी के माध्यम से जनपद सीईओ, तहसीलदार, नगरीय निकायों के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय दायित्व है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के लिए नियुक्त किए जाने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की जानकारी शीघ्रता से ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज की जाए। कर्मचारी एंट्री का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर संचालित की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनगणना से जुड़े सभी डेटा की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखें। कलेक्टर ने कहा कि जिन कार्यालयों में कर्मचारी एंट्री का कार्य लंबित है, वे इसे प्राथमिकता से पूर्ण करें एवं प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने गणना ब्लॉक निर्धारण की समीक्षा करते हुए उसे पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जनगणना कार्य का प्रथम चरण 1 से 30 मई तक तक सम्पन्न होगा। इस दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से कुल 34 प्रश्नों की जानकारी ली जाएगी।

कलेक्टर ने 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक चलने वाले राजस्व पखवाड़ा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक गांवो में मुनादी कराने के निर्दे श दिए ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को राजस्व पखवाड़ा का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित 15 बिंदुओं के आधार पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन रिपोर्ट देवें। पखवाड़ा का दूसरा और तीसरा चरण 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक एवं 01 जून 2026 से 15 जून 2026 तक निर्धारित किया जाएगा। इस अवधि में जिले के विभिन्न ग्रामों में रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित कर राजस्व संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि अविवादित नामांतरण, सीमांकन, डायवर्सन, किसान किताब का वितरण, नक्शा खसरा का वाचन, आय, जाति निवास प्रमाण पत्र तथा आरबीसी 6-4 के तहत प्राप्त प्रकरणों को इस पखवाड़ा के अंतर्गत निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पहले से प्राप्त आवेदन जिनका निराकरण लंबित है, उनका भी निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए।