महासमुंद डांस प्रतियोगिता देखने के दौरान युवक पर जानलेवा हमला, चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
महासमुंद। नयापारा वार्ड क्रमांक 06 महासमुंद निवासी एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक के भाई की रिपोर्ट पर महासमुंद थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई आर्यन तिवारी (उम्र लगभग 22 वर्ष) दिनांक 27 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे शिव मंदिर के पास मोहल्ले में आयोजित डांस प्रतियोगिता देखने गया था। इसी दौरान मोहल्ले के किशन यादव, बैसाखू यादव, पप्पु यादव एवं मयंक मानिकपुरी ने आर्यन तिवारी पर पुरानी रंजिश एवं पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान चारों आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि पप्पु यादव ने पास पड़े बोल्डर से आर्यन तिवारी के सिर पर हमला किया, जिससे उसके नाक और सिर में गंभीर चोट आई तथा नाक से खून बहने लगा।
घटना को प्रार्थी सहित मीना शर्मा एवं राकेश शर्मा ने अपनी आंखों से देखा और सुना। घायल आर्यन को तत्काल District Hospital Mahasamund ले जाया गया, जहां से उसे रायपुर स्थित Dr. Bhimrao Ambedkar Memorial Hospital (मेकाहारा) रेफर किया गया। इलाज के बाद वर्तमान में उसका उपचार Soham Hospital Mahasamund में जारी है।
प्रार्थी ने 31 जनवरी 2026 को महासमुंद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 115(2) बीएनएस, 296 बीएनएस, 3(5) बीएनएस एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा शीघ्र ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वर्ण जयंती समारोह एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं, इसलिए उन्हें संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना आवश्यक है।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित मंच प्रदान करने की। ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।
विधायक ने स्वर्ण जयंती के अवसर पर विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं।