महासमुंद/ सितली नाला के पास युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
महासमुंद। जिला मुख्यालय महासमुंद में देशी शराब दुकान सितली नाला के पास सोमवार शाम एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जितेन्द्र साहू निवासी ग्राम शेर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शेर निवासी युवक अपने भाई के साथ 19 जनवरी 2026 को महासमुंद आया हुआ था। काम निपटाने के बाद शाम करीब 5.30 बजे दोनों गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सितली नाला के पास देशी शराब दुकान के सामने सड़क पर वे कुछ देर रुके थे। तभी जितेन्द्र साहू शराब भट्ठी की ओर गया, जहां कृष्णा कुलदीप उर्फ माकनू, दिलीप बघेल उर्फ भैरा एवं अरूण उर्फ छोटू कुम्हार ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान कृष्णा कुलदीप उर्फ माकनू ने चाकू जैसे धारदार हथियार से जितेन्द्र साहू की बाईं जांघ पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में युवक वहीं गिर पड़ा और तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल महासमुंद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मृतक के पिता धनेश साहू को दी गई, जिसके बाद परिजन थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना को प्रत्यक्ष रूप से चंद्रहास साहू ने देखा तथा घटना की जानकारी रेखराम यादव, रेखराम ध्रुव एवं सुखनंदन पटेल निवासी ग्राम शेर को दी गई है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की विवेचना जारी है।



