रिश्तों में विश्वासघात: सगे रिश्तेदारों के घर चोरी कराने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार महासमुंद पुलिस ने दो बड़ी चोरी व डकैती का किया खुलासा,
महासमुंद पुलिस को दो बड़ी चोरी एवं डकैती की घटनाओं को सुलझाने में बड़ी सफलता मिली है। थाना सांकरा के ग्राम बल्दीडीह में हुई बड़ी चोरी तथा थाना छुरा जिला गरियाबंद के ग्राम चरौदा में मई 2025 में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इन दोनों मामलों का मास्टरमाइंड कान्हा उर्फ हेमंत अग्रवाल निकला, जो अपने ही सगे रिश्तेदारों को निशाना बनाता था।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा (IPS) के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक महासमुंद श्री प्रभात कुमार (IPS) के मार्गदर्शन में यह पूरी कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महासमुंद एवं एसडीओपी पिथौरा के निर्देशन में छह अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई।
बल्दीडीह चोरी का मामला
दिनांक 04-05 दिसंबर 2025 की रात ग्राम बल्दीडीह निवासी योगेश अग्रवाल के घर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम चोरी कर ली थी। प्रार्थी के अनुसार करीब 11 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 186/2025 धारा 331(4), 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऐसे रची गई थी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कान्हा अग्रवाल ने अपने सगे बड़े भाई योगेश अग्रवाल के घर की पूरी जानकारी अपने साथियों को दी। शादी कार्यक्रम में परिवार के रायपुर जाने की सूचना पहले से देकर रैकी करवाई गई। इसके बाद सभी आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों से रात 9 से 10 बजे के बीच घर में पीछे के रास्ते से घुसे और सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर फरार हो गए।
चरौदा डकैती का भी खुलासा
आरोपी कान्हा अग्रवाल ने स्वीकार किया कि मई 2025 में ग्राम चरौदा, थाना छुरा, जिला गरियाबंद में स्थित अपनी सगी बहन के ससुराल में भी साथियों के साथ मिलकर लाखों की डकैती की थी। चोरी का माल पिथौरा निवासी रौनक उर्फ भूपेन्द्र सलूजा के माध्यम से खपाया गया।
बरामदगी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से —
471.24 ग्राम सोना (कीमत 68.81 लाख रुपये)
1 किलो 429.53 ग्राम चांदी (कीमत 4.03 लाख रुपये)
टाटा नेक्सॉन कार
मारुति स्विफ्ट कार
यामाहा मोटरसाइकिल
मोबाइल फोन
सहित कुल 93 लाख 33 हजार 104 रुपये की संपत्ति जप्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
शुभम साहू – झलप
हेमंत उर्फ कान्हा अग्रवाल – अनसुला
रौनक उर्फ भूपेन्द्र सलूजा – पिथौरा
योगेश कुमार साहू – सिमगा
दीपक चंद्रवंशी – कवर्धा
फरार आरोपी
प्रफुल्ल चंद्रवंशी – कवर्धा
टाईगर उर्फ मुकुंद सेठ – गोंदिया (महाराष्ट्र)
ज्वेलर्स पर भी शिकंजा
चोरी के आभूषण खपाने वाले पिथौरा के चार ज्वेलर्स के विरुद्ध भी विधिवत कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस की सराहनीय कार्यवाही
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और संयुक्त टीमवर्क के आधार पर पुलिस ने इस अंतर्राज्यीय गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।



